मण्डला 19 अक्टूबर 2020
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विभागवार निराकरण की गई शिकायतों की आंकड़ेवार जानकारी मांगी। श्रीमती सिंह ने ऐसे विभाग जिनकी शिकायतें पिछले सप्ताह की तुलना में बढ़ी हैं, से जवाब-तलब किया। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 18 से 21 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे किशोरी जागरूकता शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने किशोरी जागरूकता शिविर में किशोरी बालिकाओं व महिलाओं को आत्मरक्षा, स्वच्छता, कोविड-19 से बचाव, मजदूरी के बाहर जाने पर स्वयं की सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले उपाय आदि की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने समय सीमा बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को 21 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्रों में संचालित होने वाले किशोरी जागरूकता शिविरों में जाकर उपरोक्त विषयों से संबंधित जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में जाकर बालिकाओं, उनके माता-पिता तथा जागरूक लोगों को व्यक्तिगत सुरक्षा एवं स्वच्छता पर आधारित सामान्य जानकारी देने की बात कही।
कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि से पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के प्रकरण, आत्मा परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी तथा जिले के लिए आवश्यक बीज की मांग तत्काल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने उपसंचालक कृषि को यूरिया के अग्रिम भंडारण की स्थिति के बारे में पूछा तथा अग्रिम भंडारण को सुरक्षित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने पशुपालन विभाग द्वारा बनाए जा रहे किसान क्रेडिट कार्डों की प्रगति एवं डाटा एन्ट्री की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को 25 अक्टूबर तक शतप्रतिशत डाटा एन्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने उपार्जन के बारे में चर्चा करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम एवं मार्कफेड से भुगतान की स्थिति के बारे में विस्तार से जाना। उन्होंने माह अक्टूबर के खाद्यान्न उठाव की स्थिति तथा वितरण के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने मॉडल स्कूल तथा गणवेश के बारे में बात करते हुए जेईई तथा अन्य परीक्षाओं के लिए आयोजित किए जा रहे ऑनलाईन कक्षाओं के बारे में सवाल किए। उन्होंने साईंस लैब के बारे में बात की। श्रीमती सिंह ने सेमफ्री मंडला अभियान की समीक्षा करते हुए विगत सप्ताह की तुलना में वजन बढ़ने वाले बच्चों तथा स्थिर वजन वाले बच्चों के स्वास्थ्य में आए सकारात्मक परिवर्तन के बारे में जाना। उन्होंने ज्ञानालय कार्यक्रम पर भी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को एनआरसी केन्द्रों में जरूरतमंद बच्चों को तत्काल भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना कारण एनआरसी केन्द्रों के बिस्तर खाली न रहे।
कलेक्टर ने जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कोरोना के प्रतिदिन लिए जा रहे सेम्पल्स के बारे में आंकड़ेवार जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने जिले की होम आईसोलेशन की स्थिति पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन के दौरान मरीजों के लिए जरूरी किट को उपलब्ध कराते रहें। कलेक्टर ने वनाधिकार अधिनियम के अंतर्गत पट्टे प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को पट्टाधारी हितग्राहियों के साथ चर्चा कर उनकी जरूरत एवं पात्रता के अनुसार लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने मवई की 23 पंचायतों में भी योजनाओं का लाभ देने निर्देशित किया।
श्रीमती सिंह ने दुर्गा उत्सव के दौरान पंडालों में कोरोना से बचने के उपायों की जानकारी देने वाले बैनर एवं पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ एवं सीएमओ नगरपालिका को मॉस्क के उपयोग, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की जानकारी पर आधारित पोस्टर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्य नगरीय निकाय भी अपने क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के पंडालों में कोरोना जागरूकता के पोस्टर लगाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्गा उत्सव आयोजन समितियां ये स्वयं सुनिश्चित करेगी कि पंडाल में कोई भी व्यक्ति बिना मॉस्क के प्रवेश नहीं करेगा। आयोजन समितियां पंडाल में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने जरूरी व्यवस्थाएं एवं सेनेटाईजर आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी। बैठक में एडीएम मीना मसराम, अनुविभागीय दंडाधिकारी मंडला प्रथम कौशिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
