उज्ज्वला योजना के शेष पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर लाभ दें – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने ली प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 की बैठक
मण्डला 27 अगस्त 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना 2.0 के क्रियान्वयन से संबंधित विस्तृत बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि योजना के नए दिशा-निर्देशों का अध्ययन करते हुए नई पात्रता एवं शर्तों के अनुसार पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन प्रारंभ करें। नए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने के पश्चात् उन्हें अनिवार्यतः योजना का लाभ देना सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आगामी 7 सितम्बर को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जाना है। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह तक हितग्राहियों का चिन्हांकन मिशन मोड पर सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0 के नए हितग्राहियों के चिन्हांकन के लिए कैम्प आयोजित करें। मैदानी स्तर पर योजना के लाभ के लिए निर्धारित शर्तें, जरूरी दस्तावेज, घोषणा पत्र, बैंक खाते, आधार अपडेशन एवं अन्य प्रक्रिया की विस्तृत जानकारियाँ प्रसारित करें। खाद्य विभाग मैदानी अमले एवं स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ समन्वय करते हुए नए पात्र हितग्राहियों को जरूरी जानकारियाँ दें एवं उन्हें उज्ज्वला योजना का लाभ देना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार मुनादी, फ्लैक्स, बैनर तथा पब्लिक अनाउंसमेंट के माध्यम से योजना से संबंधित जन-जागरूकता प्रसारित करें।
श्रीमती सिंह ने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन फार्म भी पर्याप्त संख्या में स्थानीय अमले के पास एवं जनपद कार्यालयों में उपलब्ध रहे। पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन के पश्चात उनकी सूची संधारित करते हुए उन्हें लाभ देने की कार्यवाही जारी रखें। कलेक्टर ने सीएमओ नगरपालिका को नगरीय क्षेत्र में वार्ड प्रभारियों के माध्यम से योजना के प्रचार-प्रसार सहित पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करते हुए योजना का लाभ देने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों के चिन्हांकन के लिए कैम्प लगाएं। बैठक में सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित थे।
आज प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि 28 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न स्तरों पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के नगरपालिका अधिकारी कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गृह प्रवेश कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
’आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे सांस्कृतिक
एवं जागरूकता कार्यक्रम
’आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में सूचना प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा 23 अगस्त से 29 अगस्त 2021 तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर देश प्रेम की भावना का संदेश दिया जा रहा है। सूचना प्रसारण मंत्रालय के गीत एवं नाटक प्रभाग के पंजीकृत दल भारती कला संगम जबलपुर के कलाकारों द्वारा आज ग्राम पदमी विकासखंड मंडला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से संदेश दिया गया। ’आजादी का अमृत महोत्सव’ पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों का स्मरण कर देशभक्ति का भाव जागृत करने के साथ, गुमनाम शहीदों को याद किया जा रहा है। फील्ड आउटरीच ब्यूरो मंडल एवं नेहरू युवा केंद्र मंडला के संयोजन में आजादी का अमृत महोत्सव पर सांस्कृतिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र मंडला के कार्यक्रम सहायक दारा सिंह चौधरी एवं अजय बैस ने बताया कि फील्ड आउटरीच ब्यूरो मंडला एवं जिला युवा अधिकारी प्रतीक सिन्हा के मार्गदर्शन में कलाकारों द्वारा गीत एवं नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया है। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि गांव के सरपंच सचिव एवं ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 28 अगस्त को रात्रि 8 बजे जबलपुर से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 9:30 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 29 अगस्त को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे। वे प्रातः 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री श्री कुलस्ते दोपहर 12 बजे मंडला से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।
राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 30 अगस्त को प्रातः 10 बजे डिंडोरी से मोहगांव जिला मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12 बजे मोहगांव पहुंचकर नल-जल योजना के प्रथम चरण का उद्घाटन में शामिल होंगे। वे दोपहर 2 बजे मोहगांव से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 3 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते सायं 7 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 8 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 31 अगस्त को प्रातः 9 बजे जेवरा से शहपुरा जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे।
मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं संशोधन से संबंधित बैठक 31 को
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के अंतर्गत प्रारूप प्रकाशन के पूर्व मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण करने के निर्देश दिये गये हैं। आयोग के उक्त निर्देशों के पालन में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, संशोधन के संबंध में 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे कार्यालय कलेक्टर सभाकक्ष (गोल मेज) में बैठक आहुत की गई है।
चाईल्ड लाईन के तहत् प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
चाइल्ड लाइन मण्डला के द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंजनिया में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चाइल्ड लाइन टीम द्वारा किशोर न्याय अधिनियम एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदाय की गई। साथ ही साथ बच्चों को सुरक्षा हेतु चाइल्ड लाइन 1098 के बारे में जानकारी प्रदाय की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षकगण, बच्चे एवं चाइल्ड लाइन टीम उपस्थित थे।
रोजगार मेला का आयोजन 31 अगस्त को
जिला रोजगार अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियाँ (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अगस्त को कैम्पस ड्राईव का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय मंडला के परिसर में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक किया गया है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
ऑनलाईन छात्रवृत्ति आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि समस्त शासकीय, अशासकीय संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है, कि पिछड़ा वर्ग पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु संचालित मध्यप्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 शैक्षणिक सत्र 2020-21 पर विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाईन छात्रवृत्ति आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2021 निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समयावधि में छात्रवृत्ति आवेदन भरना सुनिश्चित करें।
जिले में अब तक 687.1 ममी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 27 अगस्त के दौरान 687.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 957.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 270.8 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
