मण्डला 6 दिसम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के मद्देनजर जिले के सभी आरओ तथा एआरओ की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी शासकीय सेवक आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करें। आचरण संहिता का किसी भी प्रकार का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आचरण संहिता के उल्लंघन पर संबंधितों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी शासकीय सेवक आचरण संहिता के प्रभावशील रहने के दौरान राजनैतिक गतिविधियों से निष्पक्षता रखें। शासकीय सेवक निष्पक्षता अपने व्यवहार के साथ-साथ अपने आचरण में भी शामिल करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद, आरओ तथा एआरओ एवं संबंधित उपस्थित थे।

अवैध गतिविधियों पर करें सख्त कार्यवाही
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी आरओ तथा एआरओ राज्य निर्वाचन आयोग तथा जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी दिशा-निर्देशों का अपने क्षेत्रों में पालन सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने कहा कि आदर्श आचरण संहिता के दौरान संबंधित अधिकारी अस्त्र-शस्त्र के संचालन एवं प्रतिबंध से संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार अवैध शराब गतिविधियों पर भी कार्यवाही करेंगे। कलेक्टर ने संबंधितों को विस्फोटक पदार्थों के स्थलों का निरीक्षण कर उन्हें चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग को समन्वय करते हुए अवैध शराब की गतिविधियों पर प्रभावशाली अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की जानकारी तैयार करें
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह ने कहा कि आरओ तथा एआरओ अपने क्षेत्र के क्रिटिकल तथा वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की संपूर्ण जानकारी तैयार रखें। उन्होंने कहा कि उक्त प्रकार के मतदान केन्द्रों को चिन्हित करते हुए पंचायतवार एवं ब्लॉकवार जानकारी बनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों के कारणों की जानकारी रखते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचित करें।
मतदान केन्द्रों में जरूरी तैयारियाँ पुख्ता करें
श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी आरओ तथा एआरओ अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों की संपूर्ण जानकारी तैयार करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों का सतत् भ्रमण करें। साथ ही मतदान केन्द्रों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पानी, बिजली, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था आदि के संबंध में जरूरी व्यवस्थाएं बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों में कोविड प्रोटोकॉल्स का सख्ती से पालन कराते हुए हाथ धुलाई, मॉस्क तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन सुनिश्चित कराएंगे।
संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत् करें कार्यवाही
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत् राजनैतिक फ्लैक्स, बैनर, दीवार लेखन आदि को हटाएँ। इसी प्रकार पंचायत भवन मतदान केन्द्रों एवं अन्य शासकीय इमारतों तथा संपत्ति को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत् कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि आरओ तथा एआरओ अपने क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन की शिकायतों को प्राप्त करेंगे तथा उसके समाधान तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रभावशाली व्यवस्था बनाएंगे।
निर्वाचन के दिशा-निर्देशों का अध्ययन करें अधिकारी
कलेक्टर ने निर्वाचन गतिविधियों एवं दायित्वों में संलग्न सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित राज्य निर्वाचन आयोग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, नियमों तथा गाईडलाईन का अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पंचायत अधिनियम के तहत् विभिन्न धाराएँ, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी हेंडबुक तथा महत्वपूर्ण अधिनियमों की जानकारी रखें। इसी प्रकार निर्वाचन गतिविधियों के लिए जरूरी अध्ययन सामग्री तथा प्रशिक्षण सामग्री का भी अध्ययन करते हुए अपने पास रखें।
ओलिन ऐप से होगा ऑनलाईन नॉमिनेशन
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में बताया कि ऑलिन ऐप के माध्यम से ऑनलाईन नॉमिनेशन की प्रक्रिया भी संपादित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एमपी ऑनलाईन, लोकसेवा केन्द्रों के माध्यम से नॉमिनेशन की ऑनलाईन प्रक्रिया संपादित की जा सकती है। श्रीमती सिंह ने सभी अधिकारियों को ओलिन ऐप के माध्यम से किए जाने वाले ऑनलाईन नॉमिनेशन की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
90 प्रतिशत से अधिक रखें मतदान का लक्ष्य
श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी आरओ तथा एआरओ अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में 90 प्रतिशत से अधिक के मतदान लक्ष्य को लेकर गतिविधियाँ एवं योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि विगत् चुनाव में कम मतदान प्रतिशत वाली पंचायतों को चिन्हित करें तथा इन क्षेत्रों में सघन मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ, ईव्हीएम जागरूकता तथा निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रसारित करें।
मास्टर ट्रेनर्स ने दिए पीपीटी प्रशिक्षण
त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021-22 के लिए संपन्न की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स डॉ. टीपी मिश्रा तथा डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव ने योजना भवन में पीपीटी आधारित प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अधिसूचना प्रकाशन, नाम-निर्देशन प्रक्रिया, स्क्रूटनी, आदर्श आचरण संहिता, मतदान प्रक्रिया, मतगणना प्रक्रिया तथा अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
