गौंड़ी चित्रकारी एवं कढाई-बुनाई का प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 17 मार्च 2023
ग्रामीण विकास महिला उत्थान संस्था मण्डला द्वारा राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैक (नाबार्ड) के वित्तीय सहयोग से अजीविका उद्यम विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत कामता विकासखण्ड नैनपुर में स्वयं सहायता समूह की दीदियों का 25 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय समन्वयक मास्टर ट्रेनर अनुप परते, सरपंच, उप सरपंच तथा ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रामकुमार सिंगौर ने कहा कि गोैड़ी चित्रकारी एवं कढ़ाई-बुनाई का प्रशिक्षण नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से 30 जनवरी 2023 से प्रारम्भ किया गया था जिसमें 30 स्वयं सहायता समूह की दीदियों को गौड़ी चित्रकारी का 16 मार्च 2023 तक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान संस्था प्रमुख ने गौड़ी चित्रकारी के इतिहास, मंडला जिले की संस्कृति, उनके रहन-सहन के विषय में विस्तार से बताया गया। उन्हांेने बताया कि महिलाओं द्वारा जो सामग्री बनाई जायेगी उसे मार्केट में विक्रय किया जायेगा। शासन-प्रशासन के सहयोग से विभिन्न प्रदर्शनी में उत्पादित सामग्री को रखा जायेगा जिससे आजीविका बढेगी व महिलायें अपने घर से ही सजावटी समान बनाकर बाजार में बेच सकेंगी। शासन-प्रशासन के सहयोग से वर्तमान में गोड़ी चित्रकारी इंस्टाग्राम में ऑनलाइन बेचा जा रहा है। मास्टर ट्रेनर द्वारा गौड़ी चित्रकारी की सभी शैलियां जिसमें खेल, चक्रीय, त्रिभुज, आंख, बिन्दू, लाईन, कर्व आदि के विषय में बताया गया एवं प्रतिभागियों को पोस्टकार्ड, कीरिंग, पेपर वेट, रूमाल, हेण्डमेड पेपर, बुकमार्क में चित्रकारी करने का तरीका सिखाया गया। रागिनी अवधिया के द्वारा समूह की महिलाओं को कढ़ाई-बुनाई के अंतर्गत कुरूसिया एवं सूजा से मोबाईल पर्स, थाली पोस, डोरमेट, पैरदानी के विषय में जानकारी दी गई तथा कुरूसिया से रूमाल में टी-शर्ट केप में कढ़ाई करने का तरीका बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान रीजनल ऑफिस भोपाल से डी.जी.एम. दिलीप वाडवानी एवं जिले के डी.डी.एम. देवब्रत पाल एवं जिला पंचायत से महात्मा गांधी फेलोशिप कृति सिंघई के द्वारा मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहारीलाल परते ने सभी दीदियों को धन्यवाद करते हुये बताया कि नाबार्ड एवं संस्था के माध्यम से ग्राम पंचायत कामता में गौड़ी चित्रकारी एवं कढ़ाई बुनाई का 25 दिवस तक प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण प्राप्त कर ग्राम की महिलाएं घर से ही चित्रकारी कर सकती हैं और अच्छी आय अर्जित कर सकती हैं। हमारे कामता से कुछ दूरी पर कान्हा नेशनल पार्क है वहां प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में देश एवं विदेश के लोग आते हैं। एक बहुत बड़ा मार्केट है यहां पर सामग्री को बेचा जा सकता है एवं जिले की आदिवासी संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया जा सकता है। कार्यक्रम उपरांत अतिथि द्वारा प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरण किए गए।

अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में संलिप्त रेत, वाहन जब्त
मण्डला 17 मार्च 2023
मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध कार्यवाही की गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर 15 मार्च 2023 को ग्राम हिरदेनगर में खनिज रेत के 2 ट्रेक्टरों को जब्त किया गया। उक्त ट्रेक्टरों तथा ट्रालियों में नंबर प्लेट अंकित होना नहीं पाया गया। वाहन के निरीक्षण में पहला वाहन ट्रेक्टर इंजन क्रमांक बिना नंबर, नीला रंग ई.न. ई3465982 मय, दूसरा ट्रेक्टर क्रमांक इंजन नं. ई3705528 बिना नंबर, रंग नीला पाया गया। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम भडिया तहसील नैनपुर स्थित भूमि ख0क्र0 163 रकवा 14.30 हे0 के अंश भाग में लगभग 1104 घ0मी0 खनिज रेत का अवैध भण्डारण को जब्त कर राजसात तथा टेण्डर कम आक्शन की कार्यवाही प्रस्तावित की गई है।

अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में संलिप्त उक्त दोनों वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में चौकी हिदरेनगर की सुपुर्दगी में दिया गया। दोनों वाहनों के विरूद्ध म0प्र0 खनिज (अवैध खनन परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। इसी प्रकार ग्राम भडिया तहसील नैनपुर में जब्त किये गये रेत को ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया है।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 17 मार्च 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक आशीष शर्मा, तिलकवार्ड मंडला निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रितु शर्मा को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

एनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है फोर्टिफाइड चावल
मण्डला 17 मार्च 2023
सरकारी राशन दुकानों में फोर्टिफाइड चावल दिया जाने लगा है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने के लिए फूड फोर्टीफिकेशन की प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। सभी सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में फोर्टिफाइड (पोषण युक्त) चावल का वितरण सभी जगह किया जा रहा है।
खास है चावल
न्यूट्रिशियन इंटरनेशनल संस्था के संभागीय समन्वयक पवन मुदगल ने बताया है कि चावल के दानों का आटा बनाकर उसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व को मिलाकर चावल के आकार के दानों का निर्माण किया जाता है जो पूरी तरह चावल के आटे एवं पोषण तत्वों को मिलाकर बनाए जाते हैं। इसके बाद ग्राम सामान्य चावल में 10 ग्राम फोर्टिफाइड चावल के दानों को मिलाकर 1 किलो फोर्टिफाइड चावल बनाया जाता है। फोर्टिफाइड चावल आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है जो कि जनवरी माह से सभी राशन दुकानों के पात्र हितग्राहियों को वितरण किया जा रहा है। ऐसे चावल को पकाते समय झाग दिखता है जो कि फोर्टिफाइड चावल के कारण होता है।

31 तक बबैहा पुल पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
मण्डला 17 मार्च 2023
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल को समस्त प्रकार के वाहनों के लिए 13 मार्च से 31 मार्च 2023 तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास-बरेला मार्ग का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार 2 पहिया, 3 पहिया, 4 पहिया वाहनों एवं समस्त बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) हेतु मंडला -फूलसागर -बबलिया -नारायणगंज -बीजाडांडी -बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने मण्डला-जबलपुर राजमार्ग बंद करने के संबंध में कहा है कि मार्ग बंद करने से ज़िले की जनता एवं आमजनों को हुई असुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से खेद है किंतु जनता की सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अत्यंत आवश्यक है।

मण्डला। प्रदेश के राजस्व अधिकारी (क. प्रशा. सेवा) संघ के समस्त राजस्व अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित एवं वर्षाे से लंबित मांगों जिसमें 1. राजस्व अधिकारियों की पदोन्नति, 2. नायब तहसीलदार को राजपत्रित घोषित किया जाना, 3. राजस्व अधिकारियों की ग्रेड-पे एवं वेतन विसंगतियों को दूर किये जाने के संबंध में प्रांतीय संघ द्वारा अनेकों निवेदन पत्र शासन के समक्ष प्रस्तुत किये गये है। वर्तमान में संघ द्वारा पुनः उपरोक्त मांगो का ज्ञापन क्रमांक 14 / ज्ञा. / 2023 दिनांक 28.02.2023 के माध्यम से शासन के समक्ष निवेदन प्रस्तुत किया गया है, किन्तु आज दिनांक तक शासन के द्वारा हमारी मांगों पर कोई विचार नही किया गया है जिससे हम समस्त राजस्व अधिकारी अत्यंत व्यथित और हताश है। परिणामस्वरूप प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक दिनांक 15.03.2023 के द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि हम प्रदेश के समस्त राजस्व अधिकारी (तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार) दिनांक 16.03.2023 से विरोध स्वरूप काली पट्टी एवं दिनांक 20.03.2023 (सोमवार) से दिनांक 22.03.2023 (बुधवार) तक तीन दिवस के लिए सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर रहते हुए समस्त पदीय कर्तव्यों (प्रशासकीय / कार्यपालिक / न्यायालयीन ) से विरत रहेंगे ।
राजस्व अधिकारी (तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार) प्रांतीय संघ के निर्णय अनुसार दिनांक 20.03.2023 (सोमवार) से दिनांक 22.03. 2023 (बुधवार) तक तीन दिवस सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर रहेंगे। अवकाश दिवस में हमारे द्वारा अपने कार्यालयीन डोंगल (डिजीटल साईन) वापस लिये जा रहे है, शासकीय वाहन वापस किया जा रहा है साथ ही हम समस्त प्रशासकीय व्हाट्सअप ग्रुप से पृथक रहेगें । अवकाश की अवधि में हम राजस्व अधिकारी वर्तमान में जारी बोर्ड परीक्षा ड्यूटी सहित समस्त पदीय कर्तव्यों (प्रशासकीय / कार्यपालिक / न्यायालयीन) कार्य से विरत रहेंगे।

