Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा पहुंची मंडला, भारतीय जनता पार्टी ने किया भव्य स्वागत…….. सेवा-सुशासन और जनभागीदारी का दिया संदेश  

                                               मंडला। वडनगर से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा ग्रामीण मंडल मंडला अंतर्गत ग्राम पंचायत जारगी पहुंची। यहां यात्रा में शामिल बाइकर्स और यात्रियों का भारतीय जनता पार्टी के द्वारा स्वागत किया। इस दौरान शंकर शाह और रघुनाथ शाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, गुजरात के बारडोली से सांसद श्री प्रभु वसावा और भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। यहां ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि सेवा और जनभागीदारी से ही समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। सरकार गरीब, किसान, श्रमिक और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। यात्रा के माध्यम से योजनाओं की जानकारी और जनसंवाद को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और राष्ट्रहित के भाव से जोड़ने का अभियान है। कार्यकर्ता यात्रा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों से संवाद

यात्रा के दौरान मोहन टोला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी में हितग्राहियों से संवाद किया गया। गुजरात के बारडोली लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री प्रभुभाई वसावा ने भी हितग्राहियों से उनके अनुभव जाने। प्रभारी मंत्री एवं सांसद ने आवास योजना के तहत मिले लाभ, आवास निर्माण और योजना से जीवन में आए बदलाव की जानकारी ली। हितग्राहियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से उन्हें कच्चे घर की परेशानियों से राहत मिली है। बारिश सहित मौसम की विपरीत परिस्थितियों में परिवार को सुरक्षित छत मिली और जीवन में स्थायित्व आया है। इस दौरान प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है। वहीं संपतिया उईके ने कहा कि जिन परिवारों के लिए पक्का मकान सपना था, उन्हें योजना के माध्यम से सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला है। सांसद प्रभुभाई वसावा ने भी हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।

रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा के मंडला पहुंचने पर यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बाइकर्स ने रेवांचल पार्क स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती के साहस, शौर्य, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया गया। इस दौरान सांसद प्रभु भाई वसावा ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनकी वीरता और बलिदान आज भी समाज को प्रेरणा देता है। सेवा संकल्प यात्रा के दौरान रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर नमन कर उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

सरदार पटेल कॉलेज में युवा संवाद

यात्रा के दौरान सरदार पटेल कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों और बाइकर्स ने कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, युवा सहभागिता और भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा की। विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नर्सिंग छात्राओं से भी विशेष संवाद किया गया। छात्राओं से उनकी पढ़ाई, आवश्यकताओं और शिक्षा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, गुजरात के बारडोली से सांसद श्री प्रभु वसावा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, सरदार पटेल विश्व विद्यालय के कुलाधिपति इंजी. दिवाकर सिंह, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति विरेश्वर सिंह, विंध्य शिक्षा समिति प्राचार्य आशीष ज्योतिषी, नगर अध्यक्ष रानू राजपूत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष आशीष ज्योतिषी, कार्यक्रम प्रभारी विकास यादव उपस्थित रहे।

श्रमिकों से संवाद, पौधरोपण और सहभोज

सेवा संकल्प बाइक यात्रा के तहत निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर, ग्राम खैरी में श्रमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल और कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने श्रमिकों से चर्चा कर उनकी दिनचर्या, कार्य और शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। सांसद प्रभुभाई वसावा ने भी श्रमिकों से संवाद किया। इस अवसर प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल जी ने कहा कि श्रमिक देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों और उनके परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले। संपतिया उईके ने कहा कि श्रमिकों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संवाद के बाद प्रभारी मंत्री, कैबिनेट मंत्री, सांसद, बाइकर्स और अन्य अतिथियों ने श्रमिकों के साथ बैठकर सहभोज किया। श्रमिकों का सम्मान भी किया गया। इस दौरान सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

स्वच्छता मित्रों से संवाद, उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान

नगर पालिका टाउन हॉल में स्वच्छता मित्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और सांसद प्रभु भाई वसावा ने स्वच्छता मित्रों से संवाद कर उनके कार्य और अनुभवों की जानकारी ली। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को सम्मानित किया गया। संपतिया उईके ने कहा कि स्वच्छता मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। सांसद प्रभु भाई वसावा ने भी स्वच्छता मित्रों के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में स्वच्छता मित्रों ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। इस दौरान श्रमिकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

समर्पण के 25 वर्ष सेवा संकल्प यात्रा पहुंचेगी मण्डला……. बाईकर्स राईडर का दो दिवसीय मंडला प्रवास……………

Reva India News

कांग्रेस के चार आदिवासी विधायकों ने दिन भर भूखे रहकर किया लोकतांत्रिक प्रदर्शन विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश घोषित न होने से आदिवासी समाज में बढ़ा आक्रोश

Reva India News

सभी शासकीय सेवक वाहन चलाते समय करें हेलमेट का उपयोग

Reva India News

Leave a Comment