Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 16 मई 2022

आज से प्रारंभ होगा विद्यार्थियों के लिए मूंग वितरण कार्यक्रम

 

मण्डला 16 मई 2022

17 मई को जिले की सभी पीडीएस दुकानों के माध्यम से उनके क्षेत्र के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मूंगदाल वितरण कार्यक्रम प्रारंभ किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों में मूंगदाल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मूंगदाल वितरण कार्यक्रम के लिए खाद्य अधिकारी, शिक्षा विभाग से समन्वय करें। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें। श्रीमती सिंह ने सभी जेएसओ को निर्देशित किया कि अपने शहर की दुकानों में कार्यक्रम के शुभारंभ संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

दिव्यांगजन कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए 30 मई तक कर सकते हैं आवेदन

 

मण्डला 16 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार ’मिशन दिव्यांग उत्कर्ष’ योजना अंतर्गत दिव्याँग युवक-युवतियों के लिए शासकीय आई.टी.आई. मंडला में व्यवसाय कंप्यूटर के अंतर्गत डाटा एन्ट्री ऑपरेटर व्यवसाय में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदाय किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए दसवी कक्षा उत्तीर्ण दिव्यांगजनों से 30 मई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। यह प्रशिक्षण 3 माह व 150 घंटे की अवधि का होगा। अधिक जानकारी कार्यालयीन कार्य दिवसों में शासकीय आई.टी.आई मंडला से प्राप्त की जा सकती है।

 

 

 

 

 

 

 

 

गर्भवती महिलाओं की जाँच, पंजीयन एवं खतरे की पहचान करने 17 को लगेगा शिविर

 

मण्डला 16 मई 2022

जिले में 17 मई को गर्भवती महिलाओं के पंजीयन जांच एवं खतरे की पहचान के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि समाज एवं परिवार की गर्भवती महिलाओं की जाँच अवश्य कराएँ एवं जच्चा एवं शिशु को सुरक्षित करें तथा संस्था में सुरक्षित प्रसव करायें। मातृ मृत्युदर को कम करने के लिए जिले की प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का शीघ्र पंजीयन, स्वास्थ्य जाँच, परीक्षण उपरातं खतरे वाली माताओं का चिन्हांकन करते हुए निरंतर निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव कराना आवश्यक है। आगामी 7 दिवस तक निंरतर घर-घर जाकर एएनएम आशा कार्यकर्ता नई गर्भवती महिलाओं का चिन्हाकन कर अनमोेल पोर्टल पर पंजीयन किया जायेगा। 17 मई 2022 को व्ही.एन.डी. सत्र दिवस में प्रत्येक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच एवं परीक्षण कम्यूनिटी हेल्थ ऑफीसर व चिकित्सा अधिकारी के द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र एच.डब्लू.सी., प्रा. स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वा. केंद्र स्तर पर परीक्षण होगा।

 

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिए 30 मई तक ली जाएंगी प्रविष्टियाँ

 

मण्डला 16 मई 2022

राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये जिला स्तर पर 30 मई 2022 तक पृविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं। पुरस्कार में प्रथम पुरस्कार अंतर्गत 1 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रूपए एवं प्रोत्साहन पुरस्कार 15 हजार रूपए दिए जाएंगे।

जिले के उत्कृष्ट कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी द्वारा किया जायेगा। इस पुरूस्कार के लिए मध्यप्रदेश के निवास करने वाले शिल्पी ही पात्र होंगे। यह अनिवार्य है कि शिल्पी का पंजीयन एवं निवास अनुशंसा करने वाले जिले में ही हों एवं संत रविदास म.प्र. हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम लिमि. या कपड़ा मंत्रालय भारत सरकार के विकास आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत हो। प्राप्त जानकारी अनुसार कलाकृतियाँ निर्धारित प्रारूप में आवेदन एवं शपथ-पत्र के साथ स्वीकार की जायेगी। शिल्पी द्वारा शिल्प निर्माण की विडियोग्राफी की सी.डी. भी संलग्न की जायेगी। पुरस्कार के लिये कृति के निर्माण के दौरान संबंधित जिला स्तरीय कमेटी द्वारा न्यूनतम दो बार निरीक्षण किया जायेगा। साथ ही अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर मोबाईल नंबर 8959500194 में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

07642-252443 पर करें पेयजल संबंधी समस्या की शिकायत

 

मंडला 16 मई 2022

जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की कठिनाईयों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। उपयंत्री सुमनरानी मरावी को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है जिनका मोबाईल नम्बर 7470588230 है। यह कंट्रोल रूम कार्य दिवसों में प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे। कर्मचारी अवकाश दिवस में भी कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

20 मई तक किए जा सकते हैं स्वरोजगार प्रशिक्षण के लिए ऑनलाईन आवेदन

 

मण्डला 16 मई 2022

मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम अंतर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से जिला मंडला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जायेगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रियालि, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टैली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर, कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इंब्रोईडरी, जरी जरदोसी विडियोग्राफी फोटोग्राफी मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरबत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए आवेदन ऑनलाईन 20 मई 2022 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला के मोबाईल नंबर 8959500194 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

लोक सेवा केन्द्रों में भी बन रहे जाति प्रमाण-पत्र

 

मण्डला 16 मई 2022

शासन द्वारा जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान अंतर्गत लोक सेवा केन्द्रों पर स्कूलों से आवेदन पत्र प्राप्त करने की समय-सीमा 30 जून 2022 तक निर्धारित की गई है। जाति प्रमाण पत्र विशेष अभियान के तहत शैक्षणिक सत्र से शालाओं में नवीन नामांकित छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र निःशुल्क बनाए जाने के लिए आवेदन पत्र प्राप्त करने की तिथि 30 जून 2022 तक निर्धारित की गई है।

 

 

 

 

 

 

डाक विभाग के ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 जून तक

 

मण्डला 16 मई 2022

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा पूरे भारत में ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग के कुल 38926 रिक्त पदों पर नियोजन हेतु ऑनलाइन चयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। म.प्र. परिमंडल अंतर्गत मंडला डाक संभाग में कुल 598 रिक्त पदों में भर्ती की जानी है। ग्रामीण डाक सेवक संवर्ग में 295 शाखा डाकपाल एवं 303 सहायक शाखा डाकपाल एवं डाक सेवक के लिए सम्मिलित हैं। सामान्य वर्ग में- 269, अन्य पिछड़ा वर्ग- 57, अनुसूचित जाति वर्ग- 94, अनुसूचित जनजाति- 111, आर्थिक कमजोर वर्ग- 67 के लिए आरक्षित किया गया है। आवेदन करने की तारीख 5 जून 2022 निर्धारित की गई है।

इन पदों पर आवेदन करने के लिए आवेदक की उम्र आवेदन की आखिरी तारीख को 18 वर्ष से कम एवं 40 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में भारत सरकार के नियमों के अनुसार छूट दी जायेगी। साथ ही कोई भी आवेदक किसी एक ही संभाग के लिए आवेदन कर सकता है। हायर सेकेंडरी स्कूल में 10वीं के प्राप्तांक के आधार पर मेरिट सूची बनाई जाएगी। आवेदक को 10वीं में गणित, हिंदी और अंग्रेजी विषय के रूप में एक विषय अथवा वैकल्पिक विषय के रूप में अध्ययन किया जाना अनिवार्य है। आवेदक को कम से कम 60 दिवस का किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक कंप्यूटर का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। यदि आवेदक ने किसी भी उच्च शिक्षा में कंप्यूटर को विषय के रूप में पढ़ा हो तो यह प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। एक आवेदक किसी भी एक संभाग में ही अपने वर्ग से सभी रिक्त पदों पर आवेदन कर सकता है। यदि आवेदक द्वारा एक अन्य संभाग में आवेदन किया जाता है तो आवेदक का आवेदन निरस्त कर दिया जायेगा। आवेदन के लिए 100 रूपए की शुल्क निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला एवं विकलाँग आवेदक को निर्धारित शुल्क में छूट रहेगी। शाखा डाकपाल के लिए वेतनमान 12 हजार रूपए एवं सहायक शाखा डाकपाल, डाक सेवक के पद हेतु 10 हजार रूपए एवं अन्य भत्ते समय-समय पर निर्धारण अनुसार देय होगा। अधिक जानकारी के लिए आवेदक भारतीय डाक विभाग की साईट https://indiapostgdsonline.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

लू एवं गर्मी से बचने आवश्यक जानकारियाँ

 

मंडला 16 मई 2022

संचालनालय द्वारा समय-समय पर मौसम के अनुसार बीमारियों की रोकथाम एवं उनसे बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। इसी तारतम्य में लू के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। अत्यधिक गर्मियों में लू की संभावना बढ़ जाती है, यह जानलेवा भी हो सकता है। आमजन से अपील की गई है कि लू से बचाव के लिए गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कॉटन के वस्त्र का प्रयोग करें। घर से बाहर भोजन करके एवं पानी पीकर ही निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढंक्कर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिऐं एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें। बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को सिखाएं कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आएं। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने दें व उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एवं सुपाच्य भोजन तथा तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। गर्मी के दिनों में घर के अंदर तीव्र धूप को आने से रोकें।

 

क्या न करें

 

घर से बिना भोजन किए बाहर न निकलें। जहाँ तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें। बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में ना जायें। रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर की गतिविधियों में शामिल ना होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पाँव न चलें। चाय, कॉफी अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लक्षण

 

गर्म लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान से 240 सेल्सियस या 104 फेरेनाइट, मतली या उल्टी, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐठन। सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज होना। घबराहट होना, चक्कर आना बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर, कपड़े ढीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य व पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शरबत आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए यदि संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएँ या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियों को रखकर पूरे शरीर को ढंक दें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराएँ जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता है।

 

चिकित्सा संस्था की तैयारी

 

जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में गर्मी शुरू होने से पहले गर्भवती महिला एवं सभी मरीज व उनके परिजनों के लिए छाव में बैठने की व्यवस्था अस्पताल द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश। लू से प्रभावित रोगियों के लिये विस्तार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। थर्मामीटर, ग्लूकोमर एवं स्ट्रिप, आइस पैक एवं बी.पी. मापने के उपकरण उपलब्धता सुनिश्चित करें। ई.सी.जी. उपकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। आवश्यक दवाईयों जैसे- ओ.आर.एस. के पैकेट, लोरजेपम एवं डायजपाम आदि की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कक्ष को ठंडा करने वाले उपकरण जैसे- पंखा, वाटर कूलर एवं ए.सी. आदि की पर्याप्त व्यवस्था करें। लू के रोगियों को रेफरल के लिए बर्फ पैक एवं ठंडे पानी के साथ एंबूलेंस में व्यवस्था करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

लू और तापघात से पशुओं को बचाने आवश्यक जानकारियाँ

 

मण्डला 16 मई 2022

पशुधन को भीषण गर्मी, लू एवं तापघात के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। तेज गर्म मौसम तथा तेज हवाओं का प्रभाव पशुओं की सामान्य दिनचर्या को प्रभावित करता है। भीषण गर्मी की स्थिति में पशुधन को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रबंधन एवं उपायों, जिनमें ठंडा एवं छायादार पशु आवास, स्वच्छ पीने का पानी आदि पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता हैं। तेज गर्मी से बचाव प्रबंधन में जरा सी लापरवाही से पशु को लू नामक रोग हो जाता है। लू से ग्रस्त पशु को तेज बुखार हो जाता है और पशु सुस्त होकर खाना पीना बन्द कर देता है। शुरू में पशु की श्वसन गति एवं नाड़ी गति तेज हो जाती है। कभी-कभी नाक से खून भी बहने लगता है। पशु पालक के समय पर ध्यान नहीं देने से पशु की श्वसन गति धीरे-धीरे कम होने लगती है एवं पशु चक्कर खाकर बेहोशी की दशा में ही मर जाता है। पशुपालकों को सलाह दी जाती है कि वे पशु आवास हेतु पक्के निर्मित मकानों की छत पर सूखी घास या कड़बी रखें ताकि छत को गर्म होने से रोका जा सके। पशु आवास के अभाव में पशुओं को छायादार पेड़ों के नीचे बांधना चाहिए। पशु आवास में आवश्यकता पड़ने पर बोरी के टाट को गीला कर दें, जिससे ठंडक बनी रहेगी। पशु आवास गृह में आवश्यकता से अधिक पशुओं को नहीं बांधे तथा रात्रि में पशुओं को खुले स्थान पर बाँधे। गर्मी के मौसम में पशुओं को हरा चारा अधिक खिलाएँ। पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरन्त नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर पशु का उपचार कराएं, जिससे पशुधन तथा उसके उत्पादन में होने वाली हानि से बचा जा सकता है।

Related posts

लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 11 मई तक मनाया जाएगा 4 मई को होंगे विविध कार्यक्रम

Reva India News

दीवाली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाईजरी

Reva India News

फेसबुक पर फेक न्यूज डालने वाले व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज

Reva India News

Leave a Comment