किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे – हर्षिका सिंह
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण संबंधी समीक्षा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 16 नवम्बर 2022
फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल करें। फोटो निर्वाचक नामावली का कार्य पूरी गंभीरता से संपादित करें। किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 8 दिसंबर तक प्रतिदिन सभी एसडीएम एवं तहसीलदार कार्यालय छोड़ने के पहले फॉर्म-6 से संबंधित कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि बीएलओ के पास किसी भी फॉर्म की हार्डकॉपी शेष नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक आवेदन की समय पर गरूड़ा ऐप पर एंट्री करें। जो फॉर्म लंबित हैं उन्हे तत्काल पूर्ण कराएं। उन्होंने इस संबंध में तहसीलवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि एसडीएम एवं तहसीलदार बीएलओवार समीक्षा करें। मतदान केन्द्र स्तर पर भी ईपी रेशो का ध्यान रखें। निरसन किए गए मतदाताओं की सत्यापन रिपोर्ट तत्काल भेजें। मतदाताओं के आधार कलेक्शन के कार्य में गति लाएं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि बीएलओ की अद्यतन सूची जमा करते हुए सभी को परिचय पत्र जारी कराएं। श्रीमती सिंह ने 100 वर्ष से अधिक आयु, दिव्यांग एवं विशिष्ट मतदाताओं का सत्यापन कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम एवं तहसीलदार सहित संबंधित उपस्थित रहे।
महिला एवं युवा मतदाताओं पर करें फोकस
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान मतदान केन्द्रवार समीक्षा करें तथा मतदाता सूची से छूटी महिलाओं तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं पर फोकस करें। महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग का सहयोग प्राप्त करें। इसी प्रकार युवाओं के नाम जोड़ने के लिए कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक तथा हायरसेकेंडरी स्कूल स्तर पर शिविर आयोजित करें।
शिविर लगाकर करें सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाईन में दर्ज राजस्व विभाग के प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर शिविर आयोजित करें। व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शिविर की जानकारी प्रत्येक आवेदकों तक भेजें। आवेदकों से चर्चा करते हुए प्रकरणों का सकारात्मक निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि निराकरण में भविष्यात्मक शब्दों का उपयोग न करें, ऐसा करने पर संबंधित अधिकारी की एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही की जाएगी।

राज्य पोषित योजनान्तर्गत राज्य के भीतर उद्यानिकी कृषक प्रशिक्षण भ्रमण दल रवाना
मण्डला 16 नवम्बर 2022
वित्तीय वर्ष 2022-23 की कार्ययोजना के विरूद्ध राज्य पोषित योजना अंतर्गत राज्य के भीतर कृषक प्रशिक्षण भ्रमण हेतु कृषक दल को 16 नवंबर 2022 को जिला कार्यालय मण्डला से रवाना किया गया। प्रशिक्षण दल को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, जनपद अध्यक्ष मण्डला सोनू भलावी ने हरी झण्डी दिखाकर उद्यानिकी के उच्च तकनीकों का अवलोकन करने एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर रवाना किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यान मण्डला नेतलाल शरणागत, पंकज मरकाम प्रभारी वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी मण्डला, धनसिंह बरकड़े ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी एवं अन्य विकासखण्ड स्तरीय उद्यानिकी अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य के भीतर 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत कृषकों का दल देवीसिंह पटेल, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी बीजाडांडी के नेतृत्व में 16 नवंबर 2022 से 18 नवंबर 2022 तक के लिए संयुक्त संचालक उद्यान जबलपुर के मार्गदर्शन में जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में प्रशिक्षण कराया जाकर तकनीकी ज्ञानवर्धन कराया जाएगा।

भारतीय वायुसेना अग्निवीर के लिए आवेदन 23 तक
मण्डला 16 नवम्बर 2022
जिला रोजगार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डला जिले के इच्छुक ऐसे आवेदक जिन्हे भारतीय वायु सेना (अग्निवीर) के लिये आवेदन करना है वे वेबसाइट https://agnipathvayu.cdac.in पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2022 है। ऐसे युवा जिनका जन्म 27 जून 2002 से 27 दिसम्बर 2005 के मध्य हुआ है वे आवेदन करने हेतु पात्र हैं एवं शैक्षणिक योग्यता संबंधी जानकारी विज्ञापन या भारतीय वायु सेना भर्ती की उपरोक्त वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। संबंधित लिंक एम.पी.रोजगार पोर्टल पर भी उपलब्ध है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 16 नवम्बर 2022
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग निवासी अविनाश वर्मा की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक दीपका वर्मा को 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

विदुर सुलभा प्रसंग का किया व्याख्यान
मण्डला। आशुतोष महाराज की शिष्या द्वारा बड़ी ही कुशल शैली में अध्यात्म विज्ञान तथा आधुनिक विज्ञान का संधिकरण करते हुए भागवत महापुराण में छिपे गूड़ रहस्यों को प्रकट किया जा रहा है आशुतोष महाराज एक महान ऋषि, एक दिव्य गुरु हैं जिन्होंने करोड़ों जिज्ञासुओं को ब्रम्हाज्ञान प्रदान कर परमात्मा का दर्शन करवाया है श्रृद्धालुओं को भटकने से बचाया है और उन्हें जीवन के श्रेष्ठ लक्ष्य की ओर उन्मुख किया है ऐसे ही सुंदर प्रयास में द्वितीय दिवस के कथा प्रवाह में विदुर सुलभा प्रसंग उद्धव व विदुर की भेंट आदि प्रसंग लिए गए उद्धव द्वारा प्रभु श्रीकृष्ण की लीलाओं के वाचन के अंतर्गत गौ संरक्षण व नर्मदा नदी के संरक्षण हेतु भी श्रृद्धालुओं का आव्हान किया गया। साध्वी स्वाति भारती ने बताया कि ईश्वर दर्शन के लिए पावन मन नहीं बल्कि एक पूर्ण सतगुरु की जरुरत है जो दीक्षा के समय ही प्रभु-दर्शन करवा दें। अंगुलिमाल दस्यु, गणिका वेश्या, सज्जन ठग सदृश अनेकों उदाहरण इतिहास हमारे समक्ष रखता है इतिहास की इन्हीं बातों को सर्व आशुतोष महाराज ने वर्तमान में जीवंत कर दिखाया है भारत की जेलों में कार्यरत अंतरक्रांति प्रकल्प इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है साध्वी जी ने शास्त्रों व विज्ञान के आधार पर समाज को गौ माता के पुण्य अनुदानों से भी भिज्ञ करवाया। साथ ही सभी को हमारी अमूल्य संपदा देसी गौओं के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रेरित भी किया। इस दिशा में सर्व आशुतोष महाराज के तत्वाधान में कामधेनु प्रकल्प द्वारा देसी गौ संरक्षण-संवर्धन के सराहनीय कार्यों से भी श्रद्धालु परिचित हुए। इस आयोजन के मुख्य यजमान श्रीमती अर्चना देशमुख, असीम देशमुख, श्रीमती बबीता चौरासिया, विजय चौरासिया, श्रीमती शालनी पटेल, श्रीमती रेखा पटेल, भानु प्रताप पटेल, श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, श्री राम सहाय अग्रवाल हैं। प्रसाद वितरण समाज सेवी राकेश गुप्ता के सौजन्य से किया गया।

