Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 अगस्त 2022

नियमित टीकाकरण का कार्य सघन एवं सतत् रूप से करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग की बैठक

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने नियमित टीकाकरण, एनआरसी, दस्तक अभियान, शिशु स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जरूरी जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ज़िले में नियमित टीकाकरण का कार्य सघन एवं सतत रूप से जारी रखें। उन्होने पंचायत स्तर तक के सभी पात्र बच्चों एवं माताओं को चिन्हित करने के निर्देश दिये। श्रीमती सिंह ने कहा कि डेटा फीडिंग अनिवार्य रूप से हो। उन्होंने जिला टीकाकरण अधिकारी को निर्देश दिये कि 13 अगस्त से 23 अगस्त के बीच जुलाई 2021 से अक्टूबर 2021 तक जन्मे बच्चों की जानकारी, उनके टीकाकरण एवं छूटे हुए बच्चों की स्थिति के आंकड़े पर जानकारी प्रस्तुत करें। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने जिले की एनआरसी की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएमएचओ प्रति 15 दिनों में एनआरसी में उपस्थिति की आंकड़े पर जानकारी बताएंगे। साथ ही एनआरसी खाली रहने की स्थिति में कारण भी बताएंगे। उन्होंने कहा कि सभी एनआरसी 100 प्रतिशत रूप से ऑक्यूपाइ रहें। श्रीमती सिंह ने शिशु रोग विशेषज्ञ से चर्चा करते हुए कहा कि शिशु स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए सभी प्रभावी कार्य करें। उन्होंने बताया कि मातृ स्वास्थ्य की स्थिति में मंडला जिला शीर्ष 5 जिलों में शामिल है। उन्होने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने कार्य करें। अनावश्यक रूप से रिफर न करें। उन्होने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को इंप्रूव करने के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाएं। कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में नर्सों की आवश्यक ट्रेनिंग करें। बैठक में उन्होने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि जिले में मेडिसिन की उपलब्धता रखें। उन्होंने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के संबंध में भी आवश्यक जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि शासकीय चिकित्सालय में मौजूद जांचों की उपलब्धता की जानकारी का प्रचार-प्रसार करते हुए आवश्यक जाँच कराएं। उन्होंने कहा कि जनसामान्य के साथ संवेदनशील व्यवहार करें। उन्होंने सभी पीएचसी में सैंपल टेस्ट कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दस्तक अभियान की समीक्षा करते हुए सर्वे की स्थिति की ब्लॉकवार जानकारी ली। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता पर चर्चा करते हुए सभी बीएमओ को दस्तक अभियान से संबंधित डेटा फीडिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सेम फ्री मंडला अभियान के तहत कुपोषण की स्थिति के बारे में भी आवश्यक जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने बैठक के अंत में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में स्वास्थ्य विभाग की प्रगति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान में समस्त स्वास्थ्य अमला सक्रियता से जुड़े तथा 13 से 15 अगस्त के बीच सभी शासकीय चिकित्सालयों में आरोग्य केंद्र एवं अपने-अपने घरों पर भी तिरंगा झंडा फहराएं।

 

 

 

 

नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए वार्डों का आरक्षण 10 अगस्त को

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            नगरीय निकाय निर्वाचन के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए सभी तैयारियाँ समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नगरीय निकायों के लिए वार्डों के आरक्षण की कार्यवाही 10 अगस्त को प्रातः 11 बजे से संपन्न की जाएगी। इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करते हुए संबंधित स्थलों पर चस्पा करें।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि नगरपालिका मंडला के लिए आरक्षण की कार्यवाही जिला योजना भवन में, नैनपुर नगरपालिका के लिए आरक्षण की कार्यवाही झंकार भवन में, बिछिया नगर परिषद के लिए आरक्षण की कार्यवाही टाऊनहॉल मंडला में तथा बम्हनी एवं निवास नगर पंचायतों की आरक्षण की कार्यवाही जिला पंचायत के अलग-अलग कक्षों में संपन्न कराई जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर ने नगरपालिका मंडला के लिए एसडीएम मंडला, नैनपुर के लिए एसडीएम नैनपुर, बिछिया के लिए एसडीएम बिछिया, निवास के लिए एसडीएम निवास तथा बम्हनी के लिए तहसीलदार नैनपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि आरक्षण की कार्यवाही में नगरपालिका अधिनियम तथा आरक्षण के प्रावधानों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने आरक्षण की कार्यवाही की सभी तैयारियाँ 8 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, परियोजना अधिकारी नगरीय प्रशासन आरके कुर्वेती सहित समस्त नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत मैराथन का आयोजन

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 4 अगस्त को मुख्यालय में जिला स्तरीय मैराथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्टेडियम ग्राउंड से कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन स्टेडियम ग्राऊँड से प्रारंभ होकर रेडक्रॉस चौराहा, चिलमन चौक, बस स्टेंड, लालीपुर चौक, बिंझिया तिराहा से नेहरू स्मारक, बैगा-बैगी चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए वापस स्टेडियम ग्राउंड में संपन्न हुई। इस मैराथन में खिलाड़ी, विद्यार्थियों, पुलिस बल, सीआरपीएफ के जवान भी भाग लिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने एवं राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के पालन की शपथ भी दिलाई गई। मैराथन दौड़ में प्रथम 10 आने वालेे छात्र-छात्राओं को पुरूस्कृत किया जायेगा। इस अवसर पर डीएफओ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र कवर, एडीएम मीना मसराम, एसी ट्राईबल, जिला स्पोर्टस अधिकारी, एपीसी मुकेश पांडेय, क्षेत्र संयोजक रंजीत गुप्ता सहित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

 

5 को तिरंगा वृक्षारोपण

 

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5 अगस्त को जिलेभर में तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ईईआरईएस, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, मनरेगा एवं ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभागों को 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण के लिए स्थान चिन्हित करने एवं सघन रूप से वृक्षारोपण करने के लिए निर्देशित किया गया है। वृक्षारोपण के पश्चात अभियान की शपथ भी दिलाई जाएगी। कलेक्टर ने नर्मदा तट एवं इससे जुड़ी पंचायतों में भी सघन स्तर पर 5 अगस्त को वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। 6 अगस्त को बैगा क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ जोड़ा जाएगा।

 

 

 

 

हर घर तिरंगा अभियानके तहत जीईएमएस ने दिए 500 झंडे

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            इनरव्हील क्लब ऑफ जबलपुर ’जीईएमएस’ द्वारा जिला प्रशासन मंडला को 500 झंडे दिए गए। ये झंडे बीजाडांडी में बीईओ संजय सप्रे, थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन एवं सीडीपीओ की उपस्थिति में क्लब की अध्यक्ष सिमरन सक्सेना द्वारा दिए गए।

 

 

 

 

हर घर तिरंगाअभियान के तहत डाक संभाग में प्रभात फेरी

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भारतीय डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय ध्वज की बिक्री के साथ-साथ आम जनता की जागरूकता के लिए प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 4 अगस्त 2022 को प्रभात फेरी निकाली गई व मानव श्रृंखला का सृजन किया गया। इसके साथ-साथ विभिन्न शासकीय विभागों, स्कूलों व व्यस्त इलाकों में चौपाल लगाकर आमजन को ’हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

 

नजदीकी डाकघर से खरीद सकते हैं 25 रूपए में राष्ट्रीय ध्वज

 

अधीक्षक डाकघर मंडला ने बताया कि मंडला व डिंडोरी जिले के सभी डाकघरों में बिक्री हेतु राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध है, जिसका मूल्य 25 रूपए निर्धारित किया गया है।

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 4 अगस्त के दौरान 593.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 568.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 25.2 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को बिछिया में 33 मि.मी., निवास में 21 मि.मी. तथा घुघरी में 5.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 4 अगस्त को 9.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 3 अगस्त की शाम 3 बजे से 4 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

3 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            3 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 4 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 3 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बम्हनी निवासी 65 वर्षीय पुरूष, ग्राम सिलगी निवासी 40 वर्षीय पुरूष, ग्राम बरबसपुर निवासी 50 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

विश्व स्तनपान सप्ताह 7 अगस्त तक

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह 1 से 7 अगस्त तक मनाया जा रहा है। इस बार विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम ’’स्टेप्स अप फॉर ब्रेस्टफीडिंग एजुकेट एण्ड सपोर्ट’’ इस थीम के अंतर्गत शिशु एवं बाल्यकालीन आहार संबंधी व्यवहारों को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न सामुदायिक वर्गों को सम्मिलित करते हए स्तनपान संबंधी आधारभूत शिक्षा एवं सहयोग प्रदान करना है। विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिले में ब्रेस्टफीडिंग फ्रेंडली हॉस्पिटल बनाने हेतु विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन पूरे सप्ताह में किया जाएगा जिसमें स्तनपान को बढ़ावा देने हेतु माताओं को परामर्श, स्तनपान के लाभ, स्तनपान से होने वाले शिशु को लाभ, शिशु मृत्यु दर में कैसे कमी लाई जाएगी। साथ ही समुदाय को स्तनपान से क्या फायदा है इस हेतु जन जागरूकता की जा रही है। स्तनपान सप्ताह के दौरान विभिन्न केंद्रों में विभिन्न प्रकार के आहार आयोजन प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस उपलक्ष्य में जिले के समस्त पोषण पुनर्वास केंद्रों में भी स्तनपान सप्ताह के दौरान काउंसलिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। बच्चों को 6 माह तक माँ के दूध के अलावा कुछ भी नहीं देना है। इस हेतु जन जागरूकता दी जा रही है। साथ ही प्रत्याहार फॉर्मूला मिल्क आदि से होने वाले नुकसान व आईएमएस एक्ट का पालन करने हुए निर्देशित किया जा रहा है। 1 घंटे के अंदर नवजात को स्तनपान देना एवं शुरुआत में गाढ़ा पीला दूध कोलेस्ट्रम देना कितना जरूरी है, यह बच्चे का पहला टीकाकरण होता है। बहुत सी गंभीर बीमारियों से बचाता है इस महत्व को भी समझाया जा रहा है।

स्तनपान से बच्चों को होने वाले लाभ – स्तनपान से बच्चे को कुपोषण का खतरा नहीं रहता। डायरिया, निमोनिया संक्रमण से बचाव होता है। साथ ही साथ बच्चे का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। स्तनपान से बच्चे के साथ-साथ माँ को भी लाभ है। स्तनपान कराने वाली माताओं को गर्भाशय और ब्रेस्ट कैंसर से बचाव मिलता है। परिवार नियोजन में मदद मिलती है, साथ ही साथ प्रसव के समय जो शरीर में बदलाव आते हैं वह स्थिति में लाने में लाभ मिलता है। किसी भी प्रकार के अन्य आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ता। मां का दूध आसानी से हर मौसम के अनुरूप उपलब्ध होता है, मां के दूध को हम 8 घंटे तक बिना किसी फ्रिज की मदद से रख सकते हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए यह बहुत अच्छा विकल्प है कि जब वह काम पर जाएं तो स्तनपान ना कराने की स्थिति में अपना दूध निकालकर जाएं, ताकि बच्चे को मां के दूध के अलावा कुछ भी ना दी जाए। 6 माह तक किसी भी घूटी, शहद, पानी की आवश्यकता नहीं होती। मां के दूध में बच्चे के विकास के लिए सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं।

 

 

 

 

आमजन तिरंगा वृक्षारोपण में करें सहभागिता – हर्षिका सिंह

कलेक्टर की जिलेवासियों से अपील

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आमजनों की सहभागिता सुनिश्चित करना एवं अभियान के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिदिन जनजागरूकता की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में 5 अगस्त को जिलेभर में तिरंगा वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि 5 अगस्त को अपने घरों, परिसर तथा नर्मदा तट के किनारे कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं तथा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ फोटो खींचकर अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें। अंकुर पोर्टल के लिए लिंक https://apps.apple.com/in/app/vayudoot-ankur/id1575031590 है। श्रीमती सिंह ने कहा है कि सभी जिलेवासी पर्यावरण के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करते हुए 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण में सक्रिय रूप से सहभागिता सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

खाद्य पदार्थों के लिए गए सेम्पल

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            आगामी रक्षाबंधन त्यौहार को दृष्टिगत खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने एवं आम उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यप्रद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिये जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन मंडला के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर हर्षिका सिंह के आदेशानुसार मंडला जिले के नगरीय एवं ग्रामीण हाट बजारों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग द्वारा जीरा पानी के 15, मटरमसाला के 3, साइट्रिक एसिड 1, दही 2, मठा का 1 के नमूना जांच हेतु लिए गए। जिनमें से 2 जीरा पानी के नमूने अमानक पाये गये हैं। अमानक पाये गये नमूनों के प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है।

रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत मे. नेहा एजेंसी मंडला से रसगुल्ला, मे. शंकर स्वीट्स महाराजपुर से गुलाब जामुन, मे. बीकानेर स्वीट्स नारायणगंज से कलाकंद, मे. रज्जू होटल बीजाडांडी से बेसन के लडडू, मे. साकेत होटल नारायणगंज से सोनकेक का एवं न्यू बीकानेर स्वीट्स पिंडरई से दूध का पेड़ा का नमूना लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं।

 

 

 

निरस्त किए गए केसीसी प्रकरणों की पुनः जाँच करें –  हर्षिका सिंह

डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 4 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि बैंकों द्वारा निरस्त किए गए किसान क्रेडिट कार्ड की संबंधित विभाग द्वारा जाँच कराएं तथा पात्र पाए जाने पर नियमानुसार स्वीकृति प्रदान करने की कार्यवाही करें। मत्स्य विभाग के लम्बित प्रकरणों को पात्रतानुसार स्वीकृत करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र पशुपालक की केसीसी जारी करें। कलेक्टर ने कहा कि बैंकर्स बड़े बकायादारों की सूची राजस्व अधिकारियों से साझा करते हुए वसूली की कार्यवाही करें। बैंक लिंकेज की समीक्षा करते हुए उन्होंने विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जमा एवं अग्रिम अनुपात तथा बैंकिंग पैरामीटर की ब्रांचवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीडी रेशियो बेहतर बनाने वर्कशॉप सेमीनार आयोजित करें। बैंकर्स डिपोजिट बढ़ाने के साथ-साथ अग्रिम अनुपात पर भी ध्यान दें। उपभोक्ताओं की सुविधाओं का ध्यान रखें। ब्रांचवार समीक्षा करते हुए बैंकमित्र की आवश्यकताओं का आंकलन करें तथा इसकी पूर्ति के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय करें। स्वनिधि योजना के प्रकरणों की स्वीकृति प्रदान करते हुए भुगतान की कार्यवाही करें। बैंकों में प्रस्तुत किए गए प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि उद्यम क्रांति योजना में पात्रतानुसार मुद्रा योजना के हितग्राहियों को भी सम्मिलित करें। बैठक में श्रीमती सिंह ने शहरी पथ विक्रेता, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री सृजन कार्यक्रम, उद्यम क्रांति योजना, स्व-सहायता समूह ऋण, रोजगार दिवस, पीएमएफएनई, एआईएफ, मुद्रा योजना, एनपीए, बैंकों के विरूद्ध प्राप्त शिकायतें तथा अन्य विषयों पर विस्तृत समीक्षा की एवं जरूरी निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में एलडीएम अमित केशरी सहित बैंक शाखाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

 

Related posts

दिव्यांग कर्मचारी के वृत्तिकर छूट प्रमाण पत्र के लिए 31 जनवरी अंतिम तिथि

Reva India News

15, 16 एवं 17 अप्रैल को संचालित होगा डाक मतपत्र सुविधा केन्द्र

Reva India News

अपर कलेक्टर ने देर रात तक किया डिजिटाइजेशन कार्य का निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment