Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 15 फरवरी 2026

कलेक्टर ने मिलेट फूड फेस्टिवल की स्टॉलों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

मंडला, 15 फरवरी 2026

दो दिवसीय मिलेट फूड फेस्टिवल के अंतिम दिन कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्थानीय पुलिस ग्राउंड पहुंचकर विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से मोटे अनाज (श्रीअन्न) से तैयार व्यंजनों की स्टॉलों पर जाकर वहां की व्यवस्थाओं, उत्पादों की गुणवत्ता और प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कोदो, कुटकी, बाजरा और अन्य मिलेट्स से बने पारंपरिक एवं आधुनिक व्यंजनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टॉल संचालकों से बातचीत करते हुए पूछा कि मिलेट्स से तैयार उत्पादों की मांग कैसी है और लोगों की प्रतिक्रिया कैसी मिल रही है। स्टॉल संचालकों ने बताया कि नागरिकों में श्रीअन्न के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इन व्यंजनों का स्वाद ले रहे हैं।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का बेहतर अवसर देते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मिलेट्स आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण, विपणन और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि स्थानीय किसानों और समूहों की आय में वृद्धि हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी पहलुओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषण से भरपूर होते हैं और इन्हें दैनिक आहार में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

मण्डला में दो दिवसीय मिलेट फूड फेस्टिवल का भव्य समापन

श्रीअन्न के स्वाद और सांस्कृतिक छटा ने मोहा नगरवासियों का मन

 

मंडला, 15 फरवरी 2026

मोटे अनाज (श्रीअन्न) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और इसके स्वास्थ्यगत लाभों से आमजन को परिचित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मण्डला तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मिलेट फूड फेस्टिवल का सफलतापूर्वक समापन हुआ। स्थानीय पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस उत्सव में नगरवासियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।

आयोजन के दौरान स्थानीय व्यंजनों की खुशबू और श्रीअन्न (मिलेट्स) के अनोखे स्वाद ने आगंतुकों का दिल जीत लिया। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने न केवल मिलेट्स से बने पारंपरिक और आधुनिक व्यंजनों का आनंद लिया, बल्कि पोषण और पारंपरिक खेती के महत्व के प्रति जागरूकता भी दिखाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि श्रीअन्न हमारी संस्कृति की पहचान होने के साथ-साथ भविष्य का “सुपरफूड” भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए किसानों और आम नागरिकों से मोटे अनाज को अपनी थाली में पुनः स्थान देने का आह्वान किया तथा इसे किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम बताया।

विधायक निवास श्री चैन सिंह वरकडे ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पोषण और परंपरा दोनों को सशक्त बनाते हैं।

इस अवसर पर श्री प्रफुल्ल मिश्रा, श्री जयदत्त झा, श्री विनय मिश्रा, उपसंचालक कृषि अश्वनी झरिया, सहायक संचालक मधु अली, परियोजना अधिकारी श्री अनूप नामदेव, एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण बाजरा, कोदो, कुटकी और अन्य मोटे अनाजों से बने व्यंजनों के स्टॉल रहे, जहां लोगों ने मिलेट्स के विविध स्वादों का अनुभव किया। कला प्रेमियों के लिए बाजरा आधारित रंगोली, बुंदेलखंड का प्रसिद्ध राई नृत्य और जनजातीय संस्कृति का प्रतीक भगोरिया नृत्य विशेष आकर्षण रहे। साथ ही रॉक बैंड की प्रस्तुति और गेमजोन ने युवाओं व बच्चों को उत्सव से जोड़े रखा।

 

मिलेट एंथमका विमोचन

 

कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री कुलस्ते की उपस्थिति में मिलेट्स एंथम “आओ चलो श्री अन्न की ओर” का विमोचन किया गया। गीत के म्यूजिक डायरेक्शन के लिए पारस तिवारी तथा गायन के लिए आयुष उपाध्याय को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 2 वाहन जप्त

 

मंडला, 15 फरवरी 2026

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरूद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियाँ की जा रही है। इसी तारतम्य में प्राप्त शिकायतों के आधार पर हिरदेनगर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान खनिज रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 2 वाहन, वाहन पावर ट्रेक ट्रेक्टर बिना नंबर नीला रंग मय ट्राली एवं नीला रंग पावर ट्रेक ट्रेक्टर बिना नंबर मय ट्राली को खनिज विभाग द्वारा जप्त किया गया।

उक्त संलिप्त वाहन को जप्त कर शासकीय अभिरक्षा में संबंधित चौकी प्रभारी हिरदेनगर की सुपुर्दर्गी में दिया गया। उक्त वाहन के विरूद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। उक्त कार्यवाही खनि निरीक्षक एवं खनिज अमले द्वारा की गई।

 

 

 

 

 

 

माइक्रो बीट पुलिस चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को किया गया जागरूक

 

मंडला, 15 फरवरी 2026

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में 15 फरवरी 2026 को मंडला पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

अभियान के अंतर्गत थाना घुघरी (गोरखपुर) तथा चौकी टाटरी (बरगी), चौकी मनेरी (झुरकी), चौकी अंजनिया (बनिया) एवं चौकी चाबी (साहजर) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

चौपाल कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों का पालन, साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों को समझाइश दी गई कि बैंक व ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related posts

10 जुलाई को आयोजित नेशनल लोक अदालत में विद्युत अधिनियम के प्रकरणों में छूट के संबंध में जानकारी  

Reva India News

जिला जेल मण्डला में किया गया वृक्षारोपण

Reva India News

संकुल प्राचार्यों एवं बीईओ की समीक्षा बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment