लाड़ली बहना योजना के भुगतान की कठिनाईयों को जल्द दूर करें – डॉ. सिडाना
मण्डला 17 जून 2023
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 10 जून 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के साथ-साथ जिलेभर की पात्र लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित की। यह राशि लाड़ली बहनों के खाते में पहुंच रही है। तकनीकी समस्याओं के चलते जिले के कुछ खातों में भुगतान में कठिनाईयों के चलते कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने महिला बाल विकास विभाग, एसडीएम, सीडीपीओ एवं सभी सीईओ जनपदों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग समन्वय एवं सक्रियता से कार्य करते हुए लाड़ली बहना योजना के लिए पात्र हुई लाड़ली बहनों के खाते में भुगतान की समस्याओं को जल्द दूर करें।
कलेक्टर ने जनपदवार रिजेक्ट ट्रांजेक्शन एवं असफल भुगतान पर बैंक प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असफल एवं रिजेक्ट ट्रांजेक्शन के भुगतानों के कारणों का गंभीरता से वेरिफ़िकेशन करें। उन्होने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि सोमवार से इन समस्याओं के निराकरण के लिए कार्ययोजना बनाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित सभी राष्ट्रीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सदस्य, पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति डॉ. मांडवे ने किए 6 विकासखंडों के दौरे, कार्यशालाओं का हुआ आयोजन
18 को होगा मवई, घुघरी एवं बिछिया विकासखंड का दौरा
मण्डला 17 जून 2023
डॉ. रूपनारायण मांडवे सदस्य जनजातीय मंत्रणा परिषद, सदस्य पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति, मध्यप्रदेश मंडला जिले के प्रवास पर हैं। डॉ. मांडवे ने 16 एवं 17 जून को जिले के अलग-अलग विकासखंडों का दौरा करते हुए पेसा एक्ट क्रियान्वयन एवं एफआरए निगरानी समिति के कार्यों का जायजा लिया। डॉ. मांडवे की अध्यक्षता में डाइट मंडला में मंडला, मोहगांव तथा नैनपुर ब्लॉक के मोबीलाईजर, ग्राम अध्यक्ष, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी के साथ पेसा एक्ट के संबंध में प्रशिक्षण एवं क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। उन्होंने कार्यशाला में पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति के दिशा-निर्देशों, प्रावधानों एवं क्रियान्वयन से जुड़ी विस्तार से जानकारी दी। 16 जून दिन शुक्रवार को नारायणगंज, बीजाडांडी एवं निवास क्षेत्र का भ्रमण किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री मांडवे 18 जून को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मवई, घुघरी एवं बिछिया विकासखंड की बैठक बिछिया में लेंगे। इसके पश्चात पेसा ग्रामसभा एवं एफआरए से संबंद्ध वनग्राम समिति का दौरा करेंगे।

सदस्य, पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति ने ली जिलास्तरीय बैठक
मण्डला 17 जून 2023
डॉ. रूपनारायण मांडवे सदस्य जनजातीय मंत्रणा परिषद, सदस्य पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति, मध्यप्रदेश भोपाल ने मंडला जिले के प्रवास के दौरान शनिवार को दोपहर 2 बजे से जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्हांेने राजस्व, पुलिस एवं वनविभाग को पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए जरूरी निर्देश दिए। डॉ. मांडवे ने इस दौरान 16 एवं 17 जून 2023 को भ्रमण किए गए विकासखंडों के फीडबैक पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि ग्रामसभाओं में गठित शांति निवारण समिति से समन्वय करें तथा समिति के माध्यम से सुलझाए गए विवादों की जानकारी रखें। श्री मांडवे ने वनविभाग को पेसा एक्ट के तहत दिए गए दायित्वों के क्रियान्वयन के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने सामुदायिक तथा व्यक्तिगत दावों की स्वीकृति, निरस्तीकरण तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया की रिपोर्ट भी ली।
डॉ. मांडवे ने वनग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तन के संबंध में भी सीईओ जिला पंचायत से जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्हांेने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि ग्रामसभाओं से चर्चा करते हुए तेंदुपत्ता आदि संग्रहण के दौरान होने वाली समस्याओं का पता करें एवं निराकरण करें। इसी प्रकार उन्होंने पेसा एक्ट के अंतर्गत अलग-अलग विभागों-आबकारी, खनिज से भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परंपरागत ग्रामसभाओं के आयोजन को प्रोत्साहन दें। उन्होंने ग्रामसभाओं को निर्देशित किया कि स्थानीय जैव विविधता के संबंध में अलग से रिकॉर्ड संधारण करें। डॉ. मांडवे ने बताया कि एफआरए एवं पेसा एक्ट का मूल उद्देश्य प्रकृति का संरक्षण, संवर्धन एवं प्रकृति को समृद्ध बनाना है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस संपन्न
मण्डला 17 जून 2023
डॉ. रूपनारायण मांडवे सदस्य जनजातीय मंत्रणा परिषद, सदस्य पेसा एक्ट एवं एफआरए निगरानी समिति, मध्यप्रदेश भोपाल ने मंडला जिले के प्रवास के दौरान 17 जून शनिवार को योजना भवन में जिले के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्हांेने पेसा एक्ट के अंतर्गत ग्रामसभाओं को सशक्त करने के लिए किए गए प्रावधानों एवं दिशा-निर्देशों की स्थानीय मीडिया को विस्तार से जानकारी दी। साथ ही एफआरए निगरानी समिति के द्वारा अलग-अलग स्तरों पर किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया प्रतिनिधियों ने एक्ट के क्रियान्वयन एवं भविष्य की कार्ययोजना से जुड़े सवाल भी किए।

राज्यपाल प्रस्तावित दौरा: सिकिल सेल जाँच, उपचार और प्रबंधन होगा
मण्डला 17 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून 2023 को विश्व सिकिल सेल दिवस के रूप में मनाया जायेगा। ग्राम सेमरखापा एकलव्य स्कूल के ऑडीटोरियम परिसर में शासन-प्रशासन के प्रोटोकॉल अनुसार राज्यपाल म.प्र. शासन श्री मंगूभाई छगनभाई पटेल की अध्यक्षता में प्रस्तावित कार्यक्रम में सिकिल सेल मरीजों की जांच एवं उपचार प्रबंधन किया जाएगा।
क्या है सिकिल सेल एनीमिया
सिकिल सेल एनीमिया खून की कमी से से जुड़ी एक बीमारी है। इस अनुवांशिक डिस्ऑर्डर में ब्लड सेल्स टूट जाते हैं। उनका साइज बदलने लगता है जो खून की नसों को ब्लॉकेज कर देती है। सिकिल सेल एनीमिया में लाल रक्त कण मर जाते हैं और शरीर में खून की कमी हो जाती है। जेनेटिक बीमारी के चलते शरीर में खून बनना बंद हो जाता है। शरीर में खून की कमी हो जाने के कारण यह रोग कई जरूरी अंगों को डेमेज होने का कारण बनता है जैसे- किडनी, तिल्ली, लीवर शामिल है। पर्याप्त लाल रक्त कोशिकाएं न होने से एनीमिया विकसित करते हैं वह स्थिती जो है सिकिल सेल एनीमिया का नाम देती है। सिकिल कोशिकाएं, लाल रक्त कोशिकाओं को अपना काम करने के लिये रोकती है जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन ले जा रही हैं।
इसके लक्षण
रेसिंग पल्स- बेहोशी या चक्कर आना, थकान, भूख में कमी, सूजे हुए हाथ पैर और टखने सांसो की कमी। पेशाब में खून आना। सूखी या खुजली वाली त्वचा। नींद न आना। मितली या उल्टी। मांसपेशियों में ऐठन। उच्च रक्त चाप का होना। सिकल सेल बीमारी में आंखों में कम दिखने लगता है। मरीज की स्क्रीनिंग, जांच के दौरान बीमारी का पता चलता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 को
मण्डला 17 जून 2023
प्र. जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2023 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्राचीन गोंड किला रामनगर एवं जिला मुख्यालय पुलिस ग्राऊँड में किया जाएगा। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 के लिए ’’वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’’ थीम निर्धारित की गई है।

राज्यपाल प्रस्तावित दौरा: एकलव्य परिसर में 19 को होंगें कार्यक्रम
मण्डला 17 जून 2023
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून 2023 को विश्व सिकिल सेल दिवस में राज्यपाल म.प्र. शासन श्री मंगूभाई पटैल का मंडला प्रस्तावित है। सिकिल सेल दिवस का कार्यक्रम ग्राम सेमरखापा एकलव्य स्कूल के ऑडीटोरियम परिसर में आयोजित होगा। राज्यपाल के द्वारा शिविर का उदघाटन किया जाएगा। शिविर में सिकिल सेल मरीज की जांच, उपचार एवं दवाईयां वितरण की जायेंगी व सिकिल सेल पोर्टल में इन्द्राज किया जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

’आयुष्मान ग्रामसभा’ का आयोजन 19 को
मण्डला 17 जून 2023
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जून 2023 को ’’आयुष्मान ग्रामसभा’’ विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। आयुष्मान ग्रामसभा में ग्राम पंचायत स्तर पर सभी आयुष्मान हितग्राहियों के नाम ग्रामवार ग्रामसभा में पढ़े जाएंगे तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लाभार्थियों को आयुष्मानवार योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।

शिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 17 जून 2023
जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी समग्र शिक्षा अभियान से प्राप्त जानकारी के अनुसार समस्त शासकीय हाईस्कूल/उमावि में प्रयोगशाला सुदृढ़ीकरण एवं विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अभिरूचि उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रयोगशाला सहायक/प्रयोगशाला प्रभारी शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का प्रथम बैच 13 जून से 16 जून 2023 तक शासकीय कन्या उमावि महाराजपुर मण्डला में संचालित किया गया। द्वितीय बैच 17 जून से 20 जून 2023 तक तथा तृतीय बैच 21 जून से 24 जून 2023 तक आयोजित किया जाना है।

जिले में अब तक हुई वर्षा की जानकारी
मण्डला 17 जून 2023
जिले में इस वर्ष 1 जून से 17 जून 2023 के दौरान 1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 20.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 19.3 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

उचित मूल्य दुकान तक सामग्री राशन प्रदाय हेतु ऑनलाईन 19 जून तक आमंत्रित
मण्डला 17 जून 2023
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजनान्तर्गत प्रदाय केन्द्र से उचित मूल्य दुकान तक सामग्री राशन प्रदाय कार्य हेतु विकासखण्ड नैनपुर जिला मंडला का सेक्टर क्रमांक-13 में ऑनलाईन (समस्त पोर्टल https://samast.mponline.gov.in) पर आवेदन 19 जून 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं।
हितग्राही की अहर्ता में आवेदक जनपद पंचायत नैनपुर का निवासी हो, आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष की हो, आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा उत्तीर्ण हो, आवेदक के परिवार की अधिकतम आय 12 लाख हो, आवेदक हेवी मोटर व्हीकल संचालन हेतु स्थाई वैध लायसेंसधारक हो, आवेदक बैंक से ऋण प्राप्त करने हेतु पात्र हो (डिफाल्टर न हो)। आवेदक शासकीय सेवक एवं पेंशनर न हो। (सेवानिवृत्त सैनिक को पात्रता होगी। आवेदक अन्य स्वरोजगार योजना में लाभान्वित न हो तथा आवेदक अपराधिक प्रवृति एवं पृष्ठ भूमि का न हो।

लू-तापघात से बचने एडवायजरी
मण्डला 17 जून 2023
गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पियें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।
लू से बचाव के लिए क्या न करें
बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं पदार्थों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।
लू लगने के लक्षण इस प्रकार हैं
गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।
प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाए
रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखकर पूरे शरीर को ढक दें।

मंडला जनपद निर्वाचन परिणाम
मण्डला 18 जून 2023
तहसीलदार मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत मोहगांवचक जनपद पंचायत मंडला में 13 जून 2023 को ईवीएम से सरपंच पद के लिए हुए चुनाव की मतगणना 17 जून 2023 को जनपद पंचायत मंडला के सभाकक्ष में संपन्न हुई। मतगणना में अभ्यर्थी सुमंत्री बाई को 443 मत, अभ्यर्थी धनोती बाई को 404 मत तथा नोटा को 29 मत प्राप्त हुए। सुमंत्री बाई को सम्यक रूप से निर्वाचित घोषित किया गया।

लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 17 जून 2023
लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्री म.प्र. शासन डॉ. प्रभुराम चौधरी का 19 जून 2023 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. चौधरी 19 जून को प्रातः 7:30 बजे जबलपुर से मंडला के लिए रवाना होंगे एवं 9:30 बजे सर्किटहाउस मंडला पहुंचेंगे। डॉ. चौधरी प्रातः 10:30 बजे राज्यपाल म.प्र. शासन श्री मंगूभाई पटैल के उपस्थिति में आयोजित होने वाले विश्व सिकलसेल दिवस जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

स्वयं का व्यवसाय कर परिवार को बेहतर जिंदगी दे रहे मुकेश
मण्डला 17 जून 2023
प्रदेश सरकार द्वारा सतत् रूप से प्रदेश के युवाओं के विकास की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आज प्रदेश के अनेक युवा जनकल्याणकारी योजना का लाभ लेकर स्वयं का व्यवसाय कर अपने परिवार को एक बेहतर जिंदगी देने के साथ अन्य को भी रोजगार देने में सक्षम हो गए हैं। ऐसा ही उदाहरण मण्डला जिले में भी देखने को मिला रहा है।
मुकेश राय बताते हैं कि हायरसेकेण्डरी की पढाई करने बाद एक छोटी सी किराना दुकान से ही परिवार का भरण-पोषण किया करता था। मुझे मेरे बच्चों को अच्छे स्कूल में पढ़ाना था इसलिये मैंने आय अर्जन करने के लिये कुछ और कार्य करना का विचार किया। मुकेश का कहना है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की जानकारी मिली थी, फिर मैंने उद्योग विभाग में जाकर संपर्क कर धान मिल के लिए आवेदन प्रस्तुत किया तथा शीघ्र ही मेरा प्रकरण स्वीकृत हो गया। स्टैट बैंक के माध्यम से मुझे दिसंबर 2019 में 10 लाख रूपये का ऋण प्राप्त हुआ था जिसमें मुझे 3,39,300 रू० का अनुदान भी मिला। मुकेश कहते हैं कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से मेरा स्वरोजगार का सपना साकार हुआ। अब मैं दूसरों को भी काम देने लगा हूं। वर्तमान में मेरे पास 4 कर्मचारी काम करते हैं। योजना से मिले लाभ से स्वयं के व्यवसाय के मालिक बनने पर मुकेश अत्यंत खुश हैं तथा अच्छी आय भी प्राप्त कर रहे हैं। मुकेश इस योजना के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद करते हैं।

आरती के परिवार की आय में वृद्धि का सपना हुआ साकार
मण्डला 17 जून 2023
आरती चौरसिया को उद्यम क्रांति योजनान्तर्गत ऋण मिला है। ग्राम सुमरिया मण्डला निवासी आरती कहती है कि मेरे जीवन में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना ने लाई है क्रांति। आरती बताती है कि इस योजना का लाभ मिलने से पहले मैं अपने बच्चों के अच्छे पालन-पोषण के लिए अपने पति का साथ देना चाहती थी। इसलिये अपने घर में सिलाई का कार्य करती थी और मेरे पति चक्की का व्यवसाय चलाते थे। जब हमें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का पता चला तब हमने योजना से संबंधित सारी जानकारी एकत्र कर उद्योग विभाग में संपर्क किया और ऑनलाईन आवेदन किया। कुछ दिन बाद बैंक में दस्तावेज जमा किया और बैंक द्वारा मुझे 2 लाख 40 हजार का ऋण स्वीकृत हुआ। अब मैं 5000 रू. की मासिक किश्त ऋण अदा करती हूं। मैं स्वयं को गौरान्वित महसूस करती हूं कि मैं परिवार की खुशियों को पूरा करने में भागीदार हूं, मेरे कार्य करने से मेरे परिवार की आय में वृद्धि हुई है, जिससे मैं और मेरा परिवार काफी खुश है। मैं मुख्यमंत्री को इस योजना के लिए धन्यवाद करती हूं।

