Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 13 नवम्बर 2022

आज से 2 दिवसीय गौरव दिवस, होंगे विविध कार्यक्रम

योगाभ्यास से होगा शुभारंभ, रपटाघाट पर शाम को महाआरती, 51 हजार दीप जलाए जाएंगे

 

मण्डला 13 नवम्बर 2022

                14 एवं 15 नवंबर को मंडला जिले का 2 दिवसीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। 14 नवंबर की प्रातः 7 बजे से गौरव दिवस के अंतर्गत अनेक गतिविधियां एवं कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ होगी, जो 15 नवंबर की रात्रि 9 बजे तक लगातार संचालित होगी। गौरव दिवस के पहले दिन 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे से जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से प्रभातफेरी निकलेगी तथा कुंभस्थल में भव्य योगा कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां मानव श्रृंखला भी बनाई जाएगी। इसी के साथ गौरव दिवस कार्यक्रमों का आधिकारिक शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शंकरशाह-रघुनाथशाह स्मारक सर्किटहाउस के सामने ’आओ जानें मंडला’ के अतंर्गत पेटिंग, प्रश्नोत्तरी, रंगोली का आयोजन होगा। दोपहर 3 बजे माँ नर्मदा तट पर होमगार्ड एवं स्थानीय मछुआ समिति के द्वारा संयुक्त रूप से नौका प्रदर्शन किया जाएगा। शाम 4 बजे बंजर क्लब से कलेक्ट्रेट मार्ग पर फूड फेस्टिवल के अंतर्गत मण्डला जिले के स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन एवं विक्रय स्टॉल भी लगाए जाएगें। चर्च के सामने एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सामने सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। शाम 7ः30 बजे माँ नर्मदा तट रपटाघाट में महाआरती एवं 51 हजार दीपों का प्रज्जवलन तथा रात्रि 8 बजे आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

15 को कलश यात्रा, जुम्बा डांस, मुख्य आकर्षण लेजर शो

 

गौरव दिवस के दूसरे दिन 15 नवंबर को प्रातः 7 बजे जिला मुख्यालय के सभी वार्डों से स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्कूली बच्चों के साथ रैली निकालकर स्टेडियम ग्राउंड मंडला जिले का नक्शा बनाया जाएगा। स्टेडियम ग्राउंड में जुम्बा डांस का आयोजन होगा। 15 नवंबर को 11 से 1 बजे तक राजराजेश्वरी मंदिर से आंगनवाड़ी एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं, दीदियों एवं स्थानीय महिलाओं के द्वारा भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा एवं समस्त नगरवासियों तथा समाजिक संगठनों की उपस्थिति में माँ नर्मदा में चुनरी अर्पण का कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसी के साथ शहर के मुख्य चौराहों एवं रास्तों पर सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत लोकनृत्य, संगीत, रंगोली आदि का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

शाम 4 बजे से पुलिस लाईन में मुख्य कार्यक्रम

 

गौरव दिवस के द्वितीय दिवस 15 नवंबर की शाम 4 बजे से पुलिस लाईन ग्राउंड मंडला में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं जनजातीय मेले का आयोजन होगा। पुलिस लाईन में अलग-अलग विभागों के स्टॉल्स लगेंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति का परिचय देते आयोजन भी होंगे। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले के विख्यात कलाकारों के साथ-साथ अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित कलाकार भी शामिल होंगे। लेजर शो 15 नवंबर की शाम का मुख्य आकर्षण होगा। लेजर शो के माध्यम से माँ नर्मदा की यात्रा, जिले का इतिहास तथा जिले की पहचान वन्यजीवों के बारे में बताया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम में मंडला जिले को गौरवान्वित करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

पारंपरिक वेशभूषा में आएं, आयोजन को उत्सव के रूप में मनाएं

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’गौरव दिवस’ के आयोजन में शामिल होने के लिए सभी जिलेवासियों से अपील की है कि 14 एवं 15 नवंबर के आयोजन को एक उत्सव के रूप में मनाएं तथा सक्रिय रूप से सहभागी भी बनें। प्रत्येक व्यक्ति 2 दिवस के आयोजन के दौरान होने वाली गतिविधियों में जरूर भाग लें। उन्होंने मुख्यालयवासियों से अपील की है कि दिवाली के दौरान होने वाली घरों की साज-सज्जा एवं लाईटिंग आदि को गौरव दिवस के आयोजन के दौरान भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि ’गौरव दिवस ’लोगो’ को गौरव दिवस आयोजन तक अपने व्हाट्सऐप की डीपी बनाएं। साथ ही अपने परिजनों, मित्रों को फेसबुक सहित अन्य सोशलमीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगाकर व्यक्तिगत स्तर पर भी इस आयोजन के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। कलेक्टर ने जिलेवासियों से कहा है कि गौरव दिवस के आयोजन में जिले की पारंपरिक, सांस्कृतिक एवं जनजातीय विविधता का परिचय कराने आमजन परंपरागत परिधानों में आएं तथा कार्यक्रमों को विशिष्टता प्रदान करें।

 

 

 

 

पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का दौरा कार्यक्रम

 

मंडला 13 नवम्बर 2022

                म.प्र. पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष एवं सभापति, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति म.प्र. विधानसभा (पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री) विधायक (केबिनेट मंत्री दर्जा) गौरीशंकर बिसेन का 14 नवंबर 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसेन 14 नवंबर 2022 को दोपहर 3:45 बजे गढ़ी से बिछिया के लिए रवाना होंगे एवं सायं 5 बजे बिछिया पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे।

श्री बिसेन 15 नवंबर 2022 को प्रातः 9 बजे जैविक फार्म का निरीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि करने वाले किसानों से भेंट करेंगे तथा प्रातः 10 बजे बिछिया से बैहर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

उच्च शिक्षा मंत्री का आज मंडला आगमन

 

मंडला 13 नवम्बर 2022

                मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव का 14 नवंबर 2022 को मण्डला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव 14 नवंबर 2022 को प्रातः 8 बजे जबलपुर से जिला मण्डला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा प्रातः 11 बजे मण्डला (सर्किट हाउस) पहुंचेंगे। वे प्रातः 11:15 बजे आरडी कॉलेज में उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री श्री यादव दोपहर 1 बजे मण्डला से कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

शीत से बचाव के लिए जानकारी

 

मण्डला 13 नवम्बर 2022

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजनों को शीत से बचने एडवाईजरी जारी की है। जारी एडवाईजरी में उन्होंने कहा है कि वर्तमान में शीत ऋतु में वातावरण का तापमान अत्यधिक कम होने व शीतलहर के कारण मानव स्वास्थ्य पर अनेक विपरीत प्रभाव जैसे- सर्दी, जुकाम, बुखार, निमोनिया, त्वचा रोग, फेफड़ों में संक्रमण, हाईपोथर्मिया, अस्थमा, एलर्जी होने की आशंका बढ़ सकती है। यदि समय पर नियंत्रण न किया जाए तो व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है।

शीत से बचने के लिए क्या करें –

 

शीत से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, घर में ठंडी हवा प्रवेश न हो इसलिए दरवाजे व खिड़की बंद रखें, सोते समय रजाई, कम्बल का उपयोग करें। फ्लू या बुखार, नाक बंद होने की स्थिति में घर से बाहर न निकलें, घर में रहें, आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी और चिकित्सक से परामर्श करें, गरम एवं ताजा भोजन, गर्म पानी का उपयोग करें, वृद्ध, बच्चे एवं गर्भवती माताओं का विशेष ध्यान रखें, लकड़ी का अलाव, सिगड़ी एवं रूम हीटर का उपयोग करें। शीतघात के दौरान यथासंभव घर के अंदर रहें और ठण्डी हवा बारिश बर्फ से संपर्क रोकने के लिये अनिवार्य होने पर ही यात्रा करें, शरीर को सूखा रखें, शरीर की गरमाहट बनाये रखने हेतु अपने सिर, गर्दन, कान, नाक को पर्याप्त रूप से ढकें, सूती एवं गर्म ऊनी कपड़े पहनें, शरीर की गर्मी बचाये रखने के लिए टोपी, मफलर तथा आवरण युक्त एवं जलरोधी जूतों का उपयोग करें, फेफड़ों में संक्रमण से बचाव हेतु मँुह एवं नाक ढक्कर रखें। स्वास्थ्यवर्धक गरम भोजन का सेवन करें, शीत प्रकृति के भोजन से दूर रहें। गरम तरल पदार्थ नियमित रूप से पीएं इससे ठण्ड से लड़ने के लिए शरीर की गर्मी बनी रहे। रोग प्रतिरोधात्मक क्षमता में वृद्धि के लिए विटामिन सी से भरपूर ताजे फल व सब्जियाँ खाएं। तेल, क्रीम, जेली या बॉडी क्रीम से नियमित रूप से अपनी त्वचा का मसाज करें। बुजुर्ग, नवजात शिशु तथा बच्चों का यथासम्भव अधिक ध्यान रखें क्योकि उन पर शीतऋतु का प्रभाव अधिक होता है। बच्चों व बुजुर्गों को टोपी मफलर, स्वेटर व गर्म कपड़े पहनाकर गर्म रखें। कमरे को गर्म करने के लिए कोयले का प्रयोग न करें, अगर कोयले व लकड़ी जलाना आवश्यक है तो रोशनदान का प्रयोग करें, बंद कमरे में कोयले को जलाना खतरनाक हो सकता है क्योकि यह कार्बन मोनोऑक्साईड जैसी जहरीली गैस पैदा करती है जो किसी की जान भी ले सकती है। अधिक समय तक ठण्ड में न रहें, शराब न पिएं, यह शरीर की गरमाहट को कम करता है। यह खून की नसों को पतला कर देता है, विशेषकर हाथों से जिसमें हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ सकता है, शीत में छतिग्रस्त हिस्सों की मालिश न करें, अचेतन अवस्था में किसी व्यक्ति को तरल पदार्थ न दें, शीत लहर, हाइपोथर्मिया से प्रभावित व्यक्ति को तत्काल चिकित्सीय सहायता प्रदान कराएं।

 

 

 

 

 

पशु के आवारा घूमने पर लगेगा अर्थदंड

 

मंडला 13 नवम्बर 2022

                प्राप्त जानकारी के अनुसार मवेशियों अथवा अन्य पशुओं को सार्वजनिक सड़कों अथवा स्थानों पर खुला छोड़ना अथवा बांधना जो कोई भी जानबूझकर अथवा उपेक्षापूर्वक करता है, जिसके कारण किसी व्यक्ति को क्षति होती है या संपत्ति को नुकसान होता है या लोक यातायात को बाधा पहुंचती है या संकटापन्न होता है या लोक न्यूसेंस कारित होता है, तो वह राज्य सरकार द्वारा विहित जुर्माने से जो एक हजार रुपये से अधिक का नही होगा, दंडनीय होगा।

 

 

 

 

 

 

मलेरिया एवं डेंगू से बचने के उपाय

 

मण्डला 13 नवंबर 2022

                मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि मच्छरों से फैलने वाली मलेरिया एवं डेंगू बीमारी से बचाव के लिए मच्छरों की पैदावार रोकने के कुछ सरल उपाय करें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें। पानी से भरे गडढों में मिट्टी भर दें। घर में रखी हुई नांद व छत पर टंकी में एकत्रित पानी में मच्छर पैदा होते हैं, इनको सप्ताह में एक बार खाली कर सुखाएं व हमेशा ढक्कर रखें। ठहरे हुए पानी जैसे- कुओं, तालाब व अन्य जलाशयों में गम्बुजिया डालें। यह मछली मलेरिया फैलाने मच्छरों के लार्वा को खा जाती हैं। गम्बुजिया मछली स्वास्थ्य केन्द्र से मुफ्त प्राप्त की जा सकती है।

मच्छर के काटने से खुदको कैसे बचाएं

 

मलेरिया व मच्छर जनित बिमारियों से बचने के लिए सभी को, खासकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को, कीटनाशक से उपचारित मच्छरदानी का ही प्रयोग करना चाहिए। मच्छरदानी या मच्छरनाशक के इस्तेमाल के बिना घर के बाहर न सोएं। घर के दरवाजों और खिड़कियों पर उपयुक्त जाली इस्तेमाल करें। निश्चित करें कि छिड़काव के समय घर के सभी कमरों में छिड़काव हो। छिड़काव के बाद कम से कम 3 महिने तक लिपाई, सफेदी और रंग-रोगन न करें। घरों में छिड़काव के समय सहयोग दें। किसी भी प्रकार के बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर खून की जांच कराएं।

 

डेंगू की पहचान, कैसे रहें सावधान तथा डेंगू के लक्षण

 

अकस्मात तेज सिर दर्द व बुखार का होना, मांसपेशियों तथा जोड़ों में दर्द होना। आंखों के पीछे दर्द होना, जो कि आंखों को घुमाने से बढ़ता है। जी मचलाना एवं उल्टी होना, गंभीर मामलों में नाक, मुंह, मसूड़ों से खून आना अथवा त्वचा पर चकते उभरना।

कैसे बचें

 

डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में पनपता है। कही आपके घर में या आसपास पानी तो जमा नही है। जैसे कि कूलर की पानी की टंकी, पक्षियों के पीने के पानी का बर्तन, फ्रिज की ट्रे, फूलदान, नारियल का खोल, टूटे हुए बर्तन व टायर, इत्यादि, पानी से भरे हुए बर्तनों व टंकियों आदि को ढक्कर रखें, कूलर को खाली करके सुखा दें, यह मच्छर दिन के समय काटता है। ऐसे कपड़े पहनें जो बदन को पूरी तरह ढके। डेंगू के उपचार के लिए कोई खास दवा या वैक्सीन नहीं है। बुखार उतारने के लिए पैरासिटामोल ले सकते हैं। एस्पीन या इबुब्रेफेन का इस्तेमाल अपने आप न करें। डॉक्टर की सलाह लें। डेंगू के हर रोगी को प्लेटलेटस की आवश्यकता नहीं पड़ती।

 

 

 

 

दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम सम्पन्न

 

मंडला 13 नवम्बर 2022

                राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार माननीय आर.एस. शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के निर्देशन में तथा सचिव श्री डी०आर० कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर 2022 से 13 नवम्बर 2022 तक चलाये जा रहे ’एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थ्रो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ के अंतर्गत 13 नवम्बर 2022 को कानूनी जागरूकता और पहुंच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण समारोह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय मंडला परिसर में सम्पन्न हुआ।

इस कार्यक्रम के तहत दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों का वितरण किया गया है जिसमें 20 ट्रायसाइकिल, 3 व्हील चेयर, 2 बैसाखी, 4 वॉकिंग हरीक, 1 एम.एस.आई.ई.डी. किट, 54-26 श्रवण यंत्र, 1 सी०पी० चेयर तथा 1 रेलेटर शामिल है।

उक्त कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष श्री आर०एस० शर्मा की प्रमुख उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। उनके द्वारा व्यक्त किया गया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को न्याय दिलाने में सहायता की जाती है। इसके साथ ही शासन के विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुंचाने की दिशा में भी कार्य किया जाता है। इसी कड़ी में पूर्व में चिन्हित दिव्यांग व्यक्तियों को सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से सहायक एवं कृत्रिम उपकरण वितरण किये जा रहे हैं। इस कार्यकम में श्री रामेश्वर झारिया अध्यक्ष, अधिवक्ता संघ, श्री डी0आर0 अहिरवार तुतीय जिला न्यायाधीश, श्री सुभाष सुनहरे द्वितीय जिला न्यायाधीश, श्री जे०बी०एस० राजपूत चतुर्थ जिला न्यायाधीश, श्री के0के0 निनामा पंचम जिला न्यायाधीश, श्रीमती ज्योति डोंगरे शर्मा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंडला, श्री नरेश सिंह गौड़ न्यायिक मजिस्ट्रे, सुश्री फातिमा अली न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्री रवि चौकसे न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्री डी0आर0 कमरे जिला न्यायाधीश, सचिव, श्री विजय खोब्रागड़े जिला विधिक सहायता अधिकारी, सामाजिक न्याय विभाग के पियूष पाण्डे, डॉ0 दीपक कुमार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण विशेषज्ञ एल्मिको जबलपुर, डॉ० प्राणेश मिश्रा श्रवण विशेषज्ञ, एल्मिको जबलपुर, समस्त कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं लाभान्वित नागरिकण व मीडियाकर्मी व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त स्टॉप उपस्थित रहे।

Related posts

25 तक होगा चना, मसूर एवं सरसों का पंजीयन

Reva India News

मोहगांव में दिव्यांग पवन को दी गई ट्राईसिकल  

Reva India News

सोता रहा राजस्व और वन विभाग किसान ने काट डाले पेड़,अब चल रही जाँच,

Reva India News

Leave a Comment