Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 14 दिसम्बर 2023

चिकित्सक जिम्मेदार बनें, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                गुरूवार की शाम को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी चिकित्सक समय पर चिकित्सालय पहुंचकर सेवाएं प्रदान करना सुनिश्चित करें। चिकित्सक जिम्मेदार बनें और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं। ओपीडी पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं रवि कुमार सिहाग, ईईपीआईयू जीपी पटले तथा सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में पदस्थ सभी चिकित्सक निर्धारित समय में ओपीडी में उपस्थित रहते हुए मरीजों को उपचार प्रदान करें। सुमन डेस्क को प्रभावी बनाएं। सीएमएचओ समय-समय पर जिला चिकित्सालय का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीटी स्केन, एक्स-रे एवं पेथोलॉजी से प्रदाय किए जा रहे सेवाओं के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीटी स्केन कक्ष में एपीएल, बीपीएल तथा आयुष्मान कार्डधारियों से ली जाने वाली राशि के संबंध में सूचना अंकित करें। पेथोलॉजी के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों से आने वाले सेम्पल्स की संख्या तथा जांच रिपोर्ट भेजने के संबंध में जानकारी ली।

ब्लडबैंक में पारदर्शिता रखें

 

ब्लडबैंक के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रक्त की उपलब्धता के संबंध में बोर्ड में अंकित जानकारी तथा ब्लडबैंक में मौजूद ब्लड यूनिट में अंतर पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लडबैंक में रक्त की उपलब्धता के संबंध में पारदर्शिता रखें। सूचनापटल पर सही जानकारी अंकित करें। मरीजों को आवश्यकता के आधार पर रक्त उपलब्ध कराएं।

मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखें

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मेटरनिटी विंग में किए गए मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। कार्य पूर्ण होने पर पेंटिंग कराएं। शौचालय को बेहतर बनाएं। साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में उपस्थित मरीजों से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

 

 

 

 

 

 

 

बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाएँ – डॉ. सिडाना

दिव्यांग बच्चों का जिला स्तरीय सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम संपन्न

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा होती है, आवश्यकता है उसकी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की। दिव्यांगजन हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अन्य लोगों के लिए उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। इस आशय के विचार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर झंकार भवन में आयोजित जिला स्तरीय सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम के समापन अवसर पर व्यक्त किए।

कलेक्टर ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए पढ़ाई ही एकमात्र मापदण्ड नहीं है। सैकड़ों ऐसे उदाहरण हैं जिन्होंने पढ़ाई में उल्लेखनीय प्रदर्शन भले ही न किया हो किन्तु अपनी प्रतिभाओं के माध्यम से देश-दुनिया में अपना नाम स्थापित किया है। डॉ. सिडाना ने शिक्षकों का आव्हान किया कि वे बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए एक अभिभावक के रूप में सहभागी बनें। इस अवसर पर कलेक्टर ने विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के विजेताओं को पुरूस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े, एपीसी केके उपाध्याय सहित संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सहित संबंधित उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीति दुबे ने किया।

खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की गई

 

जिला स्तरीय सामर्थ्य प्रदर्शन कार्यक्रम के प्रारंभ में महात्मा गांधी स्टेडियम में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें विकासखंड स्तर से चयनित लगभग 350 बच्चों ने अपने सामर्थ्य का प्रदर्शन किया। इसके पश्चात झंकार भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें दिव्यांग बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

16 दिसम्बर से आरंभ होगी विकसित भारत संकल्प यात्रा – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने की विकसित भारत संकल्प यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

15 दिसम्बर को जनप्रतिनिधियों से वर्चुअल संवाद करेंगे मुख्यमंत्री

मंडला 14 दिसम्बर 2023

             मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में 16 दिसम्बर से आरंभ हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के संबंध में कमिश्नर-कलेक्टर्स को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित और जनकल्याण के लिए आरंभ की गई यात्रा का बेहतर क्रियान्वयन करें। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, लाभों और सुविधाओं के बारे में जागरूकता सुनिश्चित करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ की जा रही है। प्रमुख योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों, विशेष तौर से वंचित व आकांक्षी लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना, योजनाओं का प्रचार-प्रसार और जागरूकता, लाभार्थियों के अनुभव साझा करना और संभावित लाभार्थियों का चयन तथा नामांकन सुनिश्चित करना यात्रा का उद्देश्य है। 26 जनवरी 2024 को यात्रा का समापन गणतंत्र दिवस पर होगा। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में एनआईसी कक्ष से कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यात्रा का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता तैयारी करें। यात्रा में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री स्वयं भी दिनांक 15 दिसम्बर को सभी जिलों के जनप्रतिनिधियों से यात्रा के सफल आयोजन के संबंध में वर्चुअल संवाद करेंगे। अधिकारी-कर्मचारी व्यक्तिगत रूचि लेकर यात्रा में शामिल हों और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप सभी वंचित और पात्र व्यक्तियों तक यात्रा के लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बच्चों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों को यात्रा से जोड़ें

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 16 दिसम्बर को उज्जैन से आरंभ हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि यात्रा में स्कूली बच्चों, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाशक्ति और किसानों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाएं। विकसित भारत संकल्प यात्रा से फिट इंडिया के संदेश का भी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हों और जनसामान्य को पर्याप्त पोषण तथा एक्सरसाइज की आवश्यकता की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और कृषि कार्यों के लिए ड्रोन प्रदर्शन भी होगा

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी और प्रचार-प्रसार के लिए प्रत्येक जिले में ग्राम पंचायत तक मोबाइल वैन पहुँचेगी, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन, योजनाओं की जानकारी और योजनाओं से संबंधित चलचित्र प्रदर्शित होंगे। यह वैन सभी नगरीय निकायों में भी जाएगी तथा पम्पलेट, बुकलेट आदि वितरित करने के साथ-साथ योजनाओं के लाभ लेने के लिए आवेदन, लाभ वितरण भी सुनिश्चित किया जाएगा। योजनाओं के संबंध में जागरूकता के लिए क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन प्रदर्शन भी होगा। लाभार्थियों की व्यक्तिगत सफलता की कहानियों और उपलब्धियों को साझा करने के लिए मेरी कहानी-मेरी जुबानी जैसे कार्यक्रम होंगे तथा धरती कहे पुकार के, स्वच्छता गीत आदि जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ड्रोन प्रदर्शन द्वारा प्राकृतिक खेती, स्वाईल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

स्वास्थ्य मेला सहित विभिन्न स्टॉल लगाए जायेंगे

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत स्वास्थ्य मेला, उज्जवला योजना, किसान, पशुपालक मछुआरों के लिए क्रेडिट कार्ड के आवेदन लेने और बैंकों से समन्वय के स्टॉल होंगे। इसके साथ ही आधार कार्ड में जानकारी अपडेशन, राजस्व विभाग के अंतर्गत नामांतरण और बंटवारा, कृषि, स्व-सहायता समूहों, पेंशन योजनाओं, आदिवासी विकास से संबंधित योजनाओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

यात्रा में शामिल जनहितैषी योजनाएं

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में संचालित योजनाएं सम्मिलित होंगी। ग्रामीण क्षेत्र में क्रियान्वित आयुष्मान भारत, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएम आवास योजना, पीएम उज्जवला योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम किसान सम्मान योजना, क्रिसान क्रेडिट कार्ड, पीएम पोषण अभियान, हर घर जल-जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना, जन-धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम प्रणाम योजना, नैनो उर्वरक का उपयोग, स्वाइल हैल्थ कार्ड, उन्नत कृषि यंत्र से संबंधित गतिविधियां शामिल होंगी।

इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम उज्जवल योजना, पीएम मुद्रा लोन योजना, स्टार्ट-अप इंडिया, स्टेंड-अप इंडिया, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना शहरी, वंदे भारत ट्रेनें और अमृत भारत स्टेशन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उजाला योजना, अमृत योजना, पीएम जन औषधि परियोजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल भुगतान अधोसंरचना, आरसीएस योजना और खेलो इंडिया से संबंधित योजनाएं व गतिविधियाँ शामिल होंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला चिकित्सालय में की गई कोविड-19 मॉक ड्रिल

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                वैश्विक महामारी कोविड-19 के रोकथाम को ध्यान में रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समस्त सुविधाओं की तैयारी महत्वपूर्ण हैं। इसी तारतम्य में 14 दिसंबर 2023 को जिला चिकित्सालय व समस्त ब्लॉकों में कोविड-19 के रोकथाम हेतु मॉकड्रिल की गई। इस दौरान फ्रंटलाइन कार्यकर्ता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। मानव संसाधन क्षमता जिसमें कोविड-19 प्रबंधन पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य देखभालकर्ता गंभीर मामलों के प्रबंधन के लिए वेंटिलेटर प्रबंधन प्रोटोकॉल में प्रशिक्षित स्वास्थ्य देखभालकर्ता, पी.एस.ए. संयंत्रों के संचालन में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता की तैयारी देखी गई। रेफरल सेवाएं एडवांस बेसिक लाइफ सपोर्ट की उपलब्धता एवं अन्य एंबुलेंस की उपलब्धता को सुचारू किया गया। परीक्षण क्षमता कोविड-19 प्रयोगशाला की संख्या आरटी-पीसीआर और आरएटी किट की उपलब्धता देखी गई। ऑक्सीजन कन्सट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, पीएसए प्लांट, लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक, मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम को पुनः जांचा गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा कोविड-19 से बचाव हेतु आमजनों को जरूरी बातें बताई गई जैसे भीड़ वाले स्थान पर जाने से बचें एवं मॉस्क का उपयोग करें, 2 गज की दूरी रखें एवं अपने हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोवें एवं सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें, खांसते-छीकतें समय मुंह व नाक को रुमाल से ढकें। यदि कहीं बाहर विदेश से यात्रा करके आ रहे हैं और उसके उपरांत सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत है तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच व उपचार लें।

 

 

 

 

 

 

 

एकलव्य आवासीय विद्यालय सिझौरा के कक्षा 6 में रिक्त स्थानों में प्रवेश के लिए आवेदन 8 जनवरी तक लिए जाएंगे

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6 में बालक, बालिकाओं की रिक्त अनुसूचित जनजाति सीटों के विरूद्ध प्रवेश हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। आवेदन 8 जनवरी 2024 तक विभागीय वेबसाईट https://www.tribal.mp.gov.in/MPTAAS के माध्यम से आनलाईन आवेदन कर सकते हैं। एकलव्य आवासीय विद्यालय सिझौरा में अनुसूचित जनजाति वर्ग के बालक तथा बालिकाओं के लिए 30-30 पद रिक्त हैं।

कक्षा 5 वी में अध्ययनरत जनजाति वर्ग, विशिष्ट पिछड़ी जनजाति (बैगा, भारिया या सहरिया), विमुक्त जनजातियों, घुमक्कड़ एवं अर्ध घुमक्कड़ समुदाय के अलावा वे बच्चे, जिन्होंने अपने माता-पिता को वामपंथी उग्रवाद, कोविड आदि के कारण खो दिया है तथा विधवा की संतान, दिव्यांग माता-पिता की संतान, अनाथ या भूमिदाता (जिन्होंने विद्यालय भवन के निर्माण के लिए भूमि दान की हो) वर्ग के विद्यार्थी विभागीय वेबसाईट https://www.tribal.mp.gov.in/MPTAAS के माध्यम से आनलाईन आवेदन कर सकते हैं। मेरिट सूची में चयनित होने एवं न्यूनतम योग्यता प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अपने विकल्प के अनुसार विद्यालयों में रिक्त सीट के विरूद्ध चयन हेतु पात्र होंगे। उल्लेखित विशिष्ट आवासीय विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा, विस्तृत गाइडलाइन एवं विद्यालयों की सूची तथा रिक्त सीटों के विवरण संबंधी विस्तृत जानकारी वेबसाईट https://www.tribal.mp.gov.in पर उपलब्ध है।

 

 

 

 

 

 

 

पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर 18 दिसंबर से

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 18 दिसम्बर से 22 दिसंबर 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मंडला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित प्रकरण नवंबर 2023 तक के एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में बैठक संपन्न

 

मंडला 14 दिसम्बर 2023

                निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक जिला योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा, जिले के तीनों विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

                बैठक में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्तावों की जानकारी देते हुए राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों से भी प्रस्ताव प्राप्त किए गए। मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण, विशेष शिविरों की तिथि आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

 

 

जगतगुरु शंकराचार्य का आगमन आज

 


मण्डला। आज दोपहर 2 बजे श्रीमत् परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रम्हनिष्ठ जगतगुरु शंकराचार्य पश्चिम आम्नाय द्वारिका पीठाधीश्वर अनंत श्री सम्पन्न स्वामी सदानंद जी महाराज का आगमन होने जा रहा है। शंकराचार्य महाराज यहां पर एक धर्मसभा को संबोधित करेंगे। उनके आगमन की भव्य तैयारी की जा रही है। धर्मगुरू पं. नीलू महाराज ने बताया कि जिला मुख्यालय के मेहर बाबा कुटी प्रागंण देवदरा में 17 दिसंबर से 25 दिसम्बर तक आयोजित श्रीअष्ट महालक्ष्मी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण का संगीतमय आयोजन किया जाना है। जिसकी शुरूआत धर्मसभा से की जाएगी। शंकराचार्य गुरूदेव ने अपना बहुमूल्य समय देते हुए आज आने की सहमति दी है। उनका कटरा बायपास में धर्मप्रेमी भव्य स्वागत करेंगे यहां से उन्हें गाजे बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल लाया जाएगा जहां पर सामाजिक लोगों से जगतगुरू मुलाकात करेंगे और धर्म व सनातन के बारे में विस्तार से अपने विचार धर्मप्रेमियों के बीच सांझा करेंगे। यहां से वे अंजनिया स्थित वरदान आश्रम जायेंगे जहां पर उनकी पादुका पूजन होगा। सामाजिक कार्यकर्ता नीरज अग्रवाल एवं सुधीर कांसकार ने धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या मे पहुंचने अपील की है।

 

 

 

Related posts

राष्ट्र सेविका समिति के गरबा महोत्सव में शामिल हुई केबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके

Reva India News

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की अनन्तिम सूची जारी

Reva India News

अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के नियम 17 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक स्थगित  

Reva India News

Leave a Comment