Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

प्रदेश में कोविड टीके के सात करोड़ डोज पूर्ण होना ऐतिहासिक उपलब्धि -श्री चौहान मुख्यमंत्री ने दी सभी को बधाई एवं शुभकामनाएँ

मण्डला 30 अक्टूबर 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश में 7 करोड़ कोविड टीके पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 7 करोड़ डोज लगना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का इस अवसर पर अभिनंदन करते हुए आभार जताया। श्री चौहान ने स्वास्थ्य मंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सीएमएचओ, टीकाकरण अधिकारी, वैक्सीनेटर, वेरीफायर मोबेलाइजर, टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक गुरुओं, समाजसेवियों, एनजीओ, मीडिया सहित समस्त अमले को शुभकामनाएं दी एवं बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहां कि कोविड टीकाकरण से लोगों को सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य सहित सभी विभागों ने कठिन परिस्थितियों में जबरदस्त परिश्रम किया है। उन्होंने ठंड, गर्मी एवं बारिश के दौरान भी नदी, पहाड़ और नालों को पार करके कोविड टीकाकरण कराया है। श्री चौहान ने सामाजिक संगठनों, मीडिया एनजीओ और प्रेरक व्यक्तित्व को भी प्रदेश की इस उपलब्धि में सहयोग के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह, डीआईओ श्री झारिया, दर्पण दुबे एवं नर्सेज उपस्थित थे।

 

नवाचारों से करें सेकंड डोज लक्ष्य पूर्ण

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि कोविड के प्रथम डोज के दौरान सभी विभागों द्वारा वैक्सीनेशन जागरूकता एवं उसके महत्व को बताने के लिए अनेक प्रकार से नवाचार किए गए। अब द्वितीय डोज के लिए भी अधिक से अधिक नवाचार करते हुए आकर्षक तरीके से लोगों को जागरूक करें। 31 दिसंबर तक प्रदेश में द्वितीय डोज का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना है। श्री चौहान ने कहा कि प्रथम डोज वैक्सीनेशन के दौरान जिस प्रकार प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ और मीडिया के सहयोग से महा अभियान आयोजित किए गए थे। इसी प्रकार द्वितीय डोज की पूर्ण सफलता के लिए भी हम सभी को एक बार पुनः संगठित होने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की कि अपने स्तर पर नवाचार करते हुए वैक्सीनेशन के लिए लोगों को प्रेरित करें। श्री चौहान ने बच्चों के माध्यम से माता-पिता को वैक्सीनेशन एवं दोनों डोज लेने के लिए प्रेरित करने की बात की। इसी प्रकार एनसीसी कैडेट्स, कोरोना वालंटियर्स, जन अभियान परिषद, एनजीओ, क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों तथा क्षेत्र के प्रेरक व्यक्तित्व एवं समाजसेवियों को पुनः अनेक प्रकार के नवाचार अपनाते हुए दोनों डोज के महत्व को बताते हुए दोनों डोज लेकर संपूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

Related posts

कॉमन सर्विस सेंटर से कराएं केवायसी अपडेट

Reva India News

आज 16 गांवों में पहुंची चलित प्रयोगशाला

Reva India News

बुधवार को आरोग्यम मण्डला जन स्वास्थ्य शिविर

Reva India News

Leave a Comment