Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 17 जून 2022

स्कूलों में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें – हर्षिका सिंह

विद्यालय के प्रथम दिवस कलेक्टर ने बच्चों का तिलक लगाकर किया स्वागत

मण्डला 17 जून 2022

नवीन शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस नवीन प्राथमिक शाला बैगाटोला भंडारताल में आने वाले बच्चों का कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तिलक लगाकर स्वागत किया। श्रीमती सिंह ने उपस्थित बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित शाला आने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि पालक शिक्षक संघ के सदस्यों का सहयोग प्राप्त करते हुए शालाओं में शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। इस अवसर पर डीपीसी बीपी ठाकुर, सीईओ जनपद पंचायत केके पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि समग्र विकास के लिए शिक्षा नितांत आवश्यक है। शिक्षा के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बच्चों से आव्हान किया कि वे स्वयं नियमित रूप से स्कूल आएं तथा अपने साथियों को भी साथ में लेकर आएं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों तथा शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अनुपस्थित रहने वाले तथा कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों की सूची बनाकर उनसे संपर्क करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें। इस संबंध में उन्होंने मुनादी कराने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम में मध्यान्ह भोजन का संचालन स्व-सहायता समूह के माध्यम से सुनिश्चित करें। मध्यान्ह भोजन में मीनू का सख्ती से पालन कराएं। ग्राम में खेल मैदान के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्यवाही करें। कलेक्टर ने ग्रामीणों से खाद्यान्न वितरण, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। पुलिया निर्माण में हो रहे विलंब के संबंध में ग्रामीणों द्वारा जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को जल्द पुलिया का निर्माण पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा में गुणवत्ता जरूरी

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शाला शिक्षकों को निर्देशित किया कि शिक्षा में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। समय पर पाठ्यक्रम पूरा करें। शाला स्तर पर नवाचार करें। विद्यालय में साफ-सफाई का विशेष ध्यान देते हुए शैक्षिक वातावरण तैयार करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। कलेक्टर ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विषय आधारित प्रश्न पूछे तथा ब्लेकबोर्ड पर प्रश्न हल कराएं।

 

कलेक्टर ने बैगा महिला को नाम लिखना सिखाया

 

नवीन प्राथमिक शाला बैगा टोला भंडारताल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पालक शिक्षक सदस्यों से उनकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने बैगा महिला अनीता भारतीया को अक्षरज्ञान कराते हुए नाम लिखना सिखाया। एक कुशल शिक्षक की भांति कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नाम लिखते समय अनीता भारतीया का हाथ पकड़कर नाम लिखने में सहायता की तथा उसका आत्मविश्वास बढ़ाया। अनीता भारतीया ने कलेक्टर को विश्वास दिलाया कि वह अब नियमित रूप से सामाजिक चेतना केन्द्र जाकर पढ़ना-लिखना सीखेगी।

 

खुद पढ़ेगी और दूसरों को पढ़ाएगी दुर्गेशनी

 

बैगाटोला भंडारताल निवासी दुर्गेशनी यादव ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को बताया कि उसने इस वर्ष कक्षा दसवी की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वह अपनी पढ़ाई को आगे भी जारी रखना चाहती है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दुर्गेशनी को जिला मुख्यालय के स्कूल में प्रवेश दिलाते हुए हॉस्टल में रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने दुर्गेशनी यादव से कहा कि वह उपलब्ध समय में अपने ग्राम के निरक्षर महिला-पुरूषों को वित्तीय रूप से साक्षर बनाने में सहयोग करें। दुर्गेशनी ने विश्वास दिलाया कि वह सामाजिक चेतना केन्द्र के माध्यम से अपने ग्राम को पूर्ण साक्षर बनाने का प्रयास करेगी।

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने दिलाई नैतिक मतदान की शपथ

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैगाटोला भंडारताल के निवासियों को नैतिक मतदान की शपथ दिलाई। कलेक्टर ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है जिसका सभी को उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोभ-लालच में आए बिना अपने मत का बेहतर उपयोग करें। कोई भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

नैनपुर क्षेत्र में देखी गई निर्वाचन की तैयारियां

मण्डला 17 जून 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नैनपुर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने नैनपुर क्षेत्र में निर्वाचन के संबंध में चल रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। कलेक्टर ने सामुदायिक भवन, मंगल भवन, एसएसटी कन्या छात्रावास, उच्चतर माध्यमिक कन्या विद्यालय, रेलवे का सामुदायिक भवन, कन्या हायर सेकंडरी स्कूल तथा कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में निर्वाचन से संबंधित सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करें। उन्होंने मतदान कर्मियों के लिए रुकने, पीने के पानी, भोजन आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने महिला छात्रावासों में महिला कर्मियों के रुकने की आवश्यक व्यवस्था करें। साथ ही मतदान कर्मियों के आने जाने के लिए बस की व्यवस्था करें एवं प्रत्येक बस पर प्रभारी नियुक्त करें। कलेक्टर ने पुलिस कर्मियों के रुकने की व्यवस्था बीआरसी भवन तथा हॉस्टल में करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय विद्यालय सेमरखापा में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव

मण्डला 17 जून 2022

मंडला जिला में कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार 17 जून को समस्त विद्यालयों में प्रवेश उत्सव मनाया गया। विकासखंड मंडला के एक परिसर एक शाला के अंतर्गत संचालित एंकर शाला शासकीय हाईस्कूल सेमरखापा में भी शंकर सिंह मरावी अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मंडला की उपस्थिति में शाला प्रवेश उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम कक्षा एक में प्रवेश योग्य नौनिहालों के घर में जाकर उनका तिलक वंदन कर माला पहनाकर टॉफिया दी गई। उनके पालकों का भी सम्मान किया गया। इसके पश्चात शाला के शिक्षकों ने पालकों के साथ नव प्रवेशी छोटे-छोटे बच्चों को विद्यालय लाये। विद्यालय में एक समारोह आयोजित किया गया जिसमें बच्चों को तिलक लगाकर पुष्पहार पहनाए गए और उनकी आरती उतारी गई। कार्यक्रम के दौरान श्री एसएस मरावी ने पालकों से अनुरोध किया कि अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय नियमित रूप से भेजें एवं शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्राचार्य अखिलेश चंद्रोल द्वारा मुख्य अतिथि श्री मरावी जी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के महत्व पर कृष्ण कुमार हरदहा ने विस्तार पूर्वक बताया। शिक्षक राजकुमार सिंगौर द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त शिक्षकों, शाला प्रबंधन समिति सहित पालकों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक वर्षा की जानकारी

मण्डला 17 जून 2022

जिले में इस वर्ष एक जून से 17 जून के दौरान 20.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 136.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 116.5 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून को बिछिया में 0.1 मिमी., घुघरी में 6.6 मिमी. एवं नारायणगंज में 0.6 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 17 जून को 1.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कीटनाशक छिड़काव का प्रथम चक्र

मण्डला 17 जून 2022

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत  जिले केे 3 विकासखण्ड के मलेरिया प्रभावित हाई रिस्क 4 चयनित ग्रामों में दो चक्रों में कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया जा रहा है। प्रथम चक्र कीटनाशक छिड़काव 16 जून 2021 से प्रारंभ हो चुका है।

विकासखण्ड नैनपुर के ग्राम पाण्डीवारा में 16 जून से 19 जून 2022 तक, विकासखण्ड मोहगाँव के ग्राम कुमहर्रा में 20 जून से 22 जून 2022 तक, ग्राम मलवाथर में 23 जून 2022 से 27 जून 2022 तक, विकासखण्ड नारायणगंज के ग्राम चरगांव में 29 जून से 2 जुलाई 2022 तक प्रथम चक्र कीटनाशक छिड़काव कार्य संपन्न किया जायेगा। उपरोक्त ग्रामवासियों से अपील की गई है कि अपने घरों के कमरों में कीटनाशक छिड़काव कार्य कराएं एवं छिड़काव पश्चात् ढाई माह तक लिपाई-पुताई न करें। साथ ही मच्छरजन्य बीमारी जैसे- मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए घरों के आसपास तथा छत में रखे अनुपयोगी वस्तु जैसे- डब्बे, फूलदान, टायर, बर्तन इत्यादि में पानी जमा न होने दें एवं सोते समय मच्छरदानी का उपयोग कर वाहक जनित रोंगों के नियंत्रण में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए उड़नदस्ता दल गठित

मण्डला 17 जून 2022

राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2021-22, 19 जून को जिला मुख्यालय के 18 परीक्षा केन्द्रों में 2 सत्रों में आयोजित की जा रही है। उक्त परीक्षा की जांच के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा अपर कलेक्टर मीना मसराम एवं प्रभारी तहसीलदार निशा नापित को उड़नदस्ता हेतु अधिकृत करते हुए उनके सहयोग के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर मीना मसराम के उड़नदस्ता दल में गीता टांडिया खाद्य एवं औषधि निरीक्षक, चेतराम पंधा राजस्व निरीक्षक तथा अजय श्रीवास्तव राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार प्रभारी तहसीलदार निशा नापित के दल में डीएस धुर्वे सहायक सांख्यिकी अधिकारी, राकेश कटारिया राजस्व निरीक्षक तथा देवेन्द्र सिंगौर राजस्व निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

ग्राम करौंदी तहसील निवास में क्रेशर हुआ सील, अवैध भण्डारण का प्रकरण दर्ज

हाईवा, मिनी ट्रक एवं ट्रेक्टर ट्राली में 2.20 लाख जुर्माना अधिरोपित

मण्डला 17 जून 2022

सहायक खनिज अधिकारी ने बताया कि ग्राम करौंदी तहसील निवास में ठेकेदार मेसर्स सोनभद्र कंस्ट्रक्शन कंपनी रीवा द्वारा शासकीय कार्य के लिए गिट्टी का उपयोग न किया जाकर बेचे जाने की शिकायत प्राप्त होने पर जाँच में मिनी ट्रक क्रमाक एमपी 51 जी 1397 को जब्त कर 61 हजार 800 रूपए अर्थदण्ड आरोपित किया गया। 14 जून 2022 को जाँच निर्धारित अनुमतियों के बर्गेर केशर संचालन पर कंपनी द्वारा चलाये जा रहे केशर को सील किया गया एवं कंपनी के विरूद्ध 3118 घ०मी० गिट्टी के अवैध भण्डारण पर 1 करोड़ 12 लाख 25 हजार 800 रूपए अर्थदण्ड किये जाने हेतु अपर कलेक्टर के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उक्त कार्यवाही में तहसीलदार निवास, सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा। जिले में रेत के अवैध परिवहन की नियमित जांच की जा रही है। 16 जून 2022 को खनिज अमले द्वारा पुलिस चौकी पाण्डीवाड़ा के साथ संयुक्त रूप से हाईवा क्रमांक एमपी 22 एच 1266 एवं ट्रेक्टर ट्राली एमपी 51 एए 8489 को जब्त कर रेत के अवैध परिवहन करते जब्त कर रूपये 1.60 लाख जुर्माना अधिरोपित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय आईटीआई में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित

मण्डला 17 जून 2022

शासकीय आईटीआई मंडला में केंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिष्ठित कंपनी मारुति सुजुकी गुड़गांव ने भाग लिया। केंपस में विभिन्न ट्रेड जैसे टर्नर, मशीनिस्ट, फिटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक के 140 प्रशिक्षणार्थियों ने पंजीयन कराया एवं उनकी ऑनलाइन लिखित परीक्षा कराई गई। कंपनी द्वारा 124 प्रशिक्षणार्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया। चयनित प्रशिक्षणार्थियों को 27890 सैलरी एवं अन्य सुविधाएं कंपनी द्वारा दिए जाएंगे। इस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन प्राचार्य आरएस वरकड़े की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का संचालन एंटरप्रेन्योरशिप अधिकारी वैशाली कामडे ने किया। इस ड्राइव में प्रशिक्षण अधिकारी अशोक तेकाम, सुनील परते, गोविंद पंचेश्वर शैलेंद्र, शिथलेश एवं पूजा पांडे मेहमान प्रवक्ता एवं अन्य स्टॉफ भी उपस्थित रहे।

 

 

 

2 कोरोना मरीज हुए डिस्चार्ज

 

मण्डला 17 जून 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 16 जून की शाम 3 बजे से 17 जून की शाम 3 बजे तक जिले में 2 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

Related posts

फेसबुक पर फेक न्यूज डालने वाले व्यक्ति पर एफआईआर दर्ज

Reva India News

अपर कलेक्टर ने संविधान दिवस की दिलाई शपथ

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया

Reva India News

Leave a Comment