मण्डला 25 मार्च 2022
राष्ट्रीय रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन प्रशिक्षण के तहत नेशनल डिफेंस कॉलेज, रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली के अधिकारियों की 15 सदस्यी टीम आज मंडला पहुंची जिनमें इंडियन आर्मी, एयरफोर्स, साऊथ कोरिया, ओमान एयरफोर्स, श्रीलंका आर्मी, इंडियन नेवी तथा उजमेकिस्तान आर्मी के प्रतिनिधि सम्मिलित हैं। इस टीम ने किंगफिशर में आयोजित कार्यशाला में सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विभिन्न विभागों द्वारा आदिवासी बाहुल्य मण्डला जिले में संचालित गतिविधियों तथा आदिवासी संस्कृति, आजीविका एवं आर्थिक उत्थान के लिए किये जा रहे नवाचारों की पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से जानकारी दी। कलेक्टर ने बताया कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है जिसके सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। जनभागीदारी के माध्यम से स्कूल एवं आंगनवाड़ियों को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने बैगा परिवारों को दी जाने वाली सुविधाओं तथा बैगा बसाहटों में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आहार अनुदान योजना के तहत प्रत्येक बैगा परिवारों को एक हजार रूपए प्रतिमाह दिया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में बस्ती विकास योजना के तहत भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से समर्थ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों को आवश्यकतानुसार रोजगार मूलक प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। समूह की महिलाओं द्वारा कान्हा में दीदी कैफे संचालित हो रहा है। उन्होंने कोदो-कुटकी के उत्पाद, रेशम उत्पादन तथा गौंड़ी पैंटिंग के माध्यम से जिले में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में उद्यानिकी फसलों को व्यावसायिक रूप प्रदान किया जा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में संचालित हॉस्टल एवं छात्रावासों में नियमित रूप से योगा एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। उन्होंने शैक्षणिक संस्थाओं में चलाए जा रहे वोकेशनल ट्रेनिंग, कौशल विकास आदि कार्यक्रमों के संबंध में भी जानकारी दी। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने प्रेजेन्टेशन में कृषि के संबंध में भी जिले में किए जा रहे नवाचारों से अवगत कराया। कार्यशाला में कृषि सहित अन्य विभागों की जानकारी संबंधित अधिकारियों द्वारा दी गई। पुलिस विभाग के प्रेजेन्टेशन में नक्सली क्षेत्रों में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा सामुदायिक पुलिसिंग की जानकारी दी गई। कान्हा विभाग द्वारा प्रशिक्षण, रोजगार के अवसर, कौशल विकास, बैगा ज्वेलरी आदि के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यशाला में नेशनल डिफेंस कॉलेज, रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली के अधिकारियों की जिज्ञासाओं का कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा समाधान किया गया। कार्यशाला के अंत में टीम के सदस्यों द्वारा कलेक्टर हर्षिका सिंह को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
टीम ने किया रेशम कृमिपालन केन्द्र नेवरगाँव का अवलोकन
कार्यशाला के उपरांत नेशनल डिफेंस कॉलेज, रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली की टीम ने रेशम कृमि पालन केन्द्र नेवरगांव का अवलोकन किया। दल के सदस्यों ने केन्द्र में रेशम कृमिपालन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने रेशम के वस्त्रों पर की जा रही गौंड़ी पैंटिंग की सराहना की। सदस्यों ने पैंटिंग कार्य कर रहे कारीगरों से चर्चा करते हुए उनकी आय के बारे में भी जानकारी ली।
आँगनवाड़ी केन्द्र मोचा का निरीक्षण
नेशनल डिफेंस कॉलेज, रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली की टीम ने आँगनवाड़ी केन्द्र मोचा का निरीक्षण करते हुए शासन द्वारा दिए जाने वाले हितलाभों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कोविडकाल के दौरान केन्द्र के संचालन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। दल के सदस्यों ने पोषण आहार वितरण के संबंध में भी फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान दल के सदस्यों ने केन्द्र में संचालित दस्तावेजों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान टीम के सदस्यों ने मोचा बफर क्षेत्र में फॉरेस्ट मैनेजमेंट तथा एनआरएलएम द्वारा संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
