जनसुनवाई में सुनी गई 53 आवेदकों की समस्या
मण्डला 26 जुलाई 2022
जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनी गई। एडीएम मीना मसराम एवं जिला पंचायत सीईओ ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में 53 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर व्हीके कर्ण, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित उपस्थित थे। जनसुनवाई में आवेदकों ने अलग-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण करते हुये ऑनलाईन एंट्री भी सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत दिवारा बम्हनी निवासी असाडू साहू ने वृ़द्धावस्था पेंशन दिलाने के संबंध में, ग्राम पंचायत लिंगामाल निवासी सीताराम झारिया ने मुख्यमंत्री हरिजन आदिवासी अनुदान कृषि पंप कनेक्शन चालू करने के संबंध में, ग्राम पंचायत आमानाला निवासी कलिया बाई एवं ग्राम बिचुआ निवासी सूर्याकांत ने अत्यधिक बिजली बिल के संबंध में, ग्राम पंचायत अहमदपुर निवासी मनीष कुमार ने स्कूल में प्रवेश दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जनपद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन संपन्न कराने पीठासीन अधिकारी नियुक्त
मण्डला 26 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सम्मिलन आयोजन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पीठासीन अधिकारी के नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के तहत 27 जुलाई दिन बुधवार को जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन संपन्न कराने सम्मिलन आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत बिछिया जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. बिछिया श्रीमती सुलेखा उईके, मवई जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार कमल सिंहसार, नैनपुर जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. नैनपुर प्रियंका वर्मा, घुघरी जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. निवास शिवाली सिंह तथा मोहगांव जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. मंडला पुष्पेन्द्र अहके पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसी प्रकार 28 जुलाई दिन गुरूवार को जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन संपन्न कराने सम्मिलन आयोजित किया जाएगा। द्वितीय चरण के तहत मंडला जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. मंडला पुष्पेन्द्र अहके, नारायणगंज जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. बिछिया सुलेखा उईके, निवास जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. शिवाली सिंह तथा बीजाडांडी जनपद पंचायत के लिए अ.वि.अ. प्रियंका वर्मा पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने नियुक्त पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने की कार्यवाही मध्यप्रदेश पंचायत (उप सरपंच, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष) निर्वाचन नियम 1955 के नियम-14(2) के अनुसार कार्यवाही करें। यथास्थिति आवश्यक होने पर मध्यप्रदेश पंचायत (उप सरपंच, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष) निर्वाचन नियम 1955 के नियम-14 (5)(2) के अनुसार कार्यवाही करें। मध्यप्रदेश पंचायत (उप सरपंच, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष) निर्वाचन नियम 1955 के नियम-16 के अनुसार सम्मिलन के दौरान मतों को अभिलिखित करने की रीति का पालन किया जाए तथा इस कार्यालय से मतपेटी, गोल तीर वाली सील एवं अन्य सामग्री विशेष वाहक भेजकर प्राप्त करें।

आयुष तथा जल संसाधन राज्यमंत्री श्री कावरे का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 26 जुलाई 2022
श्री रामकिशोर “नानो“ कावरे राज्यमंत्री, आयुष (स्वतंत्र प्रभार) तथा जल संसाधन विभाग मध्यप्रदेश शासन का 26 जुलाई 2022 को मण्डला हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कावरे 26 जुलाई 2022 को सायं 4 बजे बालाघाट से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा सायं 6 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा मंडला में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कावरे 27 जुलाई 2022 को प्रातः 8 बजे मंडला से परसवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 26 जुलाई 2022
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 27 जुलाई 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 27 जुलाई को प्रातः 10 बजे जबलपुर से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे तथा दोपहर 12 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 28 जुलाई 2022 को प्रातः 10 बजे जेवरा से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे तथा सायं 4 बजे डिण्डौरी से प्रस्थान कर सायं 5:30 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 29 जुलाई 2022 को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए प्रस्थान करेंगे एवं प्रातः 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे।

जनपद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए निर्धारित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
मण्डला 26 जुलाई 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पुलिस अधीक्षक को जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए निर्धारित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत प्रथम चरण में 27 जुलाई को प्रातः 11 बजे से बिछिया, मवई, नैनपुर तथा मोहगांव के जनपद पंचायत सभाकक्ष एवं घुघरी के बीआरसी भवन में सम्मिलन का आयोजन होगा। इसी प्रकार द्वितीय चरण में 28 जुलाई को प्रातः 11 बजे से मंडला, नारायणगंज तथा निवास के जनपद पंचायत सभाकक्ष एवं बीजाडांडी के बीआरसी भवन में सम्मिलन का आयोजन होगा। कलेक्टर ने निर्वाचन कार्य संपन्न होने तक निर्धारित स्थानों के संपूर्ण परिसर एवं सभी पहुंच मार्गों में समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

डाक विभाग द्वारा प्रदत्त एटीएम के नवीनीकरण संबंधी जानकारी
मण्डला 26 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर ने बताया है कि भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रदत्त बचत बैंक व चालू खाते के जो ईएमव्ही चिप एटीएम कार्ड जून 2017 में जारी किये गये थे, उनकी वैधता 5 वर्ष की थी, जो कि 30 जून 2022 को समाप्त हो चुकी है। जिन हितग्राहियों के एटीएम कार्ड की वैद्यता समाप्त हो चुकी है उनको नया एटीएम कार्ड संबंधित डाकघर से निःशुल्क प्रदाय किया जायेगा। अगर कोई एटीएम गुम व ब्लॉक हो चुका है, उन पर निर्धारित शुल्क लेकर नया एटीएम कार्ड प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जा सकता है। अधीक्षक डाकघर मंडला ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द संबंधित डाकघर में संपर्क कर नया एटीएम प्राप्त करने के लिए संपर्क करें व डाक विभाग की सुविधाओं का लाभ लें।

28 जुलाई से 15 अगस्त तक आयोजित होगा पौधारोपण महाअभियान
मण्डला 26 जुलाई 2022
कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के पर्यावरण को स्वच्छ रखने व प्रकृति को प्राणवायु से समृद्ध करने जनसहभागिता के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के लिए ’अंकुर कार्यक्रम’ की अवधारणा तैयार की गई है। राज्य शासन द्वारा अंकुर कार्यक्रम के अंतर्गत ’आगामी हरियाली अमावस्या’ 28 जुलाई 2022 से 15 अगस्त 2022 तक पौधारोपण महाअभियान मध्यप्रदेश में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के समस्त विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने विभाग तथा खंड स्तरीय अमला को अंकुर कार्यक्रम के अंतर्गत ’आगामी हरियाली अमावस्या’ 28 जुलाई 2022 से 15 अगस्त 2022 तक पौधारोपण महाअभियान का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा है कि योजना की सहभागिता एवं दिये गये निर्देशानुसार सभी अधिकारी व कर्मचारियों से उक्त अवधि में वृक्षारोपण कराते हुए वायुदूत ऐप के माध्यम से फोटो अपलोड कराना सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यालयवार व विभागवार अंकुर अभियान अंतर्गत वृक्षारोपण कराकर वायुदूत ऐप में फोटो अपलोड कराते हुए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी भेजना सुनिश्चित करें।

विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा न्यायालय परिसर भुआ बिछिया में वृक्षारोपण
मण्डला 26 जुलाई 2022
जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं आरएस शर्मा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार पंच-ज अभियान के तहत 23 जुलाई 2022 को तहसील न्यायालय भुआ बिछिया के लिए आंवटित की गई भूमि पर वृहद वृक्षारोपण किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश आरएस शर्मा के द्वारा वृक्षारोपण किया गया। श्री आरएस शर्मा के द्वारा पेड़ का महत्व बताते हुए बताया गया कि वृक्ष लगाना ही हमारी जवाबदारी नहीं है अपितु उनका संरक्षण करना भी आवश्यक है। पेड़ों से हमें ऑक्सीजन मिलती है कोरोना महामारी के समय में ऑक्सीजन की आवश्यकता को भी हमने जाना है एवं कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए ऑक्सीजन की पूर्ति एवं पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए हमें वृक्षों को अधिक से अधिक मात्रा में लगाये जाने एवं उनके संरक्षण के प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। पेड़ ना केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं बल्कि पर्यावरण को भी सुंदर बनाते हैं। पेड़ों से हमें गर्मी के दिनों में छाया भी मिलती है अगर पेड़ नही होगें तो हमारा जीवन संकट में आ जायेगा। मनुष्य अपने सुख-सुविधा के लिए पेड़ों को अपना शत्रु बना बैठा है। निरंतर पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को बहुत अधिक हानि हो रही है। पृथ्वी का तापमान बहुत अधिक लगातार बढ़ रहा है इसका प्रभाव यह हो रहा है कि पहाड़ों का बर्फ पिघल रहा है जिससे बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। वृक्षारोपण न केवल शासन का कर्तव्य है बल्कि हमारा भी दायित्व है प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वृक्षों को ना काटे और दुसरों को भी काटने से रोकना चाहिए। अधिकाधिक वृक्षारोपण करें, ताकि वनों से हमें पर्यटन की सुविधा, पशु पक्षी का दर्शन, प्राकृतिक संतुलन, वनस्पति आदि का लाभ मिलते रहें। इस अवसर पर जिला न्यायाधीश, सचिव श्री डीआर कुमरे, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री सुबोध विश्वकर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री सुभाष सुनहरे, तृतीय जिला न्यायाधीश श्री डीआर अहिरवार, चतुर्थ न्यायाधीश श्री जेबीएस राजपूत, पंचम जिला न्यायाधीश के के निनामा, जिला न्यायाधीश, अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति निवास श्री मनोज लढिया, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति डोगरे शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती जागृति एस चद्रिकापुरे, यायिक मजिस्ट्रेट सीताराम दास, न्यायिक मजिस्ट्रेट नरेश सिंह गौड़, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री फातिमा अली, न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री श्वेता परते एवं न्यायालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 26 जुलाई 2022
जिले में इस वर्ष एक जून से 26 जुलाई के दौरान 500.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 453.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 46.4 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 जुलाई को मंडला में 55.6 मि.मी., नैनपुर में 18.4 मि.मी., बिछिया में 24.4 मि.मी., निवास में 17 मि.मी., घुघरी में 29.6 मि.मी. तथा नारायणगंज में 3.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 26 जुलाई को 24.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

माटीकला उद्यमियों के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण
मण्डला 26 जुलाई 2022
जिला अधिकारी माटीकला ने बताया कि 20 जुलाई 2022 से माटीकला उद्यमियों को प्रशिक्षण योजनान्तर्गत वर्ष 2022-23 में जिला स्तर व राज्य स्तर पर 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया जाना प्रस्तावित है। योजनान्तर्गत नियमानुसार माटी शिल्पियों को सहायता देय होगी। जिला स्तरीय प्रशिक्षण गैर आवासीय रहेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक माटी शिल्पी, उद्यमी, कारीगरों, जिनकी आयु 18 से 45 वर्ष की बीच हो, उनसे 31 जुलाई 2022 तक आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि 31 जुलाई 2022 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र जिला माटीकला बोर्ड जिला पंचायत मण्डला में कार्यालयीन समय पर सम्पर्क कर प्राप्त किया जा सकता है।

स्वरोजगार के लिए आवेदन आमंत्रित
मण्डला 26 जुलाई 2022
प्रबंधक खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत ने बताया कि मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत जिले में स्वरोजगार की संभावना एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से। मण्डला जिले के लिए 32 हितग्राहियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- सिलाई, रेडीमेड गारमेंट, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग, कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, प्लम्बर, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, मोबाईल रिपेयरिंग, ढाबा रेस्टोरेन्ट, राईस मिल, फोटो कॉपी, कम्प्यूटर ऑनलाईन सर्विस, आटा चक्की, तेल मिल, टेन्ट हाउस, फर्नीचर निर्माण एवं रेपेरिंग, निर्माण कार्य से संबंधित आदि ट्रेडों में ऑनलाइन आवेदन पत्र भरकर स्वयं का व्यवसाय किये जाने हेतु आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक खादी ग्रामोद्योग जिला पंचायत मण्डला में सम्पर्क कर सकते हैं।

मूंग एवं उड़द उपार्जन के लिए 28 जुलाई तक होगा पंजीयन
मण्डला 26 जुलाई 2022
म.प्र. शासन किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार वर्ष 2022 प्राईस सपोर्ट स्कीम योजनांतर्गत ई-उपार्जन पोर्टल पर ग्रीष्म कालीन फसल मूंग एवं उड़द के लिए जिले में 21 पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिनमें 18 जुलाई से 28 जुलाई 2022 तक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। जानकारी के अनुसार लेम्स मानादेई, मानेगाँव, नारायणगंज, निवास, जामगांव, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेलवे, मोहगांव, मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी एवं मवई तथा विपणन केन्द्र पड़ाव, नैनपुर मंडी एवं बिछिया मंडी में पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। साथ ही कृषकों की सुविधा की दृष्टि से समितियों के अतिरिक्त एमपी ऑनलाईन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोकसेवा केन्द्र तथा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर भी पंजीयन की व्यवस्था की गई है। कृषक इन केन्द्रों पर जाकर समग्र सदस्य आईडी, आधार नंबर, आधार कार्ड में मोबाईल नंबर दर्ज के साथ, भू-अभिलेख में दर्ज खाते एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार कार्ड में दर्ज नाम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शेष पंजीयन से संबंधित जानकारी पंजीयन केन्द्र में जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

’उज्जवल भविष्य ऊर्जा @2047 कार्यक्रम 28 को नैनपुर एवं 30 को मंडला में
मण्डला 26 जुलाई 2022
’आजादी के अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत 28 जुलाई को नैनपुर एवं 30 जुलाई को झंकार भवन मण्डला में देश और विशेषतः मध्यप्रदेश में विद्युत क्षेत्र में हुई उपलब्धियों को साझा करने के ’’उज्जवल भविष्य उर्जा@2047’’ का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश में विद्युत की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी संचारण लाईनों का निर्माण घर-घर बिजली पहुँचाने, विद्युतीकरण को सृदृढ़ बनाने 24 घंटे विद्युत प्रदाय गैर पारंपरिक ऊर्जा क्षेत्र में रिकार्ड बढ़ोतरी ऐसे कई कार्यों के बारे में विडियो फिल्म के माध्यम से बताया जाएगा। साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। नैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवसिंह सैयाम मुख्य अतिथि होगें एवं नगर परिषद नैनपुर के अध्यक्ष एवं समस्तगण विशिष्ट अतिथि होगें। मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होगें एवं नगर परिषद नैनपुर के अध्यक्ष एवं समस्तगण विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन एन.टी.पी.सी. गाडरवाड़ा द्वारा म.प्र.वि.म. एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

डाकघरों में भी होगा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का पंजीकरण
27 जुलाई को चंदवारा में होगा विशेष कैम्प का आयोजन
मण्डला 26 जुलाई 2022
अधीक्षक डाकघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार डाकघरों में जनसामान्य की सुविधा के लिए तमाम नई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में अब डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ भी उठाया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की पहँुच को देखते हुए इससे किसानों को काफी सहूलियत होगी। अधीक्षक डाकघर ने बताया कि डाकघरों के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2022 के लिये सभी अऋणी किसानों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 है। डाकघरों में स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से किसानों को बीमा कराने के लिये अनिवार्य दस्तावेजों में आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, बैंक पासबुक, खसरा बी1, खसरा वाइज बोई गई फसल का प्रमाणित बुआई प्रमाण पत्र, किरायेदार किसान के लिए किरायानामा का शपथ पत्र है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों और उनके परिवारों को फसल के नुकसान का मुआवजा और साथ ही सुरक्षा प्रदान करना है। इसके तहत बुआई से पहले से लेकर कटाई के बाद तक फसल को सुरक्षा प्रदान की जाती है। यह योजना किसानों के परिवारों और उनके आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में भी मददगार है। इसे ध्यान में रखते हुए मण्डला जिले के सभी डाकघरों में फसल बीमा योजना को पंजीकरण किया जा रहा है तथा चन्दवारा ग्राम में 27 जुलाई 2022 विशेष केम्प का आयोजन किया जाना है जिसमें पात्र किसानों का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया जायेगा।

1 कोरोना केस मिला
मण्डला 26 जुलाई 2022
25 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे से 26 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंहवाहिनी वार्ड मंडला निवासी 21 वर्षीय युवती की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

27 जुलाई को कोविड वैक्सीनेशन के लिए महाभियान
कलेक्टर ने जिलेवासियों से टीकाकरण के लिए की अपील
मण्डला 26 जुलाई 2022
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अमृत महोत्सव के अतर्गत 15 जुलाई 2022 से 30 सितंबर 2022 तक जन अभियान के रूप में 18 से अधिक आय वर्ग के पात्र नागरिकों का काविड-19 टीके का प्रीकॉशन डोज निःशुल्क दिया जा रहा है। इसी कड़ी में कोविड वैक्सीनेशन का महाअभियान 27 जुलाई 2022 को होगा। महाअभियान 6 दिवसों में 27 जुलाई, 3 अगस्त, 17 अगस्त, 31 अगस्त, 14 सितंबर 2022 एवं 28 सितबर 2022 महाअभियान में कोविड का वैक्सीनेशन होगा। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि मंगलवार एवं शुक्रवार का रेग्युलर वैक्सीनेशन के साथ में भी कोविड वैक्सीनेशन किया जायेगा। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थाएं सीएचसी, पीएचसी एवं ग्राम स्तर पर वैक्सीनेशन होगा। इसके अलावा पहुंचविहीन क्षेत्र में ईंट भटटा, कछार घुम्मक्कड़, मजरे, टोले, घुम्मक्कड़ आबादी सघन वनग्राम, केशर बाढ़ पीड़ित क्षेत्र मोबाईल टीम के माध्यम से पात्र नागरिकों का टीकाकरण किया जायेगा। जिला मुख्यालय में सत्र जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर, ज्ञानदीप स्कूल एवं शहरी स्वास्थ्य कार्यकत्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर वैक्सीनेशन किया जाना है।
जिलेवासी टीकाकरण में भाग लें
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने 27 जुलाई को आयोजित होने वाले कोविड वैक्सीनेशन के टीकाकरण महाभियान के संबंध में जिलेवासियों से अपील की है। उन्होंने अपने अपील में कहा है कि जिलेवासी अपनी पात्रतानुसार कोविड वैक्सीनेशन एवं प्रीकॉशन डोज के महाभियान में जरूर भाग लें।

