Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 4 अगस्त 2023

जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक संपन्न

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अधिकृत प्रतिनिधि एवं ट्री-फाउंडेशन के निदेशक मिलिंद थेटे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विजय टेकाम, रंजीत गुप्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने जिला स्तरीय वन अधिकार समिति के अनुमोदन के पश्चात विगत माह से जारी वन अधिकार पट्टा वितरण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सामुदायिक वन संसाधनों के दावे को प्राप्त करने सुझावों पर चर्चा की गई। इससे पूर्व 1-4 अगस्त तक ज़िले के भ्रमण पर आये प्रतिनिधियों के द्वारा 3 अगस्त को बिछिया में अनुविभाग स्तरीय बैठक ली गई एवं वनाधिकार पट्टा वितरण कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर एवं एसपी ने पॉलीटेक्निक परिसर में विधानसभा निर्वाचन के दौरान होने वाली समस्त गतिविधियों का विस्तार से लिया जायज़ा

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना एवं एसपी रजत सकलेचा ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के दौरान पॉलिटेक्निक परिसर में होने वाली समस्त प्रक्रिया एवं गतिविधियों को विस्तार से समझा। इस दौरान कलेक्टर ने तीनों विधानसभाओं के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इसी प्रकार उन्हांेने ईव्हीएम वेयरहाउस, स्ट्राँग रूम, कमिशनिंग, मटेरियल डिस्ट्रिब्यूशन, मतगणना, पार्किंग सहित समस्त प्रक्रियाओं को विस्तार से समझते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं के ज़रूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस दौरान ज़रूरी दायित्व भी सौंपे। उन्होंने पॉलीटेक्निक परिसर में आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए ईई पीआईयू को निर्देश दिए। इसी प्रकार ईव्हीएम वेयरहाउस से स्ट्राँग रूम तक के लिए रोड निर्माण एवं एप्रोच आदि के लिए पीडब्ल्यूडी को जरूरी निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने इस दौरान सुरक्षाबलों के रूकने के इंतजाम एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

बंजर पुल के आवागमन को तत्काल बंद कर मरम्मत के दिए निर्देश

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने गत दिनों से हो रही लगातार बारिश के मद्देनज़र बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बिछिया क्षेत्र के मरारटोला एवं जगनाथर में  3 अगस्त की बारिश के दौरान हुए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए मैदानी स्थिति जानी। उन्होंने इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा की तथा बाढ़ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के बाद पेयजल स्त्रोतों में भी ब्लीचिंग पाउडर आदि का छिड़काव करें। इसी प्रकार ग्रामीणों को आवश्यकता होने पर ज़रूरी दवाइयों का वितरण भी सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान एडीएम राजेन्द्र सिंह, एसडीएम बिछिया सर्जना यादव एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

बंजर पुल का आवागमन तत्काल बंद कराएं

 

कलेक्टर में भ्रमण के दौरान बंजर पुल का निरीक्षण किया। उन्होने ईई पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि पुल की रेलिंग को व्यवस्थित करें। इसी प्रकार बारिश के कारण हुए गड्ढों आदि की मरम्मत कराएं। उन्होंने निर्देशित किया कि बंजर पुल के मरम्मत कार्य तक पुल का आवागमन तत्काल प्रभाव से रोके तथा दोनों ओर सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर पुलिसलाईन ग्राउंड का किया निरीक्षण

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिसलाईन ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को समारोह के आयोजन के लिए निर्धारित की गई जिम्मेदारियों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्हांेने नगरपालिका अधिकारी को ग्राउंड की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा से संबंधित निर्देशित दिए। इसी प्रकार पीडब्ल्यूडी विभाग को ग्राउंड की समस्त जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य समारोह के आयोजन के दौरान बैठक व्यवस्था, परेड, पार्किंग सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम राजेन्द्र सिंह एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदान के लिए सखियों ने दिलाई शपथ

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के तहत् जिले में अधिक से अधिक मतदान एवं आमजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड बीजाडांडी के अलग-अलग ग्राम पंचायतों धनवाही, खापा, ढुढुवा में महिला आजीविका स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों के द्वारा बनाई गई स्वीप सखियों ने महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को एवं ग्रामीणों को मतदान की शपथ दिलाई। शुक्रवार को जिलेभर में मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गई। घुघरी, ग्राम पुरवा, खम्हेरखेड़ा में मतदान की शपथ दिलाई गई। साथ ही चिरईडोंगरी नारायणगंज में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बीजाडांडी के विकासखंड प्रबंधक साहेबलाल सूर्यवंशी एवं सहायक विकासखंड प्रबंधक मनमोहन अहिरवार, नजमुल हक़, गिरजा देवी केवट, युवा सलाहकार अंकेश फाटक, विकासखंड समन्वयक गणेश सिंगरौरे, दीपक मिश्रा एवं राजीव सोनी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

जिले में इस वर्ष 1 जून से 4 अगस्त 2023 के दौरान 827.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 593.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 234.1 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 अगस्त को मंडला में 36.6 मि.मी., नैनपुर में 33.8 मि.मी., बिछिया में 75.2 मि.मी., निवास में 78.4 मि.मी. तथा घुघरी में 48.6 मि.मी. एवं नारायणगंज में 52 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 4 अगस्त 2023 को 54.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विकास पर्व: आज टिकरिया एवं पिपरिया रैयत में होंगे कार्यक्रम

 

मंडला 4 अगस्त 2023

16 जुलाई से 14 अगस्त 2023 तक आयोजित होने वाले विकास पर्व के तहत् आज बिछिया विधानसभा के टिकरिया एवं निवास विधानसभा के पिपरिया रैयत में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्वारा विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा।

बिछिया विधानसभा के टिकरिया में आयोजित कार्यक्रम में टिकरिया, घोटा एवं छपरतला पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए बलराम सरोते पंचा.सम. को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार निवास विधानसभा के पिपरिया रैयत में आयोजित कार्यक्रम में पिपरिया रैयत, मचला, पीपरदर्रा, मुनू एवं कुड़ोपानी पंचायतें सम्मिलित होंगी। इस कार्यक्रम के लिए राकेश उईके पंचा.सम.ज.पंचा.मोहगांव एवं महेश मिश्रा उपयंत्री को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

पीएम फसल बीमा की अवधि बढ़ी, अब 16 तक होंगे प्रीमियम जमा

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत खरीफ वर्ष 2023 अधिसूचित फसलों की बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी गई है। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने जिले के डिफाल्टर एवं जिन कृषकों के केसीसी नहीं बने हैं, उन कृषकों से अपील की है कि वे इस अवधि का लाभ लें एवं अधिक से अधिक अऋणी कृषकों के रूप में अधिसूचित फसलों का बीमा कराएं।

 

यह फसलें अधिसूचित

 

खरीफ वर्ष 2023 में धान सिंचित, धान असिंचित, मक्का फसल पटवारी हल्का स्तर पर घुघरी, निवास एवं बिछिया में कोदो-कुटकी तहसील स्तर पर तथा उड़द फसल जिला स्तर पर अधिसूचित है। धान सिंचित की प्रीमियम राशि 758, धान असिंचित की 640, मक्का की 478, कोदो-कुटकी की 398 एवं उड़द की प्रीमियम राशि 520 रूपए प्रति हैक्टेयर है।

 

यह दस्तावेज लगेंगे

 

बीमा करवाने के लिए किसानों को आधार कार्ड की प्रति, पूर्णतः भरा हुआ प्रस्ताव फॉर्म, नवीनतम खसरा-खतौनी आदि की प्रतिलिपि, राजस्व विभाग द्वारा जारी बुवाई प्रमाण-पत्र, 5 किरायेदार (बटाईदार) किसानों के लिए लागू अनुबंध/समझौते के लिए शपथ पत्र की प्रति, आईएफएससी नंबर और बैंक खाता संख्या या रद्द किए गए चेक या बैंक पासबुक की प्रति लगेगी।

 

यहाँ करवा सकते हैं बीमा

 

अऋणी कृषक के रूप में कृषक संबंधित बैंक जिसमें कृषक का बचत खाता हो के माध्यम से जनसेवा केन्द्र के बीएलई के माध्यम से डॉबल लॉक केन्द्र मण्डला, नैनपुर, बिछिया, निवास तथा सहकारी समितियों में भारत सरकार के पोर्टल पीएमएफबीवाय के माध्यम से 16 अगस्त 2023 तक करवा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0: 3 चरणों में होगा आयोजन

प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त 2023 तक

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के सुदृढ़ीकरण तथा मीजल्स-रूबेला वैक्सीन की डोज से छूटे हुए 5 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकृत किये जाने हेतु प्रदेश में सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान 5.0 के तीन चरण आयोजित किये जाने हैं। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 का प्रथम चरण 7 से 12 अगस्त 2023, द्वितीय चरण 11 से 16 सितंबर 2023 तथा तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर 2023 तक आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक चरण 6 कार्यदिवसों में आयोजित किया जायेगा, जिसमें नियमित टीकाकरण दिवस (मंगलवार/शुक्रवार) भी सम्मिलित होंगे। अभियान अन्तर्गत टीकाकरण से वंचित 0 से 5 वर्ष आयु के लेफ्ट-आउट/ड्रॉप-आउट बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को, आशा/आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा घर-घर हेडकाउंट सर्वे उपरांत, ड्यूलिस्ट अनुसार चिन्हित कर यू-विन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन उपरांत टीकाकृत किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बरसात में रखें खानपान का ध्यान, पानी शुद्ध पीएं

क्लोरीनेशन के लिए एडवायजरी

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है जिसमें उन्होंने कहा है कि बारिश के दौरान पानी को शुद्ध करके पियें। पानी के शुद्धिकरण करने के लिए क्लोरीन की एक गोली पीसकर पानी के मटके में डालें तथा 2 घंटे बाद उस मटके का पानी पीयें। दूसरी विधि पानी को उबालकर, छानकर पीयें। यदि हेंडपंप का पानी पी रहे हैं तो उस पानी को क्लोरीनेशन करके पीयें जिससे जलजनित बीमारी से बचा जा सके

 

उपचार

 

आवश्यकता होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता से उल्टी दस्त, पेचिस, आंव, बुखार के लिए ओआरएस, जिंक, दवाईयां, मेट्रोजिल, डायक्लोमिन, फ्यूराजोलडिन की दवा प्राप्त करें। अधिक तरल पदार्थ पीयें तथा समय-समय पर डॉक्टर से परामर्श लें। अधिक बारिश के दौरान अनावश्यक घर से बाहर ना निकलें, खानपान का रखें ध्यान, स्वस्थ रहें। इमरजेंसी होने पर 108 एवं 100 नम्बर डायल करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ योजनांतर्गत लोक अदालत शिविर आज

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं माननीय श्री एस0के0 जोशी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय के आदेशानुसार एवं माननीय श्री डी0आर0 कुमरे जिला न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में 5 अगस्त 2023 को समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत संपूर्ण मंडला जिले में लोक अदालत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उक्त लोक अदालत शिविर में न्यायालयों में लंबित शमनीय अपराधों एवं सिविल प्रकृति के प्रकरणों का भी निराकरण किया जाना है। उक्त आयोजित कैम्प में मुख्यतः राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग एवं पुलिस विभाग के मामलों को चिन्हित किया गया है, जिसका निराकरण हेतु संबंधित विभागों की स्वयं की खण्डपीठ में प्रकरण रखे जाकर प्रकरणों का निराकरण किया जाना है।

समाधान आपके द्वार योजना के अंतर्गत लोक अदालत शिविर हेतु मंडला जिले में विभिन्न क्लस्टरों को निर्मित किया जाकर राजस्व अधिकारियों को क्षेत्रानुसार शिविर प्रभारी नियुक्त किया गया है जिसके अंतर्गत समस्त शिविर प्रभारी 5 अगस्त 2023 को अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत लोक अदालत शिविरों के प्रकरणों का निराकरण करेंगें। जिला मुख्यालय मण्डला सहित तहसील निवास, नैनपुर, भुआ-बिछिया में भी उक्त लोक अदालत शिविर के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया जाना है।

 

 

 

 

 

 

 

 

तीनों विधानसभाओं के बीएलए का प्रशिक्षण आज

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

5 अगस्त को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का डाईट मंडला में प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त प्रशिक्षण में बूथ लेवल एजेंटों को निर्वाचक नामावली के संबंध में प्रारूप-6, 7 एवं 8 में प्रस्तुत किए जाने वाले दावे आपत्तियों की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी जाएगी। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-105 बिछिया के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से 12 बजे तक, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-106 निवास के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक तथा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-107 मंडला के लिए नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों का प्रशिक्षण दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे तक डाईट मंडला में आयोजित होगा।

 

 

 

 

 

 

ग्राम सभाओं के 16 से 20 अगस्त तक होंगे चरणबद्ध आयोजन

 

मण्डला 4 अगस्त 2023

            अपर मुख्य सचिव म.प्र. शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सभी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम सभाओं के चरणबद्ध आयोजन के निर्देश दिए हैं।

            ग्राम सभाओं के दौरान आयोजित बैठक में दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन, शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता तथा नल-जल योजना के रख-रखाव की व्यवस्था, स्कूलों एवं आंगनवाडी केन्द्रों पर सुरक्षित जल के उपयोग को बढ़ावा देने, अमृत सरोवर संरचना के रख-रखाव एवं उपयोग, ग्राम गौरव दिवस कार्यक्रम, बाल हितैषी एवं महिला सशक्तिकरण विजन, 15वां वित्त आयोग की कार्ययोजना एवं रणनीति, राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार योजना, वृक्षारोपण एवं वर्षा के जल को रोकने की कार्ययोजना बनाना, 0 से 5 वर्ष के बच्चों के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0’, जन आरोग्य समिति की बैठक के आयोजन, डिजिटल इंडिया यूपीआई को बढ़ावा देने, ग्रामसभा में एडॉप्ट एन आँगनवाड़ी कार्यक्रम, ग्रामवासियों द्वारा स्वयं अपना/अपने परिवार के सदस्यों के जन्मदिन/वर्षगांठ आंगनवाड़ी के बच्चों के साथ मनाए जाने, ग्रामसभा द्वारा आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों एवं निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो इसके प्रयास, लाड़ली बहना सेना के सदस्यों की जानकारी तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लेबर बजट पर चर्चा की जाएगी।

 

 

Related posts

स्वच्छ भारत मिशन की हुई समीक्षा

Reva India News

प्रदेश सरकार गोंड़वाना साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को पुनः स्थापित करने का प्रयास करेगी – श्री चौहान मुख्यमंत्री ने जनजाति गौरव सप्ताह के समापन समारोह को किया संबोधित

Reva India News

मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग को सख्ती से पालन करायें – हर्षिका सिंह समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

Reva India News

Leave a Comment