अमृत सरोवर के कार्यों को 5 जून तक पूर्ण कराएं – हर्षिका सिंह
समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 9 मई 2022
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि अमृत सरोवर सहित अन्य जल संरचनाओं के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि मिशन मोड में कार्य करते हुए अमृत सरोवर के कार्यों को 5 जून तक पूर्ण कराएं। तकनीकि अधिकारी तथा नोडल अधिकारी सतत रूप से क्षेत्र में भ्रमण करते हुए निर्माण कार्यों में गति लाने का प्रयास करें। योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एसीईओ एसएस मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कार्यों को पूर्ण कराने के लिए साप्ताहिक योजना बनाकर क्रियान्वित करें। निर्माण कार्यों की प्रगति की दैनिक जानकारी फोटो सहित भेजें। स्थल चयन पर लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत मंडला के उपयंत्री तथा सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग से संबंधित विषयों के लिए पीओ मनरेगा समन्वय करें। जल संरचनाओं के निर्माण कार्य में जल संसाधन विभाग अग्रणी भूमिका अदा करें। सीएलएफ के कार्यों का 24 घंटों में चिन्हांकन करके एक सप्ताह में तकनीकि तथा प्रशासनिक स्वीकृति जारी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएलएफ के तहत आजीविका से जुड़े कार्यों का चयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करें। अगले एक सप्ताह में घर-घर सर्वे कराते हुए पात्रता के आधार पर योजनाओं के लाभ से छूटे हितग्राही एवं परिवारों का चिन्हांकन कर पंचायतवार सूची बनाएं तथा कैम्प लगाकर उन्हें पात्रतानुसार लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने 15 जून से पूर्व प्रत्येक पात्र हितग्राही एवं परिवार को लाभ दिलाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि बैगा बसाहटों में अधोसंरचना से संबंधित कार्यों को जल्द पूर्ण कराएं। स्टॉप डेम, सार्वजनिक तालाब, पेयजल तथा सीसी सड़क के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्री-स्कूल एजुकेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें। बैठक में कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती, शहरी कल्चर, पीएम आवास सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
राशि का दुरूपयोग करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करें
आंगनवाड़ी निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जो निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं उन्हें तत्काल प्रारंभ कराएं। अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। निर्माण कार्यों की राशि का दुरूपयोग करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करें। नियमानुसार वसूली तथा आपराधिक मामला दर्ज कराएं। उन्होंने स्थलवार समीक्षा करते हुए कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
समय पर करें मजदूरी भुगतान
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों में अन्य विभाग भी समुचित सहयोग प्रदान करें। मजदूरी का भुगतान समय पर करें। उन्होंने कहा कि पीओ मनरेगा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकर मजदूरी भुगतान की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करें। किसी भी स्थिति में मजदूरों का भुगतान लम्बित नहीं रहना चाहिए। मजदूरी भुगतान में विलंब के लिए सीईओ जनपद व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार रहेंगे।
आजीविका से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित करें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जनपद स्तर पर क्लस्टरों का चिन्हांकन कर आजीविका से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित करें। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गतिविधियों का चयन करें। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों की आय के स्त्रोत बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि लाईवलीहुड की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए संबंधित विभाग आपस में समन्वय सुनिश्चित करें।
सीईओ जनपद करें सभी विभागों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि सीईओ जनपद सभी विभागों की विकासखंड स्तर पर समीक्षा करते हुए समुचित प्रगति लाएं। सीईओ जनपद नियमित रूप से संबंधित अधिकारियों की बैठक आहुत करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी प्रगति की रिपोर्ट सीईओ जनपद के माध्यम से ही भेजेंगे। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
जल संबंधी समस्याओं का तत्काल निराकरण करें
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश
मण्डला 9 मई 2022
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जल संबंधी समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। नलजल योजनाओं के संचालन पर विशेष ध्यान दें। बंद हेंडपंपों का सुधार कराएं। जिले के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संबंधी समस्या नहीं रहनी चाहिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार सहित समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन में जल से संबंधित आवेदनों का चिन्हांकन कर उनका समय सीमा में समुचित निराकरण करें। सीएम हेल्पलाईन सहित अन्य मंचों पर प्राप्त होने वाले प्रकरणों के निराकरण के लिए जिलाधिकारी स्वयं पहल करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि राजस्व अधिकारी नामांतरण एवं सीमांकन के प्रकरणों को समय पर निराकृत करें। सीमांकन के लिए विशेष टीम गठित करें। सीमांकन का कोई भी प्रकरण 6 माह से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। इसी प्रकार भू-अर्जन के मामलों का भी त्वरित निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्कूल तथा आंगनवाड़ियों में विद्युतीकरण का कार्य 30 मई तक पूर्ण करें। इस संबंध में आवश्यक दस्तावेजीकरण एवं औपचारिकताओं के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिम्मेदार होंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मछुआरा समितियों का सत्यापन कराएं तथा नए लोगों को भी जोड़ें। पेंशन के लिए पात्र हितग्राहियों की स्वीकृति तत्काल जारी करें। कान्हा में सांची कॉर्नर जल्द प्रारंभ कराएं। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी करें। प्राकृतिक खेती पर कार्यशाला आयोजित करें। कुपोषित बच्चों को रोस्टर अनुसार एनआरसी भेजें। महिला ज्ञानालय में वित्तीय साक्षरता के शिविर आयोजित करें। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत हितग्राहियों का चयन करें। अनुविभाग स्तर पर भी गौरव दिवस आयोजित करें। कृषि, पशु, मत्स्य, उद्यानिकी आदि विभाग बचे हुए हितग्राहियों के केसीसी बनवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अगले 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी कर्मचारियों की जानकारी अभी से कोषालय में जमा करें जिससे उनके स्वत्वों का भुगतान समय पर संभव हो सके। पीपीओ में लगने वाले दस्तावेजों के संबंध में पेंशन अधिकारी चैकलिस्ट बनाकर सभी आहरण वितरण अधिकारी को उपलब्ध कराएं। चैकलिस्ट के अनुसार दस्तावेजीकरण प्रकरण पेंशन कार्यालय में जमा करें। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी नगरीय निकायों में डे केयर सेंटर संचालित करें।
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पीडीएस उठाव, मिलिंग, परिवहन, स्वामित्व योजना आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन की जांच के लिए चलाएं अभियान
स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच के लिए विशेष अभियान संचालित करें। उन्होंने अभियान के दौरान हाईरिश्क तथा एनीमिक महिलाओं के चिन्हांकन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को जननी सुरक्षा योजना का लाभ समय पर दें। घर-घर टीम भेजकर बच्चों का कोविड वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान पंजीयन से न छूटे
जाति प्रमाण पत्र की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि जिला परियोजना समन्वयक शालाओं से फार्म संकलित कर लोक सेवा केन्द्र में भेजना सुनिश्चित करें। लोकसेवा प्रबंधक डेटा फीडिंग की सतत मॉनिटरिंग करते हुए गति बढ़ाएं। कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान पंजीयन से नहीं छूटना चाहिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि आयुष्मान पंजीयन के लिए नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित करें। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सहायक आयुष्मान पंजीयन का कार्य करें। स्कूलों तथा आंगनवाड़ियों में दर्ज बच्चों के आयुष्मान पंजीयन के लिए संबंधित विभाग विशेष अभियान चलाएं। इस संबंध में उन्होंने दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों का कटेगा वेतन
संबल योजना के प्रकरणों पर समय पर जवाब नहीं देने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों का उतने दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए, जितने दिन जवाब प्रस्तुत करने में विलंब किया गया। कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करें अन्यथा की स्थिति में उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों पर समय पर समुचित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 100 दिन से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित करें।
जल संबंधी कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएँ
जल समस्याओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने लोक स्वास्थ्य एवं यांत्रिकी विभाग में बनाए गए जल संबंधी कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यपालन यंत्री कंट्रोल रूम पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए त्वरित निराकरण की कार्यवाही करें। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी प्रत्येक फोन को रिसीव करें तथा प्राप्त शिकायत एवं उस पर की गई कार्यवाही का विधिवत अभिलेख संधारित करें।
हाथियों के झुंड से सतर्क रहने मुनादी कराएं
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मवई विकासखंड के ग्रामों में हाथियों के झुंड द्वारा किए गए नुकसान पर प्रभावितों को नियमानुसार राहत दिलाने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की सलाह दें। कलेक्टर ने इस संबंध में मुनादी कराने के भी निर्देश दिए।
11 मई से 21 मई तक कराएं दिव्यांगजनों का सर्वे
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 11 मई से 21 मई के मध्य दिव्यांगजनों का घर-घर सर्वे कराएं। सर्वे के दौरान उनके प्रमाण पत्र, यूडीआईडी, आधार कार्ड, समग्र आईडी, पेंशन, पीडीएस, शौचालय, संबल आदि के संबंध में जानकारियां एकत्र करें तथा जिन दिव्यांगों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है तत्काल लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए स्वरोजगार सह रोजगार मेला आयोजित करें। संबंधित अधिकारी प्रत्येक शासकीय भवनों में रैम्प आदि की व्यवस्था अगले एक माह में सुनिश्चित करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बीआरसी कार्यालयों में स्थापित दिव्यांगजन सुविधा केन्द्र को प्रभावी बनाएं। दिव्यांगजनों को अकादमिक सहयोग प्रदान करें। बोर्ड परीक्षाओं में जिन्हें पूरक की पात्रता है उन्हें समुचित मार्गदर्शन प्रदान कराएं। शालाओं में दिव्यांगजनों की उपस्थित बढ़ाएं तथा दिव्यांगजनों को कक्षाओं में आगे की पंक्ति में बैठालें।
कलेक्टर ने किया बाघा बॉर्डर जाने वाली लाड़लियों का सम्मान
मण्डला 9 मई 2022
मध्यप्रदेश शासन एवं खेल युवक कल्याण विभाग द्वारा इस वर्ष माँ तुझे प्रणाम कार्यक्रम अंतर्गत पहली बार प्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को 2 से 11 मई तक जारी लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2022 के दौरान बाघा-हुसैनिवाला बॉर्डर भेजा गया था। मंडला जिले से तीन लाड़ली बालिकाओं एंजिल जैन, निहारिका साहू एवं राजसी पनारिया का चयन किया गया था। 8 मई 2022 को ये लाड़ली बालिकाएँ मंडला वापस आई। इस अवसर पर तीनों बालिकाओं का कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह के द्वारा लाड़ली लक्ष्मी उत्सव के प्रमाण पत्र के द्वारा सम्मान किया गया एवं बालिकाओं के द्वारा बाघा-हुसैनिवाला बॉर्डर की माटी से सभी का तिलक किया गया।
अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को निःशुल्क मिलेगा हल्के वाहन चलाने का प्रशिक्षण
मण्डला 9 मई 2022
मध्यप्रदेश शासन परिवहन विभाग द्वारा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के अंतर्गत आयु 18 से 35 वर्ष के अनुसूचित जनजाति की महिलाओं एवं पुरूषों को हल्के वाहन चालन का निःशुल्क प्रशिक्षण जिले की शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के साथ मिलकर जिले में प्रशिक्षण आगामी माह में आयोजित किया जाना है। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 दिवस का होगा, जिसमें 155 घण्टों का व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण सम्मिलित होगा। प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान द्वारा प्रमाण पत्र के साथ ही परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार ड्रायविंग लायसेंस प्रदान किया जायेगा। अधिक संख्या में आवेदन पत्र प्राप्त होने की स्थिति में साक्षात्कार या दस्तावेज के आधार पर या दोनों आधार पर मण्डला ब्लॉक के 30 प्रशिक्षणार्थियों का चयन समिति द्वारा किया जायेगा, जिन्हे आगामी माह में हल्के वाहन चालन का प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। चयन प्रक्रिया में अंतिम निर्णय समिति का होगा।
जिला परिवहन अधिकारी ने कहा है कि मण्डला ब्लॉक के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र मध्यप्रदेश शासन परिवहन विभाग की वेबसाइट www.mptransport.org से डाउनलोड कर प्रिंट अथवा जिला परिवहन कार्यालय मण्डला से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ संलग्न किये जाने वाले दस्तावेजों में आधार कार्ड की स्व-प्रमाणित छायाप्रति। गरीबी रेखा के राशन कार्ड की स्व-प्रमाणित छायाप्रति, जाति प्रमाण पत्र की स्व-प्रमाणित छायाप्रति। जन्मतिथि प्रमाण पत्र की स्व-प्रमाणित छायाप्रति। पासपोर्ट साइज फोटो, अन्य कोई दस्तावेज जो आवेदक व आवेदिका प्रस्तुत करना चाहते हों। अभ्यर्थी आवेदन पत्र के साथ उपर्युक्तानुसार दस्तावेज संलग्न कर बंद लिफाफे में 21 मई 2022 से 30 मई 2022 को सायंकाल 5 बजे तक, लिफाफे के उपर विषय-चालन प्रशिक्षण सत्र लिखकर कार्यालय जिला परिवहन अधिकारी मण्डला को सम्बोधित, पता नेवरगांव जिला मण्डला के पते पर प्रेषित अथवा कार्यालय में ई-मेल पते smart_mandla@yahoo.com पर मेल कर सकते हैं। अपूर्ण एवं निर्धारित समयावधि के पश्चात आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेगें।
शिक्षा पर जोर, किसी का भविष्य नहीं होगा कमजोर
मण्डला 9 मई 2022
उच्च शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सत्र 2022-23 के नए शिक्षा नई उड़ान के तारतम्य में 15 मई 2022 तक अभियान चलाया जा रहा है। कॉलेज चलो अभियान के अंतर्गत मंडला जिले में स्थित समस्त शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को महाविद्यालयों के विभिन्न प्राध्यापकों के द्वारा विद्यालयों में जाकर महाविद्यालय में प्रवेश हेतु प्रवेश प्रक्रिया विभिन्न चरणों की जानकारी एवं महाविद्यालयों में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों मेजर माइनर ओपन इलेक्टिव विषयों का चुनाव कैसे करें, महाविद्यालय में मिलने वाली सुविधाएं हितग्राहीमूलक योजनाओं समस्त प्रकार की छात्रवृत्तियों एवं उनकी आवश्यक पात्रता शर्तों की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही महाविद्यालय में मार्गदर्शक प्रकोष्ठ प्लेसमेंट एनसीसी एवं एनएसएस जैसी गतिविधियों की जानकारी पीपीटी एवं पंपलेट के द्वारा दी जा रही है।
रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास हेतु गुणवत्तापूर्ण अध्यापन हेतु स्मार्ट क्लास रूम वर्चुअल क्लासरूम ई-लाइब्रेरी की सुविधा वाईफाई महाविद्यालय कैंपस की सुविधा के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष रोजगार अथवा स्वरोजगार प्रदान करने के लिए प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के माध्यम से रोजगार मेले के आयोजन की जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही है। कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन हेतु विश्व बैंक एवं रूसा परियोजना के सहयोग से शून्य कक्षा एवं रेमेडियल कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थियों को समस्त सुविधाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके इसके लिए महाविद्यालयीन परिवार सतत प्रयासरत है।
आवास मेला 10 मई से 17 मई तक
मण्डला 9 मई 2022
नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री आवास योजना ने बताया कि नगरपालिका परिषद मण्डला क्षेत्रांतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना भागीदारी में किफायती आवास घटक अंतर्गत निर्माणाधीन आवास के हितग्राहियों के ऋण प्रकरण बैंक लिकेंज के लिए स्वीकृत कराने के लिए 10 मई 2022 से 17 मई 2022 तक नगर पालिका परिषद मण्डला के टाऊन हॉल में आवास मेला का आयोजन किया गया है। इस शिविर में हितग्राही पति, पत्नि, नॉमिनी का आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, पैन कार्ड, समग्र आई.डी., राशन कार्ड, बिजली बिल, बैंक पास बुक, आय प्रमाण पत्र, फोटो इत्यादि के साथ अनिवार्य रूप से आवास मेला में उपस्थित रहें। ताकि ऋण प्रकरण स्वीकृत कराते हुए शीघ्र आवास आवंटन की कार्यवाही की जा सके।
30 मई तक जमा होंगी राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरूस्कार के लिए प्रविष्टियाँ
मण्डला 9 मई 2022
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये जिला स्तर पर 30 मई 2022 तक पृविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार अंतर्गत 1 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए एवं प्रोत्साहन पुरस्कार 15 हजार रूपए दिए जाएंगे।
जिले के उत्कृष्ट कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी द्वारा किया जायेगा। इस पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के निवास करने वाले शिल्पी ही पात्र होंगे। यह अनिवार्य है कि शिल्पी का पंजीयन एवं निवास अनुशंसा करने वाले जिले में ही हों एवं संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमि. या कपड़ा मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत हो। प्राप्त जानकारी अनुसार कलाकृतियां निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं शपथ-पत्र के साथ स्वीकार की जायेगी। शिल्पी द्वारा शिल्प निर्माण की विडियोग्राफी की सी.डी. भी संलग्न की जायेगी। पुरस्कार के लिये कृति के निर्माण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा न्यूनतम दो बार निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही अधिक जानकारी के लिये कार्यालयीन समय पर मोबाईल 8959500194 में सम्पर्क किया जा सकता है।
जिले में अब तक हुई 356487.49 क्विंटल गेहूं की खरीदी
मण्डला 9 मई 2022
रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए जिले में गेहूं विक्रय के लिए 53 केन्द्र बनाये गए हैं। इन केन्द्रों पर 15521 कृषकों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराया गया है एवं जिन कृषकों के द्वारा स्लॉट बुकिंग नहीं कराया गया था, इन कृषकों में से शासन स्तर से 5264 कृषकों को गेहूं विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजे गए हैं। इनमें से 8634 कृषकों के द्वारा जिले के उपार्जन केन्द्रों में 356487.49 क्विंटल गेहूं की उपज का विक्रय किया गया है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी कृषकों से अनुरोध किया है कि कृषक उपार्जन केन्द्र में उपार्जन साफ-सुथरी एवं एफ.ए.क्यू. मापदण्ड के अनुरूप तैयार करके ही लाएं।
पीसी एण्ड पीएनडीटी की बैठक आज
मण्डला 9 मई 2022
पीसी एण्ड पीएनडीटी एक्ट की जिला सलाहकार समिति की बैठक 10 मई को दोपहर 3 बजे से मुख्य चिकित्सालय एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय बड़ी खैरी में आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
