एकलव्य विद्यालयों में स्थापित किए जाएंगे बायोगैस प्लांट
मैनेजमेंट कमिटी की बैठक आयोजित
मंडला, 24 जुलाई 2026
कलेक्टर एवं एकलव्य विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों की व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि एकलव्य विद्यालयों में बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएं, ताकि रसोई के लिए स्वच्छ एवं किफायती ईंधन उपलब्ध हो सके और विद्यार्थियों के भोजन की व्यवस्था अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो। उन्होंने ऐसे विद्यार्थियों की आभा आईडी शीघ्र बनाने के निर्देश दिए, जिनकी आईडी अभी तक नहीं बनी है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रत्येक तिमाही में विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में प्राचार्यों से विद्यालय संचालन, छात्रावास, भोजन, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, एकलव्य विद्यालयों के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
घुघरा वॉटरफॉल को पर्यटन हब बनाने की अपार संभावना- डीएम
सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से दिए महत्वपूर्ण निर्देश
मंडला, 24 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निवास क्षेत्र स्थित जिले के प्रसिद्ध प्राकृतिक पर्यटन स्थल घुघरा वॉटरफॉल का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं संभावित पर्यटन विकास की संभावनाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि घुघरा वॉटरफॉल मंडला का एक प्रमुख प्राकृतिक आकर्षण है, जिसे पर्यटन हब के रूप में विकसित किए जाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने इस दिशा में विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से आवश्यक विकास कार्य किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही वॉटरफॉल क्षेत्र को ट्रैकिंग प्वाइंट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा। उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर मजबूत रैलिंग लगाने, आवश्यक स्थानों पर चेतावनी एवं मार्गदर्शक सूचना बोर्ड स्थापित करने तथा आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। वर्षाकाल के दौरान बढ़ने वाले जलस्तर एवं फिसलन को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं विकसित होने से घुघरा वॉटरफॉल में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम श्री सीएल वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, नोटिस के निर्देश
सीएचसी, उत्कृष्ट विद्यालय एवं एसडीएम कार्यालय का भी निरीक्षण
कलेक्टर ने किया निवास क्षेत्र का भ्रमण
मंडला, 25 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने निवास क्षेत्र के विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण कर विकास कार्यों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, शैक्षणिक गतिविधियों, पंचायतों की प्रगति एवं राजस्व मामलों की विस्तार से जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने ग्राम झालपानी में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण में भवन निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई तथा वर्ष 2021-22 में स्वीकृत होने के बावजूद कार्य अब तक पूर्ण नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने एसडीएम को संबंधित सीडीपीओ एवं ग्राम सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए कहा।
रिकार्ड में गड़बड़ी पर फार्मासिस्ट को नोटिस
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दवा भंडार एवं अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में दवाओं के वास्तविक स्टॉक एवं रिकॉर्ड में अंतर पाए जाने पर उन्होंने स्टोर फार्मासिस्ट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही दवाओं के स्टॉक एवं अभिलेखों का नियमित मिलान करने, रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा दवा प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।
इसके पश्चात उन्होंने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, निवास का निरीक्षण किया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलांजना दुबे ने बताया कि विद्यालय में प्रोजेक्ट संकल्प के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर प्रोजेक्ट संकल्प के संबंध में उनका फीडबैक लिया और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं मेहनत से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
इसके बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत निवास का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर पंचायतों में विधायक निधि से संचालित कार्यों की प्रगति तथा पंचायतों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद को नियमित रूप से स्वयं क्षेत्र का भ्रमण करने, विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने एसडीएम कार्यालय, निवास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयीन एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।
निवास क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, एसडीएम श्री सीएल वर्मा, जनपद सीईओ श्रीमती श्रद्धा चौबे सोनी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सुनील दुबे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशामुक्त ग्राम पंचायत को 26 जनवरी पर 1 लाख रुपये से किया जाएगा सम्मानित
अनुविभाग स्तरीय समिति की बैठक में हुई चर्चा
मंडला, 24 जुलाई 2026
नशामुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान के अंतर्गत अनुविभाग स्तरीय समिति की बैठक शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती सोनल सिडाम ने की। बैठक में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई, अभियान के प्रथम चरण में नर्मदा नदी के किनारे स्थित ग्राम पंचायतों का चयन कर वहां नशामुक्ति हेतु विशेष गतिविधियां संचालित करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम श्रीमती सिडाम ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में नशामुक्ति अभियान के क्रियान्वयन, निगरानी एवं जनजागरूकता के लिए ग्राम स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। जो ग्राम पंचायत नशामुक्त घोषित होगी, उसे 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासन द्वारा 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। समिति द्वारा अभियान के प्रथम चरण के लिए ग्राम पंचायत मधुपुरी का चयन किया गया।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, तहसीलदार मण्डला, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, खण्ड परियोजना अधिकारी, विकासखण्ड समन्वयक जन अभियान परिषद, सामाजिक न्याय विभाग से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी तथा ग्राम पंचायत मधुपुरी के सचिव उपस्थित थे। एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए।
बीएलबीसी बैठक में की गई शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों की समीक्षा
मंडला, 24 जुलाई 2026
जिले के बीजाडांडी एवं नारायणगंज विकासखंडों में 23 जुलाई को ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बीजाडांडी में बैठक दोपहर 1 बजे तथा नारायणगंज में शाम 4 बजे जनपद पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई। दोनों बैठकों की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सुजय कुमार ने की। बैठक में बैंक शाखा प्रबंधकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठकों में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना को सैचुरेशन मोड में संचालित कर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में बैंक शाखा प्रबंधकों एवं विभागीय अधिकारियों ने शासन की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
भपसा में प्रशासन आपके द्वार शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान
मंडला, 24 जुलाई 2026
मंडला विकासखंड की ग्राम पंचायत भपसा में शुक्रवार को प्रशासन आपके द्वार जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने भपसा से भपसाटोला तक पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण, आंतरिक सड़क एवं नाली निर्माण, 4-5 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा मटियारी नहर से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए पटवारी को निर्देशित किया। साथ ही वर्षा ऋतु को देखते हुए सर्पदंश और डायरिया से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान उचित मूल्य दुकान, आंगनवाड़ी केंद्र और माध्यमिक शाला भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
25 जुलाई को जिलेभर में मनाया जाएगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस
मंडला, 24 जुलाई 2026
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में गर्भवती महिलाओं को बेहतर प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा हाई रिस्क गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 25 जुलाई 2026 को जिलेभर के स्वास्थ्य संस्थानों में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं महिला चिकित्सा अधिकारी गर्भवती महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच और परामर्श प्रदान करेंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच सुनिश्चित करना, हाई रिस्क गर्भावस्था की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे 25 जुलाई को अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अभियान का लाभ अवश्य लें।
औषधीय फसलों से बदलेगी किसानों की किस्मत
टाटरी में काली तुलसी, अश्वगंधा और मुनगा की खेती का लाइव डेमो
उद्यान विभाग ने कृषकों को दिया तकनीकी प्रशिक्षण, अतिरिक्त आय के लिए प्रेरित किया
मंडला, 24 जुलाई 2026
किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें पारंपरिक फसलों के साथ-साथ औषधीय फसलों की खेती से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड नैनपुर के ग्राम टाटरी में कृषकों को औषधीय फसलों की खेती हेतु तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
उद्यानिकी विभाग की टीम ने कृषक श्री सत्येंद्र उइके, पिता स्व. श्री संजय उइके के खेत पर पहुंचकर काली तुलसी, अश्वगंधा और मुनगा की खेती के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री दीपा कुलेश, सहायक संचालक आत्मा श्रीमती अंजू कुड़ापे एवं वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री पंकज मरकाम उपस्थित थे।
खेत पर दिया लाइव डेमो
अधिकारियों ने औषधीय फसलों की बुवाई का सही तरीका, बीज उपचार, मिट्टी की तैयारी, सिंचाई और रखरखाव की तकनीकें खेत पर जाकर व्यावहारिक रूप से समझाईं और डेमो के माध्यम से दिखाया। सहायक संचालक सुश्री कुलेश ने बताया कि काली तुलसी, अश्वगंधा और मुनगा जैसी औषधीय फसलों की बाजार में अच्छी मांग है। इन फसलों से कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। इससे विशेष रूप से छोटी जोत वाले किसानों को अतिरिक्त आय होगी और पलायन में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसान परंपरागत फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी एवं औषधीय फसलों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करें। विभाग द्वारा इसके लिए तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन लगातार दिया जाएगा।
कृषक श्री उइके ने विभागीय अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन की सराहना की और औषधीय फसलों की खेती करने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि वह 12 एकड़ भूमि पर इस वर्ष औषधीय फसल लगा रहे हैं। इस अवसर पर निजी संस्था के श्री सुरेंद्र गुप्ता के अलावा गांव के अन्य प्रगतिशील किसान भी उपस्थित रहे।
