Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 25 नवम्बर 2022

पेसा एक्ट प्रचार-प्रसार: तूमेगांव में ग्रामसभा, कलेक्टर हुई शामिल

गोंडी एवं स्थानीय भाषा में दी गई अधिनियम की जानकारी

मण्डला 25 नवम्बर 2022

15 नवंबर 2022 से मध्यप्रदेश में ’पेसा अधिनियम’ लागू हो चुका है। मंडला जिले के सभी गांवों में पेसा अधिनियम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह शुक्रवार को नैनपुर जनपद के अंतर्गत तूमेगांव में आयोजित ग्रामसभा में पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को पेसा एक्ट के तहत किए गए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने कहा कि पेसा अधिनियम अधिकारों का विकेंद्रीकरण करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस अधिनियम के माध्यम से ग्रामसभाओं को विशेष रूप से सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर ने इस दौरान ग्रामसभा को अधिनियम के माध्यम से प्रदान की गई विभिन्न शक्तियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिनियम के अंतर्गत ग्रामसभा निर्वाचन, समितियों के गठन, उद्देश्य तथा अधिनियम के माध्यम से जनजातियों को सामाजिक, सांस्कृतिक तथा आर्थिक गतिविधियों के लिए प्रदान किए गए अधिकारों के बारे में बताया।

 

गोंडी एवं स्थानीय भाषा में दी गई ग्रामीणों को जानकारी

 

पेसा अधिनियम का जिला प्रशासन द्वारा निचले स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। तूमेगांव में आयोजित ग्रामसभा में गोंडी एवं अन्य भाषा में भी उपस्थितजनों को पेसा अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस दौरान उपस्थित जनता की पेसा अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया। उन्होंने बताया कि ग्रामसभा स्थानीय हितग्राहियों की चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कर सकेगी। इसी प्रकार स्थानीय स्तर पर संचालित होने वाली आंगनवाड़ी केन्द्र, स्कूल एवं हॉस्टल आदि की मॉनीटरिंग भी कर सकेगी।

 

विवाद निवारण समिति करेगी पारंपरिक निदान

 

कलेक्टर ने बताया कि पेसा अधिनियम के अंतर्गत अनेक प्रकार की समितियां गठित की जाएंगी जिसके अंतर्गत विवाद निवारण समिति, राजस्व समिति, वनाधिकार समिति प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि विवाद निवारण समिति द्वारा स्थानीय स्तर पर होने वाले विवादों को सुलझाया जाएगा। थाने में एफआईआर होने के पश्चात पुलिस अधिकारी विवाद के संबंध में जानकारी विवाद निवारण समिति को प्रदान करेगा। समिति विवाद को स्थानीय स्तर पर तथा पारंपरिक तरीके से समाधान देने का प्रयास करेगी। इसी प्रकार प्रत्येक वर्ष के प्रारंभ में स्थानीय पटवारी द्वारा राजस्व अभिलेख प्रस्तुत किए जाएंगे। ग्रामसभा अभिलेख में मौजूद त्रुटि आदि का परीक्षण करेगी एवं सुधार सुनिश्चित कराएगी।

 

तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य कर सकेंगी ग्रामसभा

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्रामसभा में उपस्थित जनता को पेसा अधिनियम के प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अधिनियम के अंतर्गत ग्रामसभा को वन अधिकार से संबंधित अनेक प्रावधान एवं अधिकार दिए गए हैं। इसके अंतर्गत लघु वनोपज समितियों का गठन किया जाएगा। ग्रामसभा लघु वनोपजों के प्रबंधन का कार्य भी कर सकेगी। ग्रामसभाओं द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य होगा। 3-4 ग्रामसभा मिलकर भी संयुक्त रूप से यह कार्य कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम सभाओं द्वारा अब लघु वनोपजों के संग्रहण, कीमत निर्धारण तथा विक्रय का कार्य भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।

 

ग्रामसभा का अध्यक्ष बनेगा आम व्यक्ति

 

कलेक्टर ने बताया कि ग्रामसभा गांव के आमजनों के द्वारा गठित की जाएगी। इस सभा का अध्यक्ष एक आम व्यक्ति बन सकता है। ग्रामसभा में पंचायत के जनप्रतिनिधि अध्यक्ष नहीं बन सकेंगे। ग्रामसभा का सचिव, पंचायत का सचिव होगा या इसकी अनुपस्थिति में सभा द्वारा सर्वसम्मति से चुना गया कोई शिक्षित एवं जिम्मेदार व्यक्ति होगा। ग्रामसभा का कार्यालय गांव के किसी भी सरकारी कार्यालय में हो सकता है या सभा की अनुमति से अन्यत्र भी हो सकता है।

 

ग्रामसभा निधि का होगा गठन

 

कलेक्टर ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि पेसा अधिनियम के अंतर्गत ग्रामसभा द्वारा सृजित की जाने वाली निधियों के लिए एक खाता खोला जाएगा। यह खाता संयुक्त रूप से सभा के एक महिला तथा एक पुरूष सदस्य के माध्यम से संचालित होगा। इस निधि में ग्रामसभा द्वारा की जाने वाली आर्थिक गतिविधियों से होने वाले लाभ जमा होंगे। निधि का संचालन एवं निर्णय ग्रामसभा द्वारा होगा।

 

नशामुक्ति के लिए विशेष प्रावधान

 

श्रीमती सिंह ने तूमेगांव में आयोजित ग्रामसभा को संबोधित करते हुए बताया कि पेसा अधिनियम के अंतर्गत सामाजिक दायित्वों को भी शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत ग्रामसभा नई शराब दुकान की अनुमति के संबंध में प्रस्ताव पारित कर सकती है। साथ ही स्थानीय स्तर पर किसी महत्वपूर्ण अवसर पर शराब आदि की दुकान बंद करने अर्थात शुष्क दिवस घोषित करने के संबंध में प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज सकती हैे। कलेक्टर ने जनसामान्य से अपील की है कि पेसा अधिनियम के अंतर्गत अपने क्षेत्र में नशामुक्ति के लिए विशेष प्रयास करें। उन्होने इस दौरान स्थानीय संसाधनों के उपयोग एवं अनुमति के संबंध में पेसा अधिनियम में किए गए प्रावधानों के बारे में भी बताया।

 

पंचायतों में मतदाता सूची का करें प्रकाशन

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तूमेगांव भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के संबंध में चर्चा की। उन्होंने गांव में पानी की समस्या, राशन, मनरेगा के कार्य सिंचाई आदि के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा स्थानीय क्षेत्र में पानी की समस्या की जानकारी देने पर उन्होंने जल संसाधन विभाग को अमृत सरोवर योजना के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए वर्तमान में चल रहे अभियान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पंचायतों में मतदाता सूची का प्रकाशन नियमित रूप से हो। ऐसे व्यक्ति जिन्हें अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ना है वह फार्म 6 भरें तथा ऐसे व्यक्ति ने अपना नाम मतदाता सूची से काटना है वे भी स्थानीय बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम कटवाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

वृक्षारोपण किए गए पौधों की देखभाल करें, मनरेगा के काम खोलें

भ्रमण में कलेक्टर के निर्देश

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तूमेगांव क्षेत्र के भ्रमण के दौरान क्षेत्र में हुए वृक्षारोपण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वृक्षारोपण किए गए पौधों की देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पौधों को नियमित रूप से पानी दे तथा इनकी सुरक्षा के लिए समुचित इंतजाम करें। श्रीमती सिंह ने पंचायत के संबंधित अधिकारियों से तूमेगांव क्षेत्र में मनरेगा के कार्याे की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोगों को रोजगार देने के लिए मनरेगा के कार्य नियमित रूप से खोलें तथा इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को भी दें। कलेक्टर ने इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी ली।

 

 

 

 

 

 

 

 

तूमेगांव की नवसाक्षर महिलाओं से मिली कलेक्टर

मण्डला 25 नवम्बर 2022

’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के अंतर्गत जिले में निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सामाजिक चेतना केंद्रों में अक्षर साथियों द्वारा निरीक्षर व्यक्तियों को अक्षरज्ञान एवं सामान्य वित्तीय साक्षरता का परिचय भी कराया जा रहा है। तूमेगांव प्राथमिक शाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह नवसाक्षर हुई स्थानीय महिलाओं से मिली। उन्होंने महिलाओं से आत्मीय चर्चा करते हुए अक्षर ज्ञान सीखने के बाद उनके अनुभव के बारे में बात की। इस दौरान नवसाक्षर सीमा बाई ने कलेक्टर को अपना नाम लिखकर दिखाया जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि नवसाक्षर बनने वाले सतत रूप से आगे भी पढ़ें तथा अपने आसपास के लोगों को भी अक्षर ज्ञान सीखने के लिए प्रेरित करें। सीखने के लिए किसी प्रकार की हीन भावना या शर्म ना रखें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा अधिनियम के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक पहुँचाएं – हर्षिका सिंह

मास्टर ट्रेनर्स के लिए प्रशिक्षण आयोजित

मण्डला 25 नवम्बर 2022

योजना भवन में पेसा अधिनियम के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने एवं क्रियान्वयन से जुड़ी बारीकियों को समझाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स तथा ब्लॉक स्तरीय ट्रेनर्स के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिला एवं ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स पेसा अधिनियम के अंतर्गत जनजातीय कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधानों की बारीकियों को समझें एवं जमीनी स्तर तक इन्हें पहुंचाएं। प्रशिक्षण में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, डीएफओ श्री यादव, जिला तथा ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने प्रशिक्षण में पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत ग्रामसभाओं के गठन, उद्देश्य, सदस्यों की योग्यता, कार्यकाल आदि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अधिनियम के अंतर्गत गठित विभिन्न समितियों के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उनके कार्यों एवं सीमाओं की जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी ट्रेनर्स आगामी दिनों में पूरे जिले में अधिनियम के बारे में जागरूकता एवं जानकारी प्रसारित करें। उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए वर्तमान में संचालित ग्रामसभाओं में जाकर ग्रामसभाओं का गठन कराएं, समितियों गठन कराएं। साथ ही प्रावधानों के अंतर्गत ग्रामसभा निधि के लिए खाता आदि खुलवाने की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा के गठन के पश्चात सभा द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

18-24 नवंबर तक मनाया गया ’वर्ल्ड एंटीबायोटिक अवेयरनेस’ सप्ताह

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि जिला अस्पताल मंडला में 18 से 24 नवंबर 2022 तक वर्ल्ड एंटीबायोटिक अवेयरनेस सप्ताह मनाया गया। राज्य द्वारा स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रदान की जा रही सेवाएं गुणवत्ता में निरंतर सुधार हेतु एंटीबायोटिक पॉलिसी का निर्माण किया गया एवं उचित क्रियान्वयन एंटीबायोटिक प्रिस्क्रिपशन, प्रिस्क्रिपशन ऑडिट एंटीबायोटिक का उचित उपयोग एंटीबायोटिक का डोज पूरा करने एवं एंटीबायोटिक रजिस्टेंस एवं उससे हानियों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।

डॉ. कृपाराम शाक्य (सिविल सर्जन), डॉ. प्रवीण उइके (एमडी एनेसिथीसिया), डॉ. अंकित चौरसिया (एमएमडी पीडियाडिक) द्वारा समस्‍त आमजन को निर्देश दिए कि विश्व में एंटीबायोटिक का उपयोग निरंतर बढ़ने से कीटाणु और रोगाणुओं में एंटीबायोटिक के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती जा रही हैं। विश्व के लगभग 75-80 प्रतिशत एंटीबायोटिक के प्रति रोगाणुओं में प्रतिरोध क्षमता विकसित हो चुकी है एवं नए एंटीबायोटिक का विकास नहीं हो पाया है। एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस से बचने के लिए निम्न बातों को ध्यान में रखने की आवश्यकता है जैसे- अपने मन से एंटीबायोटिक दवाईया ना लें, डॉक्टर द्वारा दी गई एंटीबायोटिक का डोज पूरा करें, हल्के जुखाम एवं बुखार में मेडिकल स्टोर से 1-2 दवाईयां लेकर खाने की आदत को बंद करें, हल्के जुखाम में एंटीबायोटिक का सेवन ना करें, कोई भी एंटीबायोटिक डॉक्टर की सलाह से ही लें, अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित करें जिसके लिए संतुलित आहार, साफ-स्वच्छ पानी, मोटे अनाज, सूखे मेवे, दूध, अंडा, मछली का नियमित रूप से सेवन करें एवं प्रतिदिन 20 से 25 मिनट प्राणायाम या व्यायाम अवश्य करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आई.टी.आई में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में हुआ 17 का चयन

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

शासकीय आई.टी.आई मंडला में प्रातः 10ः30 बजे से व्ही.ई. कमर्शियल पीथमपुर कंपनी द्वारा अप्रेंटिसशिप प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न ट्रेड के 41 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित हुये एवं अपना पंजीयन कराया एवं कंपनी द्वारा ऑनलाइन इंटरव्यू लिया गया। इस दौरान प्लेसमेंट ड्राईव में 17 अभ्यर्थियों का प्रारम्भिक चयन किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट की जानकारी देने हो रहा ग्रामसभाओं का आयोजन

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए      26 नवंबर को बिछिया विकासखंड के साहपुर, बुधनवारा, बुंदेलीखोह, मुवाला, खीसी वनग्राम, भवरताल, उमरडीह, मलारा, अरौली, अतरचुहा, कटंग रैयत, खटिया नारंगी, मोचा, राता, डुंगरिया एवं दानीटोला में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। मवई विकासखंड के पंचायत अतरिया एवं धनगांव माल में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। घुघरी विकासखंड के खुडिया, डूंडादेही, बिजौरा, पद्दीकोना, बनेहरी, गोरखपुर, ककनू एवं धोबावार में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। निवास विकासखंड के अमगवां, बिझौली, घुरनेर, पिपरिया, अमदरी, कटंगसिवनी, मवईमाल, मवई रैयत, भरद्वारा माल, भरद्वारा रैयत, पाडरपानी, जिलहटी, चौदस, मानिकपुर, मझगांव एवं जिलहटा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

27 नवंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 27 नवंबर को बिछिया विकासखंड के बरखेडा, उरदली माल, सानी, गुनेगांव, छिछारी, कुटवाही, धमनगांव, टकटौआ, इंद्री वनग्राम, पटपरा, कपोटबहरा, उमरिया माल, नेवसा, खमरोटी, केवलारी, बुडला एवं लपटी में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। निवास विकासखंड के पद्दीकोना माल, पद्दीकोना रैयत, तेंदूवार माल, तेंदूवार रैयत, जवैधामाल, जवैधा रैयत, हीरापुर, मसूरघुघरी माल, मसूरघुघरी रैयत, तौरदरा एवं घाटमगांव में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आज

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण के लिए ग्राम स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 नवंबर को जामगांव के अंतर्गत धतूरा एवं सांगवा में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी प्रकार तिंदुआबम्हनी में आयोजित शिविर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में पीएम किसान, ईकेवाईसी एवं राजस्व वसूली संबंधी कार्य भी किए जाएंगे।

 

महाराजपुर में शिविर आज

 

शासन की विविध योजनाओं के क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को समयावधि में शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से 26 नवंबर को महाराजपुर में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में सीएम हेल्पलाईन, पीएम किसान, सीएम किसान, नक्शा शुद्धिकरण, त्रुटिसुधार, स्वामित्व योजना, आवासीय भू-अधिकार योजना एवं वसूली संबंधी कार्य किए जाएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरबसपुर निवासी सुभाष सरमाखी की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक भुवनेश्वर सरमाखी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जनता को सरल, सहज एवं स्थानीय भाषा में दें पेसा एक्ट की जानकारी – श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने मास्टर ट्रेनर्स को वीसी से किया संबोधित

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने 15 नवंबर 2022 से लागू हुए ’पेसा अधिनियम’ के प्रावधानों को जनता तक पहुंचाने के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स को वीसी के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम आदिवासी जनता को सशक्त करने वाला अधिनियम है। यह अधिनियम जनता को ताकत देने वाला अधिनियम है। जनता को इस अधिनियम की जानकारी सभी मास्टर ट्रेनर्स सरल, सहज शब्दों में दें। यथासंभव अधिनियम के प्रचार-प्रसार में स्थानीय भाषा को प्राथमिकता दें। श्री चौहान ने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स सबसे पहले स्वयं अधिनियम के प्रावधानों को गहराई से समझें। उसके पश्चात जनता-जनार्दन को प्रावधानों की सरल एवं स्पष्ट जानकारी दें। मास्टर ट्रेनर्स अधिनियम के प्रचार-प्रसार में किसी भी प्रकार का स्वयं कन्फ्यूजन न रखें। जनता को उनकी भाषा में उदाहरणों के साथ सरल शैली में प्रावधानों की जानकारी दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा अधिनियम को लागू करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। हमें जनता को अधिकारों से संपन्न करने के लिए अपनी मानसिकता में बदलाव लाना होगा तथा सकारात्मक मानसिकता के साथ अधिनियम को जमीनी स्तर पर लागू करना होगा। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, डीएफओ श्री यादव, वरिष्ठ जिलाधिकारी, जिला तथा ब्लॉक स्तर के मास्टर ट्रेनर्स तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

बैगा युवक के इलाज में लापरवाही की जाँच के लिए समिति गठित

 

मण्डला 25 नवम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने 25 नवंबर 2022 को डिंडौरी नाका मण्डला के पास रहने वाले बैगा जनजाति के 22 वर्षीय मजदूर युवक संतोष भारतीया के इलाज में बरती गई लापरवाही के कारण जिला चिकित्सालय में हुई मृत्यु के कारणों की जांच हेतु समिति के गठन के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच समिति में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मण्डला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मण्डला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मण्डला तथा नायब तहसीलदार बम्हनी शामिल हैं। उन्होंने उक्त समिति को निर्देशित किया है कि उक्त अधिकारीगण कल सुबह 9 बजे जिला चिकित्सालय का भ्रमण कर उक्त संबंध की जांच करेंगे तथा यह स्पष्ट रूप से प्रतिवेदित करेंगे कि उक्त युवक के इलाज में हुई लापरवाही हेतु कौन जिम्मेदार हैं एवं कल सायं 4 बजे तक उक्त संबंध में अपना प्रतिवेदन स्पष्ट अभिमत सहित प्रस्तुत करेंगे।

 

Related posts

युवाओं के लिए स्थापित राज्य स्तरीय सम्मानों के प्रस्ताव भेजें

Reva India News

पदीय दायित्वों में लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव निलंबित

Reva India News

चित्रा त्रिपाठी की खूबसूरती को देखकर चित्रा त्रिपाठी के चाहने वाले इनकी खूबसूरती को काफी ज्यादा पसंद ।

Reva India News

Leave a Comment