Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 12 मई 2022

कम लागत में अधिक मुनाफे के लिए करें प्राकृतिक खेती – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने जिला स्तरीय कार्यशाला को किया संबोधित

 

मण्डला 12 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भारतीय प्राकृतिक कृषि पद्धति पर आधारित जिला स्तरीय कार्यशाला में शामिल हुई। उन्होंने प्राकृतिक खेती के महत्व एवं तरीके की जानकारी देने के लिए आयोजित कार्यशाला को संबोधित भी किया। श्रीमती सिंह ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी उर्वरकों की ज्यादा खपत चिंताजनक है। उर्वरकों का अत्यधिक प्रयोग मिट्टी की गुणवत्ता के साथ-साथ उपज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि कम लागत में अधिक मुनाफे के लिए प्राकृतिक खेती सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक खेती बहुउद्देशीय होती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती में कम उर्वरक, मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार फसल का चयन, उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम प्रयोग किया जाता है। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में लगभग 3 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है जिसमें लगभग 2500 किसान जुड़े हैं। पूर्व में एनजीओ एवं अन्य संगठन भी प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि प्राकृतिक खेती के तरीके को अपनाएं। अपनी खेती का कुछ हिस्सा प्राकृतिक खेती के लिए उपयोग में लाएं। प्राकृतिक खेती से फायदा होने पर रकबे को धीरे-धीरे बढ़ाएँ।

कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक खेती में मौसमी बदलाव से बचाव के तरीके भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 9 ब्लॉकों में लगभग 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्लस्टर स्तर पर पंचायतें तथा किसानों को चिन्हित करते हुए जिले में प्राकृतिक खेती के रकबे को बढ़ाया जाएगा। श्रीमती सिंह ने प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन एवं धरातल पर वास्तविक क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों का समन्वित प्रयास आवश्यक बताया। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग सक्रिय रूप से समन्वय बनाते हुए निचले स्तर पर प्राकृतिक खेती को लोकप्रिय बनाएं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में कृषि क्लब का गठन भी किया जाएगा जिसमें किसानों के अनुभव, फीडबैक तथा महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विचार करते हुए प्राकृतिक खेती को और बेहतर बनाया जाएगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी मौसम को देखते हुए कृषि के तरीके एवं फसल उत्पादन के बारे में नवाचार करें।

 

नगदी फसलों की खेती करें, आर्थिक लाभ कमाएँ

 

कलेक्टर ने कहा कि जिले में विगत वर्षों से धान का रकबा बढ़ा है। विगत एक-दो सालों से जिला एवं संबंधित विभाग द्वारा कोदो-कुटकी, रामतिल, अरहर एवं अन्य नगदी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को अब खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ नगदी फसलों के उत्पादन पर भी ध्यान देना चाहिए ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति भी बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि सभी किसान मृदा परीक्षण के परिणामों के अनुसार भी फसल, सिंचाई एवं उर्वरक का चयन कर सकते हैं।

श्रीमती सिंह ने कार्यशाला में उत्पादक समितियों के पास उपलब्ध बीज भंडारण की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि उत्पादक समितियां आगामी एक सप्ताह में बीज उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को समय पर बीज की आपूर्ति की जा सके। कार्यशाला में उपस्थित श्री अविनाश ने प्राकृतिक खेती के फायदे, तरीके एवं प्राकृतिक खेती से महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की। कार्यशाला में पीपीटी के आधार पर विस्तृत रूप से प्राकृतिक खेती की जानकारी दी गई। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विशाल मेश्राम ने प्राकृतिक खेती के संबंध में अपने विचार रखे तथा उपस्थित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों की शंकाओं का समाधान किया। कार्यशाला में उपसंचालक कृषि मधुअली, सहकारिता, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

जिले को पूर्ण साक्षर बनाने वॉलेंटियर्स आगे आएं – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने जिलेवासियों से की अपील

 

मण्डला 12 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले की साक्षरता दर बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देने एवं आगामी दिनों में अलग-अलग प्रयासों द्वारा जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो संदेश में श्रीमती सिंह ने कहा है कि जिले में वर्तमान में निरक्षर व्यक्तियों को अक्षरज्ञान देने के लिए महिला ज्ञानालय एवं प्रौढ़ शिक्षा केन्द्र कार्यरत है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 615 केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ पर जिले के अशिक्षित व्यक्तियों को आधारभूत ज्ञान, नाम लिखना, गिनती आदि सिखाया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से अपील की है कि इन स्थापित शिक्षा केन्द्रों में अक्षरज्ञान का दान करने के लिए शिक्षित लोग वॉलेंटियर्स के रूप में आगे आएं। निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने अपना सहयोग करें। कलेक्टर ने बताया कि मोबाईल नंबर 9685202081 पर संपर्क कर वॉलेंटियर अक्षरज्ञान दान की गतिविधियों में सहयोग की जानकारी एसएमएस या व्हाटसऐप के माध्यम से दे सकते हैं। जिले को साक्षर बनाने की इस मुहीम में सहयोग करने वाले व्यक्ति एवं संस्थाओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा ऋण के लिए कैम्प आयोजित करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक ली

 

मण्डला 12 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 31 मार्च 2022 तक निर्धारित किए गए विभिन्न बिन्दु की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीडी रेशियो की ब्रांचवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस तिमाही सीडी रेशियो की दर कम से कम 50 प्रतिशत हो। उन्होंने कम प्रगति वाले बैंकों को नोटिस देने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कम प्रगति वाली बैंक शाखाओं से सीडी रेशियो को इम्प्रूव करने के लिए कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने एलडीएम को निर्देशित किया कि सभी बैंकों को लिखित में टारगेट जारी करें। कलेक्टर ने एसबीआई को निर्देशित किया कि अपने सभी ब्रांच की नियमित समीक्षा करते हुए सीडी रेशियो में प्रगति लाएं। बैठक में एलडीएम अमित केशरी, जीएमडीआईसी श्री वास्कले एवं बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कलेक्टर ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि विगत् दिनों 12वी के परीक्षा परिणाम घोषित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए लोन की आवश्यकता होती है। सभी बैंक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दिए जाने वाले लोन की समस्त प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देने एवं ऋण वितरण के लिए कैम्प आयोजित करें। उन्होंने कहा कि सभी बैंक एक तारीख तय करते हुए आगामी दिनों में रानी अवंती बाई स्कूल सभाकक्ष में कैम्प आयोजित करें। बैठक में उन्होंने वार्षिक शाख योजना की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एपीसी के अंतर्गत दिए गए लक्ष्य को सभी बैंक प्राप्त करेंगे। श्रीमती सिंह ने हाऊसिंग बोर्ड पर चर्चा करते हुए कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में बने एएचपी घटक के फ्लेट के लिए ऋण स्वीकृति की कार्यवाही पूरी करें। उन्हांेने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की।

कलेक्टर ने जिले में बैंकिंग पैरामीटर की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कान्हा क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने के लिए संबंधित बैंक जरूरी कार्यवाही जल्द पूरी करें। साथ ही कान्हा गेट पर एटीएम शुरू करने संबंधी कार्यवाही भी पूरी करें। बैठक में श्रीमती सिंह ने शहरी पथ विक्रेता, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम, उद्यम क्रांति योजना, स्व-सहायता समूह ऋण, रोजगार दिवस, पीएमएफएनई, एआईएफ, मुद्रा योजना, एनपीए, बैंकों के विरूद्ध प्राप्त शिकायतें तथा अन्य विषयों पर विस्तृत समीक्षा की एवं जरूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र बनाने विशेष अभियान

 

मण्डला 12 मई 2022

शासन के निर्देशानुसार विमुक्त घुमक्कड एवं अर्द्ध घुमक्कड़ जनजाति वर्ग के लोगों को विशेष अभियान चलाकर जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाना है। इस वर्ग अंतर्गत कुल 51 जातियों को शामिल किया गया है। मण्डला जिले में मुख्यतः बंजारा, जोगी, धनगर, पाल, पारधी जाति के व्यक्ति निवासरत हैं।

सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि शासन की योजनाओं के लाभ के लिए उपरोक्त वर्ग के व्यक्ति अपने जाति प्रमाण पत्र के आवेदन निर्धारित शुल्क व प्रारूप में अपने निकटतम लोक सेवा केन्द्र में प्रस्तुत करें। जाति के प्रमाणीकरण हेतु क्षेत्र के सरपंच, पार्षद, पटवारी द्वारा सत्यापित प्रारूप आवेदन के साथ अनिवार्य रूप से जमा करें। जाति प्रमाण पत्र सम्बधित अनुविभागीय अधिकारी द्वारा जारी किये जायेंगे।

 

 

 

 

 

 

चलित पुस्तकालय का शुभारंभ आज

प्रातः 7 से 10 बजे एवं शाम 4 से 6 बजे तक संचालित होगा

 

मण्डला 12 मई 2022

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को सुधारने तथा गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने एवं शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु जिला स्तर पर लगातार सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा ’प्रोजेक्ट-नई उड़ान’ का शुभारंभ 1 अक्टूबर 2020 को किया गया जिसके अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन फलस्वरूप माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित परीक्षा में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है साथ ही संभाग में प्रथम एवं राज्य स्तर पर 5वॉ स्थान प्राप्त हुआ है।

जिले का शैक्षिक नवाचार ’प्रोजेक्ट नई उड़ान’ अंतर्गत जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं वैज्ञानिक अभिरूचि विकसित करने हेतु 13 मई 2022 से चलित पुस्तकालय का शुभारंभ किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन एवं नियंत्रण हेतु नोडल संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं सहायक नोडल बीआरसी एवं संकुल प्राचार्य को आदेशित किया गया है। चलित पुस्तकालय के माध्यम से विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सामान्य ज्ञान, धर्म-दर्शन, इतिहास, विज्ञान, व्याकरण, भूगोल, कविता, कहानी, अच्छे नोट्स तैयारी करने संबंधित, राज्य एवं देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं की जानकारी प्राप्त होगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु चलित पुस्तकालय के माध्यम से जिस ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का संचालन किया जायेगा, उससे संबंधित नोडल संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी होंगे। उस ग्राम पंचायत से नजदीकी हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी के बीआरसी एवं संकुल प्राचार्य सहायक नोडल होंगे। चलित पुस्तकालय कार्यक्रम हेतु पंचायतवार, तिथिवार भ्रमण निर्धारित कर नोडल अधिकारी द्वारा सूची उपलब्ध कराई जायेगी। निर्धारित तिथि को कार्यक्रम संचालन से 1 दिवस पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव गांव एवं नजदीकी बसाहटों में मुनादी कराकर विद्यार्थियों एव अभिभावकों को कार्यक्रम के बारे में अवगत करायेंगे, जिससे कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। निर्धारित तिथि को कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए उनकी बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी ग्राम सचिव, प्राचार्य, प्रधानाध्यापक की होगी। धूप एवं बारिश से बचाव के लिए विशेष उपाय किये जायें। शिक्षकों एवं ग्राम सचिव द्वारा विद्यार्थियों को कार्यक्रम में पीने योग्य पानी घर से ही लाने हेतु सूचित किया जायेगा। साथ ही उन्हें यह भी निर्देश दिये जायें, कि वे एक-दूसरे से पानी एवं अन्य खाद्य सामग्री का अदान-प्रदान न करें।

चलित पुस्तकालय कार्यक्रम प्रातः 7 से 10 बजे एवं शाम 4 से 6 बजे तक संचालित होगा, जिसमें विकासखण्ड मुख्यालय के कक्षा 1 से 12 के विद्यालय, पंचायत के निकटतम विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में पाठ्य सामग्री विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी द्वारा उपलब्ध की जायेगी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि को आमंत्रित किया जायेगा। साथ ही संबंधित पंचायत के विद्यार्थी, शिक्षक, ग्राम सचिव एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम उपरांत प्रतिवेदन मय फोटोग्राफ सहायक नोडल द्वारा संकलित कर नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराया जायेगा। तत्पश्चात उक्त जानकारी को नोडल अधिकारी द्वारा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी मण्डला में जमा किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

उद्यमी क्रांति योजना एवं स्वरोजगार योजना अंतर्गत नारायणगंज में हुए 72 पंजीयन

13 को लगेगा बिछिया एवं बीजाडांडी में जागरूकता शिविर

 

मण्डला 12 मई 2022

महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायणगंज में मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना एवं स्वरोजगार योजना जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी टी.वी. सिंह, जनपद उपाध्यक्ष भूपेन्द्र बरकड़े एवं बैंक अधिकारी की उपस्थित थे। शिविर में 72 बेरोजगार युवक युवतियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए पंजीयन किया गया एवं उन्हें मार्गदर्शन भी दिया गया।

सहायक प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र रेखा चौरसिया ने म.प्र. शासन की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की शिविर में उपस्थित युवक-युवतियों को विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यमी क्रांति योजना अंतर्गत स्वयं का उद्योग स्थापित करने के लिए 50 लाख तक ऋण एवं सेवा क्षेत्र एवं व्यवसाय हेतु 25 लाख तक ऋण ले सकते हैं। साथ ही 3 प्रतिशत व्याज अनुदान सी.जी.टी.एम.एस.ई. अंतर्गत बैक गारंटी का प्रावधान है। प्राप्त जानकारी अनुसार 13 मई 2022 को बिछिया एवं बीजाडांडी में खण्ड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक युवक, युवतियां शिविर में उपस्थित होकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकते है।

 

 

 

 

 

 

 

गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं हाई रिस्क चिन्हांकन के लिए

13 एवं 17 मई को आयोजित होगा वृहद् शिविर

 

मण्डला 12 मई 2022

मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीयन तथा स्वास्थ्य जांच, परीक्षण उपरांत हाईरिस्क चिन्हांकन करते हुए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव करवाया जाना आवश्यक है। इसके लिए कार्यवाही में आगामी सात दिवस तक निरंतर घर-घर जाकर ए.एन.एम., आशा कार्यकर्ता नई गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करेंगे एवं अनमोल पोर्टल पर पंजीयन करेंगे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त बीएमओ को निर्देशित किया है कि 13 एवं 17 मई 2022 को व्ही.एच.एन.डी. सत्र दिवस में प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर, चिकित्सा अधिकारी के द्वारा उप स्वास्थ्य केन्द्र एच.डब्लू.सी., प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर किया जाये। जिसमें हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का अधिक से अधिक चिन्हांकन कर कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर, चिकित्सा अधिकारियों के साथ टेग किया जाये। जिससे कि संबंधित गर्भवती महिलाओं को हाईरिस्क चिन्हांकन आधार पर समय-सीमा में प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। 13 एवं 17 मई 2022 को आयोजित शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी विशेष आमंत्रित करें। गर्भवती महिलाओं का अनमोल पोर्टल पर निरंतर पंजीयन संबंधित ए.एन.एम., कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर के द्वारा एवं हाईरिस्क तथा 4 ए.एन.सी. जांच, प्रबंधन विकासखण्ड स्तर से डाटा एन्ट्री ऑपरेटर से करवाया जाये।

 

 

 

 

 

 

नेशनल लोक अदालत 14 मई को

 

मण्डला 12 मई 2022

नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 मई को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय मण्डला एवं तहसील न्यायालय नैनपुर, निवास, बिछिया में किया जा रहा है। नेशनल लोक अदालत में न्यायालय में लंबित प्रकरण एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरणों के अंतर्गत बैंक, नगरपालिका, विद्युत विभाग, श्रम विभाग, दूर संचार विभाग एवं अन्य विभाग के लम्बित एवं प्रिलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण भी किया जायेगा।

 

Related posts

एक देश एक चुनाव’ विषय पर जिला स्तरीय कार्यक्रम 22 मार्च को

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 22 फरवरी 2026

Reva India News

वर्षा ऋतु में डेंगू बीमारी से बचाव हेतु जानकारी

Reva India News

Leave a Comment