मण्डला 7 मार्च 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन, समाधान कार्यक्रम, विभागीय समन्वय तथा अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने टीएल पत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से की गई कार्यवाही के संबंध में जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी एसडीएम एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए इसे सख्ती से हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार एवं सतत् कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
ऊर्जा साक्षरता अभियान के लिए जागरूक करें
कलेक्टर ने बैठक में ऊर्जा साक्षरता अभियान के संबंध में चर्चा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शासकीय कार्यालयों में अनावश्यक विद्युत खर्चे को कम करें। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए कार्यालयों में अनावश्यक बिजली, पंखे, कूलर, एसी आदि चालू न रखें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी विभाग बिजली के उपयोग में मितव्ययिता बरतते हुए आगामी माह में अपने बिजली के बिलों को कम करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने डीईएमपीईबी श्री बिसेन को निर्देशित किया कि बिजली बचाने एवं मितव्ययिता से संबंधित जागरूकता के लिए आगामी बैठक में पावर प्वाईंट प्रेजेन्टेशन दें।
पंजीयन का सत्यापन शतप्रतिशत पूर्ण करें
कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि इसके सत्यापन का कार्य नियत तारीख से पहले पूर्ण करें। उन्होंने एआरसीएस को निर्देशित किया कि नए स्थानों पर केन्द्र खोलने के लिए तैयारियाँ जारी रखें। कलेक्टर ने किसानों के भुगतान के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों को भुगतान को जल्द क्लीयर करें। श्रीमती सिंह ने पीडीएस वितरण की समीक्षा करते हुए उठाव को शतप्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलिंग के बारे में जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।
प्रतिदिन कम से कम 5 गाँव में कराएँ ड्रोन सर्वे
श्रीमती सिंह ने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में चिन्हित किए गए गांव का ड्रोन सर्वे पूरा करें। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम 5 गांवों का ड्रोन सर्वे सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने सभी एसडीएम से स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए ग्राऊँड ट्रुथिंग, नक्शों की स्थिति, प्रकाशन तथा ऑनलाईन अपडेशन के बारे में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सीएम किसान कल्याण तथा पीएम किसान कल्याण योजना की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत् कार्य को अंतिम रूप दें।
सभी बच्चों एवं माताओं का कराएं आयुष्मान पंजीयन
कलेक्टर ने आयुष्मान पंजीयन की ब्लॉकवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विकासखंडों में आयुष्मान पंजीयन के लिए दिए गए लक्ष्य अनिवार्यतः प्राप्त करें। उन्होंने सीईओ जनपद से आयुष्मान पंजीयन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग सभी बच्चों एवं माताओं का शतप्रतिशत आयुष्मान पंजीयन कराएं। श्रीमती सिंह ने खाद्य, सहकारिता एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभाग से संबंधित हितग्राहियों का भी शतप्रतिशत आयुष्मान पंजीयन सुनिश्चित कराएं।
कलेक्टर ने बैठक में प्राकृतिक प्रकोप के संबंध में जारी सहायता की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी एसडीएम ओलावृष्टि सहित अन्य प्राकृतिक प्रकोप की रिपोर्ट बनाएं एवं सहायता जारी करें। उन्होंने सीमांकन की पेडेंसी मिशन मोड पर कार्य करते हुए खत्म करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने वापस स्कूल चले हम अभियान के तहत कक्षावार उपस्थिति की प्रगति जानी। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सभी एनआरसी में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने सघन पोषण अभियान, अंकुर अभियान के तहत वृक्षारोपण, सीएम राईज स्कूल, जल-जीवन मिशन तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
