प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित
सीएम श्री चौहान ने सिंगल क्लिक से किया राशि का अंतरण
मण्डला 28 अगस्त 2021
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत् ऑनलाईन सहायता राशि प्रदान की गई। खण्डवा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के हितग्राहियों के खाते में 627 करोड़ रूपए का स्थानांतरण किया। मंडला सहित सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत हितग्राही संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय के टाऊनहॉल में हितग्राही संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक मंडला श्री देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर मीना मसराम, नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, अनुराग चौरसिया, पार्षदगण, संबंधित अधिकारी तथा हितग्राही उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय का वितरण किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। इसी प्रकार गरीबों का जीवन स्तर सुधारने एवं बेहतर करने के लिए भी प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम को सांसद श्री वीडी शर्मा ने भी भोपाल से सजीव प्रसारण के माध्यम से संबोधित किया।
जिले के 531 हितग्राहियों को 335 लाख रूपए की राशि वितरित
टाऊनहॉल में आयोजित कार्यक्रम का अतिथियों द्वारा परंपरागत् शुभारंभ किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योजना से लाभान्वित हितग्राहियों को बधाई दी तथा योजना के लिए पात्र शेष हितग्राहियों को शीघ्र लाभ देने की जानकारी दी। कार्यक्रम में अनुराग चौरसिया ने प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के लिए निर्धारित किस्त की राशि बढ़ाने का आग्रह किया। टाउनहॉल में आयोजित कार्यक्रम को पार्षदगणों ने भी संबोधित किया। नगरपालिका मंडला के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के 11 हितग्राहियों का गृहप्रवेश किया गया। साथ ही नवीन आवासों के लिए भूमिपूजन का कार्य भी किया गया। टाउनहॉल में आयोजित कार्यक्रम में 27 हितग्राहियों को तृतीय किस्त तथा 5 हितग्राहियों को द्वितीय किस्त की राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार मंडला सहित समस्त नगरीय निकायों में 531 हितग्राहियों को 335 लाख रूपए की राशि वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण वर्मा ने किया।
1 सितम्बर से 6वी से 12वी कक्षाएं 50 प्रतिशत क्षमता के साथ होगी प्रारंभ
उपसचिव म.प्र. शासन स्कूल शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड-19 महामारी के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय स्कूलों को खोलने संबंधी समसंख्यक निर्देश 23 जुलाई 2021 के द्वारा कक्षा 9 से 12वीं तक की कक्षाओं को प्रति कक्षा अधिकतम सप्ताह में 2 दिवस (50 प्रतिशत क्षमता के साथ) संचालन की अनुमति प्रदान की गई थी। उन्होंने बताया कि इस निर्देश के अनुक्रम में राज्य शासन एतद द्वारा 1 सितंबर 2021 से सप्ताह के समस्त कार्य दिवसों में कक्षा 6 से 12 वीं तक सभी कक्षाओं के लिए 50 प्रतिशत क्षमता के साथ विद्यालय संचालन हेतु अनुमति प्रदान करता है।
शालाओं के संचालन हेतु निर्धारित शर्तों का पालन होगा अनिवार्य
शालाओं में कार्यरत् समस्त स्टॉफ को टीके का कम से कम 01 डोज लगा हो। यदि किसी स्टॉफ द्वारा 1 भी डोज का टीकाकरण नही करवाया गया हो तो संबंधित को तत्काल टीकाकरण कराना होगा। अभिभावकों की सहमति से विद्यार्थी उपस्थित हो सकेंगे। प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शाला प्रमुख अपने स्तर से विद्यार्थी संख्या एवं उपलब्ध अधोसंरचना के आधार पर कोविङ-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कक्षावार शालाएं संचालन के संबंध में निर्णय ले सकेंगे। शालाओं में कक्षावार नियत दिवसों के अतिरिक्त अन्य दिवसों में ऑनलाईन कक्षाएं पूर्ववत संचालित की जा सकेंगी। दूरदर्शन एवं व्हाटसऐप ग्रुप पर शैक्षिक सामग्री का प्रसारण पूर्ववत जारी रहेगा। स्कलों में भारत सरकार, राज्य स्तर से जारी समय-समय पर जारी एसओपी एवं कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेला का आयोजन 31 अगस्त को
जिला रोजगार अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियाँ (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अगस्त को कैम्पस ड्राईव का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय मंडला के परिसर में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक किया गया है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
जिले में अब तक 687.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 28 अगस्त के दौरान 687.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1038.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 351.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
बरसात में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने एडवाईजरी में कहा है कि बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाइड, डायरिया जैसी बीमारियाँ होती हैं। बीमारियों से सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वस्थ रहें। उन्होंने बताया कि उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पिंए (उबला पानी, आरो का पानी, फिल्टर, हैण्डपम्प का पानी छानकर पिएं) कुएं, नदी, नाला का पानी न पिएं, पानी क्लोरीनेशन करके ही पानी पिएं, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासी खाना न खाएं, मांस का बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता रखें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोंएं, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोऐं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोंऐं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि उपचार के लिए डॉक्टर के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्युराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी (माड) तथा तरल पदार्थ अधिक मात्रा में सेवन करें। इसी प्रकार दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जनसमुदाय को एडवाइजरी में कहा है कि बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, फायलेरिया (हाथी पांव) जैसे गंभीर बीमारी होती हैं। गंदा पानी, नाली, गड्ढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लार्वा से अण्डें पनपते हैं। मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू का लार्वा साफ पानी में पैदा होता है जैसे कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लार्वा पनपते हैं। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया का वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है जिससे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया से बचने के लिए घर के आस-पास सफाई रखें, पानी इक्ट्ठा न होने दें, गड्ढों को भरें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें, इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी के पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच कराएं। बुखार आने पर नजदीकि अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जांच करायें और दवायें प्राप्त करें।
पशुधन संजीवनी योजना
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1962 पशुधन संजीवनी योजनांतर्गत आकस्मिक एवं घर पहूँच सेवा के माध्यम से पशुपालकों को पशु चिकित्सा सुविधायें जैसे- पशु उपचार, टीकाकरण, बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। शासन का उद्देश्य है कि पशुपालकों को अब ये सुविधायें घर पर ही प्राप्त हों, जिसके लिए शासन ने 150 रूपए प्रति पशु सेवा शुल्क निर्धारित किया है। उन्होंने जिले के समस्त पशुपालकों से अनुरोध किया है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। लाभ हेतु टोल फ्री नम्बर 1962 में कॉल कर सकते हैं।
पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय खुलने का समय प्रातः 9 बजे शाम 4 बजे तक है, इस अवधि में पशुपालक अपने पशु उपचार के लिए संबंधित संस्था में ला सकता है। यदि औषधालय लाना संभव नहीं है तो विभाग द्वारा संचालित कॉल सेंटर नंबर 1962 पर फोन कर अपने पशुओं का उपचार अपने घर पर करवा सकते हैं। उपचार के लिए विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क 150 रूपए है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला ने खोला न्याय का द्वार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब प्रत्येक शनिवार जनउपयोगी लोक अदालत में होगा हर समस्या का निराकरण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला ने विभिन्न समस्याओं से परेशान लोगों के लिए न्याय का द्वार खोला है प्राधिकरण के जिला न्यायाधीश, सचिव श्रीमती डॉ० प्रीति श्रीवास्तव ने जिले के आमजनों से अपील की है कि जनसेवा और उन्हें उचित न्याय प्रदान करने जनउपयोगी लोक अदालत का प्रत्येक सप्ताह शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिसर मण्डला में आयोजित की जाती है जहां हर वह व्यक्ति जो समस्याओं को लेकर परेशान है, न्याय के लिए लोक अदालत में आ सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर मण्डला में आयोजित जनउपयोगी लोक अदालत में हर शनिवार को जिले के लोग सड़कों पर जल जमाव, नालियों की समस्या, अवैध निर्माण, सड़कों के किनारे कचरा डिब्बा स्थापित नहीं किये जाने की समस्या, लोक स्थानों में किसी व्यक्ति, कंपनी द्वारा कचरा फेके जाने, सामान्य स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे, कीड़ों को मारने या भगाने के लिए रसायन का छिड़काव नहीं करने, विद्युत या जल कनेक्शन में देरी या अनुपलब्धता, असुरक्षित या खतरनाक बड़े हुए पेड़ों, झाड़ियों, विद्युत, जल कनेक्शन को अवैधनिक तरीके से काटे जाने, अनियमित आपूर्ति संबंधी परेशानी, कनेक्शन हस्तांतरण में देरी, दूषित पेयजल, मीटर वाचक द्वारा विद्युत यूनिट का गलत वाचन किये जाने, स्ट्रीट लाईट के संबंध में, टेलिफोन, इंटरनेट सेवा में कमी, डाक विभाग, कोरियर सेवा द्वारा गलत पते विलंब से डाक प्रेषित किये जाने, फोन इंटरनेट कनेक्शन हेतु आवेदन दिये जाने के बाद भी कनेक्शन नहीं दिये जाने, वायु, सड़क, जल मार्ग से यात्रियों अथवा माल परिवहन सेवा, अंतिम समय पर वैद्य टिकट और उचित चेकइन वाले यात्रियों का अत्यधिक बुकिंग या अज्ञात कारणों से बोर्डिग से वंचित किये जाने, सड़क के अवरोध, सड़कों एवं जल निकासी की खराब सफाई से बीमा कपनियों द्वारा दावे के निपटारे में विलंब आदि इन समस्याओं के शीघ्र एवं निःशुल्क निराकरण के लिए जन उपयोगी लोक अदालत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय परिसर मण्डला में आवेदन कर समस्याओं का वैधानिक निराकरण करा सकते हैं।
जनउपयोगी लोक अदालत में जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती डॉ0 प्रीति श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत प्रकरणों पर सुनवाई की गई।
