मानादेई नर्मदा तट पर किया गया पौधरोपण
मण्डला 19 फरवरी 2023
मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिदिन पौधरोपण करने के संकल्प के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम मानादेई में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद सम्पतिया उईके एवं कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मानादेई के नर्मदा तट पर पौधरोपण किया। साथ ही कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में भी पौधारोपण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम एवं अधिकारी, कर्मचारी तथा सबंधित उपस्थित थे।

हर गांव, हर पंचायत में आयोजित हो रहीं विकास यात्राएं
मण्डला 19 फरवरी 2023
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी विकास यात्राएं आयोजित हो रही हैं। 5 से 25 फरवरी तक आयोजित होने वाली विकास यात्राओं के क्रम में 18 फरवरी को निवास विकासखंड के ग्राम सतपहरी, सतपहरी रैयत, चौरादादर, जुगठार सहित अलग-अलग गावों में विकास यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान जनपद निवास के नोडल अधिकारी एवं जनपद सदस्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। विकास यात्रा के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए विकास योजनाओं की जानकारी दी गई।

निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह हितलाभ योजना
मंडला 19 फरवरी 2023
विवाह सहायता योजना के अंतर्गत पंजीबद्ध महिला श्रमिक के स्वयं के विवाह, एक बार पुनर्विवाह एवं पंजीबद्ध श्रमिक की दो पुत्रियों की सीमा तक विवाह सहायता देय है। यह योजना महिला हिताधिकारी के स्वयं के विवाह अथवा पंजीकृत निर्माण श्रमिक की धर्मज या विधिमान्य गोद ली गई या सौतेली ऐसी पुत्री जिसकी आयु विवाह के समय 18 वर्ष से कम नहीं हो, के लिये लागू है। पात्रता के लिए वर्तमान लागू प्रावधानों के अनुसार म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल में पंजीकृत महिला श्रमिक अथवा पंजीकृत श्रमिक की पुत्री के सामाजिक न्याय विभाग की मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विवाह करने पर योजनांतर्गत मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह योजना के प्रावधान अनुसार सामाजिक न्याय विभाग द्वारा हितलाभ प्रदान किया जायेगा।
वर्तमान प्रावधानों के अनुसार योजना अंतर्गत राशि 55 हजार रूपये का हितलाभ प्रदाय किया जायेगा, जिसमें से राशि रूपये 11 हजार रूपए नगद, राशि रूपये 38 हजार रूपए की सामग्री प्रदाय एवं राशि रूपये 6 हजार रूपए सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजक को दिये जाएंगे। आवेदन प्रस्तुत करने की समय-सीमा विवाह दिनांक से अधिकतम 60 दिवस तक किए जा सकेंगे। आवेदन जनपद पंचायत कार्यालय, नगरीय निकाय कार्यालय किया जा सकता है।

सेवा कार्यों का विस्तार करेगा विश्व हिन्दू परिषद
सेवा विभाग की बैठक संपन्न
मंडला। विश्व हिन्दू परिषद सेवा विभाग की बैठक में सेवा कार्यों के विस्तार के संबंध में चर्चा की गई। तक्ष एकेडमी के सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में प्रांत सह सेवा प्रमुख अवधेश प्रताप सिंह, सेवा प्रमुख अनादि वर्मा, सुनीता नामदेव, अवधेश दुबे, राघवेन्द्र उपाध्याय एवं शुभांग पटैल उपस्थित रहे।
बैठक में प्रांत सह सेवा प्रमुख अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि सेवा कार्यों के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय, स्वावलम्बन एवं संस्कार के क्षेत्र में कार्य किया जाएगा। शिक्षा सेवा के अंतर्गत तक्ष एकेडमी को ऑनलाईन प्लेटफॉर्म में लाते हुए इससे अन्य जिलों के छात्र-छात्राओं को भी लाभान्वित किया जाएगा। बैठक में गत वर्ष की भाँति पुस्तक बैंक का भी संचालन करने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य के अंतर्गत प्रत्येक माह प्रखण्ड स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। न्याय के क्षेत्र में पक्षकारों को विधिक सहायता प्रदान की जाएगी। स्वावलम्बन के क्षेत्र में युवाओं को रोजगार प्रदान करने की योजना बनाई जाएगी। साथ ही महिलाओं के लिए लघु उद्योग संचालित किए जाएंगे। इसी प्रकार नगरीय क्षेत्र में संस्कार केन्द्र संचालित किए जाएंगे। इन केन्द्रों में 2 वर्ष से 8 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार प्रदान किए जाएंगे। केन्द्रों के लिए कार्यकर्ताओं का चिन्हांकन करने के संबंध में भी रणनीति बनाई गई।
सेवा कार्य के लिए प्रभारी नियुक्त
बैठक में विभिन्न सेवा कार्यों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए। जानकारी के अनुसार शिक्षा के लिए सेवा प्रमुख अनादि वर्मा, स्वास्थ्य के लिए राघवेन्द्र उपाध्याय, न्याय के लिए शुभांग पटेल, स्वावलम्बन के लिए अवधेश दुबे एवं संस्कार शाला के लिए सुनीता नामदेव को प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रत्येक सेवा कार्य के लिए पृथक-पृथक टोली भी गठित की जाएगी।

