मानव सेवा ही प्रभु की सेवा है, सिकल सेल जागरूकता के लिए हर व्यक्ति, हर समुदाय का सहयोग जरूरी – राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल
विश्व सिकलसेल दिवस पर आयोजित संगोष्ठी में हुए शामिल
मण्डला 19 जून 2023
19 जून 2023 को विश्व सिकलसेल दिवस के अवसर पर मंडला के सेमरखापा के एकलव्य परिसर में संगोष्ठी एवं स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस आयोजन में महामहिम राज्यपाल म.प्र. शासन श्री मंगूभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यपाल श्री पटेल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सिकल सेल एनीमिया की जागरूकता महत्वपूर्ण काम है। हर व्यक्ति, हर समुदाय अपने स्तर पर कम से कम एक व्यक्ति को सिकल सेल एनीमिया बीमारी के प्रबंधन-इलाज के बारे में जागरूक करें और मानवता की सेवा में सहभागी बनें। राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मानव सेवा ही प्रभु की सेवा है। इस नेक काम में हर कोई यथासंभव सहयोग ज़रूर करें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा 2025 तक भारत को टीबी मुक्त एवं 2047 तक भारत को सिकल सेल एनीमिया मुक्त करने के लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए हम सभी को आगे आना पड़ेगा और सरकार का सहयोग करना पड़ेगा।
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि सिकल सेल एनीमिया एक अनुवांशिक रोग है। इसके उन्मूलन के लिए हर परिवार में जाकर काउंसलिंग एवं स्क्रीनिंग करना होगा। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की जाँच करते हुए उनके परिवार की बीमारी का इतिहास भी पता करना होगा। श्री पटेल ने हर आंगनवाड़ी केन्द्र, प्राथमिक, माध्यमिक, हायर सेकेंडरी स्कूल और कॉलेजों में जाकर बच्चों की भी लगातार सिकलसेल जाँच करने की बात कही। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिकलसेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं नीतिगत प्रावधानों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने सिकलसेल एनीमिया के उन्मूलन के लिए बजट में 15 हज़ार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी प्रकार मध्यप्रदेश शासन द्वारा भी सिकलसेल उन्मूलन जागरूकता और प्रबंधन के लिए राज्य हीमोग्लोबिनोपैथी मिशन स्थापना की गई एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अन्य कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।

योग एवं खानपान का रखें विशेष ध्यान
राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सिकलसेल एनीमिया से प्रभावित बच्चे नियमित रूप से योग एवं कसरत करें। इसी प्रकार घर के पौष्टिक खाने को महत्व दें तथा सात्विक खाना खाएं। उन्होंने सभी बच्चों को फास्टफूड एवं अन्य तैलीय आहार के सेवन से बचने की सलाह भी दी। श्री पटेल ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बेटियों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
केन्द्रीय मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने किया संबोधित
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने विश्व सिकलसेल दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग आईसीएमआर सहित अन्य तकनीकि संस्थाओं के साथ समन्वय करते हुए सिकलसेल की जांच में प्रगति लाएं। उन्हांेने आदिवासी क्षेत्रों में सिकलसेल की जांच के लिए सघन स्तर पर कार्यक्रम चलाने की बात कही। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री म.प्र. शासन डॉ. प्रभुराम चौधरी ने दिया। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सिकलसेल एनीमिया के उन्मूलन, स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
स्क्रीनिंग, जाँच एवं जागरूकता प्रदर्शनी का अवलोकन
विश्व सिकलसेल दिवस के अवसर पर सेमरखापा परिसर में आयोजित संगोष्ठी एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्क्रीनिंग, जांच एवं जागरूकता के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने सिकलसेल की जांच के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया की उपस्थित चिकित्सकों एवं स्टॉफ से जानकारी ली। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने सिकलसेल एनीमिया रोग के लक्षण, बचाव तथा प्रबंधन के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं म.प्र. शासन द्वारा चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। म.प्र. सरकार द्वारा सिकलसेल के इलाज के लिए चलाए जाने वाले कार्यक्रमों से लाभान्वित होने वाली 2 बेटियों अर्चना मानिकपुरी एवं प्राची झारिया ने मंच से अपने अनुभव बताए तथा सरकार से मिलने वाले सहयोग के लिए आभार जताया।
ये रहे उपस्थित –
इस अवसर पर विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रमुख सचिव डीपी आहूजा, जनजातीय प्रकोष्ठ अध्यक्ष दीपक खांडेकर, आयुक्त स्वास्थ्य विभाग डॉ. सुदामा खाड़े, आयुक्त जबलपुर संभाग अभय वर्मा, आईजी बालाघाट संजय सिंह, डीआईजी बालाघाट मुकेश श्रीवास्तव, कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, एसपी रजत सकलेचा, राज्य एवं संभाग स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, सिकलसेल से प्रभावित बच्चे एवं परिजन तथा संबंधित उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय तथा रानी रैकवार ने किया।
राज्यपाल का हेलीपेड पर हुआ स्वागत
मण्डला 19 जून 2023
19 जून 2023 को विश्व सिकलसेल दिवस के अवसर पर मंडला के सेमरखापा एकलव्य परिसर में संगोष्ठी एवं स्क्रीनिंग कैम्प का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल म.प्र. शासन मंगूभाई पटेल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री पटेल हेलीकॉप्टर द्वारा बनियातारा मंडला हेलीपेड पहुंचे। हेलीपेड पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना, एसपी रजत सकलेचा एवं जनप्रतिनिधियों ने महामहिम राज्यपाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित थे।

जिले में सीमांकन के कार्य में विशेष प्रगति
3 दिवस में सीमांकन के निराकृत हुए 184 प्रकरण, नैनपुर में 147
मण्डला 19 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में जिले के राजस्व विभागों द्वारा सीमांकन के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 3 दिवस में 184 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर द्वारा विगत दिनों नैनपुर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान तथा राजस्व अधिकारियों की बैठक में सीमांकन संबंधी लंबित प्रकरणों की जानकारी मिली थी। कलेक्टर ने सीमांकन संबंधी लंबित प्रकरणों जिले के सर्वाधिक अवधि के लंबित सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के लिए जिला स्तर 15 दल गठित किये गये थे। प्रत्येक दल में एक आरआई एवं पटवारी शामिल थे जिन्हें लंबित सीमांकन प्रकरणों को 3 दिवस में निराकृत करने के निर्देश दिए गए थे। गठित दलों द्वारा 16 से 18 जून 2023 तक विशेष अभियान चलाकर 6 माह से अधिक समय के लंबित सीमांकन प्रकरणों का चिन्हांकन किया गया एवं उनके निराकरण की कार्यवाही की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि अभियान के तहत 3 दिवस में 184 सीमांकन प्रकरणों का निराकरण किया गया। सीमांकन प्रकरणों के निराकरण में तहसील नैनपुर में विशेष कार्य हुआ इस दौरान 147 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार बिछिया में 5, निवास में 10, मंडला में 3, घुघरी में 14 तथा तहसील नारायणगंज में सीमांकन के 5 प्रकरणों का निराकरण किया गया। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने सीमांकन प्रकरणों के निराकरण में विशेष प्रगति के लिए एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार एवं मैदानी अमले को शुभकामनाएँ दी हैं।

प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को पुस्तक तथा गणवेश का वितरण सुनिश्चित करें – डॉ. सिडाना
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 19 जून 2023
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन करते हुए उनके सकारात्मक निराकरण की पहल करें। उन्होंने कहा कि मई माह के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करें। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, संयुक्त कलेक्टर हुरेन्द्र घोरमारे, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत सत्यापन का कार्य जल्द पूरा करते हुए नामजद रिपोर्ट प्रतिदिन प्रस्तुत करें। नवीन शिक्षा सत्र की तैयारियों की समीक्षा के दौरान उन्होंने शालाओं में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा प्रवेश उत्सव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को पुस्तक तथा गणवेश का वितरण सुनिश्चित करें। शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस शालाओं में खीर, पुरी सहित विशेष भोज बनाएं। डॉ. सिडाना ने नगरपालिका अधिकारियों को नगरीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्हांेने संबंधित अधिकारियों से स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने विधानसभा निर्वाचन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के अंतर्गत सभी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल सहित सभी शासकीय भवनों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग स्कूलों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार स्कूलों की ड्रिकिंग वाटर यूनिट में सुधार कराएं। बैगा आहार अनुदान के हितग्राहियों का ई-केवाईसी कराएं। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, योग दिवस आदि के संबंध में भी विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
3 दिन में 184 सीमांकन पर राजस्व अमला को बधाई
जिले में 6 माह से अधिक समय से लंबित सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत 3 दिवस में 184 सीमांकन करने पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्व सहित सभी विभाग जनसामान्य से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करने का प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों की सर्वत्र सराहना होती है।

एसीईओ श्री मरावी को सेवानिवृत्ति पर दी गई विदाई
मण्डला 19 जून 2023
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एसीईओ एसएस मरावी का विगत 31 मई को सेवाकाल समाप्त हो गया है। जिला प्रशासन मंडला ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मरावी को 19 जून 2023 को सेवानिवृत्ति के लिए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सीडाना ने उन्हें भावी जीवन तथा स्वस्थ आयु के लिए शुभकामनाएं दी। कलेक्टर ने कहा कि श्री मरावी सकारात्मक सोच के साथ कार्य करते थे। उनकी कार्यशैली से सीखने की आवश्यकता है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित अन्य अधिकारियों ने भी श्री मरावी के जीवन एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना: संदीप ने खोली नई दुकान
मण्डला 19 जून 2023
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से युवा नया व्यवसाय प्रारंभ कर रहे हैं। नारायणगंज निवासी संदीप यादव ने भी मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में आवेदन कर एक लाख रू. का लोन प्राप्त किया। संदीप बताते हैं कि इस योजना से प्राप्त पैसे से मैंने एक शॉप मेसर्स मुस्कान कम्प्यूटर खोला है। इसके पहले मोबाईल रिपेयरिंग का कार्य करता था किन्तु ग्राहकों की मांग के अनुरूप कम्प्यूटर की दुकान खोलने का सोचा।
इस तरह मैंने उद्योग विभाग से चर्चा कर 1 लाख 40 हजार रू. के लोन के लिए ऑनलाईन आवेदन किया जिसके बाद सेंट्रल बैंक नारायणगंज द्वारा मुझे एक लाख रू. का ऋण दिया गया। अब मेरी दुकान अच्छी चल रही है और परिवार की जिम्मेदारियां भी अच्छे से निभा रहा हूं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के लिए मेरा परिवार और मैं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद करते हैं।

मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से अमित ने बढ़ाया अपना व्यवसाय
मण्डला 19 जून 2023
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से युवाओं का सपना साकार हो रहा है। मवई निवासी अमित नंदा ने 12वी के बाद कम्प्यूटर डिप्लोमा किया है और पिछले 3 वर्षों से कम्प्यूटर रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। अमित बताते हैं कि परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए स्वयं का व्यवसाय स्थापित करना चाहता था। मैंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में नजदीकि बैंक में जाकर, जानकारी लेकर आवेदन किया और मुझे 2 लाख रू. का लोन मिला। अब मेरा कार्य अच्छा चल रहा है और मैं एक अन्य व्यक्ति को अपने व्यवसाय में रोजगार भी दिया है। इस योजना के लिए मैं मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद करता हूँ।

1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई तथा 6 से 12वी की कक्षाएं 20 जून से प्रारंभ होंगी
मण्डला 19 जून 2023
वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य रखते हुये कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी तथा कक्षा 6 से 12वी की कक्षाएं 20 जून से प्रारंभ होंगी। इस संबंध में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 5वी तक की कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी, किन्तु शिक्षक प्रातःकालीन पाली में नियमित रूप से उपस्थित होकर शालेय अभिलेखों एवं नवीन सत्र सम्बंधी आवश्यक तैयारियां एवं कार्य किया जाना सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार कक्षा छटवीं से बारहवीं तक की कक्षायें दिनांक 20 जून से 30 जून 2023 तक प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक संचालित होंगी। कक्षा पांचवी एवं आठवीं की परीक्षायें पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार नियमित रूप से संचालित होंगी। समस्त कक्षायें 1 जुलाई 2023 से नियमित समय सारिणी के अनुसार संचालित होंगी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 को
मण्डला 19 जून 2023
प्र. जिला आयुष अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2023 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन प्राचीन गोंड किला रामनगर एवं जिला मुख्यालय पुलिस ग्राऊँड में किया जाएगा। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023 के लिए ’’वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग’’ थीम निर्धारित की गई है।

विशेष आमसभा 21 को
मण्डला 19 जून 2023
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित खलौड़ी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित खलौड़ी में शासन द्वारा प्रस्तावित समिति पुनर्गठन एवं मॉडल बायलॉल लागू करने हेतु समिति द्वारा विशेष आमसभा का आयोजन किया गया है। विशेष आमसभा सोमवार 21 जून 2023 को दोपहर 1 बजे से समिति कार्यालय हिरदेनगर के प्रांगण में आयोजित की गई है। सभी कृषक/समिति सदस्यों से विशेष आमसभा में उपस्थित होने का आग्रह किया गया है। विशेष आमसभा में शासन के निर्देशानुसार समिति द्वारा प्रस्तावित पुनर्गठन समिति के संबंध में एवं शासन के निर्देशानुसार समिति के मॉडल बायलॉज लागू करने के संबंध में चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना: प्रशिक्षण प्रदाताओं का पंजीयन लिंक- http://ssdm.mp.gov.in
मण्डला 19 जून 2023
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल कमाओ योजना (सीखो कमाओ योजना) प्रारंभ की गई है। राज्य शासन द्वारा औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को पंजीकृत औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में ऑन-द-जॉब-ट्रेनिंग की सुविधा देने हेतु मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना प्रारंभ की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाकर उन्हे शासन की ओर से स्टायफण्ड उपलब्ध कराना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षण दिलाकर बेहतर कमाई हेतु तैयार करना है। योजना हेतु आवेदक की आयु कम से कम 18 तथा अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो एवं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई उत्तीर्ण, उच्च रहेगी।
योजना के अंतर्गत भाग लेने हेतु प्रतिष्ठानों, उद्योगों के संबंध में अवगत कराया कि उनके पास पेन एवं जीएसटी पंजीयन उपलब्ध होना चाहिए। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल का 15 प्रतिशत युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना अंतर्गत स्टायफण्ड की राशि 8000 से 10000 के बीच होगी। (कोर्स के हिसाब से) जिसमें 25 प्रतिशत राशि प्रतिष्ठान द्वारा तथा 75 प्रतिशत राशि शासन द्वारा खाते में डाली जाएगी। प्रशिक्षण के उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
जीएमडीआईसी ने बताया कि प्रशिक्षण प्रदाताओं का मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड में पंजीयन 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक उद्योगपति, प्रतिष्ठान मालिक, व्यापारीगण अपना पंजीयन http://ssdm.mp.gov.in पर कर सकते हैं, जो कि 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। प्रतिष्ठान को किसी प्रकार की कठिनाई, समस्या आने पर वे महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एन.के. वास्कले के मोबाईल नंबर 9826210115 अथवा प्राचार्य आईटीआई बार0एस0 वरकड़े से मोबाईल नंबर 9407494351 पर संपर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य, पेयजल एवं विद्युत समस्या के लिए कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर 07642-251079
मण्डला 19 जून 2023
ग्रीष्मकालीन सत्र 2023 जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत जनसामान्य को लू-(तापघात) के प्रकोप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं व पेयजल समस्याओं एवं विद्युत समस्याओं के संबंध में जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं उनके समुचित निराकरण हेतु कार्यालय कलेक्टर मंडला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जनसामान्य कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07642-251079 पर संपर्क कर सकते हैं।

