मंडला, 22 अप्रैल 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री बिमलेश गुप्ता ने समिति की पिछली बैठक के एजेंडा अनुसार दिए गए टास्क का प्रस्तुतिकरण किया। प्रधानमंत्री राहत योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी एक माह में मुख्यालय के कम से कम निजी चिकित्सालय के इस योजना से संबद्ध करें। प्रशासन के साथ-साथ पुलिस का भी एक मोबाईल नंबर पोर्टल पर रजिस्टर कराएं जिससे समय पर पुलिस को भी प्रकरण की सूचना समय पर प्राप्त हो सके।

हिट एण्ड रन के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि यह संवेदनशील विषय है। इससे संबंधित प्रकरण विशेष परिस्थितियों को छोड़कर दो सप्ताह में निराकृत किए जाने चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्व से लंबित सभी प्रकरण आगामी एक सप्ताह में प्रस्तुत करें। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि एक माह के भीतर राजमार्ग के सभी पुलों की रेलिंग व्यवस्थित कराएं। उन्होंने चिन्हित सभी 10 ब्लेकस्पॉट तथा 34 रेड स्पॉट पर नियमानुसार रोशनी तथा संकेतक लगाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर के एक मात्र ट्रेफिक सिग्नल की चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि इसे रिप्लेस करें। हाईवे सहित विभिन्न सड़कों की क्षतिग्रस्त पुलियों के संबंध में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि मानसून के पूर्व आवश्यकतानुसार इन्हें दुरूस्त कराएं। बैठक में विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को लेकर आने-जाने वाले ऑटो तथा अन्य सवारी वाहनों के संबंध में कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि सभी स्कूलों एवं ऑटो, टेक्सी संचालकों को इसके लिए कड़ाई से समझाईश दें। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, समस्त एसडीएम तथा समिति के सदस्य, जिला अधिकारी मौजूद रहे।

