तृतीय चरण के निर्वाचन के लिए तैयारी पूरी करें – हर्षिका सिंह
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली बैठक
मण्डला 4 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के अंतर्गत तृतीय चरण के मतदान की तैयारियों के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, पुलिस, सेक्टर अधिकारी एवं संबंधित तृतीय चरण के निर्वाचन को निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने तैयारियां पूरी करें। उन्होंने एसडीएम नैनपुर, एसडीएम बिछिया एवं एसडीएम मंडला को निवास अनुविभाग के अंतर्गत तृतीय चरण में शामिल निवास, नारायणगंज तथा बीजाडांडी क्षेत्रों की तैयारियों को अंतिम रूप देने एवं निर्वाचन संपन्न कराने आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का भ्रमण अंतिम रूप से पूरा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरूस्त करें। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों से उनके क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं, मतदान केन्द्रों तक पहुंचमार्ग, मतदान दलों एवं परिवहन आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सहायक आयुक्त आदिवासी विकास मतदान दलों के रात्रिविश्राम एवं भोजन के लिए व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए मतदान दलों के रूकने, रात्रि विश्राम की व्यवस्था बनाएं। उन्होंने कहा कि परिसर में बिजली, पीने का पानी, चादर, गद्दे आदि समुचित रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने एसी ट्राईबल से तीनों विकासखंडों में मतदान दलों के रूकने एवं भोजन के संबंध में किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों में कल शाम तक अनिवार्य रूप से बिजली कनेक्शन पूर्ण हो, डीपीसी व्यवस्थाओं को पूर्ण करते हुए रिपोर्ट देंगे। मनेरी क्षेत्र में निर्वाचन के दिवस पर अवकाश होने संबंधी जानकारी प्रदान करें। उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी से तीनों विकासखंडों में मतदान दलों को पहुंचाने के लिए जिले के अलग-अलग विकासखंडों में लगने वाले वाहनों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने बैठक में सामग्री वितरण, मतपत्र एवं मूलादेश वितरण, सामग्री थैलियों, मेडीकल किट तथा कोविड किट वितरण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामग्री की थैलियों में चैकलिस्ट के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराएं। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सामग्री वितरण के दिवस तीनों विकासखंडों के भ्रमण पर रहते हुए स्वास्थ्य अमले की उपस्थिति, मेडीकल तथा कोविड किट वितरण को सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने तीनों विकासखंडों में आवश्यक जानकारी के पर्याप्त समन्वय के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कम्यूनिकेशन टीम के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक सूचनाएं एवं जानकारी प्रदान करें।
तीनों ब्लॉक में बनाएं मॉडल पोलिंग बूथ
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि तृतीय चरण में शामिल तीनों विकासखंडों निवास, नारायणगंज एवं बीजाडांडी में मॉडल पोलिंग बूथ बनाएं। उन्होंने राजस्व, पुलिस एवं सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्रों में मतदान के समय से 48 घंटे पूर्ण चुनाव प्रचार-प्रसार बंद होने की कार्यवाही का पालन कराएं। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारी आवश्यक जानकारी के समन्वय एवं कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी देने पुलिस टीम के साथ संपर्क में रहें। बैठक में उन्होंने सारणीकरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर अधिकारियों से उनके सेक्टर की व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन गतिविधियों के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं फीडबैक के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने किया सारणीकरण प्रशिक्षण को संबोधित
मण्डला 4 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने डाईट मंडला में त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2022 के लिए सारणीकरण कार्य के संबंध में आयोजित प्रशिक्षण को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सारणीकरण कार्य के लिए नियुक्त सारणीकरण पर्यवेक्षक एवं सहायक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें। उन्होंने सारणीकरण के संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। कलेक्टर ने कहा कि सारणीकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। डाईट मंडला में सारणीकरण कार्य के लिए 4 जुलाई को प्रथम प्रशिक्षण एवं 12 जुलाई को द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया है।
ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण
मण्डला 4 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला परिसर स्थित नवीन ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम संबंधित उपस्थित थे।
बैन पॉलीथिन के संबंध में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जागरूकता अभियान चलाएं – कलेक्टर हर्षिका सिंह
मण्डला 4 जुलाई 2022
1 जुलाई 2022 से सिंगल यूज प्लास्टिक बैन की गई है। इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी नगरीय निकायों, सीईओ जनपद, स्कूल शिक्षा विभाग तथा संबंधितों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बैन के संबंध में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सघन रूप से जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों में जागरूकता अभियान के अंतर्गत कचरा गाड़ियों में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन संबंधी गाने, अनाउंसमेंट, घर-घर दस्तक आदि करें। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में प्लास्टिक उत्पादों से संबंधित कारखानों एवं दुकानों में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन संबंधित प्रतिबंधों के नोटिस दें एवं तामिल कराएं। दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर तत्काल एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं विद्यार्थियों के माध्यम से सघन जागरूकता अभियान चलाएं।
बैन प्लास्टिक के विकल्पों के बारे में भी बताएं
कलेक्टर ने कहा कि नगरीय निकाय, सीईओ जनपद तथा स्कूल शिक्षा विभाग अपने क्षेत्रों में बैन किए गए प्लास्टिक उत्पादों की जानकारी दें। इसी प्रकार अब नए विकल्पों के बारे में भी व्यापक रूप से स्थानीय जनता को जानकारी प्रदान करें। उन्होंने कहा कि स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्लास्टिक बैन अभियान को गति दें। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके घर एवं अभिभावक भी जागरूक होंगे। कलेक्टर ने डीपीएम, एनआरएलएम को निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूह की दीदियों को बैन प्लास्टिक के विकल्पों को तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण दें तथा सामग्री आदि उपलब्ध कराएं।
श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी सीएमओ, सीडीपीओ एवं सीईओ जनपद अपने अमले के माध्यम से आगामी 2-3 दिन सघन जागरूकता अभियान संचालित करें। इसी प्रकार घाटों एवं पर्यटन क्षेत्रों में भी बैन प्लास्टिक के संबंध में जानकारी दें एवं स्थानीय स्तर पर विकल्पों के बारे में भी बताएं। उन्होंने लेबर ऑफीसर एवं जीएमडीआईसी को निर्देशित किया कि मनेरी औद्योगिक क्षेत्र सहित जिलेभर में प्लास्टिक उत्पादों के निर्माण संबंधी जानकारी लें। ऐसे उत्पादकों को शासन के नए दिशा-निर्देशों की जानकारी दें तथा उल्लंघन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जूनियर मैनेजर श्री त्रिपाठी हुए सेवानिवृत्त
मण्डला 4 जुलाई 2022
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में जूनियर मैनेजर के पद पर रहे एस.के. त्रिपाठी 30 जून 2022 को सेवानिवृत्त हो गए हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने श्री त्रिपाठी को शाल, पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल देकर उन्हें सेवानिवृत्ति की बधाई दी। उन्होंने श्री त्रिपाठी को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दी। श्री त्रिपाठी 30 जून 2022 को अपनी लगभग 41 वर्ष के शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए हैं। जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों ने श्री त्रिपाठी को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं प्रेषित की है।
खरीफ 2022 गिरदावरी संबंधी जानकारी
मण्डला 4 जुलाई 2022
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम खरीफ 2022 के लिए फसल गिरदावरी की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण की जाना है जिससे ई-उपार्जन, फसल बीमा, फसल ऋण आदि सुसंगत कार्यवाही निर्बाद्ध रूप से संचालित हो सकें। मौसम खरीफ 2022 से सैटेलाईट इमेज व एआई आधारित गिरदावरी के साथ गुणवत्तापूर्ण गिरदावरी के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए किसानों की फसल गिरदावरी कार्य में सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए निर्णय लिया गया है। मौसम खरीफ 2022 से एआई आधारित फसल गिरदावरी की कार्यवाही अंतर्गत एम.पी. किसान ऐप के माध्यम से फसल स्व-घोषणा की जानकारी दर्ज करने के लिए पूर्व से ऑप्शन उपलब्ध है। मौसम खरीफ हेतु सैटेलाईट इमेज व एआई आधारित यथासंभव खसरा नबंरवार फसल गिरदावरी की जानकारी एमपीएसईडीसी द्वारा 31 जुलाई 2022 तक उपलब्ध कराई जायेगी। सैटेलाईट इमेज व एआई आधारित फसल गिरदावरी की जानकारी सारा ऐप पर अवलोकन हेतु उपलब्ध होगी।
एमपी किसान ऐप के माध्यम से किसान द्वारा खेत में उपस्थित होकर फसल की जानकारी जियो फेस तकनीक अनुसार दर्ज की जा सकती है, जिसकी समय-सीमा 15 अगस्त 2022 तक नियत की गई है। सैटेलाईट इमेज व एआई आधारित फसल गिरदावरी की जानकारी एवं एमपी किसान ऐप के माध्यम से दर्ज जानकारी समान होने पर जानकारी सीधे सर्वर पर अद्यतन की जायेगी। सैटेलाईट इमेज व एआई आधारित फसल गिरदावरी की जानकारी एवं एमपी, किसान ऐप के माध्यम से दर्ज जानकारी में विसंगति होने पर इन सर्वे नबंर की जानकारी ग्राउंड ट्रुथिंग हेतु पटवारी को सारा ऐप में उपलब्ध कराई जायेगी। ग्राउंड ट्रुथिंग हेतु पटवारियों को प्रदत्त सर्वे नंबर एवं किसान द्वारा गिरदावरी से शेष सर्वे नबंर की गिरदावरी पटवारी द्वारा जियो फेंस तकनीक के आधार पर पूर्ण की जायेगी। मौसम खरीफ के लिए पटवारियों द्वारा गिरदावरी 100 प्रतिशत पूर्ण करने हेतु समय-सीमा 31 अगस्त 2022 तक रहेगी। मौसम खरीफ के लिए किसानों द्वारा फसल गिरदावरी के संबंध में आपत्ति की जानकारी दर्ज करने हेतु समय-सीमा 5 सितम्बर 2022 तक रहेगी। मौसम खरीफ के लिए 10 सितम्बर 2022 तक प्राप्त आपत्तियों का निराकरण संबंधित तहसीलदार व नायब तहसीलदार द्वारा सारा पोर्टल के माध्यम से एवं प्राप्त आपत्ति की लोकेशन एवं फसल के फोटो का अवलोकन कर आवश्यक जाँच उपरांत किया जा सकेगा। मौसम खरीफ हेतु नियत 10 सितम्बर 2022 उपरांत कोई संशोधन नहीं किया जा सकेगा एवं डाटा को लॉक किया जायेगा।
डायरेक्ट सेल्स एजेंट चयन साक्षात्कार 25 जुलाई को
मण्डला 4 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग ने बताया कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यवसाय अर्जन के लिए डायरेक्ट सेल्स एजेंट का चयन किया जाना है जिसके लिये साक्षात्कार का आयोजन 25 जुलाई 2022 दिन सोमवार को प्रातः 11 बजे से किया जाएगा। शैक्षणिक योग्यता 10वी पास या समकक्ष राज्य व केन्द्रीय बोर्ड तथा आयु 18 से 50 वर्ष होनी चाहिए, कम्प्यूटर ज्ञान एवं स्थानीय क्षेत्र का ज्ञान की अहर्तायें पूर्ण करने वाले इच्छुक उम्मीदवार अपना बायोडाटा एवं मूल दस्तावेज लेकर कार्यालय अधीक्षक डाकघर मण्डला संभाग मण्डला, प्रधान डाकघर मण्डला संभाग परिसर में निर्धारित समय पर उपस्थित हो सकते हैं। अपने आवेदन तथा अन्य जानकारी के लिये अपने निकटतम डाकघर पर संपर्क करें सकते हैं।
जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 4 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 4 जुलाई के दौरान 196.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 263.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 67.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जुलाई को मंडला में 16.0 मि.मी., नैनपुर में 12.7 मि.मी., बिछिया में 1.6 मि.मी. एवं निवास में 6.2 मि.मी., घुघरी में 13.5 मि.मी., नारायणगंज में 3.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 4 जुलाई को 8.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ
मण्डला 4 जुलाई 2022
जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 3 जुलाई की शाम 3 बजे से 4 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।
