मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत
13 साल की ज्योति के हृदय का सफल ऑपरेशन
मण्डला 22 अप्रैल 2023
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत 13 वर्षीय ज्योति का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन कर उसके जीवन की रक्षा की गई। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। इस संबंध में ज्योति के पिता अरूण ने बताया कि मेरी बेटी बचपन से ही बीमार रहती थी। खेलने में थक जाती थी और हर समय सीने में दर्द बना रहता था। परिवार ने अपने स्तर से उपचार कराया, आराम न मिलने पर झाड़फूंक भी कराई। पैसे भी बहुत खर्च हुए परन्तु बच्ची स्वस्थ नही हुई।
पिता अरूण बताते हैं कि बेटी के स्वास्थ्य को लेकर वह बहुत परेशान था, इस बीच आर.बी.एस.के. की टीम ने उनसे संपर्क किया और जांच में पाया गया कि ज्योति के हृदय में छेद है। टीम के सदस्यों ने बच्ची को जिला चिकित्सालय में बुलाया और मुझे समझाईश दी। बेटी की समस्या के प्रति भ्रम एवं घबराहट को कम किया एवं ज्योति के ठीक होने का विश्वास दिलाया। तब हम बच्ची को जिला चिकित्सालय ले गए, निःशुल्क उपचार हेतु प्रकरण स्वीकृत कर मेट्रो अस्पताल जबलपुर में ज्योति का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। आर.बी.एस.के. टीम ने समय-समय पर बच्ची का फॉलोअप भी किया। ज्योति अब बिल्कुल स्वस्थ है। उसके माता-पिता ने निःशुल्क उपचार प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति कृतज्ञता अर्पित की है।

स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हेमलता सार्वे
गाँव की महिलाओं के लिए बनी आर्थिक प्रेरणा
मण्डला 22 अप्रैल 2023
मवई विकासखंड के ग्राम मोतीनाला की हेमलता सारर्वे म.प्र. दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर हो गई है। हेमलता कहती है कि पहले परिवार की आय का मुख्य जरिया मजदूरी था, मजदूरी नहीं मिलने की स्थिति में परिवार की आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ता था। अब सिलाई का व्यवसाय करके मैं हर महीने लगभग 3500 रूपये तक की आमदनी प्राप्त कर लेती हूं। मेरे जीवन में यह संभव हुआ है मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के आरती स्व-सहायता समूह से जुड़कर।
हेमलता सार्वे बताती है कि मुझे अपने गाँव में ही सिलाई कार्य शुरू करने की इच्छा थी किन्तु आर्थिक असम्पन्नता के कारण वह अधूरी सी लग रही थी। मुझे एवं मेरे पति म.प्र. दीनदयाल अंत्योदय योजना राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के आरती स्व-सहायता समूह से सदस्य के रूप में जुड़कर बचत जमा करने लगे। श्रीमति सार्वे कहते हैं कि छोटी-छोटी जरूरतों के लिए समूह से सहयोग लेती थीं। समूह द्वारा हेमलता सार्वे को सिलाई कार्य शुरू करने के लिए 20 हजार रूपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग की पहल ने हेमलता सार्वे व उसके पति शशि सार्वे का साहस बढ़ाया। इस पैसे से सिलाई मशीन व अन्य आवश्यक सामग्री क्रय कर सिलाई कार्य शुरू किया। अब हेमलता आत्मनिर्भर बन गई है तथा अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन गई है।

स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित
मण्डला 22 अप्रैल 2023
22 अप्रैल विश्व पृथ्वी दिवस पर अग्रणी जिला प्रबंधक सुजय कुमार की अध्यक्षता में सेंट्रल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंडला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के डायरेक्टर सतीश कुमार सिंगौर ने जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण, ऊर्जा संरक्षण के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अग्रणी जिला प्रबंधक ने भी जमीन के संरक्षण हेतु पेड़ पौधे लगाने, पॉलीथिन का उपयोग न करने, पानी की बचत करने, वायु प्रदूषण रोकने के संबंध में अनेक बातें बताई एवं हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए यह सब क्यों आवश्यक है इस पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उपस्थित सभी व्यक्तियों को पर्यावरण के लिए जीवनशैली की शपथ दिलाई गई। पृथ्वी दिवस के अवसर पर रैली का आयोजन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से ग्राम खैरी तक किया गया।

बाल विवाह रोकने निर्देश जारी
मण्डला 22 अप्रैल 2023
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने समस्त परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया है कि अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाह को रोकने के लिए नियमानुसार जरूरी कदम उठाएं तथा इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 22 अप्रैल 2023
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक देवीदीन ग्राम भैंसवाही माल निवासी की पानी में डूबने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक उर्मिला को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

15 मई तक होगा गेहूं उपार्जन
मंडला 22 अप्रैल 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी विपणन वर्ष 2023-24 अन्तर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 1 अप्रैल 2023 से 15 मई 2023 तक नियत की गई है। गेहूं विक्रय हेतु जिले की सहकारी संस्थाओं के उपार्जन केन्द्रों पर स्लॉट बुकिंग निःशुल्क किया जा रहा है, जो किसान अपनी उपज उपार्जन केन्द्रों पर विक्रय करना चाहते है, वे अपने नजदीकी उपार्जन केन्द्र का चयन कर सकते है। चयन की सुविधा उपार्जन पोर्टल के www.mpeuparjan.nic.in पर या स्वयं के मोबाईल से भी स्लॉट बुक कर सकते हैं। किसानों से आग्रह है कि स्लॉट बुकिंग करते समय एक बार ही उपार्जन केन्द्रों का चयन करें ताकि बार-बार निरस्त कराने की आवश्यकता न हो अन्यथा बार-बार निरस्त करने पर पात्रता नहीं रहेगी। जिले में 29 गोदाम स्तरीय केन्द्र बनाये गए है ताकि केन्द्रों से कम से कम परिवहन करना पड़े। अतः जिले के किसानों से आग्रह है कि एफ.ए.क्यू. क्वालिटी की उपज लेकर ही उपार्जन केन्द्र पर आए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न रहे। जिले के सभी खरीदी केन्द्रों को खरीदी की सम्पूर्ण तैयारी परखी, पंखा, छन्ना, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पेयजल, बैनर, छाया, आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए हैं।

वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव हेतु एडवायजरी
मंडला 22 अप्रैल 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जनसमुदाय के लिए जारी एडवायजरी में कहा है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के खतरे से अभी जनसमुदाय मुक्त नहीं हुआ है। देश के अनेक राज्यों में कोरोना की पुष्टि हुई है जिसमें म.प्र. के कुछ जिले भी शामिल हैं। लोगों का इस जिले से उस जिले तक आना जाना होता है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के निर्देशानुसार कोविड महामारी के नियत्रंण के संबंध में पांच स्तरीय रणनीति यानी टेस्ट-ट्रेक-ट्रीट टीकाकरण एवं कोविड उपमुक्त व्यवहार पालन करें। राज्य के कोविड-19 प्रकरणों के बढ़ती ट्रेजेक्टरी को ध्यान में रखते हुए मौसमी बीमारियां श्वसन वायरस के साथ कोविड-19 के सह-संचार संबंधी भीड़भाड़ वाले क्षेत्र खराब वेंटिलेशन वाले स्थानों से दूरी रखते हुये श्वसन स्वच्छता का पालन करें। बार-बार साबुन से हाथों को धोयें। मॉस्क का प्रयोग करें, सामाजिक कार्यों में अधिक आवश्यकता हो तभी जायें। बच्चे, बुर्जुग एवं गर्भवती माताएं इन सभी का विशेष ध्यान रखें। सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ है तो चिकित्सक के पास जायें।

