Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

उपार्जित धान के परिवहन की गति बढ़ाएं – कलेक्टर श्री मिश्रा समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में दिए निर्देश

मंडला, 30 दिसंबर 2025

जिला योजना भवन में समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने खरीफ फसल के उपार्जन की समीक्षा करते हुए कहा कि समितियों एवं अन्य उपार्जन केन्द्रों में स्लॉट बुकिंग के माध्यम से लगातार धान की फसल का उपार्जन किया जा रहा है। उपार्जित धान का समय पर परिवहन होना आवश्यक है। परिवहन की वर्तमान गति को और तेज करें, जिससे समितियों तथा केन्द्रों पर किसानों की फसल का उपार्जन सुचारू रूप से किया जा सके। उन्होंने कहा कि मवई विकासखंड के उपार्जन केन्द्रों में भुगतान का प्रतिशत अत्यंत कम है, इसका मुख्य कारण खरीदी गई फसल का उठाव न होना है। उन्होंने जिला प्रबंधक नान को निर्देशित करते हुए कहा कि परिवहन में लगे वाहनों को डबल ट्रिप में परिवहन कराएं एवं मवई क्षेत्र में वाहनों की संख्या बढ़ाते हुए परिवहन सुनिश्चित करें, जिससे स्वीकृति के अनुपात में समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जा सके। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि गोदामों में क्षमता के अनुसार भण्डारण कराया जा रहा है। इसके पश्चात ओपन कैप में उपार्जित धान भण्डारित की जानी है, एसडीएम मंडला एवं नैनपुर ओपन कैप भंडारण स्थलों की सतत मॉनिटरिंग करें।

श्री अन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत कोदो-कुटकी उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कोदो-कुटकी खरीद में मात्र 2 सप्ताह का समय शेष है, अभी तक बहुत कम किसानों ने कोदो-कुटकी का विक्रय किया है। उन्होंने उप संचालक कृषि को निर्देशित किया कि संबंधित एफपीओ के साथ समन्वय करते हुए घुघरी तथा मवई क्षेत्र में प्रतिदिन न्यूनतम दो वाहनों के माध्यम से खरीदी की गति तेज कराएं, जिससे 15 जनवरी तक पंजीकृत किसानों से मिलेट की खरीदी की जा सके। निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी विभाग निर्माण एजेंसियों के द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति के अनुसार मासिक आधार पर संभावित पूर्णता की जानकारी तैयार करें, जिससे सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण कराए जा सकें।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने शहरी विकास विभाग के एसबीएम 2.0, अमृत 2.0 तथा गीता भवन निर्माण के संबंध में विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के पांचों नगरीय निकायों में एसबीएम 2.0 तथा अमृत 2.0 के प्रगतिरत सभी कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कराएं। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि इससे संबंधित भूमि आदि के प्रकरण प्राथमिकता से निपटाएं। गीता भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन के विषय में उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम नगरीय क्षेत्र के आसपास निर्धारित भूमि चिन्हित कर स्थानीय निकायों को सूचित करें, जिससे समय पर गीता भवन के संबंध में स्थानीय निर्णय कर सकें।

आगामी 19 एवं 20 जनवरी को प्रस्तावित वृहद रोजगार मेला के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि यह मेला जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने का महत्वपूर्ण मौका है। इस वृहद रोजगार मेले के माध्यम से 1600 से अधिक युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। उन्होंने आईटीआई, रोजगार कार्यालय, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभी तक मनेरी सहित विभिन्न कंपनियों के माध्यम से 1597 रिक्तियों की जानकारी मिल चुकी है, इसके लिए हमें युवाओं तक सूचना पहुंचाना आवश्यक है जिससे पर्याप्त संख्या में युवा इस मेले में शामिल हों एवं रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने अवगत कराया कि आगामी 5 जनवरी को मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन द्वारा कमिश्नर, कलेक्टर कॉन्फ्रेंस की जानी है, इसके लिए विभागीय प्रस्तुतिकरण संभाग आयुक्त कार्यालय भेजा जाना है। समस्त संबंधित विभाग एजेंडावार प्रस्तुतिकरण तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एजेंडानुसार यदि जिला प्रथम 5 अथवा अंतिम 5 में है तो इसका विस्तृत विवरण भी शामिल करें।

समीक्षा बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाईन, सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, परख निरीक्षण, उच्च न्यायालय के अवमानना प्रकरण, रिट पिटीशन, राजस्व वसूली, मध्यान्ह भोजन, सांझा चूल्हा, मनरेगा लेवर बजट, प्रधानमंत्री आवास की लक्ष्य के विरूद्ध साप्ताहिक प्रगति सहित अन्तर्विभागीय बिन्दुओं पर विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ, श्री सचिन जैन, समस्त एसडीएम तथा जिला अधिकारी योजना भवन में मौजूद रहे। सभी सीईओ जिला पंचायत, सीएमओ नगरपालिका, बीएमओ वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 3 नवंबर 2023

Reva India News

जिला सलाहकार समिति की बैठक 30 मई दिन शुक्रवार को

Reva India News

तिरंगा बाईक रैली में शामिल हुई मंत्री श्रीमती उइके

Reva India News

Leave a Comment