खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें
कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश
मण्डला 15 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खाद एवं बीज की उपलब्धता, परिवहन आदि से संबंधित विभागों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में खरीफ के मौसम को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अलग-अलग जनपदों में खाद की मांग का आंकलन करें तथा उसके अनुसार तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि 15 जुलाई तक खाद का आंकलन करें। उन्होंने यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं अन्य खादों की सोसायटीवार उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से कहा है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया की उपलब्धता है, किसान यूरिया के अलावा अन्य खाद को भी विकल्प के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोसायटी एवं समिति स्तर से आवश्यक मांग का फीडबैक लेकर तत्काल डिमांड नोट भेजें। उन्होंने निवास क्षेत्र में उपलब्ध अतिरिक्त भंडारण को तत्काल मंडला, बिछिया एवं नैनपुर के लिए परिवहन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया मछरिया अमृत सरोवर का निरीक्षण
मण्डला 15 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला विकासखंड के ग्राम मछरिया में अमृत सरोवर योजना के तहत बनाए जा रहे तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्माण कार्य की लागत तथा क्षेत्र के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अमृत सरोवर एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों द्वारा सड़क से संबंधित समस्या से अवगत कराए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा मनोज धुर्वे तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी केके पांडे, जनपद से श्री गौतम सहित संबंधित उपस्थित रहे।

31 जुलाई तक हर घर दस्तक अभियान
कोविड के प्रीकॉशन डोज लगाने की अपील
मण्डला 15 जून 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के जनसमुदाय से अपील की है कि कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हए कोविड गाईडलाईन का पालन करने में शासन, प्रशासन का सहयोग करें। धार्मिक आयोजन शादियों सामाजिक कार्यक्रमों में जाने से बचें, भीड़-भाड़ से दूर रहें, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करें, बार बार साबुन से हाथ धोएं, मॉस्क लगाएं तथा कोविड-19 के टीके के दोनों डोज के साथ-साथ समयावधि पूरा होने पर प्रीकॉशन डोज भी लगवायें। यदि कोई संक्रमित व्यक्तियों के सम्पर्क में आते हैं या सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण दिखाई देते हैं तो कोरोना की जांच जरूर कराएं। साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोविड-19 से छूटे एवं ड्यू नागरिकों को टीकाकरण पूर्ण करने हेतु भारत शासन के निर्देशानुसार 1 जून से 31 जुलाई तक हर घर दस्तक 2.0 अभियान चलाकर टीका लगाया जाये अंतर्गत हेल्थ केयर, फ्रंटलाइन वर्कर तथा 60 वर्ष से अधिक आय वर्ग के पात्र नागरिकों का प्रिकॉशन डोज एवं 12 से 17 वर्ष के ड्यू बालक व बालिकाओं को प्रथम एवं द्वितीय डोज लगाया जायेगा। कोविड-19 टीका दोनों डोज एवं प्रिकॉशन डोज जरूर लगवाएं एवं अपने आस-पड़ोस के समाज के लोगों को टीका लगवाने हेतु प्रेरित करें। जिले में कोविड-19 महामारी का खतरा टला नहीं है। पुनः कोरोना के 1-2 केस प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। टीका के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का अवश्य ही पालन करें।

16 एवं 17 जून को चुनाव में संलग्न अधिकारी व कर्मचारियों का होगा कोविड टीकाकरण
मण्डला 15 जून 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा नगरीय निकायों व त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2022-23 की घोषणा की गई है। मिशन संचालक के निर्देशानुसार चुनाव में संलग्न समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फ्रंटलाईन वर्कर की श्रेणी अंतर्गत कोविड-19 टीकाकरण अनिवार्य रूप से लगाया जाना है। चुनाव में संलग्न समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये 16 एवं 17 जून 2022 को भारत ज्योति उ.मा.वि. मण्डला, निर्मला कन्या उ.मा.वि. मण्डला एवं उ.मा.वि. क्रमांक-2 प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। सभी प्रशिक्षणार्थियों से अपील की जाती है कि वे प्रशिक्षण के दौरान अपना कोविड टीकाकरण के लिए ड्यू डोज प्रथम, द्वितीय एवं प्रीकॉशन डोज लगावाना सुनिश्चित करें। कोविड टीकाकरण के लिए समस्त प्रशिक्षणार्थी को अपने साथ अपना आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ड्यूटी ऑर्डर या प्रशिक्षण का पत्र साथ में लाना अनिवार्य है। उसी के आधार पर कोविड टीकाकरण किया जायेगा।

’आरटीई अधिनियम अंतर्गत अशासकीय शालाओं में 15 से 30 जून तक निःशुल्क ऑनलाईन प्रवेश प्रारम्भ’
मण्डला 15 जून 2022
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12 (1)(ग) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों के निःशुल्क प्रवेश हेतु सत्र 2022-23 में प्रवेश हेतुं पात्रताधारी नर्सरी, केजी-1, केजी-2 के ऐसे बच्चों जिनकी आयु न्यूनतम तीन वर्ष से पांच वर्ष होगी। कक्षा एक में प्रवेश हेतु न्यूनतम आयु पांच से सात वर्ष तक समस्त बच्चों का जिले के समस्त प्राइवेट शालाओं की सत्र 2022-23 के लिए निःशुल्क प्रवेश के लिए ऑनलाईन आवेदन 15 जून 2022 से शुरू हो चुके हैं। ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 जन 2022 है। निःशल्क प्रवेश हेतु आवेदन केवल ऑनलाईन ही दर्ज होंगे। ऑफलाईन कोई आवेदन मान्य नही होगें। अतः आवेदक द्वारा किसी भी कार्यालय अथवा प्राईवेट स्कूल में आवेदन की हार्ड कॉपी जमा नही की जाये। आवेदक पोर्टल पर अपना आवेदन स्वयं ही ऑनलाईन दर्ज कर सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप आरटीई पोर्टल पर ही उपलब्ध होगा जिसे किसी भी व्यक्ति द्वारा बगैर किसी पासवर्ड या बगैर शुल्क के डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदक निःशुल्क प्रवेश हेतु अपना आवेदन पत्र पोर्टल जिसकी लिंक http//rteportal.mp.gov.in है पर केवल ऑनलाईन ही दर्ज करें। 1 जुलाई 2022 तक जनशिक्षा केन्द्र पर सत्यापन करा सकेंगे, तत्पश्चात राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल से लॉटरी के जरिए स्कूल आवंटन होगा। ऑनलाईन आवेदन में त्रुटि होने पर सुधारने की सुविधा दी गई है। स्कूल आवंटन होने पर आवेदक 6 से 16 जुलाई 2022 तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर आवंटित स्कूल में उपस्थित होकर प्रवेश प्राप्त करेंगे। ऑनलाईन आवेदन के बाद पास के जनशिक्षा पर जाकर पालक को मूल दस्तावेजों से सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के अभाव में आवेदन प्रवेश के लिए लॉटरी में सम्मिलित नही हो सकेंगे।
कामगारों को मतदान करने के लिए अवकाश संबंधी निर्देश
मण्डला 15 जून 2022
श्रम पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2022 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है। मतदान तिथि अनुसार अपने कामगारों के लिए कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 52 को प्रयोग में लाते हुए साप्ताहिक अवकाश प्रतिस्थापित करने की व्यवस्था कर मतदान के दिन साप्ताहिक अवकाश घोषित करेगें, जिससे कि कामगार अपने मताधिकार का उपयोग सुविधाजनक एवं निर्बाध रूप से कर सकें। ऐसे कारखाने जो सप्ताह में सातों दिन कार्य करते हैं, उनसे अपेक्षा है कि पूर्व परिपाटी अनुसार प्रथम एवं द्वितीय पाली के श्रमिकों को मतदान के लिए दो-दो घण्टे की सुविधा देंगे अर्थात प्रथम पाली नियमित समय से दो घण्टे पूर्व बंद की जायेगी एवं दूसरी पाली निर्धारित समय से दो घण्टे पश्चात प्रारंभ की जायेगी, ताकि कामगारों को मतदान करने में कठिनाई न हो। जहां तक ऐसे कारखानों का प्रश्न है जो निरंतरित प्रक्रिया की श्रेणी में आते हैं, उनमें पूर्व परिपाटी के अनुसार श्रमिकों को उनके देय वेतन में किसी प्रकार की क्षति न पहुंचाते हुए बारी-बारी से मतदान करने की सुविधा दिया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। इसी प्रकार दुकान एवं वाणिज्य संस्थानों के नियोजकों से भी यह अपेक्षा है कि वे कामगारों को मतदान के लिए सुविधा देने की दृष्टि से मध्यप्रदेश दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 के अतंर्गत निर्धारित दिन साप्ताहिक अवकाश न रखकर उसके स्थान पर आम निर्वाचन हेतु मतदान के दिन जैसी स्थिति हो को साप्ताहिक अवकाश दिया जाये। उपरोक्त निर्देशों का समुचित परिपालन समस्त कारखानों के अधिभोगीगण, प्रबंधकों तथा दुकानों एवं वाणिज्यिक संस्थानों के नियोजकों द्वारा सुनिश्चित किया जाए।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने निर्देश जारी
मण्डला 15 जून 2022
21 जून अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशानुसार जिला, निकाय, जनपद एवं वि०ख० स्तर पर उक्त योग दिवस का आयोजन किया जाना है। इसी तारतम्य में जिला स्तर में स्टेडियम ग्राउंड परिसर में योग दिवस का आयोजन किया जायेगा। इसके लिए जिला स्तर पर समिति गठित की गई है जिसमें अपर कलेक्टर, अतिवमुं०कार्यअधिकारी जिला पंचायत मण्डला, सहा0 आयुक्त आदिमजनजाति कार्य विभाग, मुख्य नगरपालिका अधिकारी मण्डला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद, जिला खेल अधिकारी, डीपीसी एवं एपीसी सर्व शिक्षा अभियान, जिला शिक्षा अधिकारी एवं श्री मुकेश पाण्डे हैं। यह समिति कार्यक्रम स्थल पर समस्त आवश्यक तैयारियां जैसे- मंच, टेन्ट, गद्दे, मेट, पेयजल आदि की उपलब्धता सुनिश्चित कराएंगी तथा कार्यक्रम स्थल पर एकसाथ लगभग 1000 लोगों के साथ योगासन करने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पतंजलि एवं अन्य एनजीओ तथा शिक्षा व खेल विभाग से जुड़े प्रशिक्षकों के माध्यम से योगासन का प्रदर्शन कराए जाने की व्यवस्था की जाये। स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा अधिक से अधिक बच्चों को कार्यक्रम से संयोजित किया जाये तथा कार्यक्रम में एकरूपता हेतु कलर कोड भी निर्धारित किया जाये। समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारियों द्वारा सतत् रूप से अपने निकायों में पर्याप्त एनांउसमेंट कराते हुए उक्त योग दिवस कार्यक्रम हेतु बड़ी संख्या में आम नागरिकों को कार्यक्रम में शामिल हेतु आमंत्रित करें। सभी निकायों द्वारा उक्त कार्यक्रम पार्क, सार्वजनिक स्थलों, नर्मदा तटों पर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। जिला एवं वि0ख0 स्तरीय कार्यक्रम हेतु निर्धारित मिनिट-टू-मिनिट कार्यक्रम के अनुरूप कार्यक्रम संपादित किया जायेगा। साथ ही कार्यक्रम के दौरान प्रसारण हेतु एलईडी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये, सभी कार्यक्रम स्थलों पर प्रसारित कार्यक्रम को देखने, सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। जिले की सभी 490 पंचायतों में योग दिवस का आयोजन किया जाना है। इस हेतु मु०कार्यअधिकारी जिला पंचायत समस्त मु०कार्य0अधि0 जनपदों के साथ सामंजस्य स्थापित कर उक्त कार्यक्रम का सफल आयोजन सुनिश्चित कराएंगी। जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी सर्व शिक्षा अभियान एवं एसीटीडब्लू यह सुनिश्चित करेंगे कि शासन के निर्देशानुसार सभी शालाओं में योगासन का कार्यक्रम आयोजित किया जाये।
जिला आयुष अधिकारी एवं अति० मुख्य कार्य0 अधिकारी जिला पंचायत एवं मु०कार्य० अधिकारी जनपद बिछिया आपस में सामंजस्य स्थापित कर रामनगर में उक्त योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करेंगे। जिला स्तरीय एवं वि०ख० स्तरीय कार्यक्रम में एसईएनएसई के अन्तर्गत प्रातः 8ः30 से 9 बजे के बीच में ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर पर दौड़ का आयोजन किया जाये। साथ ही 9 बजे सभी मतदान केन्द्रों के पास मतदान हेतु शपथ का आयोजन भी किया जाये। सभी संबंधित अधिकारीगण एवं आयोजनकर्ता वर्तमान में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दौरान प्रभावशील आचार संहिता का भलिभांति अनुसरण करेंगे साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी सुनिश्चित करेंगे।
16 जून से मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित
मण्डला 15 जून 2022
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि वर्षाऋतु में मछलियों की वंशवृद्धि के दृष्टिकोण से उन्हें संरक्षण देने के लिए म.प्र. नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 के अंतर्गत 16 जून से 15 अगस्त तक की अवधि को बंद ऋतु के रूप में अधिघोषित किया गया है। म.प्र. शासन मछली पालन विभाग के अनुसार छोटे तालाब या अन्य स्त्रोत जिनका संबंध किसी नदी व नाले से नही है और जिन्हें निर्दिष्ट जल की परिभाषा के अंतर्गत नहीं लाया गया है, को छोड़कर समस्त नदियों, जलाशयों में बंद ऋतु में मत्स्याखेट पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही मत्स्य विक्रय या मत्स्य विनिमय अथवा परिवहन करना भी प्रतिबंधित हैं। इन नियमों के उल्लंघन पर म.प्र. राज्य मत्स्य क्षेत्र अधिनियम 1981 की धारा 5 के तहत उल्लंघनकर्ता को एक वर्ष का कारावास या 5 हजार रूपये तक का जुर्माना या दोनों से दण्डित किये जाने का प्रावधान हैं। मत्स्य समितियों, मत्स्य समहों, निजी मत्स्यपालकों एवं जन साधारण को सूचित किया जाता है, कि वे 16 जून 2022 से 15 अगस्त 2022 तक किसी भी प्रकार का मत्स्याखेट, मत्स्य विनिमय, परिवहन न तो स्वयं करें, न ही इसमें किसी अन्य को सहयोग दें अन्यथा उल्लंघन करने पर उपरोक्त नियमों के तहत कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
शासकीय आईटीआई मंडला में 17 जून को प्लेसमेंट ड्राईव
मण्डला 15 जून 2022
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय आईटीआई मडला में प्रातः 10 बजे से मारुती सुजुकी कंपनी मानेसर मनवारा प्लेसमेंट डाइव का आयोजन किया जा रहा है जिसमें केवल टर्नर, फिटर, मशीनिष्ट, मोटर मैकेनिक, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, ऑटोमोटिव तकनीशियन, पेंटर ट्रेड के ही आईटीआई उतीर्ण प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हो सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक http://cms.sunbrightgroup.com/ पर अपना रजिस्ट्रेशन करें एवं अभ्यर्थी 17 जून 2022 को अपने मूल दस्तावेज फोटो एवं रिज्यूम के साथ शासकीय आईटीआई मंडला में उपस्थित हो सकते हैं। कंपनी द्वारा लिखित एवं मौखिक परीक्षा द्वारा चयन किया जायेगा। इसमें केवल 18 वर्ष से 26 वर्ष तक के अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं। कंपनी में चयनित अभ्यर्थियों को सैलरी रु. 27890 एवं अन्य सुविधायें दिये जायेंगे। जॉब की अवधि सात माह के लिए होगी, जॉब लोकेशन मानेसर गुड़गाँव है। प्लेसमेंट ड्राइव में मॉस्क लगाकर आएं एवं कोविड गाईडलाइन्स का पालन करें। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई मंडला में संपर्क कर सकते हैं।
जिले में अब तक वर्षा की जानकारी
मण्डला 15 जून 2021
जिले में इस वर्ष एक जून से 15 जून के दौरान 0.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 117.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 116.9 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जून को बिछिया में 2.1 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 15 जून को 0.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
निवास में स्टेंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित
मण्डला 15 जून 2022
त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 अन्तर्गत पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण कराये जाने एवं आचार संहिता का कड़ाई से पालन किये जाने के लिए स्टेंडिग कमेटी की बैठक जनपद पंचायत निवास के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी निवास, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नायब तहसीलदार, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद, पंचायत खण्ड अधिकारी ज.प., थाना प्रभारी थाना, चौकी प्रभारी, मनेरी एवं जनपद पंचायत निवास अन्तर्गत जनपद सदस्य पद प्रत्याशी, सरपंच पद प्रत्याशी तथा पंच पद प्रत्याशी बैठक में उपस्थित रहे।
रिटर्निंग ऑफिसर जनपद पंचायत निवास द्वारा बैठक में प्रत्याशियों से शांति पूर्वक एवं निष्पक्ष निर्वाचन कराये जाने के लिए सहयोग की अपील की गई। आदर्श आचार संहिता के दौरान रैली, सभाओं आदि बिना अनुमति के न करने की सलाह भी दी गई। वाहन की अनुमति अनुविभागीय अधिकारी निवास से लिए जाने हेतु जानकारी दी गई, तथा किसी को भी निर्वाचन संबंधी शिकायत हो तो जनपद पंचायत निर्वाचन शाखा निवास में स्थित कंट्रोल रूम जिसका मोबाईल नम्बर 9329319664 है, पर अपनी शिकायत दर्ज कराये जाने के लिए अवगत कराया गया।

