Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 3 नवम्बर 2022

म.प्र. स्थापना कार्यक्रम: किला परिसर में बनाई गई रंगोली

नशामुक्ति की दिलाई गई शपथ

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                1 नवंबर मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताहभर अनेक गतिविधियों का आयोजन हो रहा है। जिला मुख्यालय के किला परिसर में इसी क्रम में साफ-सफाई, रंगोली बनाई गई। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, नगरपालिका उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, नगरपालिका अधिकारी सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर किला परिसर में उपस्थितजनों को नगरपालिका अध्यक्ष ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई।

 

 

 

 

 

 

 

14 एवं 15 नवंबर को मनाया जाएगा मंडला ज़िले का गौरव दिवस

लोक कलाकारों की होगी आकर्षक प्रस्तुतियाँ

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ज़िले के प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ आगामी 14 एवं 15 नवंबर को मंडला ज़िले के गौरव दिवस मनाने के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि 14 एवं 15 नवंबर को दो दिवसीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। इन 2 दिनों में अनेक पारंपरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में 15 नवंबर बिरसामुंडा जयंती एवं गौरव दिवस के दूसरे दिन आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इन कार्यक्रमों में जिले तथा आसपास के लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी।

बैठक में 15 नवम्बर को जिला मुख्यालय के सभी प्रमुख मार्गों पर जनजातीय एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं की रैली निकालने के संबंध में चर्चा की गई। इस रैली में जिलेवासियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने बैठक में 14 एवं 15 नवम्बर को आयोजित किए जा रहे गौरव दिवस के अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों एवं चौराहों की विशेष एवं आकर्षक सजावट के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन चौराहों पर रंगोली एवं गौंडी पैंटिंग जैसे रचनात्मक गतिविधियां करें। 15 नवंबर की शाम को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान संचालित करें – हर्षिका सिंह

नशामुक्ति एवं अन्य नशीली दवाईयों की रोकथाम के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                नशामुक्ति एवं अन्य नशीली दवाईयों की रोकथाम के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान संचालित करें। नशा करने वाले व्यक्ति एवं उसके परिजनों की काउंसलिंग करें। नशा के दुष्प्रभावों को प्रदर्शित करने वाले पोस्टर आदि लगाएं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एसीईओ एसएस मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों का विक्रय नहीं होना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास संचालित दुकानों की सूची तैयार करें तथा समय-समय पर उनकी जांच करें। नशा करने वालों को चिन्हित कर उन्हें जबलपुर सहित अन्य शहरों में संचालित नशामुक्ति केन्द्र/परामर्श केन्द्र भेजने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार छापामारी कर संबंधितों पर कार्यवाही करें। उन्होंने भांग दुकानों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि संबंधित विभागों को नशा के संबंध में जो भी जानकारी प्राप्त होती है तत्काल पुलिस प्रशासन के संज्ञान में लाएं। उन्होंने नशामुक्ति के लिए पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

67 दीपों का प्रज्ज्वलन, नशामुक्ति की शपथ

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                मध्यप्रदेश स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे अनेक कार्यक्रमों की श्रंखला में 3 नवंबर को जिले से लेकर पंचायत स्तर तक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गई। साथ ही रंगोली एवं चित्रकला की गतिविधियां भी संपन्न हुई। इस अवसर पर नर्मदा घाटों की सफाई, मंदिरों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। साथ ही मध्यप्रदेश स्थापना की 67वी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 67 दीपों का प्रज्ज्वलन किया गया। ग्राम स्तर पर रैली निकालकर नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

हेबीटेट राईट के अंतर्गत कन्हारीकला में ग्राम परिचर्चा आयोजित

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वन निवासी अधिनियम 2006 की धारा 3(1)(ड) में विशेष पिछड़ी जनजाति के प्राकृतिक पर्यावास के सामुदायिक अधिकारों का प्रावधान किया गया है। जिसके अनुसार जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के हैबीटेट राइट्स को मान्यता देने हेतु कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जनपद पंचायत बिछिया के अंतर्गत कन्हारी कला पंचायत के कलस्टर का चयन कर 2 नवम्बर 2022 को ग्राम परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसमें कन्हारी कला पंचायत के आसपास के ग्राम कन्हारीकला, झुलुप, उमरिया वनग्राम, कन्हारीकलाखुर्द, गदिया, चंगरिया, दुधारी, खरपरिया, बरखेड़ा, कोसमपानी तथा सुरेहला इत्यादि गांव के विशेष पिछड़ी जनजाती बैगा समुदाय के प्रतिनिधि एवं लोग तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित हुए। सर्वप्रथम बैगा समुदाय के एक बुजुर्ग नागरिक को बैठक का मुखिया चयन किया गया तथा वनाधिकार अधिनियम के प्रावधान के अनुसार हेबीट राईट् प्रदान किये जाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

उक्त ग्रामों के बैगा समुदाय के लोगों के द्वारा अपने आसपास जंगल वनभूमि का पीढ़ियों से किये जाने निस्तार की जानकारी पारम्परिक बोली में प्रदान की गई। जिसमें उनके द्वारा बताया गया हमारे पूर्वजों के समय से इस क्षेत्र के जंगलों पर निस्तार करते आ रहे हैं और हमारा पूरा जीवन चक्र इन्ही जंगलों के बीच गुजरता है। जंगलों से ही हम अपनी अजीविका के लिये लघु वनोपज संग्रहण करते हैं और उसका विक्रय कर ही अपनी एवं परिवार की जीविका चलाते हैं। साथ ही इन्ही जंगलों में हमारे पूर्वजों द्वारा पूजा स्थान, शमशान घाट, गौठान इत्यादि चिन्हित किये गये हैं जिनका निस्तार हम आज भी कर रहे हैं। इसके साथ ही उपरोक्त कन्हारी कला हेबीटेट राईट कलस्टर का नजरी नक्शा सभी की चर्चा अनुसार तैयार किया गया जिसमें प्रमुख क्षेत्रों का चिन्हांकन भी किया गया है। आगामी दिनों में पुनः इस क्षेत्र के बैगा समुदायों के साथ और बैठकें निर्धारित की गई हैं जिसमें जानकारियों को लेखबद्ध करने की कार्ययोजना तैयार की गई। ग्राम परिचर्चा की कार्यवाही में संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव बैगा समुदाय के प्रतिनिधि एवं जिला स्तर से जनजातीय कार्य विभाग एवं राजस्व विभाग अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                उपसंचालक किसान कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी सीजन के लिए जिले में 160.55 हजार हेक्टेयर में बोनी प्रस्तावित है। जिले में यूरिया 4639.514 मीट्रिक टन उपलब्ध है तथा यूरिया की दर 266.50 रूपए प्रति बोरी (45 कि.ग्रा.) है। इसी प्रकार डीएपी 2377.35 मी.टन तथा डीएपी की दर 1350 रूपए प्रति बोरी (50 कि.ग्रा.) है। एसएसपी 1261.75 मी.टन तथा एसएसपी की दर 425 रूपए प्रति बोरी (50 कि.ग्रा.) है। पोटाश 186.599 मी.टन उपलब्ध है तथा पोटाश की दर 1700 रूपए प्रति बोरी (50 कि.ग्रा.) है। एनपीके 1185.9 मी.टन उपलब्ध है तथा एनपीके की दर 1470 रूपए प्रति बोरी (50 कि.ग्रा.) है।

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 3 नवंबर 2022

                केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते का 5 नवंबर 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 5 नवंबर को सायं 5 बजे जिला सिवनी से जिला मंडला के लिए रवाना होंगे तथा सायं 7 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते रात्रि 9 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे तथा रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 6 नवंबर 2022 को प्रातः 10 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 11 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते रात्रि 8 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते 7 नवंबर को प्रातः 9 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते रात्रि 9 बजे मंडला से जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि 10 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 8 नवंबर 2022 को प्रातः 10 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सीबीटी पूरक परीक्षा के संबंध में जानकारी

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                प्राचार्य शास.औद्यो.प्रशिक्षण संस्था मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीजीटी नई दिल्ली द्वारा वार्षिक एवं सेमेस्टर प्रणाली के प्रशिक्षणार्थियों की एआईटीटी सीबीटी पूरक परीक्षा नवम्बर 2022 में आयोजित की जा रही है। सीबीटी परीक्षा में वार्षिक पद्धति सत्र 2018-19, 2019-20, 2020-21 एवं 2021-22 में प्रवेशित एक वर्षीय पाठ्यक्रम के समस्त पूरक प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे। वार्षिक पद्धति में सत्र 2018-20, 2019-21, 2020-22 एवं 2021-23 में प्रवेशित दो वर्षीय पाठ्यक्रम के प्रथम तथा द्वितीय वर्ष के समस्त पूरक प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे। सेमेस्टर प्रणाली में सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत प्रवेशित समस्त पूरक प्रशिक्षणार्थी। प्रशिक्षणार्थियों की सीबीटी परीक्षा 25 नवम्बर 2022 से आयोजित की जा रही है।

विद्यार्थी एनसीवीटीएमआईएस पोर्टल पर परीक्षा शुल्क का भुगतान कर एलिजिबिलिटी पूर्ण कर सकते हैं। सीबीटी परीक्षा के लिए पेमेंट लिंक 25 अक्टूबर 2022 से 10 नवम्बर 2022 तक एनसीवीटी एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। सीबीटी परीक्षा का एक्टिविटी शेड्यूल में ncvtmis.gov.in पोर्टल पर प्रशिक्षणार्थियों की एलिजिबिलिटी 10 नवम्बर 2022 तक पूर्ण करना होगा। सीबीटी परीक्षा सेंटर मैपिंग के लिए 10 नवम्बर से 15 नवम्बर 2022 है। सीबीटी हॉल टिकिट 20 नवम्बर से 25 नवम्बर तक तथा सीबीटी परीक्षा 25 नवम्बर को होगी।

डीजीटी नई दिल्ली द्वारा सेमेस्टर प्रणाली के समस्त प्रशिक्षणार्थियों के लिये परीक्षा हेतु अंतिम सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए 10 नवम्बर 2022 के पहले कार्यालयीन समय में शा०आई०टी०आई० मंडला में उपस्थित होकर एनसीवीटी एमआईएस पोर्टल पर परीक्षा शुल्क का भुगतान करें।

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ लें

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत जिले में खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों की नवीन स्थापना व उन्नयन पर इकाई लागत का 35 प्रतिशत अधिकतम 10 लाख रूपये का अनुदान प्रावधान है। योजनान्तर्गत युवा शिक्षित बेरोजगार एवं आसंगठित वर्ग के आसक्षम व्यापारियों व सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां संचालित करने वाले व्यापारी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक उद्यमी व कृषक योजना की अधिक जानकारी प्राप्त करने हेतु जिला कार्यालय सहायक संचालक उद्यान मण्डला, विकासखण्ड स्तरीय, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी व क्षेत्रीय ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी व जिला रिसोर्स से संपर्क कर सकते हैं।

 

गौरव दिवस के आयोजन को त्यौहार के रूप में मनाएं – हर्षिका सिंह

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                14 एवं 15 नवंबर को आयोजित होने वाले गौरव दिवस के संबंध में आयोजित जनप्रतिनिधियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आव्हान किया कि इस आयोजन में मंडला जिले में रहने वाला प्रत्येक नागरिक पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करें। घरों में आकर्षक साज-सज्जा करें, दीप प्रज्ज्वलित करें तथा रंगोली बनाएं। गौरव दिवस के आयोजन को त्यौहार के रूप में मनाएं। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संपन्न हुई इस बैठक में विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि गौरव दिवस के तहत 14 एवं 15 नवंबर को अनेक पारंपरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जिले तथा आसपास के लोक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ होंगी। कलेक्टर ने कहा कि 14 नवंबर को नगरवासी सांकेतिक ध्वज लेकर अपने घरों से निकलेंगे तथा स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इस दिन मंडला फुड फेस्टिवल, रंगोली तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को रपटाघाट में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे एवं आतिशबाजी की जाएंगी। इसी प्रकार 15 नवंबर को कलश यात्रा, चुनरी यात्रा आदि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 नवंबर का मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाईन ग्राउंड मंे आयोजित होगा जिसमें ख्यातिलब्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंडला जिले का लोगो तैयार किया गया है जिससे सभी लोग अपने डीपी में लगाएं। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी चर्चा की गई।

 

 

 

 

 

 

विशेष अभियान के अंतर्गत विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा अनेक गतिविधियां आयोजित की गई

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा माननीय आर.एस.शर्मा, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के आदेशानुसार एवं श्री डी0आर0 कुमरे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडला के मार्गदर्शन में ’एंपावरमेंट ऑफ सिटीजन थो लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच’ एवं हक हमारा भी है 75 अभियान के अंतर्गत विधि विद्यार्थियों की टीम गठित की गई। जिसके अनुसार 3 नवम्बर को निम्नानुसार स्थानों पर गठित टीमों द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्राम वासियों को मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी तथा योजनाओं से संबंधित पम्पलेट्स वितरित किये।

विधि विद्यार्थीगण सलिल सिंह, करीना चौरसिया, मुस्कान सौदागर द्वारा ग्राम रसैयादौन में, धीरेन्द्र उपाध्याय, साक्षी दुबे, हरसला द्वारा ग्राम पद्मी मंडला में, हिमांशी झारिया, कुमकुम, आकांक्षा द्वारा ग्राम अहमदपुर एवं ग्राम औरई में एवं शालिनी तिवारी, सेजल कछवाहा एवं भूपेन्द्र द्वारा ग्राम आमानाला में पंपलेट वितरित किए गए। इसी प्रकार ग्राम जामगांव तहसील विधिक सेवा समिति नैनपुर में पी०एल०व्ही0 आनंद मरावी एवं मनीष सिंगौर ने विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन कर निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य आदि विषयों से संबंधित पर्चे वितरित किये। साथ ही तहसील विधिक सेवा समिति भुआबिछिया के ग्राम औरई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और ग्राम मेढाताल के शासकीय हाई स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

 

 

 

 

 

आधार को मतदाता सूची से लिंक कराएं

 

मंडला 3 नवम्बर 2022

                एसडीएम मंडला एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार वर्तमान निर्वाचक नामावली में दर्ज मतदाताओं के आधार नंबर को मतदाता परिचय पत्र संख्या से लिंक करने का कार्य जारी है। उपरोक्त कार्य से निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण प्रयोजन में अधिक पारदर्शिता आएगी एवं एक से अधिक स्थानों पर कोई मतदाता अपना नाम नहीं जुड़वा सकेगा।

लोकहित में अपने आधार मतदाता सूची से लिंक कराएं। इस कार्य हेतु आम जनता से अनुरोध है कि आपके संबंधित क्षेत्र के बी.एल.ओ. को जानकारी प्रदान करें अथवा स्वयं NVSP पोर्टल अथवा Voter helpline app के माध्यम से आप स्वयं अपने मोबाईल से दर्ज कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

Related posts

मंडला एवं बिछिया विधानसभा के 50-50 बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण

Reva India News

प्रमुख सचिव ऊर्जा संजय दुबे ने की विद्युत कंपनियों की समीक्षा बिजली उपभोक्ताओं को शीघ्र उपलब्ध होंगे पेपरलेस बिल

Reva India News

वेयरहाऊस का त्रैमासिक निरीक्षण 1 जुलाई को

Reva India News

Leave a Comment