आगामी 3 माह पेयजल समस्या निराकरण के हरसंभव प्रयास करें – श्री कुलस्ते
जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 21 अप्रैल 2023
जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्ष की। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मिशन के कार्यों को जल्द पूरा करें। श्री कुलस्ते ने ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पेयजल संकट एवं पेयजल परिवहन की जानकारी लेते हुए कहा कि आगामी 3 माह तक पेयजल की समस्या के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करें। अधिकारी मैदानी भ्रमण के दौरान पेयजल समस्या को ध्यान में रखें तथा संबंधित अधिकारी एवं विभागों से समन्वय करते हुए पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 15 जुलाई तक पेयजल संकट से निपटने विशेष रणनीति बनाएं। कोई भी पंचायत पेयजल से वंचित न रहे। उन्होंने इस दौरान सामूहिक नलजल योजना की भी समीक्षा की। श्री कुलस्ते ने नगरीय क्षेत्रों में भी पेयजल समस्या के संबंध में निर्देशित किया कि सभी सीएमओ निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय करते हुए पानी पहुंचाएं। बैठक में विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एसपी रजत सकलेचा, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनपद प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
ग्राम विकास के कार्यों को दें प्राथमिकता
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा कि ग्राम विकास से जुड़े विभाग कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करें। साथ ही हर पात्र के लिए उनकी पात्रतानुसार योजना की पहुंच सुलभ बनाएं। श्री कुलस्ते ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े विभाग ग्राम विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें। मैदानी अधिकारी जिम्मेदारी से विकास कार्यों को पूरा करें तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी ऐसे कार्यों की जानकारी दें। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हर गांव-हर घर तक बिजली, पानी, राशन आदि की पहुंच सुनिश्चित हो। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए सहयोग लें।

सड़क सुरक्षा के उपायों को सख्ती से लागू करें
जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर बिन्दुवार चर्चा हुई। साथ ही वन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सड़क सुरक्षा से जुड़े बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा के उपायों को सख्ती से लागू करें। आवश्यक होने पर जुर्माने की राशि भी बढ़ाएं। उन्होंने एसपी तथा आरटीओ को सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी उपाय करने तथा सड़क सुरक्षा के नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए श्री कुलस्ते ने कहा कि मानसून पूर्व खतरनाक स्थानों पर संकेतक/सूचना पटल लगाने के लिए संबंधित विभाग समयपूर्व कार्य करें। उन्होंने इस दौरान मंडला जिला मुख्यालय के व्यस्ततम मार्गों पर पार्किंग लाईन चिन्हांकन, जेबरा क्रॉसिंग, ब्लेक स्पॉट सहित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। विधायक बिछिया नारायणसिंह पट्टा ने बैठक में बिछिया क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में ग्रेवल सड़क, पीएमजीएसवाई सड़क तथा वन विभाग से जुड़े मुद्दों पर समिति के समक्ष आवश्यक मांग की। इसी प्रकार विधायक निवास ने पेयजल संकट, स्वास्थ्य विषय, बिजली तथा वन विभाग से जुड़े विकास कार्यों की समस्या रखते हुए समाधान की मांग की।

संचालक मण्डल के निर्वाचन हेतु कार्यक्रम जारी
मण्डला 21 अप्रैल 2023
रिटर्निंग अधिकारी प्रा.व.स.स.मर्या. बबलिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालक मंडल के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल 2023 को नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 29 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच एवं वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 30 अप्रैल को नामांकन पत्रों की वापसी का दिनांक तथा चुनाव लड़ने वाले अंतिम उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन एवं चिन्हों का आवंटन, 7 मई को विशेष साधारण सम्मिलन में चुनाव दिनांक एवं मतगणना, 8 मई को रिक्त स्थानों के लिए सहयोजन तथा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य सोसायटियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों तथा अन्य पदाधिकारियों के निर्वाचन की सूचना जारी करना तथा 11 मई 2023 को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य सोसायटियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों तथा अन्य पदाधिकारियों के निर्वाचन की तिथि निर्धारित की गई है।

नवोदय की कक्षा 6वीं की प्रवेश परीक्षा 29 को
मण्डला 21 अप्रैल 2023
जवाहर नवोदय विद्यालय पदमी जिला-मण्डला म०प्र० में कक्षा 6वीं की प्रवेश परीक्षा 29 अप्रैल 2023 को जिले के 19 परीक्षा केन्द्रों में दिन शनिवार को 11 बजे से 1 बजे तक सम्पन्न होगी। जिले के सभी 9 विकासखण्डों में 19 परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/nvs/nvs– school/MANDLA/en पर अपलोड कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन नं० तथा जन्मतिथि डालकर प्रवेश-पत्र डाउनलोड कराकर अध्ययनरत् विद्यालय के प्रधान पाठक से हस्ताक्षर कराकर परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा, जो कि परीक्षा केन्द्र में जमा हो जायेगा। प्रवेश-पत्र की छायाप्रति विद्यार्थी अपने पास रख सकते हैं।

महाविद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
मण्डला 21 अप्रैल 2023
मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के दिशा निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में प्रभारी प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा के मार्गदर्शन एवं संयोजक राजकुमार सिंगौर के नेतृत्व में स्वाधीनता के अमृत महोत्सव के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा युवा नीति जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्र भक्ति पूर्ण भाषण प्रतियोगिता एवं महाविद्यालय स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साथ ही डॉ. आर मरकाम, सुखदेव वरकड़े के आतिथ्य में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

लू-तापघात से बचाव के लिये एडवायजरी
मण्डला 21 अप्रैल 2023
लू-तापघात से बचाव हेतु जारी एडवायजरी में कहा गया है कि जिले में अत्यधिक गर्मी को दृष्टिगत रखा जाये, ऐसे शुष्क वातावरण में लू व तापघात की संभावना जानलेवा भी हो सकती है।
लू से बचाव के लिए क्या करें
गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन करायें। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।
लू से बचाव के लिए क्या न करें
बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।
लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं
गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।
प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये
रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान करायें या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियां रखकर पूरे शरीर को ढक दें, इस प्रक्रिया को तब तक दोहरायें जब तक कि शरीर का ताप कम नहीं हो जाता।

अत्यधिक गर्मी की संभावना के मद्देनजर शाला के समय में परिवर्तन
कलेक्टर ने जारी किए आदेश
मण्डला 21 अप्रैल 2023
अत्यधिक गर्मी की संभावना को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा शाला के समय में परिवर्तन किया गया है ताकि छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर इसका विपरीत प्रभाव न पड़े। जारी आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालय 30 अप्रैल 2023 तक प्रातः 7:30 बजे से 12:30 बजे तक संचालित होंगे। परीक्षाओं का संचालन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगा।

पेयजल संबंधी शिकायत के लिए दूरभाष क्रमांक 252443
मण्डला 21 अप्रैल 2023
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसका दूरभाष क्रमांक 07642-252443 है। कंट्रोल रूम में हेंडपंप तथा नल-जल योजनाओं के संचालन-संधारण से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जानकारी के अनुसार उपयंत्री को कंट्रोल रूम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। यह कंट्रोल रूम कार्यदिवसों में प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित रहेगा। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा कंट्रोल रूम के लिए कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम के लिए नियुक्त कर्मचारी जिले के किसी भी क्षेत्र से पेयजल समस्या संबंधी शिकायतों की पंजी संधारित करते हुए निराकरण के लिए कार्यपालन यंत्री तथा संबंधित सहायक यंत्री को सूचित करेंगे।

एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ,मध्यप्रदेश, जिला शाखा मण्डला
संविदा कर्मियो का शोषण कर रही सरकार
चौथे दिन जारी रही बेमियादी हडताल, जन्म प्रमाण पत्र भी नहीं बन रहे
मंडला-एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मियो की हडताल चौथे दिन भी जारी रही। जिसमें बडी संख्या में संविदा कर्मी अपनी मांगो को लेकर कलेक्ट्रेट मार्ग पर डटे रहे। संघ के पदाधिकारियो ने धरना स्थल पर संबोधित करते हुए कहा कि सरकार एनएचएम के संविदा कर्मियो का वर्षो से शोषण कर रही है। कोरोना काल में जान की परवाह ना करते हुए संविदा कर्मियो ने दिन रात सेवाएं दी लेकिन जब प्रोत्साहित करने का वक्त आया तो सरकार द्वारा संविदा कर्मियो को उपेक्षित कर दिया गया है। इससे संविदा कर्मियो में आक्रोश है।
बताया गया कि संविदा कर्मी अपनी तीन सूत्रीय मांग संविदा कर्मियो का नियमितीकरण, नियमितीकरण तक 2018 की नीति लागू करने, सीएचओ को एमएलएचपी केडर में नियमित करने, आउटसोर्स को मर्ज करने और पिछली हडताल के दौरान दर्ज प्रकरण को वापस लिये जाने को लेकर 18 अप्रैल से बेमियादी हडताल पर है। हडताल से जिले में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई है। इसका असर दिखाई दे रहा है। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रो में प्रसव के बाद जन्म प्रमाण पत्र तक नहीं बन पा रहे है। चार दिनो से यह काम पूरी तरह से बंद हो गया है।
महिलाओ की जांच, टीकाकरण प्रभावित
शुक्रवार को संविदा एएनएम और सीएचओ वाले तीन सैकडा से अधिक उप स्वास्थ्य केन्द्रो में टीकाकरण और गर्भवती महिलाओ की जांच प्रभावित हो गई है। इन उप स्वास्थ्य केन्द्रो के ताला ही नहीं खुल सके है। जिससे महिलाओ, बच्चो को वापस लौटना पडा है। संविदा कर्मियो का कहना है कि पिछली हडताल के बाद एक भी मांग पूरी नहीं की गई है। जिससे हडताल की गई। आश्वासन देने के बाद भी वादाखिलाफी की गई है।

