मण्डला 23 अक्टूबर 2020
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बिछिया अनुविभाग के अंतर्गत घुटास क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। उन्होंने बिछिया के को-ऑपरेटिव गोदाम का औचक निरीक्षण करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से उपार्जन की प्रक्रिया के बारे में चर्चा की। श्रीमती सिंह ने गोदाम से परिवहन संबंधी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घुटास क्षेत्र के अंतर्गत कोको ग्राम में स्व-सहायता समूह के माध्यम से संचालित इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे पोषक पदार्थ, कोदो-कुटकी से संबंधित उत्पाद के बारे में विस्तार से जाना। श्रीमती सिंह ने समूह की महिलाओं द्वारा बनाई जा रही बिस्कुट, पैकिंग तथा विक्रय के बारे में चर्चा की। उन्होंने समूह की महिलाओं से उनके प्रशिक्षण कार्य, इकाई का कुल उत्पादन तथा समय-समय पर होने वाली आय के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित वस्त्र निर्माण इकाई का भी जायजा लिया। उन्होंने सिलाई मशीन, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा तैयार की जा रही सामग्री एवं इसके विक्रय पर जरूरी सुझाव भी दिए।

श्रीमती सिंह ने घुटास क्षेत्र में फसलों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कृषि अधिकारियों से क्षेत्र में फसल की स्थिति तथा कुल रकबे के बारे में पूछा। उन्होंने क्षेत्र की सिंचित तथा असिंचित भूमि के बारे में जानकारी लेते हुए आगामी रबी के दौरान बोई जाने वाली फसलों के बारे में चर्चा की। कलेक्टर ने ग्राम दूबा में निर्मित मुख्यमंत्री गौशाला का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए गौशाला को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशाला में पशुओं तथा उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। आस-पास की पंचायतों से बात कर गौशाला के संबंध में जानकारी भी दें। श्रीमती सिंह ने ग्राम पंचायत बर्रई एवं भांडा में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बनाए गए सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बर्रई उप स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण करते हुए एएनएम से ग्राम पंचायत में टीकाकरण, मलेरिया आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्रामीणों से क्षेत्र में पीडीएस की दुकानों के संचालन एवं राशन वितरण से संबंधित जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम सुलेखा उईके सहित संबंधित उपस्थित थे।
