Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने किया भुआ बिछिया क्षेत्र का भ्रमण शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण व्यवस्थाओं का लिया जायजा मशरूम उत्पादन कर रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा  

मंडला, 30 अक्टूबर 2026

जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बिछिया क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं एवं विभागीय गतिविधियों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भुआ बिछिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दिए जा रहे उपचार, दवाइयों की उपलब्धता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछिया का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 02 चर्राटोला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही पोषण सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों एवं गर्भवती तथा धात्री महिलाओं को शासन के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पोषण सेवाओं का लाभ नियमित रूप से मिले। कुपोषण की स्थिति में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।

इसी क्रम में उन्होंने शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों के रहने, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्रावास में निवासरत बच्चों की सुविधाओं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए। बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा निर्धारित डाइट प्लान के अनुसार उन्हें पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने लपटी क्षेत्र में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से समूह के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियों, उनके उत्पादन एवं आर्थिक लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं द्वारा की जा रही मशरूम खेती का अवलोकन किया तथा उत्पादन की प्रक्रिया और इससे होने वाली आय के संबंध में चर्चा की। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियां महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने ऐसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भ्रमण के दौरान सामने आने वाली व्यवस्थागत कमियों एवं आवश्यकताओं पर गंभीरता से ध्यान देते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को शासकीय सेवाओं का सहज और बेहतर लाभ मिल सके। इस दौरान एसडीएम बिछिया श्री कुलदीप पटेल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts

अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना पर 25 हजार रूपये नगद पुरूस्कार

Reva India News

रोल प्रेक्षक विशेष गहन पुनरीक्षण गतिविधियों की लेंगे समीक्षा बैठक 22 जनवरी को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों एवं ईआरओ की बैठक में होंगे शामिल

Reva India News

एनपीएस अंतर्गत मिसिंग क्रेडिट के निराकरण के लिए विशेष अभियान

Reva India News

Leave a Comment