Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 अगस्त 2022

छात्राओं ने बनाई आकर्षक तिरंगा राखियाँ

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            मंडला जिले में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज एवं अन्य संस्थाओं में भी अलग-अलग प्रतियोगिताओं के माध्यम से ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा ’हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश देने के लिए आकर्षक तिरंगा राखियाँ बनाई गई। छात्राओं ने इन राखियों को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों की थीम पर आकर्षक रूप से बनाया है।

 

 

 

 

 

 

बीजाडांडी में निकाली गई तिरंगा कलश यात्रा

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले भर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। बीजाडांडी क्षेत्र में 6 अगस्त को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एनआरएलएम समूह की दीदियों द्वारा तिरंगा कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं दीदियों ने कलश को राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से आकर्षक रूप से सजाया तथा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली एवं सभी से ’हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी होने की अपील की।

 

 

 

 

 

डी.पी.टी., टी.डी. अभियान 16 से 31 अगस्त तक

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 16 से 31 अगस्त 2022 तक डी.पी.टी., टी.डी. अभियान संचालित किया जायेगा। अभियान के तहत् 5 वर्ष, 10 वर्ष एवं 16 वर्ष उम्र के किशोर बालक-बालिकाओं को टिटनेस एवं अडल्ट डिप्थीरिया की बीमारी से बचाव के लिए डी.पी.टी., टी.डी. वेक्सीन के एक डोज से टीकाकृत किया जायेगा। 5 साल, 10 साल एवं 16 साल की आयु वर्ग के ऐसे बच्चे जो कक्षा 1, 5 एवं 10वी में अध्ययनरत् हैं उन्हें या इन कक्षाओं में न होते हुये भी किसी अन्य कक्षा में अध्ययनरत् हैं, उन्हें भी डी.पी.टी., टी.डी. वेक्सीन लगाया जायेगा।

स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि ये टीके सुरक्षित, लाभकारी एवं दर्द रहित हैं। टीके लाईलाज बीमारियों के विरूद्ध लगाये जाते हैं। डिप्थीरिया एवं टिटनेस बीमारी वर्षा ऋतु में ज्यादा होती हैं। इन बीमारियों से बचने का एकमात्र उपाय डी.पी.टी., टी.डी. का टीका है। 16 से 31 अगस्त तक आयोजित डी.पी.टी., टी.डी. अभियान में पालकगण निश्चित दिन, समय एवं स्थान पर अपने 5, 10 एवं 16 साल के बच्चों को निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थल पर भिजवायें एवं टीका लगवाकर बीमारियों से बचें।

 

 

 

 

 

पैथोलॉजी जाँच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजे जाएंगे

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों के सेम्पल अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे जाएंगे। चिकित्सक मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल या जिला अस्पताल में रिफर नहीं कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पैथोलॉजी जांच सुविधाएं, सुनिश्चित करने के लिए शासन ने सरकारी अस्पतालों को हब एंड स्पोक मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। प्रदेश भर में 324 स्वास्थ्य संस्थाओं को हब तथा एक हजार 610 संस्थाओं को स्पोक के रूप में विकसित किया है। इस हेतु निजी कंपनी से अनुबंध किया गया है। इस तरह हब पर कुल 45 तरह की पैथोलॉजी जांच सुविधा मरीजों को मिलने लगेंगी जिसमें से 34 जांचें मशीनों से तथा 11 रैपिड टेस्ट किट से की जाएंगी।

इसी तरह सिविल अस्पतालों में 52 तथा जिला अस्पताल स्तर पर 101 तरह की पैथोलॉजी जांच सुविधा का लाभ मरीजों को मिल सकेगी। कंपनी द्वारा हब यानि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व सिविल अस्पतालों में पैथोलॉजी जांचों के लिए आवश्यक मशीनों की स्थापना की जा रही है। मरीजों को प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सिविल अस्पताल स्तर पर हार्मोन व हृदय रोग से संबंधित पैथोलॉजी जांचों की सुविधा मिल सकेगी। चिकित्सा अधिकारी द्वारा मरीजों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार जांचों की सलाह दी जाएगी। स्पोक पर पदस्थ लैब टेक्नीशियन, स्टॉफ नर्स द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सैंपल लिए जाएंगे। 11 तरह की जांचें रैपिड डायग्नोस्टिक किट द्वारा की जाएंगी। 34 तरह की जांचों के लिए सैंपल लिया जाएगा। सैंपल ट्रांसपोर्टेशन पर्सन द्वारा उक्त सैंपल जांच के लिए हब पर पहुंचाया जाएगा।

 

 

 

 

 

समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की खरीदी 8 अगस्त से

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            उपसंचालक कृषि किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि वर्ष 2022 हेतु उपार्जन नीति अंतर्गत समर्थन मूल्य पर मूंग रूपये 7275 प्रति क्विंटल एवं उड़द रूपये 6300 प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द उपार्जन अवधि 8 अगस्त 2022 से 30 सितम्बर 2022 तक की समय सीमा में की जायेगी। ग्रीष्मकालीन मूंग, उड़द उपार्जन हेतु जिले में एक उपार्जन केन्द्र निर्धारित किया गया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मण्डला, उर्पाजन स्थल एमपीडब्ल्यूएलसी गोदाम नम्बर 5 मण्डला जिले में जिला स्तरीय समिति एवं उप-खंडस्तरीय समिति का गठन किया गया है। उपरोक्त समिति उपार्जन के समस्त प्रक्रिया, स्कंध की गुणवत्ता, पर्यवेक्षण तथा नीति के अंतर्गत कठिनाईयों का निराकरण करेगी। जिले के खरीदी केन्द्र में सहायक संचालक कृषि माया हिरकने मोबाइल नम्बर 9340376322 को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 6 अगस्त के दौरान 595.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 582.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 13.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 अगस्त को घुघरी में 5.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 6 अगस्त को 0.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 5 अगस्त की शाम 3 बजे से 6 अगस्त की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

2 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            5 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे से 6 अगस्त 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 2 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जवाहर वार्ड मंडला निवासी 45 वर्षीय महिला तथा बिंझिया निवासी 29 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

 

 

 

 

 

 

प्रीकॉशन डोज लगवाने आगे आएं

कलेक्टर हर्षिका सिंह की जिलेवासियों से अपील

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से आग्रह किया है कि जिनके कोविड वैक्सीनेशन के 6 माह हो चुके हैं वे स्वप्रेरणा से वैक्सीनेशन सेंटर आकर प्रीकॉशन डोज लगवाएं। जो लोग वैक्सीनेशन सेंटर तक आने में असमर्थ हैं वे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित करें। उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर जाकर प्रीकॉशन डोज लगाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र उपाय है। यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है, जिसे हर स्तर पर जांचा और परखा गया है।

 

 

 

 

 

 

बरसात में संक्रामक बीमारियों से बचने एडवाईजरी

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            कोविड-19 कोरोना महामारी के अलावा वर्तमान समय में बरसात के समय में जलजनित बीमारी होने की संभावना हो सकती है। बरसात में अक्सर दस्त, उल्टी, बुखार, आव, पेट दर्द, पेचिस, पीलिया, टाइफाईड, डायरिया जैसी बीमारियां होती हैं। बीमारी से बचने के लिए सावधान रहें, बीमार न हों इसके उपाय करें एवं स्वास्थ्य रहें।

बीमारी से कैसे बचें – उल्टी, दस्त, पेचिस, आव, संक्रामक बीमारी से बचने के लिए ताजा भोजन का सेवन करें। शुद्ध पानी पीएं, कुऐं, नदी, नाला का पानी न पीयें, पानी क्लोरीनेशन कर के पीयें, सड़ी-गली सब्जी, फल, बासा खाना न खायें, मांस का उपयोग बरसात के दिनों में सेवन न करें। व्यक्तिगत स्वच्छता अपनायें, खाने के चीजों को छूने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ धोयें, संक्रमित चीजों को छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोएं, भोजन खाने के पहले या शौच के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं, स्वच्छ शौचालय का उपयोग करें।

उपचार – डॉ. के परामर्श से उल्टी, दस्त के लिए टेबलेट फ्यूराजोलाडिन, मेट्रोजिन डायक्लोमिन, मेट्रोक्लोरापामाइड, जिंक, ओ.आर.एस. का घोल, खीरा, दही, सिकंजी, चावल का पानी तथा तरल पदार्थ का अधिक मात्रा में सेवन करें।

सुझाव – दस्त से संबंधित संक्रामक बीमारी होने पर नजदीकी अस्पताल जायें, ग्राम स्तर में आशा कार्यकर्ता डीपो होल्डर के माध्यम से जीवन रक्षक दवाइयां प्राप्त करें।

बरसात के दिनों में वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगु, चिकुनगुनिया, फायलेरिया जैसे गंभीर बीमारी होती है। गंदा पानी, नाली, गडढों में पानी एकत्रित होने से मच्छर के लारवा से अंडे पनपते हैं।

मलेरिया – मादा एनाफिलिस मच्छर के काटने से मलेरिया होता है। डेंगू – डेंगू का लारवा साफ पानी में पैदा होता है जैसे- कूलर, टूटे हुए टायर, टंकी में एडीज मच्छर के लारवा पनपते है। एडीज मच्छर के काटने से डेंगू होता है। चिकुनगुनिया – इसका वायरस सीधे हड्डी पर अटैक करता है जिसे असहनीय दर्द होता है। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, फायलेरिया कैसे बचें – घर के आस-पास की सफाई रखें, पानी इकटठा न होने दें, गड्ढों को भरे जायें, टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें, कूलर व टंकी का पानी को एक सप्ताह में खाली करें, नीम का धुआं करें, शाम के समय खिड़की दरवाजा बंद रखें, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपडे़ पहनें।

मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़ सामान ढंक्कर रखें। इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। सुझाव – बुखार आने पर नजदीकी अस्पताल जाकर खून की जांच कारायें एवं ग्रामीण क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पास जाकर खून की जाँच कराएं और दवाएं प्राप्त करें।

 

 

 

 

 

सर्पदंश से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            बरसात के दिनों में सर्पदंश के केस अत्यधिक सामने आते हैं, सर्पदंश में व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। सांप के काटने को अनदेखा ना करें, सांप के काटे व्यक्ति को किसी नजदीकी अस्पताल तुरन्त लेकर जायें, झाड़-फूंक में ना रहें। सांप के दांत के नीचे विष की थैली होती है, काटने पर विष की थैली सीधे शरीर में खून के माध्यम से जहर फैल जाता है। सामान्तयः जहरीले सापों के काटने पर दांतों के दो निशान अलग ही दिखाई देते हैं। गैर विषेले सांप के काटने पर दो से ज्यादा निशान हो सकते हैं, परन्तु ये निशान नहीं दिखता है। ये सोचना गलत होगा कि सांप ने नही काटा है, ज्यादातर सांप गैर विषैले भी होते हैं।

लक्षण:- सांप के काटने पर लगभग 95 प्रतिशत मामलों में पहला लक्षण नींद का आना है। इसके साथ ही निगलने या सांस लेने में तकलीफ होती है, आमतौर पर सांप काटने पर आधे घंटे बाद लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सांप के काटने पर यह ना करें:- रस्सी से ना बांधे, ब्लेड से ना काटें। पारम्परिक तारीकों का इस्तेमाल ना करें। मुंह से खून ना चूसें,  ओछा, कुनिया के पास ना जायें। सांप काटे व्यक्ति को नदी में प्रवाहित न करें। अन्धविश्वास में ना पड़े। यथा संभव निम्नानुसार कार्य करें:- सांप काटे व्यक्ति को दिलासा दिलायें। घटना के तथ्यों का पता लगाएं। गीले कपड़े से डंक की जगह की चमड़ी को साफ करें, जिससे वहां पर लगा विष निकल जाये। सांप काटे व्यक्ति को करवट सुलायें, क्योंकि कई बार उल्टी भी होने लगती है। इसलिये करवट सुलाने से उल्टी श्वसनतंत्र में ना जाये। जहां पर सांप ने काटा है उस स्थान पर हल्के कपड़े से बांध दें, ताकि हिलना-डुलना बंद हो जाये।

उपचार:- सांप काटे व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाने की व्यवस्था बनाएं। सांप के काटने के जहर को मारने के लिये अस्पताल में निःशुल्क एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाया जाता है। अस्पताल में उपलब्ध है एवं डॉक्टर द्वारा दी गई सलाह के अनुसार उचित उपचार करायें।

बचाव: – अंधेरे में ना जाएं। बिलों में हाथ ना डालें। झाड़ियों में ना जायें। पानी भरे गडढे में ना जायें। पैरों में चप्पल या जूते पहनकर ही चलें।

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम क्रं. 07642-251079

 

मण्डला 6 अगस्त 2022

            जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत मानसून सत्र 2022 में वर्षाकाल के दौरान बाढ़, अतिवृष्टि की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कार्यालय कलेक्टर के आदेशानुसार जिला स्तर पर ई-लायब्रेरी में स्थित जिला नियंत्रण कक्ष मण्डला में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। अधीक्षक कक्ष, कार्यालय कलेक्टर मण्डला स्थित जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07642-251079 है।

जारी आदेशानुसार स्थापित कंट्रोल रूम सम्पूर्ण वर्षाकाल में 24 घंटे कार्यरत रहेगा। वर्षाकाल में आपदा प्रबंधन एवं अतिवृष्टि, बाढ़ इत्यादि से संबंधित जानकारियाँ व सूचनाएं आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में प्राप्त की जायेंगी। दोनों कंट्रोल रूम में आने वाली समस्त जानकारियों से प्रभारी अधिकारी पूर्णतः अवगत रहेंगे तथा बाढ़, वर्षा एवं क्षति से संबंधित प्रतिदिन अद्यतन जानकारी रखेगें तथा रजिस्टर संधारित करेंगे तथा यथास्थिति जानकारी उच्चाधिकारियों, राहत आयुक्त कार्यालय को भिजवाने के लिए जिम्मेवार होगें।

 

Related posts

महिलाएं समाज विकास का महत्वपूर्ण अंग – श्री सोमेश मिश्रा झंकार भवन में आयोजित किया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम  

Reva India News

दस्तक अभियान का द्वितीय चरण 18 फरवरी से

Reva India News

मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने लम्बित प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को पूर्ण करने का अवसर दिया

Reva India News

Leave a Comment