मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शासन के निर्देशानुसार 17 एवं 24 नवम्बर तथा 1 दिसम्बर को सेकंड डोज के वैक्सीनेशन के लिए आयोजित किए जा रहे महाभियान के संबंध में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सेकंड डोज के लिए पात्र हुए हितग्राहियों का अधिक से अधिक वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी बीएमओ को निर्देशित किया कि जिला प्रशासन द्वारा दिए गए द्वितीय डोज के लक्ष्य को पूरा करेंगे। इसी प्रकार वैक्सीनेशन के लिए सेशन प्लान गंभीरतापूर्वक सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि 17 नवम्बर को आयोजित हो रहे सेकंड डोज महाभियान के संबंध में सभी एसडीएम, सीईओ जनपद, महिला बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा नोडल अधिकारी समन्वयपूर्वक कार्य करते हुए वैक्सीनेशन महाभियान को सफल बनाएंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी, सिविल सर्जन डॉ. शॉक्य, डीआईओ डॉ. झारिया सहित संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि नियमित एएनएम हड़ताल पर होने के कारण आयुष विभाग, सीएचओ, आरबीएसके तथा संविदा पर कार्य करने वाली एएनएम वैक्सीनेशन कार्य सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि संविदा एएनएम को 17 नवम्बर को आयोजित हो रहे वैक्सीनेशन महाभियान में उपस्थित रहने लिखित रूप से निर्देश दें। अनुपस्थित रहने वाली एएनएम पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। श्रीमती सिंह ने महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि सीडीपीओ सहित मैदानी अमला 17 नवम्बर को सुबह से मोबेलाईजेशन का प्रभावी रूप से कार्य सुनिश्चित करेगा। नोडल अधिकारी भी अपने आवंटित क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए प्रभावी वैक्सीनेशन सुनिश्चित कराएंगे।
श्रीमती सिंह ने नगरीय क्षेत्रों में अधिक से अधिक मोबाईल टीम का प्रयोग करते हुए वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में लगातार अनांउसमेंट करते हुए सेकंड डोज वैक्सीनेशन के संबंध में जागरूकता प्रसारित करें। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुनादी का कार्य सघन रूप से करें। द्वितीय डोज के लिए पात्र हुए हितग्राहियों को पीले चावल सहित अनेक प्रकार से जागरूक एवं प्रोत्साहित करते हुए सेकंड डोज सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने एनआरएलएम की दीदियों एवं उनके परिवारों को भी शतप्रतिशत सेकंड डोज लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 17 नवम्बर सहित आगामी सेकंड डोज महाभियान में भी एसएचजी की दीदियाँ सक्रिय रूप से सहयोग देगी। कलेक्टर ने कहा कि वैक्सीनेशन के साथ डाटा एंट्री भी सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने ली उपार्जन से संबंधित विभागों की बैठक
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपार्जन से संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि उपार्जन से संबंधित सभी जरूरी तैयारियां पूरी करें। इसी प्रकार उपार्जन के बारे में स्थानीय स्तर पर जानकारी भी प्रसारित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में बैठक, पीने का पानी, छाया सहित अन्य जरूरी इंतजाम पूरा करें। उन्होंने उपार्जन के लिए आवश्यक मशीन सत्यापन, लॉजिस्टिक तैयारी आदि को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए प्रत्येक सुविधा का ख्याल रखें। संबंधित विभागों के अधिकारी उपर्जान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखेंगे। श्रीमती सिंह ने नए उपार्जन केन्द्रों पर चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसएचजी एवं एफपीओ को दिए जाने वाले उपार्जन केन्द्रों के लिए जरूरी पात्रता अनिवार्य रूप से चैक करें। बैठक में सहकारिता, कृषि, मार्कफेड, खाद्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे उपार्जन केन्द्र जिनमें किसानों की संख्या ज्यादा है वहाँ पर नए केन्द्रों का गठन करें तथा नए केन्द्रों से संबंधित जानकारी भी किसानों को प्रदान करें। उन्होंने केन्द्रों के निर्धारण के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती सिंह ने मार्केटिंग, भंडारण पर भी चर्चा की। उन्होंने जिले में वर्तमान समय में चल रही मिलिंग की स्थिति पर भी संबंधित विभागों से जानकारी मांगी। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का भी विशेष ध्यान रखें। केन्द्रों पर कोविड सुरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित फ्लैक्स, बैनर लगाएं तथा किसानों को वैक्सीनेशन के संबंध में जागरूक भी करें।

महाभियान को सफल बनाने सहयोग दें वैक्सीनेशन अमला – हर्षिका सिंह
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत वैक्सीनेशन में संलग्न डॉक्टर एवं नर्सेस सहित संबंधितों से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन अमला सक्रिय रहते हुए महाभियान के दौरान जिले को प्राप्त लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना सहयोग दें। उन्होंने वैक्सीनेशन अमले को मोटीवेट करते हुए कहा कि स्वास्थ्य अमले ने कोरोना संकट में आमजनों की भरपूर सेवा की है। टीकाकरण राज्यशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वैक्सीनेशन अमले ने प्रथम डोज वैक्सीनेशन महाभियान के दौरान भी लक्ष्य से अधिक टीकाकरण का प्रशंसनीय कार्य किया है। हम सभी को एक बार पुनः सेकंड डोज महाभियान को भी सफल बनाना है। ऐसे में सभी का सहयोग एवं समन्वय अति आवश्यक है। सभी वैक्सीनेशन अमला 17 नवम्बर को आयोजित वैक्सीनेशन महाभियान में अपना शतप्रतिशत देते हुए महाभियान को सफल बनाएंगे।
ट्राँसजेंडर व्यक्तियों को मिले पहचान पत्र
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नगरपालिका मंडला एवं जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत निवासरत् उभयलिंगी व्यक्तियों (ट्राँसजेंडर) को पहचान प्रमाण पत्र प्रदान किए हैं। जिला प्रशासन द्वारा उभयलिंगी व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 के अध्याय 3 की धारा 4, 5, 6, 7 के तहत् 3 ट्राँसजेंडर व्यक्तियों को पहचान प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनी 60 आवेदकों की समस्याएँ
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला मुख्यालय के योजना भवन में जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने 60 आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए प्रत्येक के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। श्रीमती सिंह ने संबंधित क्षेत्रों के अधिकारियों को आवेदकों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में पेंशन सहायता, अतिक्रमण, रोजगार, मजदूरी भुगतान, स्वास्थ्य सहायता सहित अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में फायर सेफ्टी ऑडिट एवं इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट सुनिश्चित करने के निर्देश
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में भर्ती रोगियों की अग्नि दुर्घटना से सुरक्षा एवं नियंत्रण हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गये हैं। कलेक्टर ने सीएमएचओ एवं सिविल सर्जन को जिले में स्थित समस्त चिकित्सा महाविद्यालयों, जिला चिकित्सालयों तथा सिविल अस्पतालों में अग्नि दुर्घटना से बचाव हेतु गतिविधियां किये जाने के निर्देश दिये गये हैं जिसमें संबधित स्वास्थ्य संस्थाओं हेतु फायर एन.ओ.सी. प्राप्त करने के लिये की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समस्त चिकित्सालयों अग्निशामक यंत्रों को संचालित करने संबंधित दिशा-निर्देश जो कि आसानी से पढ़ने योग्य हो, अग्निशामक यंत्रों के समीप चिपकाया जाना सुनिश्चित करें। वर्ष में दो बार अग्नि सुरक्षा पर प्रशिक्षण व अभ्यास आयोजित करें। समस्त चिकित्सालयों में नियमित रूप से फायर एवं इलेक्ट्रिकल ऑडिट करें। तदानुसार अग्रिम आवश्यक कार्यवाही करें। स्वास्थ्य संस्थाओं के भवनों का समय-समय पर निरीक्षण कर पुराने बिजली के तार एवं ढीले तारों को बदला जाए, स्वास्थ्य संस्थाओं में आपातकालीन निकास की समुचित व्यवस्था हो। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने फायर सेफ्टी एवं इलेक्ट्रिकल सेफ्टी के विषय में समस्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुये 10 दिवस में पालन प्रतिवेदन भिजवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अतिथि शिक्षक-1 के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 16 नवम्बर 2021
प्राचार्य प्रथम श्रेणी कन्या शिक्षा परिसर से प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार विद्यालय में अतिथि शिक्षक पैनल तैयार करने के लिए रिक्त पदों पर 20 नवम्बर 2021 की शाम 4 बजे तक समस्त अभिलेखों सहित इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अतिथि शिक्षक वर्ग-1 के विषय भूगोल तथा संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण एवं बीएड के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
’’चाईल्ड लाईन से दोस्ती कार्यक्रम’’ 21 नवम्बर तक आयोजित
मण्डला 16 नवम्बर 2021
चाईल्ड लाईन मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार ’’चाईल्ड लाईन से दोस्ती कार्यक्रम’’ के तहत् प्रतिवर्षानुसार चाईल्ड लाईन में दोस्ती कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम 21 नवम्बर तक आयोजित किया गया है जिसमें बंधन बांधकर दोस्त बनाया जा रहा है जिससे कि समन्वय स्थापित कर मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश प्राप्त कर अधिक से अधिक बच्चों का संरक्षण किया जा सके।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कार्यालय कलेक्टर द्वारा आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने के कारण आर्थिक अनुदान सहायता स्वीकृत करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के तहत् घायल व्यक्ति विजेन्द्र निवासी ग्राम खलौड़ी को 12 हजार 700 रूपए की आर्थिक अनुदान सहायता राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
17 नंवम्बर को सेकंड डोज वैक्सीनेशन अभियान
कोवैक्सीन का 28 दिन एवं कोविशील्ड का द्वितीय डोज 84 दिन बाद
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के वैक्सीनेशन के लिए 10 नवम्बर से सेकंड डोज वैक्सीनेशन महा अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया कि वे अपना तथा अपने परिजनों का अनिवार्य रूप से द्वितीय डोज का वैक्सीनेशन कराएं। साथ ही अपने आस-पड़ोस के लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोविड-19 से जिले की सुरक्षा हम सबकी सम्मिलित जिम्मेदारी है। वैक्सीनेशन कराकर स्वयं को सुरक्षित रखते हुए अपने परिवार को भी सुरक्षित रख सकते हैं।
सेकंड डोज महाभियान में टीका जरूर लगाएं
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17, 24 नवम्बर तथा 1 दिसम्बर को सेकंड डोज वैक्सीनेशन महाभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि अगस्त माह में कोविड वैक्सीनेशन का प्रथम डोज लगाने वाले हितग्राही अपने नजदीकि केन्द्रों में जाकर द्वितीय डोज ले सकते हैं। कोवैक्सीन का द्वितीय डोज 28 दिन बाद तथा कोविशील्ड का द्वितीय डोज 84 दिन के बाद लगाया जाता है। श्रीमती सिंह ने कहा है कि सभी को कोविड के दोनों टीके लगाना जरूरी है। दोनों टीके लगाकर ही कोविड से बचाव के सुरक्षा चक्र को पूर्ण किया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि स्वयं टीके के दोनों डोज लगाते हुए अपने आसपास के लोगों को भी दोनों डोज लगाने प्रेरित करें।
कोविड टीके के दोनों डोज लगाएँ, सुरक्षा चक्र पूर्ण करें
जिलेवासियों से कलेक्टर की अपील
मण्डला 16 नवम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी का खतरा अभी टला नही है, सावधानी बरतें त्यौहार या समारोह में धार्मिक, समाजिक कार्यक्रम, भीड़-भाड़ में ना जायें, कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें, कोविड-19 वैक्सीन पात्र हितग्राही जरूर लगवायें जिन्होंने पहला टीका लगवा लिया है समय अनुसार दूसरा डोज जरूर लगवायें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि कोविड-19 महामारी की सुरक्षा हेतु मंडला जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन जिला मुख्यालय से विकासखंड के मैदानी क्षेत्र की सभी संस्थाओं में टीकाकरण सत्र लगाकर हितग्राहियों को टीकाकरण किया जा रहा है। जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी का खतरा अभी टला नही है पूर्ण सुरक्षा के लिए कोविड-19 का टीका 2 प्रकार का है। कोवैक्सीन का पहला डोज लगने के बाद 28 दिन के अदंर दूसरा डोज, कोवीशील्ड का पहला डोज लगने के बाद 84 दिन से 112 दिन के अदंर दूसरा डोज जरूर लगवाये। जिन्होंने पहला डोज लिया है, दूसरा डोज जरूर लगवाएं, जो व्यक्ति एक भी डोज नहीं लगवाया है, वह व्यक्ति भी टीका लगवाए, कोविड-19 का टीका हमारा सुरक्षा कवच है टीके से व्यक्ति के अंदर रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। पहला डोज से शरीर में पूर्ण सुरक्षा नही मिलती है, दूसरा डोज लगने के बाद ही शरीर में रोग प्रतिरोधातमक क्षमता बढ़ेगी, टीके के साथ कोविड-19 व्यवहार अनुकूल परिवर्तन जरूर अपनाएं आप भी टीके लगवाएं एवं आपके ग्राम पड़ोस सभी को टीके लगवाने के लिए प्रेरित करें तभी हम इस भीषण महामारी से बच सकते हैं।

अस्थि बाधित दिव्यांग शिविर 18 नवम्बर को
मण्डला 16 नवम्बर 2021
सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय मण्डला में अस्थि रोग संबंधी चिकित्सक के 16 नवम्बर 2021 को आकस्मिक कारणों से अवकाश अवधि में रहने के कारण अस्थि बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र संबंधी कार्यवाही 18 नवम्बर को शिविर आयोजित की जाएगी।
