जिला चिकित्सालय के मैटरनिटी विंग के लिए 43 लाख 75 हज़ार स्वीकृत
मंडला 20 जून 2023
जिला चिकित्सालय मंडला के मैटरनिटी विंग में सिविल तथा विद्युत मरम्मत कार्य के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन म.प्र. द्वारा 43 लाख 75 हजार रूपए की राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने मेटरनिटी वार्ड में बिजली एवं सुधार कार्य संबंधी कमियाँ चिन्हित की थी। कलेक्टर ने सुधार कार्य संबंधी राशि की माँग के लिए शासन स्तर को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे जिसके परिणामस्वरूप मंडला जिला चिकित्सालय के मैटरनिटी विंग में सिविल एवं विद्युत संबंधी मरम्मत कार्य के लिए शासन स्तर से 43 लाख 75 हज़ार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है।

कलेक्टर ने की स्वच्छता सर्वेक्षण के तैयारियों की समीक्षा
मंडला 20 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने नगरीय निकायों में होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण के तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारी चैकलिस्ट का अध्ययन करें तथा उसके अनुसार विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों को जिम्मेदारियाँ सौंपें। नगर की स्वच्छता के लिए आमजन का सहयोग प्राप्त करें।
डॉ. सिडाना ने गीले तथा सूखे कचरे को पृथक-पृथक संग्रहित करने, कचरा प्रसंस्करण केन्द्रों को संचालित करते हुए गीले कचरे से खाद आदि बनाने की प्रक्रिया तथा सूखे कचरे के निष्पादन की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण स्थल को व्यवस्थित करें। कचरा वाहनों में रूटचार्ट लगाएं, चालक ड्रेस कोड पालन करें। वाहनों के लॉगबुक का विधिवत संधारण करें। डॉ. सिडाना ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी पेंटिंग को और बेहतर बनाएं, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करें। कलेक्टर ने सिटीजन प्रोफाईल, जल संरचना, ग्रीन स्पेस तथा डॉक्यूमेंटेशन आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रीटलाईट के रख-रखाव पर ध्यान दें। निर्माण कार्यों पर साईनबोर्ड लगाएं। संपत्ति विरूपण अधिनियम का सख्ती से पालन कराएं। बैठक में सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

वल्रेवल तथा क्रिटीकल मतदान केन्द्रों के चिन्हांकन में सावधानी बरतें
निर्वाचन संबंधी बैठक में कलेक्टर डॉ. सिडाना के निर्देश
मंडला 20 जून 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के मद्देनजर पुलिस तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने वल्रेवल तथा क्रिटीकल मतदान केन्द्रों के संबंध में आयोग के निर्देशों की जानकारी लेते हुए 22 जून 2023 तक ऐसे मतदान केन्द्रों के चिन्हांकन की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांति तथा निर्विवाद रूप से संपन्न कराने के लिए वल्रेवल तथा क्रिटीकल मतदान केन्द्रों के चिन्हांकन में सावधानी बरतना आवश्यक है। डॉ. सिडाना ने निर्वाचन के दौरान गड़बड़ी फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान तथा उन पर कार्यवाही के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित राजस्व तथा पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में 127 आवेदकों की सुनी समस्याएं
मंडला 20 जून 2023
जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड एवं अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में 127 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में ग्राम मानोटजर निवासी रामकुमार झारिया ने आबादी भूमि का पटटा प्रदान के संबंध में, ग्राम पंचायत पदमी निवासी भारती नंदा ने जमीन की जांच के संबंध में, ग्राम तिलईपानी निवासी सुभागी मरावी ने समग्र आईडी में नाम जुड़वाने के संबंध में, ग्राम टिकरिया निवासी ओमप्रकाश ने राशन कार्ड एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरेगी
“वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा“
मंडला 20 जून 2023
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने एएनआई को वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये वर्ष रानी दुर्गावती के जन्म के 499 वर्ष पूरे होकर 500 वर्ष की शुरुआत का है। मध्यप्रदेश की विरासत की गौरव रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस 24 जून व जन्म दिवस 5 अक्टूबर से आज की पीढ़ी देशभक्ति और आत्मसम्मान के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की प्रेरणा लें, इसीलिए “वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा“ का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थानों से गुजरेगी, संपूर्ण यात्रा मार्ग में उनके जीवन के प्रेरणादायी संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है की इस यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इस यात्रा का शुभारंभ गृहमंत्री अमितशाह करेंगे। यह यात्रा पाँच यात्रा मार्ग से होते हुए शहडोल पहुँचेगी। मुख्यमंत्री ने सभी से वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा में अपने श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा
मध्यप्रदेश की प्रमुख जनजाति गोंड़ हैं, गोंड़ राजवंश ने 52 गढ़ों के विस्तृत साम्राज्य पर 63 गोंड़ राजाओं ने 1400 वर्षों तक अपना शासन किया। महाराजा संग्राम शाह (1510-1543 ई.), राजा दलपत शाह, राजा वीरनारायण, रानी दुर्गावती, राजा चन्द्रशाह, राजा हिर्देशाही, राजा निजाम शाही एवं 1857 में अंग्रेजों के विरुद्ध लड़कर शहीद हुए राजा शंकरशाह एवं कुँवर रघुनाथशाह प्रमुख हैं।
राजा संग्रामशाह के पुत्र राजा दलपतशाह (1543-1550 ई.) से रानी दुर्गावति (जन्म 5 अक्टूबर 1524) का विवाह हुआ, इनके पति दलपत शाह की मृत्यु उपरांत रानी दुर्गावती ने 1550 से 1564 तक अपना शासन किया। अकबर के सरदार आसफ खान से युद्ध में 24 जून 1564 को रानी दुर्गावती का जबलपुर के नर्राई नाला क्षेत्र में युद्ध में बलिदान हुआ। रानी दुर्गावती को आज भी सर्व सामान्य व गोंड़ जनजातीय समाज अपनी रानी, रणचंडी, संरक्षिका एवं देवी के रूप में अनन्य श्रद्धा का भाव रखते हैं।
प्रतिवर्ष 24 जून को रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस प्रदेश के कई जिलों में श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। गोंड़ बाहुल सभी क्षेत्रों में बलिदान दिवस के कार्यक्रम बड़ी संख्या में आयोजित किये जाते हैं। आगामी 24 जून को भी पूरे प्रदेश में रानी दुर्गावती बलिदान दिवस मनाया जाएगा। रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस में देश के प्रधानमंत्री अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। रानी दुर्गावती की बलिदान गाथा को जन-जन तक पहुँचाने हेतु रानी दुर्गावती बलिदान दिवस गौरव यात्रा का शुभारंभ 22 जून 2023 को बालाघाट में गृहमंत्री अमितशाह के हाथों से होगा। यह यात्रा रानी दुर्गावती के जीवन से जुड़े सभी प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी एवं इसका समापन 27 जून 2023 को शहडोल में होगा। बलिदान दिवस निमित कार्यक्रम के समापन में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी होंगे। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव का अवसर है जिसमें मध्यप्रदेश की गौरव रानी दुर्गावति के बलिदान को स्मरण करने स्वयं प्रधानमंत्री पधार रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज
पुलिस लाईन ग्राउंड में होगा सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन
मंडला 20 जून 2023
21 जून 2023 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन पुलिस लाईन परेड ग्राउंड मंडला में प्रातः 6 बजे से किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जनसामान्य से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया गया है।

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
मंडला 20 जून 2023
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन ’हर घर आंगन योग’ की थीम पर किया जाएगा। इस निर्धारित थीम का मुख्य उद्देश्य जिले के हर घर योग गतिविधि को संचालित करने और योग के प्रति जागरूक करना है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन समस्त हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटर, शहरी स्वास्थ्य संस्था, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर गतिविधि की जानी है।
योग के प्रति जागरूकता – जनसमुदाय के प्रति योगासन, प्राणायाम मुद्रा तथा ध्यान की जागरूकता एवं अभ्यास कराने हेतु योग सत्रों का आयोजन हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटर पर योग प्रशिक्षकों एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर के द्वारा किया जाएगा।
योग जन अभियान का आयोजन:- प्रत्येक गांव में उपस्थित जनप्रतिनिधि, जन आरोग्य समिति के सदस्य, जन अध्यान परिषद के साथ स्कूल पंचायत के समन्वय से किया जाना है।
जागरूकता हेतु रैली:- जागरूकता हेतु रैली हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटर में उपस्थित स्कूली बच्चे, आशा, आंगनबाडी आदि के माध्यम से रैली का आयोजन कर जनसमुदाय को हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटरों के माध्यम से योग के प्रति जागरूक करना है।
जन आरोग्य समिति एवं महिला आरोग्य समिति के सदस्यों की बैठक:- जन आरोग्य समिति एवं महिला आरोग्य समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित करते हुए योग के प्रति जनजागरूक करना।

जिले की औसत वर्षा की जानकारी
मण्डला 20 जून 2023
जिले में इस वर्ष एक जून से 20 जून के दौरान 1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 29.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 28.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

