मण्डला 18 अप्रैल 2022
राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि राजस्व नियमों में हुए परिवर्तनों से जनसामान्य को अवगत कराएं। इस संबंध में एसडीएम तथा तहसील कार्यालयों में फ्लेक्स आदि के माध्यम से जानकारी अंकित कराएं। दूरस्थ अंचलों में मुनादी करावें। उन्होंने एसडीएम तथा तहसीलदारों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रांतर्गत मीडियाकर्मी, अधिवक्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों की बैठक कर उन्हें भी राजस्व नियमों में किए गए परिवर्तनों की जानकारी दें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करें। राजस्व न्यायालयों में लम्बे समय से चल रहे प्रकरणों के लिए विशेष सुनवाई करते हुए उनका जल्द से जल्द निराकरण करें। कोई भी प्रकरण 6 माह से अधिक समय तक लम्बित नहीं रहना चाहिए। त्रुटिसुधार के प्रकरणों का निराकरण करते हुए 3 दिवस में प्रतिवेदन भेजें। पिछले एक वर्ष में जारी आदेशों के पालन की समीक्षा करें। बटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें। सीमांकन के लिए विशेष टीम गठित करें। पंचायतों से सूची प्राप्त करें तथा घर-घर जाकर फौती काटने की कार्यवाही कराएं। एसडीएम और तहसीलदार 15 दिवस में सारा ऐप तथा आरसीएमएस पोर्टल आदि की जांच करते हुए पटवारीवार समीक्षा करें। राजस्व अधिकारी अपने मूल दायित्वों पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने राजस्व मामलों के निराकरण के लिए राजस्व शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एफआरए हितग्राहियों की सत्यापन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। पीएम किसान के तहत बचे हुए हितग्राहियों के आधार संशोधन का कार्य जल्द पूर्ण कराएं। आधार संशोधन में लापरवाही करने वाले पटवारियों के निलंबन की कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने कहा कि माफिया तथा अपराधियों द्वारा किए गए अतिक्रमणों को तत्काल हटाएं। उन्होंने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को भी हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्टों को दी गई जमीन की भी जांच करें। कलेक्टर ने कहा कि बैंकों की ऋण वसूली में भी तहसीलदार समुचित सहयोग प्रदान करें। आगजनी के मामलों में समय पर नियमानुसार राहत दिलाएं। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का गंभीरता से निराकरण करें। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों पर समय पर जवाब नहीं देने पर संबंधित पर वेतन काटने अथवा जुर्माने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना सहित अन्य विषयों पर भी विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
