Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कोदो-कुटकी से कुकीज तक कोको पंचायत की महिलाओं ने गढ़ी आत्मनिर्भरता की मिसाल 21 महिलाएं बनीं उद्यमी, 300 किसानों को मिला बाजार

मंडला, 20 दिसंबर 2025

मंडला जिले के बिछिया जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोको की महिलाओं ने मिलेट आधारित रोजगार का एक सफल और अनुकरणीय मॉडल स्थापित किया है। स्थानीय महिलाओं द्वारा गठित तेजस्विनी एकता महिला महासंघ के माध्यम से कोदोदृकुटकी से पौष्टिक कुकीज़ का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को स्थायी आजीविका मिली है और किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त हो रहा है।

तेजस्विनी कार्यक्रम के तहत वर्ष 2008 में स्वयं सहायता समूहों के गठन के साथ इस पहल की शुरुआत हुई। वर्ष 2018 में इन समूहों को संगठित कर तेजस्विनी एकता महिला महासंघ का गठन किया गया। महासंघ द्वारा क्षेत्र के कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को प्रशिक्षण, शासकीय योजनाओं का लाभ एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। किसानों से फसलों की खरीदी बाजार दर से अधिक मूल्य पर की गई, जिसे महिलाएं प्रोसेस कर बाजार तक पहुंचा रही हैं।

महिलायें बताती है कि प्रारंभ में प्रोसेसिंग के दौरान लगभग 65 प्रतिशत टूटन के कारण लाभ कम हो रहा था। इस चुनौती को अवसर में बदलते हुए उन्होंने टूटे दानों से पौष्टिक कुकीज़ बनाने की योजना तैयार की। तेजस्विनी कार्यक्रम के सहयोग से प्रशिक्षण, मशीनें एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई गई। शुरुआत में जहां उत्पादन मात्र 25 किलोग्राम था, वहीं वर्तमान में यह बढ़कर लगभग 3 क्विंटल प्रतिमाह तक पहुंच गया है।

महासंघ द्वारा निर्मित कुकीज की मांग स्थानीय बाजार के साथ-साथ बस एवं कोरियर सेवाओं के माध्यम से अन्य क्षेत्रों में भी बढ़ रही है। जिले के मोहगांव जनपद स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग में भी इन कुकीज का नियमित वितरण किया जा रहा है।

इस मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट से प्रत्यक्ष रूप से 21 महिलाएं रोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। साथ ही लगभग 300 स्थानीय किसानों को अपनी उपज के लिए स्थायी बाजार एवं बेहतर मूल्य मिलने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

ग्राम पंचायत कोको की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में मिलेट आधारित उद्यमिता का एक सफल उदाहरण बनकर उभरी है, जो महिला सशक्तिकरण और किसान समृद्धि दोनों को एक साथ आगे बढ़ा रही है।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 19 जनवरी 2023

Reva India News

कलेक्टर ने किया प्राथमिक विद्यालय खुदराही का निरीक्षण बच्चों से किया आत्मीय संवाद

Reva India News

आगामी 4 दिनों में अधिक से अधिक करें शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण – हर्षिका सिंह समय-सीमा बैठक में हुई विस्तृत चर्चा

Reva India News

Leave a Comment