’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत हर घर में लगाएं राष्ट्रीय झंडा – श्री चौहान
मुख्यमंत्री ने धर्मगुरुओं एवं नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को किया संबोधित
मण्डला 5 अगस्त 2022
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ’हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागी बनने एवं इस अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं एवं नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों से बात की। उन्होंने अपने संबोधन के प्रारंभ में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी एवं पंचायतों एवं ग्राम विकास के क्षेत्रों में सक्रिय एवं सकारात्मक रूप से कार्य करने में सहयोग करने की बात कही। श्री चौहान ने बताया कि समरस पंचायतों के विकास का कार्य किया जाएगा। प्रदेश सरकार कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने एवं ग्रामीण विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 से 17 अगस्त तक 75वें स्वतंत्रता संग्राम के अंतर्गत स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार 13 से 15 अगस्त तक ’हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत हर घर, हर गली, हर मोहल्ले, हर शासकीय, निजी व अशासकीय संस्थानों, दुकानों, बाजारों आदि में तिरंगा लगाया जाए। उन्होने सभी धर्मगुरुओं से आग्रह किया है कि वे अपने स्तर पर इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करें।
श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्र के अभिमान तिरंगे झंडे के लिए आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में हर व्यक्ति अपनी ओर से झंडे को खरीदकर अपने घरों पर लगाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं अलग-अलग संघों द्वारा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। आगामी दिनों में भी प्रभातफेरी, साइकिल रैली एवं अन्य नवाचारों के माध्यम से अभियान का सघन रूप से प्रचार-प्रसार करें। मुख्यमंत्री ने आमजनों के द्वारा झंडे को फहराने या लगाने के संबंध में केंद्र सरकार द्वारा किए गए नवीन संशोधनों की जानकारी दी। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि इस अभियान से हर वर्ग, हर संघों, समाजसेवियों, एनजीओ को जोड़ें तथा अपने स्तर पर जनप्रतिनिधियों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सभी धर्मगुरूओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अंकुर अभियान के तहत प्रतिदिन कम से कम एक बार जरूर लगाएं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने एनआईसी में बैठक के पश्चात सभी धर्मगुरूओं को जिला प्रशासन द्वारा की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी एवं सभी से सक्रिय होकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। जिला एनआईसी कक्ष में पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, सभी धर्मों के धर्मगुरू, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड एवं संबंधित उपस्थित थे।

निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम से स्वरोजगार में मिलेगी मदद – हर्षिका सिंह
आईटीआई में प्रारंभ हुआ निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम
मण्डला 5 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रसैयादोना आईटीआई परिसर में जिला परिवहन विभाग एवं आईटीआई के संयुक्त तत्वाधान में निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से युवाओं को स्वरोजगार में मदद मिलेगी। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि एनआरएलएम के माध्यम से मवई क्षेत्र में पूर्व में इस प्रकार के कार्य किए जा चुके हैं। इस कार्यक्रम से दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन की व्यवस्था का भी विस्तार हो सकेगा। साथ ही आकस्मिक स्थितियों में वाहनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी। श्रीमती सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि ड्राइविंग कार्यक्रम का गंभीरता से ज्ञान प्राप्त करें। उन्होने आईटीआई प्राचार्य को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए वाहन खरीदने के इच्छुक व्यक्तियों को ऋण प्राप्त करने बैंकों का वर्कशॉप कराएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम ने कार्यक्रम में कहा कि सभी प्रशिक्षणार्थी निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करें। यातायात के नियमों को गंभीरता से समझें तथा पर्यावरण के संरक्षण में भी सहयोग दें। उन्होंने बताया कि शासकीय एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में भी समय-समय पर वाहन चालकों की भर्ती आयोजित की जाती है, प्रशिक्षणार्थी अपने आपको तैयार रखें। कार्यक्रम का प्रारंभ परम्परागत दीप प्रज्वलित से हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य आईटीआई श्री वरकड़े ने निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता ने कार्यक्रम के आयोजन का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण अधिकारी वैशाली कामड़े ने मंच संचालन किया। कलेक्टर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण के अंतर्गत वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया एवं परिसर में वृक्षारोपण किया।

जिले भर में आयोजित हुआ तिरंगा वृक्षारोपण
मण्डला 5 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता के लिए 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विकासखंडों, नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर पर शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ आदि ने तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। वृक्षारोपण के पश्चात शपथ भी दिलाई गई।
सहकारी बैंक परिसर में किया वृक्षारोपण
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 5 अगस्त को जिलेभर में आयोजित किए जा रहे तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मुख्यालय के सरकारी बैंक परिसर में वृक्षारोपण किया। इस दौरान सहकारी विभाग से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।

जिलहरी घाट में आयोजित हुआ तिरंगा वृक्षारोपण
मण्डला 5 अगस्त 2022
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम जिले भर में आयोजित किया गया। नर्मदा तट के किनारे जिलहरी घाट में आयोजित हुए तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम में कलेक्टर हर्षिका सिंह शामिल हुई। उन्होने इस अवसर पर आम का पौधा लगाया। कलेक्टर ने उपस्थित स्कूली विद्यार्थियों, स्थानीय ग्रामीण तथा संतों को भी एक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कम से कम 1 पेड़ लगाएं और उसे अंकुर पोर्टल पर अपलोड करें। इस अवसर पर ईईआरईएस मनोज धुर्वे, सीईओ जनपद मंडला एवं संबंधित उपस्थित थे।

धर्मगुरूओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से की ’हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील
मण्डला 5 अगस्त 2022
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 5 अगस्त को एनआईसी के माध्यम से जिले के सभी धर्मों के धर्मगुरूओं एवं नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से बैठक की। बैठक के पश्चात सभी धर्मगुरूओं एवं नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलेवासियों से अपील की है कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान में हर घर, हर व्यक्ति, हर समाज, हर धर्म के व्यक्ति जरूर शामिल हों। सभी ने जिलेवासियों से अपील की है कि 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों, दुकानों, कार्यालयों आदि में राष्ट्रीय ध्वज जरूर लगाएं। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
सेल्फी प्वाईंट में खिचवाई फोटो
मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन के पश्चात सभी धर्मगुरूओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में सामूहिक फोटो खिचवाई। कलेक्ट्रेट परिसर में ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता एवं भागीदारी के लिए सेल्फी प्वाईंट भी बनवाया गया है। सभी धर्मगुरूओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने सेल्फी प्वाईंट में अपनी फोटो खिचवाई तथा जिलेवासियों को भी ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील की।

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अधिकारियों ने किया झंडा क्रय
मण्डला 5 अगस्त 2022
75वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार 13 से 15 अगस्त के बीच ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सभी शासकीय, अशासकीय, निजी संस्थानों, शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों एवं आमजनों द्वारा भी अपने कार्यालय में एवं घरों में झंडा फहराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय झंडे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी ब्लॉक स्तर तथा जिला स्तर पर झंडा विक्रय केन्द्र खोले गए हैं। जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में झंडा विक्रय केन्द्र प्रारंभ किया गया है। आम नागरिक इन झंडा विक्रय केन्द्रों से झंडा खरीदकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान अपने घरों में लगा सकते हैं। 5 अगस्त को कलेक्टर हर्षिका सिंह सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने जिला शिक्षा कार्यालय पहुँचकर झंडा क्रय किया। जिला प्रशासन द्वारा 20”x30” के आकार के राष्ट्रीय झंडे को क्रय करने के लिए 22 रूपए शुल्क निर्धारित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में किया गया वृक्षारोपण
’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 5 अगस्त को जिलेभर में तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला शिक्षा कार्यालय से राष्ट्रीय झंडे क्रय करने के पूर्व परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने इस दौरान जिलेवासियों से अपील की है कि जिला शिक्षा कार्यालय परिसर से निर्धारित शुल्क पर झंडा क्रय कर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक जिलेवासी अपने घर में झंडा लगाएं। जिला शिक्षा कार्यालय से प्रातः 10:30 से 5:30 बजे के बीच झंडा क्रय किया जा सकता है।

अंजनिया महाविद्यालय का औद्योगिक भ्रमण के साथ औद्योगिक इकाइयों में ’हर घर तिरंगा’ अभियान
मण्डला 5 अगस्त 2022
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में स्थापित शासकीय स्नातक महाविद्यालय अंजनिया जिला मण्डला में संचालित स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत औद्योगिक भ्रमण का आयोजन महाविद्यालय के टीपीओ प्रतीक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन व निर्देशन में तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के सहयोग से किया गया। भ्रमण दल औद्योगिक क्षेत्र देवदरा मण्डला में पहुंचा। जहाँ पर महाविद्यालय के 50 विद्यार्थियों को तसला एंड फेब्रिकेशन फेक्ट्री, एस ब्रिक्स प्लांट, गोल्ड फिंगर इंडस्ट्री, ऑइल मिल जैसी यूनिट की कार्य प्रणाली दिखाई व समझाई गई। साथ ही प्लांटस में रोजगार के अवसर एवं योग्यताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सेडमैप मण्डला समन्वयक एसके शर्मा ने छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। औद्योगिक भ्रमण में महाविद्यालय स्टॉफ से डॉ.शोभना पटेल व प्रशांत यादव भ्रमण दल प्रभारी के रूप में उपस्थित रहे। ’आजादी के अमृत महोत्सव’ के तहत ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भ्रमण दल ने इन औद्योगिक इकाई के विभिन्न यूनिट्स में कार्यरत मजदूरों, कारीगरों व अन्य व्यक्तियों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान का जागरूकता कार्यक्रम भी किया।

नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के अंतर्गत वार्डों के आरक्षण संबंधी कार्यवाही 10 को प्रातः 11 बजे से
मण्डला 5 अगस्त 2022
विहित प्राधिकारी एवं कलेक्टर ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि जिला मंडला की नगरपालिका परिषद मंडला, नैनपुर, बम्हनी बंजर, निवास तथा भुआ बिछिया में यथा स्थिति म.प्र. नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 29 (क) के अंतर्गत म.प्र. नगरपालिका एवं उच्चतम न्यायालय द्वारा रिट याचिका (सी.) क्रं. 278, 2022 में पारित आदेश 10 मई 2022 एवं 18 मई 2022 के परिपालन में वार्डों का आरक्षण किया जाना है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अधिसूचना क्रमांक 4842-अठारह-3-14 3 सितम्बर 1994 के द्वारा प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उक्त प्रावधानों के अधीन मण्डला जिले की नगर पालिका परिषद, मण्डला, नगर पालिका परिषद, नैनपुर, नगर परिषद, बम्हनी बंजर, नगर परिषद, निवास, नगर परिषद, भुआ बिछिया के वार्डों का आरक्षण की कार्यवाही 10 अगस्त 2022 को प्रातः 11 बजे से करने के निर्देश दिए हैं। नगरपालिका परिषद मंडला के लिए एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं। आरक्षण हेतु स्थान जिला योजना भवन मंडला है। नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए एसडीएम प्रियंका वर्मा प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं एवं आरक्षण हेतु स्थान झंकार भवन एलआईसी के पास मंडला है। नगरपालिका परिषद बम्हनी बंजर के लिए तहसीलदार कमलेश राम प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं एवं आरक्षण हेतु स्थान जिला पंचायत मंडला के सभाकक्ष में है। नगरपालिका परिषद निवास के लिए एसडीएम शिवाली सिंह प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं एवं आरक्षण हेतु स्थान जिला पंचायत मंडला के सभाकक्ष में है। नगरपालिका परिषद भुआ बिछिया के लिए एसडीएम सुलेखा सुदेश उईके प्रभारी अधिकारी बनाए गए हैं एवं आरक्षण हेतु स्थान नगरपालिका मंडला के टाऊनहॉल में है।

मेरिट-कम-मीन्स, पोस्ट मैट्रिक, प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना
मण्डला 5 अगस्त 2022
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के मूल निवासी अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों को भारत में अध्ययन करने के लिये शैक्षणिक सत्र 2022-23 हेतु भारत सरकार द्वारा अधिसूचित अल्पसंख्यक अंतर्गत मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध, सिक्ख, पारसी एवं जैन समुदायों के छात्र-छात्राओं से अल्पसंख्यक मेरिट-कम-मीन्स, पोस्ट मैट्रिक, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं पोस्ट मैट्रिक में अध्ययनरत नवीन एवं नवीनीकरण विद्यार्थियों के लिये 31 अक्टूबर 2022 तक तथा प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति अध्ययनरत नवीन एवं नवीनीकरण विद्यार्थियों के लिये 30 सितम्बर 2022 तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। छात्रवृत्ति के आवेदन हेतु विद्यार्थी को भारत सरकार की नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल www.scholership.gov.in पर जिसकी लिंक भारत सरकार की वेबसाईट www.minorityaffairs.gov.in पर भी उपलब्ध है या मोबाईल ऐप National Scholarship Portal (NSP) पर ऑनलाईन आवेदन भरना होगा। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं मान संचालन प्रकिया नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उपलब्ध है।
शैक्षणिक संस्था की यह जिम्मेदारी है कि वह आवेदक का ऑनलाईन आवेदन पूर्ण रूप से निरीक्षण, परीक्षण करने के उपरांत ही नियमानुसार पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाईन अपने सत्यापन उपरांत अग्रिम स्तर के लिए अंतिम मेरिट-कम-मीन्स एवं पोस्ट मैट्रिक योजना के लिए 15 नवम्बर 2022 तक तथा प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए 16 अक्टूबर 2022 तक फॉरवर्ड करें। यदि अधूरे आवेदन अग्रेषित किये जाते हैं तो उनके निरस्त होने की पूर्ण जवाबदारी संस्था की होगी तथा इन प्रकरणों पर पुनः विचार नहीं किया जायेगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशेष भोज के निर्देश
मण्डला 5 अगस्त 2022
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने 15 अगस्त 2022 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लक्षित सभी शालाओं में पीएम पोषण के अन्तर्गत विशेष भोज में सब्जी, पूरी, खीर अथवा सब्जी, पूरी, हलुआ तथा इसके साथ लड्डू का वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने जारी निर्देशों में कहा है कि भोजन स्वच्छ स्थान पर बनवाया जाये एवं शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण हो। संबंधित प्रधानाध्यापक, शाला के नोडल शिक्षक का दायित्व होगा कि वे भोजन में उपयोग की जाने वाली खाद्य सामग्री का परीक्षण कर अपने निगरानी में भोजन तैयार करायेंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाये कि प्रत्येक शाला के लिए निरीक्षण रोस्टर अनुसार निर्धारित अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन व मातायें भी विशेष भोज में सहभागी हों तथा उनके द्वारा भोजन का निरीक्षण कराया जाये।
विशेष भोज में कलेक्टर हर्षिका सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत व स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं जन सहयोग करने वाले नागरिकों को विद्यार्थियों के साथ भोजन करने हेतु आमंत्रित किया जाये। विशेष भोज के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों के साथ अतिथि गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी। कोविड-19 के अन्तर्गत जारी गाईड लाईन का पालन करते हुये व्यवस्था में प्रत्येक स्तर पर समुचित साफ-सफाई व अन्य सावधानियाँ बरती जाये। विकासखण्ड स्तर के अधिकारियों को रोस्टर बनाकर उन्हें भी कम से कम एक शाला में 15 अगस्त 2022 को विशेष भोज के आयोजन में भाग लेने निर्देशित किया जाना सुनिश्चित किया जाये।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 5 अगस्त 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 5 अगस्त के दौरान 595 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 573.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 21.3 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 अगस्त को नैनपुर में 6.2 मि.मी. तथा नारायणगंज में 4.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 5 अगस्त को 1.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 5 अगस्त 2022
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक योजना भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। अपर कलेक्टर मीना मसराम ने जिले में ब्लेक स्पॉट बिनेका तिराहा, पदमी, अंजनिया चौराहों, भाई-बहन नाला आदि पर रोड केटाइज, रोड मार्किंग, यातायात संकेतक लगाये जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में तहसील कार्यालय मण्डला से बड़ चौराहा तक एकल मार्ग बनाने शहर में नो-एंट्री समय की समीक्षा की गई। अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि फूलसागर तिराहा, कालपी एवं रोड किनारे स्थित ढाबों, होटल पर वाहन खड़े न हों इसके लिये कार्यवाही की जाये। शहर में ऑटो रिक्शाओं पार्किंग व्यवस्था हेतु डिण्डोरी रोड, कटरा रोड, झूलापुल के पास स्थान चिन्हित कर पार्किंग का निर्धारण किया जाये एवं नेशनल हाइवे एवं अन्य मार्गों पर संकेतक बोर्ड ब्रेकर, रम्बर स्ट्रिप रेडियम आदि कार्य कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल संचालकों की बैठक का आयोजन किया जाये जिसमें स्कूल संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, पालकों की उपस्थिति में स्कूल वाहनों के संबंध में बैठक का आयोजन किया जाये। बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक मण्डला गजेन्द्र सिंह कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी, सीएमएचओ, सीएमओ मण्डला, जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

8 नग आवारा मवेशी गौशाला भेजे गए
मण्डला 5 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शहर के मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला एवं कांजीहाऊस में बंद करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश के परिपालन में 5 अगस्त 2022 को नगर पालिका परिषद मंडला के द्वारा गठित हाकागैंग के माध्यम से बैगा-बैगी चौराहा एवं महात्माग गांधी स्टेडियम ग्रांउड से 8 नग आवारा मवेशियों को काऊ कैचर में बंद कर के गौशाला में छोड़ा गया। अभियान के दौरान शिव धौलपुरिया एवं पुष्पेन्द्र पाण्डेय वार्ड सुपरवाइजर उपस्थित थे। नगरवासियों से अपील की गई है कि शहर के मुख्य मार्गों में गाय, बैल को ना छोड़े आवारा मवेशी से न केवल आवागमन बाधित होता है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी रहती है। शहर से आये दिन जन शिकायत प्राप्त होती है। पशु मालिकों को सूचित किया जाता है कि अपने-अपने पशुओं को घर पर बांधकर अपने नियंत्रण में रखें किसी भी मवेशी के सड़कों पर पाये जाने पर पशु मालिक के खिलाफ म.प्र. न.पा.अधि.1961 की धारा 233 के तहत न्यूसेंस की कार्यवाही की जायेगी तथा आवारा मवेशियों के गौशाला, शहर के अन्यत्र स्थल पर भेजा जायेगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी पशु मालिक की होगी।

