Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 18 जनवरी 2023

अब 5 फरवरी से निकलेंगी विकास यात्राएँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिए तैयारियों के संबंध में निर्देश

मंडला 18 जनवरी 2023

आगामी 5 फरवरी रविदास जयंती से प्रदेश के साथ-साथ सभी जिलों में विकास यात्राएँ निकाली जाएंगी, जो जिले के प्रमुख स्थलों से निकलेंगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एनआईसी कक्ष से कलेक्टर हर्षिका सिंह, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देशित किया कि विकास यात्राओं के लिए जिले के प्रभारी मंत्री से समन्वय कर रूट का निर्धारण करें। यात्रा के दौरान अधिक से अधिक क्षेत्र को कवर करने का प्रयास करें। इस दौरान पंचायतवार हितग्राही सम्मेलनों का आयोजन भी करें। विकास यात्राओं के दौरान स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण की कार्यवाही करें। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री के दौरे तथा बैठक के संबंध में भी वीसी में आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने लिया गणतंत्र दिवस समारोह के तैयारियों का जायजा

मुख्य समारोह पुलिस लाईन ग्राऊँड में

 

मंडला 18 जनवरी 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पुलिस लाईन ग्राउंड का निरीक्षण करते हुए आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के संबंध में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप मंच तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ 24 जनवरी तक पूर्ण करें। मंचासीन अतिथियों के अतिरिक्त गणमान्य नागरिकों, मीडिया तथा कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए समुचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान श्रीमती सिंह ने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झाँकी प्रदर्शन तथा पार्किंग आदि के संबंध में विस्तृत निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा खेलो इंडिया यूथ गेम्स – हर्षिका सिंह

 

मंडला 18 जनवरी 2023

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न खेल संगठनों तथा अन्य गतिविधियों से जुड़े व्यक्तियों की बैठक में कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देश के ख्यातिलब्ध खिलाड़ी शामिल होंगे। यह प्रतियोगिता जिले में खेल स्पिरिट को बढ़ाने में मददगार साबित होगी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने बताया कि मंडला ज़िले में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन के अंतर्गत 2 से 4 फरवरी तक पंजाबी पारंपरिक खेल गटका तथा 8 से 10 फरवरी तक उत्तर-पूर्व के मार्शल आर्ट प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमती सिंह ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए जिले में आवश्यक वातावरण तैयार करें। आयोजन में परिवार सहित शामिल होकर सफल बनाने में सहयोग करें। कलेक्टर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत स्कूल, कॉलेज सहित अन्य संस्थाओं में की जा रही प्रचार-प्रसार गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी देते हुए आयोजनों में सभी से सहभागिता करने की अपील की।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों की समीक्षा

मंडला 18 जनवरी 2023

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अपर कलेक्टर मीना मसराम, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां जल्द से जल्द पूर्ण करें। आयोजन के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दें। इस संबंध में स्कूल, कॉलेज में विभिन्न गतिविधियों का सघन स्तर पर आयोजन करें। उन्होंने खेल अधिकारी को गटका एवं थांगटा खेलों की थीम पर ब्रांडिंग करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि खिलाड़ियों एवं अतिथियों के लिए प्रतियोगिता स्थल एवं आवासीय व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं में मानकों का पालन करना सुनिश्चित करें। भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक स्टॉफ तैनात करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आयोजन के दौरान यातायात, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, जल व्यवस्था, स्टेडियम सहित अन्य स्थलों पर एलईडी लगाने, बैठक व्यवस्था सहित अन्य जरूरी विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट: तेंदूपत्ता संग्रहण के संबंध में बैठक सम्पन्न

मंडला 18 जनवरी 2023

            कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में पेसा एक्ट अधिनियम के अंतर्गत गठित तेंदूपत्ता संग्रहण समितियों एवं उनके क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में सभी वन विभाग, सीईओ जनपद एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थानों अंतिम रूप से ग्राम सभाओं के गठन के पश्चात सभी ग्राम सभाओं के ग्रामनिधि खाते खोलें। इस निधि का संधारण सचिव द्वारा किया जाएगा। उन्होने तेंदूपत्ता संग्रहण के संबंध में अपनायी जाने वाली प्रक्रिया की विस्तार से चर्चा की तथा ज़रूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समितियों का निर्धारण नियमानुसार करें तथा समिति के सदस्य सक्रिय रूप से पूरी प्रक्रिया का पारदर्शिता के साथ संचालन सुनिश्चित कराएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, डीएफओ ईस्ट पुनीत गोयल, एसीईओ श्री मरावी, वन, जनपद एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ग्रामनिधि के अंतर्गत किए जाने वाले समस्त आहरण एवं वितरण के कार्यों के लिए समितियों के लेखा संधारण का प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि चिन्हित 8 ग्राम सभाओं में जाकर ग्राम सभाओं के सदस्यों को तेंदूपत्ता संग्रहण के संबंध में की जाने वाली गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी दें तथा प्रक्रिया के संबंध में उनके शंका-समाधान सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

28 जनवरी तक जिले में आनंद उत्सव की गतिविधियाँ

 

मंडला 18 जनवरी 2023

नोडल अधिकारी आनंद विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार म.प्र. शासन आनंद विभाग के अंतर्गत 14 से 28 जनवरी 2023 तक जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आनंद उत्सव के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। जिले के समस्त विकासखंडों की विभिन्न ग्राम पंचायतों को क्लस्टर बनाकर आनंद की विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हो रहा है।

आनंद की गतिविधियों में महिलाएं, बुजुर्ग, प्रौढ, दिव्यांगजनों के लिये विभिन्न आनंद दायक आयोजन हो रहे हैं। इन आयोजनों में गीत, संगीत, लोकगीत, परंपरागत खेल-कूद, जैसे- खो-खो, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, नीबू दौड़, रस्साकसी एवं कबड्डी के खेलों में प्रतिभागी सम्मिलित हो रहे हैं। विगत दिनों जिले के ग्रामीण अंचल मवई विकासखंड अन्तर्गत ग्राम पंचायत अंजनी में ग्रामीण महिलाओं ने कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़ में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। घुघरी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सामूहिक लोक नृत्य आयोजित किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अंजनिया कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता आयोजित

 

मंडला 18 जनवरी 2023

13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में “वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरुर डालेंगे हम” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।  प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजकुमार सिंगौर, घनश्याम झारिया एवं विजित मेश्राम का सहयोग रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

रपटाघाट में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन के प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता

 

मंडला 18 जनवरी 2023

मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत रपटा घाट में माई की रसोई उत्सव के दौरान नगरपालिका परिषद मंडला द्वारा बर्तन का उपयोग कराकर जीरो वेस्ट आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपरोक्त भण्डारे में स्टील के बर्तन एवं पत्ते से बने दोना का उपयोग किया गया एवं समितियों के समस्त सदस्यों से अपील की गई कि रपटा घाट में होने वाले भंडारे में जीरो वेस्ट आधारित  भंडारे का आयोजन करें। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक बैन का प्रचार-प्रसार किया गया। प्लास्टिक का उपयोग न करने की समझाईश भी दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

टॉयलेट 2.0 विशेष अभियान: आम नागरिकों को किया गया जागरूक

 

मंडला 18 जनवरी 2023

मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत नगरपिालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत टॉयलेट 2.0 विशेष अभियान चलाया गया। आम नागरिक को जागरूक करने के लिए निकाय में स्थित सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों का रख-रखाव एवं मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि शौचालय को साफ-सुथरा रखें एवं उसकी साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें।

 

 

 

 

 

 

 

 

मत्स्यपालन कर सफल किसान बने मयंक

 

मंडला 18 जनवरी 2023

मंडला जिले के ग्राम गौंझी निवासी मयंक मर्सकोले प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से जुड़कर खेती एवं मत्स्य पालन कर सफल किसान बन चुके हैं। मयंक बताते हैं कि पहले मेरे पास रोजगार का कोई साधन नहीं था और मैं रोजगार की तलाश में भटक रहा था। फिर मुझे प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना की जानकारी मिली और मैंने मछली विभाग में जाकर सम्पर्क किया। विभाग से विस्तृत जानकारी लेकर मैंने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के उपरांत वर्ष 2020-21 में 0.50 हेक्टेयर निजी भूमि में तालाब का निर्माण करने के लिए मछली विभाग द्वारा 3.30 लाख रूपये की की अनुदान राशि प्राप्त हुई।

मंयक कहते है कि समन्वित मछली पालन को दृष्टिगत रखते हुये तालाब में पंगेशियस प्रजाति की मछली के 5000 मत्स्यबीज का संचयन मैंने माह जुलाई 2021 में किया। लगभग 8 से 9 महीने में मुझे लगभग 6 मैट्रिक टन मत्स्य के उत्पादन के साथ 3.70 लाख की आय हुई। मैंने तालाब के चारों तरफ की मेढ़ों व रिक्त भूमि पर पपीते के लगभग 500 पौधों का रोपण किया। इसके अलावा पशुपालन व्यवसाय को भी मैंने अपनाया है और रिक्त भूमि पर उद्यानिकी सब्जी आदि फसल भी लगाता हूं। मुझे पपीते से 50 हजार, सब्जी से लगभग 10 हजार आमदनी वार्षिक प्राप्त हुई है। योजना से मिले प्राप्त लाभ एवं समन्वित कृषि के फायदे से मंयक मर्सकोले अत्यंत खुश हैं तथा एक अच्छी आय प्राप्त कर रहे हैं। मयंक इस योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का धन्यवाद करता हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अब आने-जाने की परेशानी हुई दूर – छोटू

जनसुनवाई में दिव्यांग आवेदक को मिली ट्रायसाईकिल

मंडला 18 जनवरी 2023

प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में पहुंचे ग्राम खापाकला निवासी  दिव्यांग छोटू कुशराम ने जिला प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ट्रायसाईकल की मांग की। जिस पर जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग ने दिव्यांग आवेदक की समस्या को सुनते हुए संवेदनशीलता के साथ तत्काल निराकरण किया।  सामाजिक न्याय विभाग के पीयूष पांडे ने बताया कि 16 वर्षीय छोटू कुशराम के आवेदन पर औपचारिकताएं पूर्ण कर आवेदक छोटू कुशराम को ट्रायसाईकिल प्रदान की गई।

छोटू कहते हैं कि दिव्यांग होने के कारण मुझे कहीं आने-जाने और चलने-फिरने में बहुत परेशानी होती थी। मैं अब ट्रायसायकिल मिलने से बहुत खुश हूं, मुझे कहीं भी आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। अब मैं आसानी से कहीं भी आ-जा सकता हूं। इसके लिए मैं जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग का धन्यवाद करता हूं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

दुधारू गाय पुरस्कार प्रतियोगिता 2 से

 

मंडला 18 जनवरी 2023

वर्ष 2022-23 में नवीन योजना मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के घटक के रूप में भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय हेतु पुरस्कार योजना अंतर्गत जिले में 1 फरवरी से 15 फरवरी 2023 के मध्य जिला स्तरीय पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में जिले के इक्छुक एवं पात्र पशुपालक आवेदन कर सकते हैं। भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गाय का प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन 6 ली. अथवा उससे अधिक हैं, वे आवेदन हेतु पात्र होंगे। गौवंश की टैगिंग यूनिक आईडी से एवं उसकी समस्त जानकारी इनाफ पोर्टल पर दर्ज होना अनिवार्य होगा। आवेदनों का संकलन एवं परिक्षण जिला स्तर पर किया जायेगा। परीक्षण के उपरांत भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों की प्रतियोगिता हेतु 10 गायों का दैनिक दुग्ध उत्पादन की वरीयता के आधार पर चयन कर प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिता में चयनित गायों का प्रतियोगिता नियमानुसार तीन समय के दुग्ध उत्पादन का आंकलन एवं गणना उपरांत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार का निर्धारण किया जायेगा।

उपसंचालक पशु पालन एवं डेयरी विभाग ने बताया कि प्रथम पुरस्कार 51 हजार रूपए,  द्वितीय पुरस्कार 21 हजार रूपए एवं तृतीय पुरस्कार 11 हजार रूपए होगा। जिला स्तरीय पुरस्कार उपरांत राज्य स्तरीय पुरस्कार का चयन राज्य स्तर पर संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा गठित समिति के द्वारा किया जायेगा। प्रत्येक जिले के परिणाम के आधार पर राज्य स्तरीय समिति द्वारा परिक्षण उपरांत भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों की प्रतियोगिता के अंतर्गत अधिकतम दूध देने वाली गायों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रथम पुरस्कार में 2 लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार में 1 लाख रूपए तथा तृतीय पुरस्कार में 50 हजार रूपए होगा। जिले के सभी पशुपालन से आग्रह किया गया है कि वे प्रतियोगिता में भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के आवेदन 31 तक

 

मंडला 18 जनवरी 2023

नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2023-24 की प्रक्रिया 2 जनवरी 2023 से प्रारंभ हो चुकी है। इस आवासीय निःशुल्क सहशिक्षा विद्यालय में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु सत्र 2022-23 में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत शासकीय एवं गैर-शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी की विवरणिका उपरोक्त वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2023 है एवं प्रवेश परीक्षा 29 अप्रैल 2023 को होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

राशन दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 तक

 

मंडला 18 जनवरी 2023

अनुविभागीय अधिकारी बिछिया ने म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण के तहत विकासखंड बिछिया और मवई के अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति व अन्य संस्थाओं में अस्थाई रूप से संलग्न शासकीय उचित मूल्य दुकानों का संलग्नीकरण समाप्त कर अन्यत्र स्थानों में दुकान खोलने हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। बिछिया के ग्राम पंचायत केवलारी, लपटी, किसली भिलवानी, दिवारा एवं पड़रिया में 1-1 दुकान तथा मवई के बीजा एवं कुम्हली में 1-1 दुकान खोले जाएंगे।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाइट- https://rationmitra.nic.in/ पोर्टल पर पात्र संस्थाएं 24 जनवरी 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। अन्य जानकारी के लिए क्षेत्र के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

केंद्रीय मंत्री ने सरपंच, सचिव व रोजगार सहायकों को पेसा एक्ट की दी जानकारी

 

मंडला 18 जनवरी 2023

                बीजाडांडी ब्लॉक मुख्यालय के मंगल भवन में पेसा एक्ट को लेकर सरपंच, सचिव व रोजगार सहायकों के साथ केंद्रीय इस्पात व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने मौजूद सभी लोगों को पेसा एक्ट के बारे में विशेष जानकारी देते हुए कहा कि देश व प्रदेश सरकार हमेशा आदिवासी भाई बहनों के उत्थान के बारे में सोचती है और इनको आगे बढ़ाने के लिए जनजातीय क्षेत्र में पेसा एक्ट लागू किया है। अब आप लोगों की जिम्मेदारी है कि आप लोग अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में वहाँ के रहवासियों को पेसा एक्ट के बारे में बताएं क्योंकि इस एक्ट की वजह से ग्राम पंचायतों व खास तौर पर जनजातीय भाई-बहनों के हक और अधिकार बढेंगे। देश व प्रदेश सरकार ने जनजातीय भाई बहनों के लिए पेसा एक्ट लागू करके उन्हें अधिकार दिलाने का काम किया है। अब ग्राम पंचायतों में बिना सहमती के कुछ भी नही हो सकता। साथ ही श्री कुलस्ते ने कहा कि सरकार लगातार जनजातीय उत्थान के लिए कार्य कर रही है। इस दौरान क्षेत्र के पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, डिंडोरी के पूर्व विधायक दुलीचंद उर्रति, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related posts

एसडीएम श्रीमती सिडाम ने बताए सफलता के सूत्र बिंझिया में भविष्य से भेंट कार्यक्रम आयोजित

Reva India News

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हेलमेट जागरूकता एवं चेकिंग अभियान 900 से अधिक वाहनों की जांच, मंडला पुलिस ने तेज किया हेलमेट अभियान

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 17 फरवरी 2026

Reva India News

Leave a Comment