मंडला, 01 दिसंबर 2025
शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा दसवीं एवं बारहवीं की प्रीबोर्ड परीक्षाओं के आयोजन हेतु लोक शिक्षण भोपाल द्वारा समय सारिणी जारी की गई है। प्रीबोर्ड की परीक्षायें माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी अंक योजना एवं बोर्ड परीक्षा पैटर्न पर आधारित होंगी। परीक्षाओं के आयोजन हेतु प्रश्नपत्र राज्य स्तर से प्रदाय किये जाने का प्रावधान है। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी बरकडे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रश्नपत्र विमर्श पोर्टल पर परीक्षा दिवस के एक दिन पूर्व प्राचार्य लॉगिन पर उपलब्ध कराये जायेंगे। प्रत्येक प्रश्नपत्र ओटीपी से प्रोटेक्ट रहेगा। प्रश्नपत्र डाउनलोड करते समय ओटीपी प्राचार्य के मोबाइल नम्बर पर भेजा जावेगा। सम्बंधित संस्था के प्राचार्य छात्र संख्या के अनुसार प्रश्नपत्रों की फोटोकापी, मुद्रण करायेंगे। प्राचार्य फोटोकापी, मुद्रण कराने हेतु एक शिक्षक को अधिकृत करेंगे जो फोटोकापी, मुद्रण कराते समय दुकान पर मौजूद रहेगा एवं अपने समक्ष ही कार्य करायेगा।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करने की समस्त जिम्मेदारी सम्बंधित विद्यालय के प्राचार्य की होगी। बोर्ड परीक्षा प्रभारी श्री महेन्द्र श्रीवास ने बताया कि परीक्षा उपरान्त विषय शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकायें विद्यार्थियों को उनकी त्रुटियां दर्शाते हुये अवलोकन करायेंगे। ऐसे प्रश्न जो विद्यार्थी हल नहीं कर पा रहे हैं अथवा जिन प्रश्नों में त्रुटि हुई है विषय शिक्षक से उनका अध्यापन करावाकर विद्यार्थियों से अभ्यास करायेंगे। परीक्षा परिणाम एवं प्रश्नपत्रों के आधार पर विषय शिक्षक से कठिन बिन्दुओं को चिन्हांकित करवाकर विशेष कक्षाओं का आयोजन भी अनिवार्य रूप से किया जावेगा।
19 जनवरी को पालक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम से अभिभावकों को अवगत कराते हुये मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन कराया जावेगा। परीक्षा परिणाम की प्रविष्टि विमर्श पोर्टल पर 21 जनवरी तक किया जावेगा। विद्यालयों द्वारा की जाने वाली समस्त कार्यवाही के निरीक्षण के लिए पृथक-पृथक दलों का गठन किया जा रहा है।
