जिले में अब तक 16425 नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े गए
11 सितम्बर तक चलेगा मतदाता सूची में पुनरीक्षण का कार्य
मंडला 7 सितम्बर 2023
फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के द्वितीय पुनरीक्षण के तहत् 2 अगस्त से 7 सितम्बर 2023 के मध्य मंडला जिले में 16425 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं जिनमें 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं की संख्या 3927 है। इसी प्रकार 2543 मृत हो चुके मतदाताओं के नाम काटने तथा 551 मतदाताओं के नाम स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित होने के कारण जिले की मतदाता सूची से काटने की कार्यवाही की गई। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए 8 से 11 सितम्बर 2023 तक बीएलओ तथा संबंधित अधिकारी मतदान केन्द्र में उपस्थित रहते हुए मतदाता सूची का वाचन करेंगे तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, काटने अथवा संशोधन की कार्यवाही करेंगे।

इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार 2 अगस्त 2023 से मतदाता सूची के द्वितीय पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है, जो 11 सितम्बर तक जारी रहेगा। पुनरीक्षण के तहत 12, 13, 19 एवं 20 अगस्त 2023 को जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्रों में विशेष शिविरों का आयोजन कर नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, मृत मतदाताओं के नाम काटने के लिए फॉर्म-7 तथा अन्यत्र जा चुके लोगों के नाम शिफ्ट करने के लिए फॉर्म-8 भराए गए। साथ ही स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत 6 सितम्बर को जिले के प्रत्येक मतदान केन्द्र में चुनाव पाठशाला आयोजित कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने तथा संशोधन आदि की कार्यवाही की गई। उपरोक्त गतिविधियों के दौरान बीएलओ, सुपरवाईजर एवं सेक्टर अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का वाचन भी किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रेंडम जांच भी की गई। जिले में अब तक 16425 नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। बिछिया विधानसभा में 6092, निवास विधानसभा में 4453 तथा मंडला विधानसभा में 5880 नवीन मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाताओं की संख्या 3927 है जिनमें बिछिया में 1135, निवास में 1299 तथा मंडला में 1493 मतदाता शामिल हैं।

2543 मृतकों के नाम काटे गए
जानकारी के अनुसार पुनरीक्षण कार्य के तहत जिले के मृत हो चुके 2543 मतदाताओं के नाम काटने की कार्यवाही की गई है, जिनमें बिछिया विधानसभा के 473, निवास विधानसभा के 1045 तथा मंडला विधानसभा के 1025 मृत हो चुके मतदाताओं के नाम सम्मिलित हैं। कलेक्टर ने आमजन से आव्हान किया है कि यदि उनकी जानकारी में किसी मृत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल है, तो उसकी सूचना संबंधित बीएलओ को देते हुए नियमानुसार फॉर्म-7 भरवाने की कार्यवाही में सहयोग प्रदान करें।

अब तक मिले 320 रिपीट नाम
मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान 7 सितम्बर तक जिले में अब तक 320 मतदाताओं के नाम रिपीट पाए गए हैं, जिन्हें नियमानुसार काटने की कार्यवाही की गई है। जानकारी के अनुसार बिछिया विधानसभा में 196, निवास विधानसभा में 114 तथा मंडला विधानसभा में 10 मतदाताओं के नाम रिपीट पाए गए हैं। इसी प्रकार जिले के 551 मतदाताओं के नाम स्थायी रूप अन्यत्र शिफ्ट होने के कारण जिले की सूची से काटे गए हैं, जिनमें बिछिया विधानसभा के 303, निवास विधानसभा के 104 तथा मंडला विधानसभा के 144 मतदाता सम्मिलित हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2023 को किया जाएगा।

मतदाता सूची में त्रुटि पाए जाने पर हर स्तर पर तय होगी जिम्मेदारी – डॉ. सलोनी सिडाना
बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
मंडला 7 सितम्बर 2023
मतदाता सूची के द्वितीय संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रभावी मॉनीटरिंग करते हुये मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर विशेष ध्यान दें। 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में त्रुटि पाए जाने पर हर स्तर पर जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि 8, 9, 10 एवं 11 सितम्बर को प्रत्येक मतदान केन्द्रों में पुनरीक्षण का कार्य संपादित करें। मतदाता सूची का वाचन करें। बीएलओ एवं सुपरवाईजर अपने क्षेत्र के प्रत्येक घरों की जानकारी एकत्र कर आवश्यक कार्यवाही करें। एसडीएम तथा तहसीलदार भी प्रभावी मॉनिटरिंग करें। उन्हांेने कहा कि 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम जोड़ने, मृत हो चुके व्यक्तियों के नाम काटने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित बीएलओ, सुपरवाईजर सहित अन्य अधिकारी मतदाता सूची का गंभीरता से अध्ययन करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर 11 सितम्बर के पूर्व आवश्यक फॉर्म भरवाते हुए सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि 15 से 22 सितम्बर के मध्य सभी बीएलओ, सुपरवाईजर सहित संबंधित अधिकारियों से 11 सितम्बर 2023 की स्थिति में मतदाता सूची के त्रुटिरहित होने का प्रमाण-पत्र प्राप्त करें।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 7 सितम्बर 2023
निवास तहसील अंतर्गत पानी में डूबने से मृत्यु होने पर अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय से मृतक के निकटतम वारसान को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। जानसिंह ग्राम छपरा निवासी की मृत्यु पानी में डूबने से हुई थी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान आवेदिका मालती बाई को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।

मलेरिया व डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए रखें सावधानियाँ
मण्डला 7 सितम्बर 2023
वर्षाकाल में मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ जाता है एवं मच्छरजन्य परिस्थितियाँ निर्मित होती हैं जिससे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रसार की भी संभावना होती है। इसलिए मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां रखा जाना अत्यंत आवश्यक है।
मलेरिया के लक्षण
कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी होना, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, रुक रुककर बुखार आना पसीना आकर बुखार उतरना, ठंड गर्मी या तपन का महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं।
बुखार आने पर क्या करें
बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में खून की जांच कराऐं एवं मलेरिया की पुष्टि होने पर पूर्ण उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन कदापि ना करना चाहिये। मलेरिया की जांच व उपचार सभी शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।
डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर कहाँ पैदा होते हैं
छत पर खुली टंकियां, खाली बर्तन, मटके, गमले, टायर, कूलर, फ्रिज के पीछे भरा पानी, गार्डन, फूलदान, पात्रों में एक सप्ताह से अधिक भरे साफ पानी में मच्छर अंडे देते हैं। जिससे लार्वा एवं पूर्ण वयस्क मच्छर बनता है।
डेंगू के लक्षण
2-7 दिन तक बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द जोड़ों में दर्द, आंख के पीछे दर्द, खसरा जैसे लाल चकत्ते-छाती एवं हाथों पर डेंगू के लक्षण हैं।
डेंगू का उपचार
डेंगू की कोई विशिष्ट दवा नहीं हैं। डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार उपचार लेना चाहिए। रोगी को पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ जैसे- फलों का रस, पानी, ओ.आर.एस लेना एवं आराम करना चाहिए। किसी भी दर्द निवारक गोली का सेवन नहीं करना चाहिए।
मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए। पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम मे पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमनग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगाएं।

हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की जयकारों से गूंजा शहर
धूमधाम व श्रद्धाभाव के साथ यादव समाज ने मनाया भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव
मंडला। हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की जयकारों से शहर गूंजायमान रहा। सुबह से ही यादव समाज भवन स्वामी सीताराम वार्ड में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यादव समाज के द्वारा भव्य वाहन रैली निकाली गई। बच्चों को भगवान श्रीराधाकृष्ण के रूप में सजाया गया था।
स्वजातीय बंधुओं के द्वारा सुबह 9 बजे से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक विधि-विधान से किया गया। । पूजन पश्चात सभी एकजुट होकर वाहन रैली में शामिल हुये। नगर सहित आसपास के गांव तिलईपानी, ईमलीगोहान, चटुआमार, सुरंगदेवरी, सनकुही, घाघा, पौंडी सहित आदि गांव से स्वजातीय बंधु एकजुट होकर यादव समाज भवन में एकत्रित हुये थे। भगवा झण्डा व सिर पर पकडी बांधकर स्वजातीय अपने-अपने वाहनों से यादव समाज भवन से वाहन रैली में शामिल हुये। वाहन रैली इलाही चौक, बुधवारी, सराफा बाजार, उदय चौक, बस स्टेण्ड, लालीपुर, बिझिंया, झण्डा चौक, नेहरू स्मारक, महाराजपुर, पौंडी, बैगा बैगी चौक होते हुये यादव समाज भवन में सम्पन्न हुई। वाहन रैली में डीजे लगाये गये थे जिसमें भगवान श्रीकृष्ण के मधुर-मधुर गीत गूंजायमान हुये। जिसे सुन युवाओं द्वारा डीजे रोककर डांस भी किया।
मंत्रो की गूंज से गूंजा यादव समाज भवन
यादव भवन स्वामी सीताराम वार्ड में भगवान श्रीकृष्ण का पूजन, अर्चन, अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन यादव बंधुओं द्वारा किया गया। जिले सहित आसपास के यादव बंधु यादव समाज भवन पहुंचे यादव बंधुओं के द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक, महाआरती, हवन आदि विधि-विधान से किया गया। मंत्रो उच्चातरण के साथ विधि-विधान से भगवान का पूजन अर्चन कराया गया। यादव समाज भवन भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजा उठा। नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की। हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की के नारों से यादव समाज भवन गूंज उठा। सभी यादव बंधु परिवार की तरह मिलकर अपने आराध्य देव भगवान श्रीकृष्ण का पूजन अर्चन किया। कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में हुआ था, यही वजह है कि इस पर्व को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कहा जाता है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। इस दिन व्रत और पूजन करने से सुख, समृद्धि और वैभव और दीघायु संतान की प्राप्ति होती है।
घर-घर हुआ भगवान श्रीकृष्ण का पूजन
यादव बंधुओं के द्वारा जन्माष्टमी के दिन उपवास रखा जाता है एवं सभी अपने घरों में भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन अर्चन करते हैं। अधिकांश घरों में पूजा स्थल को फूलमाला व रंगीन लाइट से साज-सज्जा करते हुए धूमधाम से अपनी आस्था का इजहार किया। घर-घर में लोगों ने श्रीकृष्ण के बालरूप की मन मोहक झांकियां बनाकर अपनी श्रद्धा को प्रदर्शित किया। जगह-जगह भजन कीर्तन के साथ-साथ आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी पर्व में यादव बंधु उपवास रखकर भगवान का पूजन श्रद्धाभाव के साथ किये।
जगह-जगह हुआ स्वागत
यादव बंधुओं के द्वारा जो वाहन रैली निकाली गई थी उस रैली का प्रमुख चौराहों पर स्वागत किया गया एवं फलहारी फल व खीर वितरित की गई। बस स्टेण्ड में खीर का प्रसाद रैली में शामिल सभी यादव बंधुओं को खिलाया गया।
भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव कार्यक्रम समाज के अध्यक्ष बालकृष्ण यादव, युवा अध्यक्ष राजा यादव, नरेन्द्र यादव, रमेश यादव, भंगी यादव, कपिलदेव यादव, सुनील यादव, संतोष यादव, राजू यादव, गुलाब यादव, सोनू यादव, भास्कर यादव, विवेक यादव, शिव यादव, राजा यादव, नितिन यादव, ललित यादव, पवन यादव, ललित यादव, अविनाश यादव, पुलकित यादव, जितेन्द्र यादव, प्रमोद यादव, राजू यादव एवं राजेश यादव व महिला मंडल की अध्यक्ष विमलेश यादव, श्रीमति ब्रजलता यादव, श्रीमति शीला यादव, श्रीमति मालती यादव, श्रीमति सरोज यादव, श्रीमति मिथलेश यादव, श्रीमती यादव, श्रीमति कामिनी यादव, श्रीमति संध्या यादव, श्रीमति मीनाक्षी यादव, श्रीमति रंजना यादव, अनेक स्वजातीय पहुंचे आदि का योगदान सराहनीय रहा।

