मण्डला 28 मई 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कोविड वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में वैक्सीनेशन को बढ़ाने के लिए जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक वृहद प्रयास करें। सभी एसडीएम, सीईओ जनपद तथा बीएमओ वैक्सीनेशन के लिए मिलकर माईक्रोप्लान बनाएंगे। इसी प्रकार पंचायतों में वैक्सीनेशन से संबंधित भ्रांतियों को दूर करें। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी पंचायतों में आगामी 2 दिनों में संकट प्रबंधन समितियों की बैठक सुनिश्चित की जाए। बैठक में कोविड वैक्सीनेशन को बढ़ाने तथा कोरोना कर्फ्यू के संबंध में आगामी कार्ययोजना पर चर्चा कर निर्णय करें। कलेक्टर ने कहा कि संकट प्रबंधन समितियों की बैठक में कोविड वैक्सीनेशन को बढ़ाने तथा गांवों में वैक्सीनेशन से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने के संबंध में विशेष तौर पर रणनीति बनाएं।
श्रीमती सिंह ने कोविड वैक्सीनेशन को बढ़ाने के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि स्थानीय भाषा में वैक्सीनेशन से संबंधित ज्यादा से ज्यादा जनजागरूकता का कार्य करें। उन्होंने गांव के पढ़े-लिखे, प्रतिष्ठित तथा गणमान्य लोगों को प्राथमिकता के साथ कोविड वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति स्वयं टीकाकरण करने के बाद जनसामान्य को भी प्रेरित करेंगे तथा प्रशासन का सहयोग करेंगे। श्रीमती सिंह ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि गांवों में कोविड वैक्सीनेशन से संबंधित भ्रांतियों का वैज्ञानिक आधार पर विश्लेषण करें। इसी प्रकार फ्लैक्स, बैनर आदि के माध्यम से निचले स्तर तक वैक्सीन के प्रति जागरूकता लाएं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना वॉलेंटियर्स की समझाईश टोली बनाएं। इसी प्रकार महिला बाल विकास विभाग एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा महिलाओं को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें तथा कोटवार, सचिव, जीआरएस एवं किसान मित्रों के माध्यम से पुरूष वर्ग को वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करें।
बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम से कोविड वैक्सीनेशन के प्रचार-प्रसार तथा नवाचार के संबंध में सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को कोविड वैक्सीनेशन की अलग-अलग उम्र और पूर्ण हुए वैक्सीनेशन के आधार पर वर्गीकृत करें। ऐसी शीर्ष 10 पंचायतों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा जिनमें कोविड वैक्सीनेशन का प्रतिशत 90 से अधिक रहा है। इन पंचायतों में अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेष प्राथमिकता सुनिश्चित की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि वैक्सीनेशन सेंटर में स्वास्थ्य जांच, पीने का पानी, हवा तथा बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैगा टोले, वनग्रामों में टीकाकरण को बढ़ावा देने स्थानीय एनजीओ की मदद लें। इसी प्रकार मैदानी शासकीय अमले के माध्यम से जनजागरूकता प्रसारित करें। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि टीकाकरण को बढ़ाने मैदानी अमले को सक्रिय रखें। फ्लैक्स, बैनर के माध्यम से स्थानीय भाषा में प्रचार-प्रसार करें। टीकाकरण से संबंधित भ्रांति या डर को वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर दूर करें। इसी प्रकार आगामी बारिश के मद्देनजर होने वाली बीमारियों के लिए भी तैयारी रखें। टीकाकरण को बढ़ावा देने स्थानीय संगठनों से बात करें।
