सभी शैक्षणिक संस्थाओं का सुधार कार्य 15 जून तक पूरा करें – डॉ. सिडाना
प्रवेश उत्सव की तैयारियों को पूरा करने के निर्देश
मण्डला 7 जून 2023
बुधवार को कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंडला जनपद की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण करते हुए प्रवेश उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सीएम राईज स्कूल सागर, प्राथमिक शाला दलकाखैरी, कन्या माध्यमिक शाला तथा बाल माध्यमिक शाला लिंगापौंड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी शालाओं में मरम्मत के कार्य 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि नवीन शिक्षा सत्र के पूर्व सभी शाला परिसर तथा भवनों में साफ-सफाई, रंग तथा आकर्षक पैंटिंग कराना सुनिश्चित करें। शाला परिसर को आकर्षक ढंग से तैयार करें। प्रवेश उत्सव के लिए नवाचार करें। उन्होंने सीएम राईज स्कूल सागर, कन्या माध्यमिक शाला तथा बाल माध्यमिक शाला लिंगापौंड़ी में चल रहे मरम्मत कार्य का विस्तार से जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि वाटरप्रूफिंग, रंगाई-पुताई का काम गुणवत्ता के साथ करें। शाला भवन में प्रकाश, विद्युत, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। विद्यालयों के शौचालय की समुचित मरम्मत करते हुए काम पूरा करें। डॉ. सिडाना ने प्राथमिक शाला दलकाखैरी का निरीक्षण करते हुए नए भवन के प्रस्ताव की कार्यवाही के निर्देश दिए।

लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि का करें सदुपयोग – डॉ. सिडाना
पटपरसिंगारपुर एवं झालपानी में पात्र बहनों से मिली कलेक्टर
मण्डला 7 जून 2023
बुधवार को मंडला जनपद के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना पटपरसिंगारपुर एवं झालपानी में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हुई बहनों से मिली। इस दौरान उन्हांेने चर्चा करते हुए योजना के प्रति बहनों की प्रतिक्रिया जानी। कलेक्टर ने पात्र बहनों से चर्चा करते हुए कहा कि योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार की राशि का पारिवारिक, स्वास्थ्य एवं स्वावलम्बन के लिए उपयोग करें। प्रतिमाह मिलने वाली इस सहायता का अपने जीवन को बेहतर बनाने में अधिक से अधिक उपयोग करें। डॉ. सिडाना ने दलकाखैरी की आंगनवाड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा योजना की प्रगति जानी।

8 जून को लाड़ली बहना ग्रामसभाएं
कलेक्टर ने बहनों से चर्चा करते हुए कहा कि 8 जून को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जिलेभर में ग्रामसभाएं आयोजित हो रही हैं। सभी बहनें अपने परिवारजनों के साथ ग्रामसभाओं में पहुंचकर योजना के बारे में और विस्तार से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने संबंधितों से 1 से 7 जून तक लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत चलाई गई गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्हांेने कहा कि 10 जून को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पंचायत स्तर पर आयोजन होंगे। उन्होंने इस दौरान प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर मरीजों से चर्चा
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना बुधवार के अपने भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र बकौरी एवं लिंगापौंड़ी केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में ओपीडी संचालन व्यवस्था, दवाई वितरण, केन्द्र में की जाने वाली जांचें, जिला स्तर पर रिफर की जाने वाली जांचों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। डॉ. सिडाना ने गर्भवती महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्हें एएनसी रजिस्ट्रेशन एवं पूरक पोषण आहार की जानकारी भी दी। इस दौरान उन्होंने मरीजों से केन्द्र की व्यवस्थाओं एवं समस्याओं के संबंध में चर्चा करते हुए फीडबैक लिया।

घर-घर जाकर देखा जल-जीवन मिशन का कार्य
कलेक्टर ने पटपरसिंगारपुर एवं लावर गांव में अनेक घर जाकर जल-जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों को देखा। उन्होंने ग्रामीणों से जल-जीवन मिशन के अंतर्गत प्रतिदिन मिलने वाले पानी की जानकारी भी ली। डॉ. सिडाना ने संबंधित अमले को निर्देशित किया कि नियमित रूप से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था भी रखें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ग्राम में जल आपूर्ति के समय का निर्धारण ग्रामसभा के माध्यम से कराएं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम झालपानी में वनभूमि अधिकार पट्टा वितरण के हितग्राहियों से चर्चा करते हुए उन्हें भूमि का निर्धारित प्रायोजन में ही उपयोग करने की समझाईश दी।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: आयोजित हो रही विभिन्न गतिविधियाँ
मण्डला 7 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 10 जून से पात्र बहनों को प्रतिमाह 1 हजार रूपए की राशि मिलना प्रारंभ हो जाएगी। मंडला जिले के नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायतों में योजना के प्रचार-प्रसार तथा जागरूकता के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। महिला बाल विकास विभाग, जनसेवा मित्र एवं जन अभियान परिषद के सहयोग से लाड़ली बहनों को स्वीकृति पत्र वितरण किया जा रहा है। इसी प्रकार रंगोली-चित्रकला के माध्यम से योजना का मैदानी स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। दीवार लेखन के माध्यम से भी योजना की जानकारी दी जा रही है। आंगनवाड़ी केन्द्रों में भजन मंडलियों के द्वारा योजना की जानकारी पर आधारित संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतिमाह मिलने वाले पैसों से अपने बच्चों को दूंगी बेहतर शिक्षा – ममता
लाड़ली बहना योजना को लेकर उत्साहित हैं बहनें
मण्डला 7 जून 2023
मंडला के बूढ़ीमाई वार्ड निवासी ममता राय मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि को लेकर उत्साहित है। हाल ही में ममता को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का स्वीकृति पत्र मिल गया है। ममता कहती है कि मैं एक ग्रहणी हूँ और मेरे पति जीवन राय परिवार के लालन-पालन के लिए ऑटो चलाते हैं। मेरे 2 बच्चे हैं जिनकी पढ़ाई के लिए मैं हमेशा चिंतित रहती थी। मेरी इच्छा है कि मेरे दोनों बच्चे शिक्षित होकर अच्छे नागरिक बनें। मुझे लाड़ली बहना योजना से जो 1 हजार रू. मिलेंगे इससे मैं अपने बच्चों के भविष्य को बेहतर करने में उपयोग करूंगी एवं उनकी बेहतर परवरिश में खर्च करूँगी। मैं बहनों के लिए इस तरह की योजना लाने के लिए मुख्यमंत्री जी का बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूँ।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना: संगीता मरावी को मिला स्वीकृति पत्र
मण्डला 7 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में आवेदन करने के बाद पात्र हितग्राही बहनों को स्वीकृति पत्र वितरण हो रहे हैं। जिले के अलग-अलग विकासखंड एवं ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों के द्वारा पात्र महिला हितग्राहियों को योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।
मण्डला जिले की पीपरडाही निवासी संगीता मरावी कहती है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत उन्हें स्वीकृति पत्र मिला है। योजना के तहत पात्र होने पर संगीता बहुत उत्साहित है। संगीता कहती हैं कि मुझे 10 जून 2023 से एक हजार रूपए की राशि प्राप्त होगी। इस राशि का मैं बच्चों की पढ़ाई एवं बेहतर खानपान मैं उपयोग करूंगी। अब मेरे बच्चों की पढ़ाई की चिंता दूर हो गई है। इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को बहुत-बहुत धन्यवाद।

कलेक्टर ने की सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा
मण्डला 7 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सभी विभागों के लंबित सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का समय सीमा में समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में राज्य के औसत से बेहतर रहने का प्रयास करें। डॉ. सिडाना ने समीक्षा के दौरान खाद्य विभाग की प्रगति से संतुष्टि जाहिर की। उन्हांेने इस दौरान बी, सी तथा डी ग्रेड की शिकायतों वाले विभागों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित संबंधित उपस्थित थे।

8 एवं 10 को फील्ड पर रहेंगे अधिकारी
कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार लाड़ली बहना योजना से संबंधित 8 जून को सभी स्तरों पर ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। जिन अधिकारियों को आदेशित किया गया है वे सभी 8 एवं 10 जून को फील्ड पर रहेंगे। डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि भ्रमण के पश्चात अधिकारी सीईओ जिला पंचायत को रिपोर्ट देंगे। उन्होंने 10 जून को लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत राशि वितरण कार्यक्रम के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जीएमडीआईसी से मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के अंतर्गत 7 जून से प्रारंभ हुए रोजगार प्रदाता प्रतिष्ठानों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना: प्रशिक्षण प्रदाताओं का पंजीयन प्रारंभ
पंजीयन लिंक – http://ssdm.mp.gov.in
मण्डला 7 जून 2023
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल कमाओ योजना (सीखो कमाओ योजना) प्रारंभ की गई है। राज्य शासन द्वारा औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को पंजीकृत औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब-ट्रेनिंग की सुविधा देने हेतु मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना प्रारंभ की गई है। योजना का मुख्य उदेश्य युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाकर उन्हे शासन की ओर से स्टायफण्ड उपलब्ध कराना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षण दिलाकर बेहतर कमाई हेतु तैयार करना है। योजना हेतु आवेदक की आयु कम से कम 18 तथा अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो एवं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई उत्तीर्ण, उच्च रहेगी।
योजना के अंतर्गत भाग लेने हेतु प्रतिष्ठानों, उद्योगों के संबंध में अवगत कराया कि उनके पास पेन एवं जीएसटी पंजीयन उपलब्ध होना चाहिए। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल का 15 प्रतिशत युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना अंतर्गत स्टायफण्ड की राशि 8000 से 10000 के बीच होगी। (कोर्स के हिसाब से) जिसमें 25 प्रतिशत राशि प्रतिष्ठान द्वारा तथा 75 प्रतिशत राशि शासन द्वारा खाते में डाली जाएगी। प्रशिक्षण के उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
जीएमडीआईसी ने बताया कि प्रशिक्षण प्रदाताओं का मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड में पंजीयन 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक उद्योगपति, प्रतिष्ठान मालिक, व्यापारीगण अपना पंजीयन http://ssdm.mp.gov.in पर कर सकते हैं, जो कि 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। प्रतिष्ठान को किसी प्रकार की कठिनाई, समस्या आने पर वे महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एन0के0 वास्कले के मोबाईल नंबर 9826210115 अथवा प्राचार्य आईटीआई बार0एस0 वरकड़े से मोबाईल नंबर 9407494351 पर संपर्क कर सकते हैं।

हर माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर होगा
मण्डला 7 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० श्री नाथ सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता एवं कव्हरेज को बढ़ावा देने तथा हाईरिस्क महिलाओं की जांच, निदान एवं परामर्श सेवाएं के कव्हरेज में सुधार की दृष्टि से प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में होगा।
कार्यक्रम को सफलता प्राप्त करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के अधिकारियों को निर्देश किया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं सेक्टर स्तर पर चिन्हित हाईरिस्क महिलाओं को एएनएम एवं आशा के माध्यम से रैफर ट्रांसपोर्ट के वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाना सुनिश्चित करेंगें।

प्रत्येक बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लगेंगे महिला शिविर
मण्डला 7 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० श्री नाथ सिंह ने जानकारी दी कि जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाऐ सुदृढ करने हेतु जिले के समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में प्रत्येक बुधवार को महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में महिलाओं की सम्पूर्ण जांच की जायेगी। जांच उपरांत एनीमिया, उच्च रक्त चाप, डायबिटीज, सरवाईकल ब्रेस्ट ओरल कैंसर एवं रजोनिवृत्ति से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उपचार के लिए चिन्हांकन किया जायेगा। शिविर में गर्भवती महिलाएं की जांच के अंतर्गत एएनसी पंजीयन, तिमाही पंजीयन, चार एएनसी जांच, रक्त अल्पता, उच्च रक्तचाप, अन्य हाईरिस्क की पहचान, उपचार इलेक्टीव सीजर के लिए चिन्हित होंगे। अन्य आयुवर्ग की महिलाओं की उच्च रक्तचाप, डायबिटीज, स्तन कैंसर, सरवाईकल कैंसर, ओरल कैंसर बांझपन, स्त्री रोग संबंधी अन्य समस्याओं की पहचान, सिकिल सेल एनीमिया की अधिक से अधिक स्क्रीनिंग, किशोरी बालिकाएं (13 से 19 वर्ष) की रक्त अल्पता तथा माहवारी से संबंधित समस्याओं की पहचान व उपचार किया जाएगा।

आज होगी लाड़ली बहना योजना के तहत विशेष ग्राम सभाएं
मण्डला 7 जून 2023
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 जून 2023 को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 के संबंध में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाना है। ग्रामसभाओं में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की जानकारी, योजना के प्रमुख उद्देश्यों से ग्रामसभा को अवगत कराना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत प्राप्त राशि के उपयोग की समीक्षा, लाड़ली बहना सेना के दायित्वों से ग्रामसभा को अवगत कराया जाएगा। इसी प्रकार लाड़ली बहना योजना की अंतिम पात्र महिलाओं की सूची का वाचन, जो महिलाएं अभी भी पोर्टल पर डी.बी.टी. इनेवल नहीं दिख रही हैं, उनकी जानकारी तथा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।

घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिये रियायती सोलर रूफटॉप कनेक्शन की योजना
शिविर का आयोजन आज
मण्डला 7 जून 2023
अधीक्षण अभियंता म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. से प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डला जिले के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के क्षेत्रान्तर्गत समस्त घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिये रियायती सोलर रूफटॉप कनेक्शन की योजना लागू की गई है। योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान किये जाने हेतु मण्डला सम्भाग में मण्डला (शहर) वितरण केन्द्र कार्यालय एवं बिछिया सम्भाग में बिछिया (पॉवर हाऊस) कार्यालय में 8 जून 2023 को प्रातः 11 बजे से शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में सोलर कनेक्शन में मिलने वाली सब्सिडी, सोलर से होने वाले लाभ तथा नेशनल पोर्टल के माध्यम से उपभोक्ता को सब्सिडी सीधे खाते में प्राप्त करने के सम्बन्ध में एवं वेंडर आदि की जानकारी प्रदान की जायेगी। समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।

उत्कृष्ट माटी शिल्पियों से आवेदन आमंत्रित
मण्डला 7 जून 2023
जिला माटीकला बोर्ड जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश के 3 माटी शिल्पियों को प्रथम में 1 लाख रू., द्वितीय में 50 हजार रू. एवं तृतीय में 25 हजार रू. पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। जिले के उत्कृष्ट माटी शिल्पियों के आवेदन एवं कलाकृति का चयन जिला स्तरीय चयन कमेटी के पश्चात अधिकतम 3 उत्कृष्ट प्रविष्टियों को माटीकला बोर्ड मुख्यालय भोपाल द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। मण्डला जिले के उत्कृष्ट माटी शिल्पियों से अभिरूचि आमंत्रण हेतु आवेदन पत्र 11 अगस्त 2023 तक कलाकृतियां जमा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिये कार्यालयीन समय पर मोबाईल 8959500194 में सम्पर्क किया जा सकता है।

घरेलू गैस सिलेण्डर का व्यावसायिक दुरूपयोग पर कार्यवाही
मण्डला 7 जून 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर के नेतृत्व में 6 जून 2023 को खाद्य विभाग नैनपुर एवं खाद्य औषधि विभाग नैनपुर द्वारा संयुक्त रूप से नगर नैनपुर में स्थित होटल प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खण्डेलवाल होटल, अन्नपूर्णा भोजनालय तथा अनन्या डेरी प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेण्डर का व्यावसायिक दुरूपयोग पाये जाने के कारण कार्यवाही की गई। उक्त प्रतिष्ठानों से कुल 4 नग घरेलू गैस सिलेण्डर, रेगूलेटर, पाईप एवं चूल्हा की जब्तीपत्रक अनुसार जब्त कर प्रकरण बनाए गए हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्यवाही कर प्रकरण निर्मित किये गये हैं।

