Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 20 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को बहनों ने राखी बांधी

 

मंडला 20 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा को रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट कक्ष में जिले की बहनों ने राखी बांधकर खुशियाँ मनाई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस अवसर पर बहनों से राखी बंधवाकर उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में सुनी गई 35 आवेदकों की समस्याएं

 

मंडला 20 अगस्त 2024

जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में 35 आवेदकों ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, एसडीएम मंडला श्री जेपी यादव सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।

आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में खड़देवरा निवास हरिराम ठाकुर ने विद्युत बिल से संबंधित, उदयपुर निवासी हेमंत कुमार ने नक्शा एवं सीमांकन के संबंध में, खमतरा निवासी सेखू सिंह ने ईकेवाईसी, ग्राम कन्हारी निवासी राजकुमार ने गरीबी रेखा में नाम जोड़ने संबंधी, भैंसवाही निवासियों ने ट्रांसफॉर्म लगवाने के संबंध में आवेदन दिए। इन आवेदनों के अलावा जनसुनवाई में पेंशन सहायता, अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, रोजगार, मजदूरी भुगतान, स्वास्थ्य सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।

 

 

 

 

 

 

जिले में 20 अगस्त तक 1168 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

जिले में इस वर्ष 1 जून से 20 अगस्त 2024 के दौरान 1168 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 945.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 222.1 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अगस्त 2024 को मंडला में 1.8 मि.मी., बिछिया में 30.2 एवं घुघरी में 5.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 20 अगस्त 2024 को 6.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

जिला पेंशन फोरम की बैठक 22 अगस्त को

 

मंडला 20 अगस्त 2024

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पेंशन फोरम की बैठक 22 अगस्त 2024 को जिला योजना भवन में पूर्वान्ह 11 बजे आयोजित की गई है। बैठक में विभागों को पेंशन प्रकरणों से संबंधित विभागीय जानकारी तथा पूर्व की बैठक की कार्यवाही विवरण सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

स्कूलों में हर गुरुवार को लगेगा टीडी एवं डीपीटी का टीका

बीमारी से डरें, टीके से नहीं, टीका नहीं सुरक्षा कवच है

 

मंडला 20 अगस्त 2024

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० के.सी. सरोते ने जानकारी दी कि 8 अगस्त 2024 गुरूवार से स्कूल के बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ है। जिसमें 5 वर्षों के बच्चों को डी.पी.टी., 10 वर्ष एवं 16 वर्षों के बच्चों को टी.डी. का टीका लगाया जा रहा है। इस अभियान में शासकीय स्कूल के बालक-बालिकाओं को शामिल किया है। जिन्हें अपने साथ आधार कार्ड लेकर आना है। एएनएम के द्वारा ऑनलाईन पंजीयन बच्चों का किया जायेगा। एक कर्मचारी के द्वारा अधिकतम 50 से 60 टीके लगाये जायेंगे। इस कार्य को पूर्णता देने हेतु जिले में सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी की टीम द्वारा स्कूलों में जाकर टीकाकरण किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतीन्द्र झारिया ने जानकारी दी कि कार्यक्रम माह अगस्त, सितम्बर और अक्टूबर के प्रति गुरूवार को आयोजित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन का जागरूकता अभियान संपन्न हुआ

 

मंडला 20 अगस्त 2024

प्रशासक वन स्टाप सेंटर जिला मंडला ने बताया कि हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वुमेन के 100 दिवसीय जागरूकता अभियान अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग जिला मंडला की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी के निर्देशानुसार, जिला हब की नोडल अधिकारी श्रीमती लीना चौधरी के मार्गदर्शन में मनाया जा रहा है। जिसमें वन स्टॉप सेंटर मण्डला द्वारा संकल्प 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान अंतर्गत 19 अगस्त 2024 से 23 अगस्त 2024 तक अन्य संबंधित मंत्रालयों, विभागों की योजनाओं का नामांकन सप्ताह (दसवा सप्ताह) चल रहा है। इसके अंतर्गत वन स्टाप सेन्टर द्वारा 20 अगस्त को क्षैत्रीय दौरे के दौरान रानी दुर्गावती वार्ड मण्डला में जागरूकता एवं नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें उपस्थित महिलाओं को शासन की योजनाओं से जुडने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अध्ययनरत बालिकाओं को अपने स्किल अनुसार प्रशिक्षण लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही हब एवं वन स्टॉप सेंटर में दी जाने वाली सहायताओं से अवगत करवाया गया। उक्त दौरे में वन स्टॉप सेंटर के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही नगरपालिका परिषद मंडला में संपर्क करें

 

मंडला 20 अगस्त 2024

मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (बीएलसी) घटक अंतर्गत ऐसे हितग्राही जिन्हें प्रथम किश्त की राशि प्रदाय की गई थी। परन्तु उन हितग्राहियों के द्वारा प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ नही करने के कारण राशि प्रदाय उपरांत प्रकरण सरेंडर कर दिये गये थे। उन्होंने नगर पालिका मण्डला क्षेत्रांतर्गत ऐसे हितग्राहियों को सूचित किया है कि हितग्राही द्वारा सरेंडर उपरांत प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया हो या 31 दिसंबर 2024 के पूर्व आवास निर्माण पूर्ण कर लेंगे, ऐसे हितग्राही 3 दिवस के अंदर नगरपालिका परिषद मंडला में संपर्क करें।

 

 

 

 

लोकसेवा केन्द्रों के दावा आपत्तियों का निराकरण 22 अगस्त को होगा

 

मंडला 20 अगस्त 2024

अपर कलेक्टर मंडला ने बताया कि जिले में संचालित लोकसेवा केन्द्र मंडला, निवास, बीजाडांडी, नैनपुर, बिछिया, नारायणगंज, घुघरी, मोहगांव और मवई के ऑनलाईन प्राप्त निविदाओं के तकनीकी परीक्षण में पात्र, अपात्र सूची के संबंध में 7 अगस्त से 9 अगस्त 2024 को सायंकाल 5 बजे तक प्राप्त दावा/आपत्तियों की जांच/परीक्षण की अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने समस्त लोक सेवा केन्द्रों की प्राप्त निविदाओं के तकनीकी परीक्षण में पात्र/अपात्र सूची के संबंध में प्राप्त दावा/आपत्तियों की जांच/परीक्षण एवं निराकरण की अग्रिम कार्यवाही के लिए समिति के सदस्यों श्री जीपी पटले कार्यपालन यंत्री पीआईयू मंडला, श्री तफीम अहमद खान लेखा अधिकारी जिला पंचायत मंडला, श्री अखिलेश नेटी जिला कोषालय अधिकारी मंडला, श्रीमती कविता गुप्ता जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन मंडला और श्रीमती पुष्पा तेकाम प्रभारी जिला ई गवर्नेंस प्रबंधक मंडला को 22 अगस्त 2024 को अपरान्ह 12 बजे कलेक्टर कार्यालय के गोलमेज सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ में किया दर्शन-पूजन

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन में श्री वाल्मीकि धाम सिद्धपीठ पहुंचकर यहां अनंत श्री विभूषित 1008 स्वामी सोहनदास जी महाराज के दर्शन-पूजन किये। इसके बाद उन्होंने झांसी (यूपी) और अकोला (महाराष्ट्र) से वाल्मीकि धाम आए श्री जाहरवीर गोगादेव जी के निशान ध्वज का भी विधिवत पूजन किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद श्री उमेशनाथ जी महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छतरपुर में हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छतरपुर जिले के खजुराहो-झांसी हाईवे पर हुए सड़क हादसे पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में उत्तरप्रदेश के सात लोगों की असामयिक मृत्यु और छह लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। गंभीर घायलों को ग्वालियर रैफर किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजन को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की कामना की है।

उल्लेखनीय है कि खजुराहो-झांसी हाईवे पर महोबा रेलवे स्टेशन से बागेश्वर धाम जाते समय हुई सड़क दुर्घटना में ऑटो में सवार 13 लोग प्रभावित हुए, जिनमें सात की मृत्यु हो गई और 6 लोग घायल हैं। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। सभी लोग उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं, मृतकों के परिजन और घायलों को सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

 

 

 

 

 

 

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा में आईटी पार्क और रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव की समीक्षा की

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

उप मुख्यमन्त्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा में प्रस्तावित आईटी पार्क और रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आईटी पार्क के लिए प्रस्तावित स्थल, विभिन्न प्रावधानों, सुविधाओं की समीक्षा कर निर्देश दिये कि आईटी पार्क में अत्याधुनिक सुविधाओं को शामिल किया जाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने रीवा में प्रस्तावित रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव की तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव को सफल बनाकर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए समेकित प्रयास किए जायें। उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रावधानों को भी योजना में शामिल किया जाये। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मल्टी-परपज़ आईटी पार्क गुढ़ और सोलर पार्क के लिए आवश्यक आधारभूत आवश्यकताओं के लिए निर्देश दिये। बैठक में एमडी एमपीआईडीसी श्री चन्द्रमौली शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

अतिथि शिक्षक आमंत्रण की कार्यवाही अब 21 अगस्त तक हो सकेगी

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

प्रदेश में शैक्षणिक-सत्र 2024-25 में शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था के लिये अतिथि शिक्षक आमंत्रण की कार्यवाही की जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस कार्यवाही को अब अनिवार्य रूप से 21 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारियों को दिये हैं।

 

 

 

 

 

 

भर्ती प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण करें: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में विभिन्न पदों की भर्ती कार्यवाही की समीक्षा की

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

उप-मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय वल्लभ भवन में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में मैनपावर उपब्धता के संबंध में की जा रही कार्यवाही और अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सक, विशेषज्ञ, सहायक चिकित्सकीय एवं प्रशासनिक स्टाफ की भर्ती के लिए सभी आवश्यक कार्यवाहियों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय है कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में विशेषज्ञों की सीधी भर्ती के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रथम श्रेणी के 1085 पदों के लिए लोक सेवा आयोग द्वारा विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है। द्वितीय श्रेणी के पदों में 895 चिकित्सा अधिकारी के पदों के लिए विज्ञप्ति जारी हो चुकी हैं। कुल 1373 द्वितीय श्रेणी के पदों में भर्ती की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। बैठक में संचालक स्वास्थ्य श्री दिनेश श्रीवास्तव सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर पहुँच कर विधायक श्री रमेश मेंदोला के पिता के निधन पर दी श्रद्धांजलि

 

मण्डला 20 अगस्त 2024

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर में विधायक श्री रमेश मेंदोला के निवास नंदानगर पहुंचकर उनके पिता श्री चिंतामणी मेंदोला के निधन पर शोक जताया और श्रद्धा सुमन अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्व. श्री चिंतामणी मेंदोला द्वारा श्रमिकों के कल्याण के लिए किये गये कार्यों का स्मरण किया। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित जन-प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

 

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न

 

मंडला 20 अगस्त 2024

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी प्रतिदिन निर्धारित समय पर कार्यालय आना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय तक कार्यालय में उपस्थित रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि टीएल तथा सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों को पूरी गंभीरता से लेते हुए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ इनका निराकरण सुनिश्चित करें। जिला अधिकारी प्रत्येक प्रकरण का स्वयं परीक्षण करते हुए उन्हें सकारात्मक निराकृत करें। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, ऋषभ जैन, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

जनमन योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शेष बचे लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें। 30 अगस्त तक सभी शासकीय भूमि का सीमांकन करते हुए उसकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। सभी अधिकारी बैठक की सूचना समयपूर्व देना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी एसडीएम राजस्व के प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर एंट्री करना सुनिश्चित करें। विभागीय नस्तियों को चैकलिस्ट के अनुसार व्यवस्थित करें। कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का 15 दिवस के पूर्व ही पीपीओ एवं पेंशन की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। सभी लोकसूचना अधिकारियों की सूची कार्यालय में चस्पा करें। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने अनुकंपा नियुक्ति, राजस्व महाभियान, पेंशन प्रकरण, पीएम ईकेवाईसी, आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में सभी जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। सभी प्रकरणों का नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आगामी जनसुनवाई के पूर्व निराकरण करें। एसडीएम स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की समस्याओं का निराकरण करें।

Related posts

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

Reva India News

जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक 23 सितंबर को

Reva India News

कृषि आदान विक्रेताओं को सियेट भोपाल के डारेक्टर द्वारा प्रमाण पत्र का वितरण

Reva India News

Leave a Comment