Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने भंवरदा एवं सकवाह कला में देखा जल-जीवन मिशन की प्रगति  

मण्डला 14 अक्टूबर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पंचायत भंवरदा एवं सकवाह कला में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत घरेलू नल कनेक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम भंवरदा पंचायत में जल-जीवन मिशन के घरेलू कनेक्शन के बारे में उपस्थित ग्रामीणों से जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से नल कनेक्शन एवं नियमित जल सप्लाई के संबंध में चर्चा की। उन्होंने जल समितियों की महिला सदस्यों से चर्चा करते हुए जल-जीवन मिशन के अंतर्गत उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जाना। श्रीमती सिंह ने जल समिति की महिलाओं से पानी के परीक्षण, जल शुल्क आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय-समय पर घरेलू सप्लाई के अंतर्गत मिलने वाले पानी की गुणवत्ता की जाँच करें। इस दौरान सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सीईओ जनपद मंडला तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

जल समितियों की महिलाओं ने किया जल का गुणवत्ता परीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पंचायत भंवरदा की जल समितियों की महिलाओं से जल की गुणवत्ता जांच करने के लिए मिली जाँच किट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने महिला सदस्यों को पानी का नमूना लेकर जांच करने के निर्देश दिए। जल समितियों की महिला सदस्यों ने कलेक्टर हर्षिका सिंह के समक्ष पानी की गुणवत्ता की जांच की। कलेक्टर ने महिलाओं से पानी के अलग-अलग मानकों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने सकवाह कला की पानी टंकी की मरम्मत करने एवं नियमित रूप से जल प्रदाय के निर्देश दिए।

 

स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों में देखा नल कनेक्शन

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्राम पंचायत भंवरदा एवं सकवाह कला में स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में नल कनेक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में लगाए गए नल कनेक्शन में नियमित रूप से जल उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसी प्रकार इन स्थानों का जल परीक्षण भी नियमित रूप से करते रहें। श्रीमती सिंह ने भंवरदा आंगनवाड़ी केन्द्र में दर्ज बच्चे, कुपोषण की स्थिति, पोषण वाटिका, पोषण आहार वितरण के संबंध में जानकारी ली।

 

ग्रामीणों की जानी समस्याएँ

 

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत भंवरदा एवं सकवाह कला के ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के बारे में बात की। उन्होंने ग्रामीणों को राजस्व विभाग द्वारा चल रहे राजस्व शुद्धिकरण पखवाड़े के बारे में जानकारी दी एवं उन्हें नामांतरण, सीमांकन तथा अन्य राजस्व त्रुटियों से संबंधित सुधार करने के लिए प्रेरित किया। भंवरदा के ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष भंवरदा से लिमरूआ मार्ग की मांग रखी जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क के संबंध में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्‍होंने ग्रामीणों से बिजली, राशन वितरण, उपार्जन, फसलों की स्थिति एवं अन्य समस्याओं के बारे में भी चर्चा की।

Related posts

27 जुलाई को मंडला में होगी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 जुलाई तक करें पंजीयन, विजेताओं को मिलेगा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व का अवसर

Reva India News

राजस्व के कार्यों को प्राथमिकता से लें – अपर कलेक्टर

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 22 जुलाई 2023

Reva India News

Leave a Comment