जनसुनवाई में सुनी गई 57 आवेदकों की समस्याएँ
मण्डला 31 जनवरी 2023
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। 57 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
आज सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम मांगा निवासी रतिराम झारिया ने धान के भुगतान के संबंध में, ग्राम बक्छेरादौना निवासी निशि कछवाहा ने स्थायी जाति प्रमाण प्रत्र के संबंध में, ग्राम चलनी घुघरी निवासी ज्ञानवती परते ने दावा आपत्ति पेश के संबंध में, ग्राम गायत्री नगर देवदरा निवासी सावित्री बाई साहू ने पटटा प्रदाय करने के संबंध में, साथ ही जनसुनवाई में अगल-अलग विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए।
ग्वारा में आयुष मेगा शिविर संपन्न
मंडला 31 जनवरी 2023
ग्राम ग्वारा में 30 जनवरी को आयुष मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य शकुन जंघेला, नारायण राय एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सा एवं होम्योपेथी चिकित्सा के द्वारा 867 मरीज लाभान्वित हुए, समस्त मरीजों की निःशुल्क जांच कर दवाईयां वितरित की गई।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स: प्रेस कॉन्फ्रेंस आज 12 बजे
मंडला 31 जनवरी 2023
जिले में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन आगामी 2 फरवरी से प्रारंभ हो रहा है। यूथ गेम्स के अंतर्गत जिले में थांगता एवं गतका खेल की प्रतिस्पर्धाएं होंगी। प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ी, कोच एवं स्टॉफ का जिले में आगमन प्रारंभ हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा खेलो इंडिया यूथ गेम्स आयोजनों की तैयारियों एवं कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए 1 फरवरी 2023 को दोपहर 12 बजे योजना भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। सभी मीडिया साथी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सादर आमंत्रित हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना: 14 से 17 फरवरी तक होगी यात्रा
आवेदन 6 फरवरी तक
मंडला 31 जनवरी 2023
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट) जो आयकर दाता नहीं हैं, को तीर्थ स्थानों में से एक या युग्म तीर्थाें की यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 14 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक यात्रा कराई जा रही है। तीर्थ यात्रा के अंतर्गत 14 फरवरी को मण्डला जिले हेतु काशी (वाराणसी) की यात्रा कराई जाएगी। इस संबंध में संबंधित निकायों मंे 6 फरवरी 2023 तक आवेदन पत्र जमा किए जा सकते हैं।
यात्रा 14 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक कुल 4 दिवस की यात्रा होगी। तीर्थ यात्रियों के स्टेशन ले जाने एवं वापिस लाने के लिए प्रोटोकॉल द्वारा व्यवस्था की जाएगी। यात्री अपने साथ मौसम के अनुरूप व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री आदि साथ में रखेगें। साथ ही विशिष्ट सुविधाओं का लाभ प्राप्त करता है तो वह स्वयं वहन करेगा। यात्रा के दौरान ट्रेन में यात्रीगण मॉस्क का उपयोग करेगें, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करेंगे। यात्रीगणों को अपने साथ आधार कार्ड, परिचय पत्र एवं कोविड वेक्सीनेशन प्रमाण पत्र मूल में, छायाप्रति साथ में रखना आवश्यक होगा। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों मंे आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट, राशन कार्ड, आय प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, मोबाईल नंबर तथा दो फोटो आवश्यक होगा।
म.प्र. भवन संनिर्माण श्रमिक कौशल प्रशिक्षण योजना
मंडला 31 जनवरी 2023
म.प्र. भवन संनिर्माण श्रमिक कौशल प्रशिक्षण योजना का उद्देश्य 18 से 45 वर्ष के पंजीकृत निर्माण श्रमिक अथवा 16 से 45 वर्ष की आयु के परिवार के आश्रित सदस्यों के आय एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि हेतु नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेम वर्क अंतर्गत राष्ट्रीय मानकों अनुसार गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान करना तथा मांग अनुसार ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करना जिनकी पूर्ति परम्परागत आई.टी.आई. पाठ्यक्रमों से करना संभव नहीं है। म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत वैध पंजीयन धारक श्रमिक (आयु 18 से 45 वर्ष तक) है अथवा मंडल अंतर्गत वैध पंजीयन धारक श्रमिक के परिवार के आश्रित सदस्य (आयु 16 से 45 वर्ष) है तथा वैध आधार कार्ड धारक एवं आधार से लिंक बैंक खाता धारक, एनएसक्यूएफ पाठ्यक्रमों के लिये भारत सरकार द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रमों के तहत न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता धारक होना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में योजना नीति के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों हेतु लघु अवधि प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को लघु अवधि का कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जायेगा। विशेष प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों को मंडल द्वारा निर्धारित विशेष कौशल प्रशिक्षण प्रदाय किया जायेगा। रिकॉग्निशन ऑफ प्रॉयर लर्निंग में हिताधिकारियों के अप्रमाणित कौशल को प्रमाणित किया जायेगा। प्रशिक्षण संस्थाओं में शासकीय, अर्द्धशासकीय तथा एनएसडीसी के पार्टनर के रूप में एम्पेनल निजी प्रशिक्षण संस्थान तथा शासकीय, अर्द्धशासकीय क्षेत्र के प्रशिक्षण प्रदायकर्ता संस्थानों का मंडल द्वारा जारी ईओआई, आईटीपी, आरईपी के आधार पर चयन तथा लक्ष्य निर्धारण, निजी क्षेत्र के प्रशिक्षण प्रदायकर्ता संस्थाओं का मंडल द्वारा जारी आरईपी के माध्यम से चयन तथा लक्ष्य निर्धारण किया जाएगा।
प्रशिक्षण ट्रेड तथा प्रशिक्षणार्थी संख्या में एनसीवीईटी के नेशनल क्वालिफिकेशन रजिस्टर पोर्टल (ngr.gov.in) पर उपलब्ध एनएसक्यूएफ के तहत निर्धारित पाठ्यक्रमों के क्वालिफिकेशन पेक्स (क्यूपीएस) के अनुसार प्रशिक्षण हेतु प्रशिक्षण ट्रेड, प्रशिक्षणार्थी संख्या तथा प्रशिक्षण संस्थाओं का निर्धारण सचिव, मंडल द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम की आवश्यकता एवं बजट की उपलब्धता अनुसार निर्धारित किये जायेंगे। वित्तीय प्रावधान अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण योजना हेतु प्रशिक्षण शुल्क, मूल्यांकन शुल्क तथा प्रमाणिकरण शुल्क का निर्धारण कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार की सामान्य मानदण्ड समिति द्वारा जारी सामान्य मानदण्डों (कोमन कोस्ट नोरम्स) के अनुसार किया जायेगा। योजना नीति अंतर्गत संचालित कौशल प्रशिक्षण योजनाओं में प्रशिक्षण कार्यक्रम की आवश्यकतानुसार आवास, भोजन भत्ता और विशेष क्षेत्रों, विशेष समूहों हेतु अन्य भत्ते तथा प्रोत्साहन राशि इत्यादि का प्रावधान किया जा सकेगा। योजना नीति के क्रियान्वयन अंतर्गत योजना नीति के क्रियान्वयन हेतु सचिव, मंडल द्वारा प्रत्येक वित्तीय वर्ष आवश्यकतानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किये जायेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन संबंधी जानकारी विभागीय पोर्टल पर प्रदर्शित की जायेगी।
मतदाता सूची के पुनरीक्षण संबंधी प्रशिक्षण 2 को
मंडला 31 जनवरी 2023
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण वर्ष 2023 के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। मतदाता सूची की तैयारियों के संबंध में 2 फरवरी 2023 को शाम 4 बजे से सायं 6 बजे तक जिला योजना भवन मंडला में प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में सभी विकासखंड के अधिकारी, कर्मचारी, खण्ड पंचायत अधिकारी, खण्ड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
