मंडला, 7 अक्टूबर 2026
राष्ट्रीय कृमिमुक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ शहरी क्षेत्र मंडला के सुभाष वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 में किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा द्वारा बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान की शुरुआत की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 9 अक्टूबर 2026 को मॉप-अप दिवस का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण से बच्चों का शारीरिक एवं बौद्धिक विकास प्रभावित होने के साथ ही संक्रमित हितग्राहियों के पोषण एवं अवशोषण स्तर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

अभियान के तहत शासकीय एवं निजी स्वास्थ्य केंद्रों, आदिवासी आश्रम शालाओं, स्नातक महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षा केंद्रों, मदरसों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत संचालित चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 20 से 49 वर्ष की प्रजनन आयु वर्ग की गैर-गर्भवती महिलाओं को कृमिनाशन की दवा दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने 1 से 19 वर्ष के सभी बच्चों तथा 20 से 49 वर्ष की गैर-गर्भवती महिलाओं से अभियान में शामिल होकर एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।
