Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 6 जुलाई 2023

दैनिक वेतनभोगियों की मृत्यु पर दें 2 लाख 25 हजार रू. की अनुकंपा अनुदान राशि – प्रताप करोसिया

राज्य सफ़ाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने नगरीय निकायों एवं विभिन्न संस्थाओं के सफ़ाई कर्मचारियों के हितों से संबंधित समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

मंडला 6 जुलाई 2023

                5 एवं 6 जुलाई को राज्य सफ़ाई कर्मचारी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप करोसिया मंडला ज़िले के दौरे पर थे। श्री करोसिया ने 6 जुलाई को प्रातः 11 बजे से योजना भवन में ज़िले के सभी नगरीय निकायों, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं सफ़ाई कर्मचारी संगठनों के  प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी नगरीय निकायों के अंतर्गत कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, विनियमित कर्मचारी तथा स्थायी कर्मचारियों के वेतन एवं उन्हें मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सफ़ाई कर्मचारियों का माह की 5 तारीख़ तक अनिवार्य रूप से वेतन नियमानुसार प्रदान कर दिया जाए। सभी सीएमओ दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को अनुकंपा अनुदान नियुक्ति के संबंध में शासन द्वारा निर्धारित 2 लाख 25 हजार रूपए की राशि प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिन्हें अब तक अनुकंपा अनुदान 1 लाख 25 हजार रुपये दिए गए हैं उन्हें 15 दिनों के भीतर अतिरिक्त राशि का भुगतान प्राथमिकता के साथ करें।

 

आयोग के अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि भारत सरकार तथा मध्यप्रदेश सरकार के समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के पालन में सफ़ाई कामगारों को ग्रेच्युटी का प्रावधान है। सभी संबंधित अधिकारी एक माह के भीतर ग्रेच्युटी संबंधी नियमानुसार लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने मंडला, बिछिया, निवास, नगरीय निकायों की समीक्षा करते हुए इनमें कार्यरत सफ़ाई कर्मचारियों के वेतन, स्वास्थ्य परीक्षण, ज़रूरी टिकट वितरण एवं आर्थिक लाभों के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए ज़रूरी निर्देश दिये। उन्होने पुलिस विभाग द्वारा रखे गए अंशकालिक कर्मचारियों के वेतन से संतोष जताया। श्री करोसिया ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया की सफ़ाई कर्मचारियों के ईपीएफ एवं ईएसआई की प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण करें। साथ ही इन्हें डायरी भी प्रदान करें। उन्होने सभी नगरीय निकायों से अनुकंपा नियुक्ति के लिए लंबित प्रकरणों तथा पदों की जानकारी ली। अध्यक्ष ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति या गंभीर बीमारी से ग्रसित होने पर मिलने वाली अन्य नियुक्तियों के संबंध में भी शासन के दिशा-निर्देशों के अधीन कार्यवाही पूर्ण करें।

 

रोगी कल्याण समिति से नियमानुसार वेतन दें

 

आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग रोगी कल्याण समिति के अंतर्गत रखे गए दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को उनके समयानुसार कलेक्ट्रेट की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही वेतन दें। उन्होंने सीएमएचओ से संबंधित कर्मचारियों की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि कार्यरत कर्मचारियों का पंचनामा बनाकर उनके स्वास्थ्य परीक्षण, उनके निर्धारित समयानुसार वेतन तथा कब से कार्यरत हैं, इसके संबंध में जानकारी आयोग को बनाकर भेजें।

 

आदिवासी विकास विभाग की हुई समीक्षा

 

राज्य सफ़ाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास में उनके विभाग के माध्यम से अनुसूचित जाति तथा जनजाति के कल्याण के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिभावान छात्रों का सम्मान, सफ़ाई कर्मचारियों के बच्चों का सम्मान, वाल्मीकि प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की व्यवस्था करें। उन्होने ज़िले के छात्रावासों, सामुदायिक भवनों एवं स्वच्छता परिसरों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ज़िलों की पंचायतों में बनाए गए स्वच्छता परिसरों में स्थानीय कामगारों को काम दें।

आयोग के अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के 2007 एवं 2015 के विभिन्न राजपत्रों में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कर्मचारियों के स्थायीकरण, उनकी ग्रेच्युटी, उनके आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा के संबंध में किए गए प्रावधानों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ पालन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी नगरीय निकायों में रिक्त पदों की जानकारी भी ली। साथ ही अनुकंपा नियुक्ति के पदों के बारे में भी पूछा।

 

प्रशिक्षण एवं सामुदायिक भवन की करें व्यवस्था

 

म.प्र. सफ़ाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि सफ़ाई कामगारों के बच्चे एवं परिवारों के लिए शहरी अभिकरण के माध्यम से सिलाई, कढाई, बुनाई आदि प्रशिक्षण की व्यवस्था करें। इसी प्रकार उनके आर्थिक सशक्तीकरण के लिए समय-समय पर लोन मेले का आयोजन भी करें। श्री करोसिया ने कलेक्टर मंडला को निर्देशित किया कि सफ़ाई कर्मचारी वर्ग के विभिन्न आयोजनों के लिए लगभग सामुदायिक भवन बनाने की व्यवस्था भी करें ताकि इस वर्ग के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक रूप से सहयोग भी मिले तथा उनका जीवन स्तर भी बेहतर हो।

कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन एवं समय-समय पर आयोग को पालन रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एडीएम मीना मसराम, एएसीपी गजेन्द्र कवर, सभी सीएमओ, सफाई कर्मचारी एवं मजदूर संगठन के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों को विशेष प्रयास एवं सहानुभूतिपूर्वक के साथ पूर्ण करें – डॉ. सिडाना

समय-सीमा बैठक संपन्न

मंडला 6 जुलाई 2023

                कलेक्टर डॉक्टर सलोनी सिडाना ने नियमित समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन प्रकरण, लाड़ली बहना योजना, अनुकंपा नियुक्ति, मूंग-उड़द पंजीयन, खाद-उर्वरक भंडारण की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि पीएचई एवं खाद्य विभाग द्वारा प्रकरणों के निराकरण में बेहतर प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने निम्न प्रदर्शन करने वाले विभागों को संतुष्टि प्रतिशत बेहतर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देश दिए है कि सभी विभाग आगामी एक सप्ताह में वर्गवार एवं रोस्टरवार अनुकंपा के लिए रिक्त पदों की जानकारी दें तथा अनुकंपा नियुक्ति विशेष प्रयासों एवं सहानुभूति के साथ पूर्ण करें।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले विभागों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान सभी सीएमओ एवं सीईओ जनपद के लंबित प्रकरणों के निराकरण के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विगत दिनों राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा आयोजित प्रशिक्षण सह कार्यशाला में मंडला जिले के निर्वाचन संबंधी प्रेजेन्टेशन एवं निर्वाचन संबंधी किए जा रहे कार्यों को आयोग द्वारा सराहा गया

सभी एसडीएम खाद भंडारण का भौतिक रूप से सत्यापन करें

 

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि उनके क्षेत्र में खाद-भंडारण के स्थानों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि पीओएस मशीन तथा उपलब्ध भंडारण में समानता होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने प्रभारी उप संचालक कृषि से ज़िले में गेहूं तथा मूंग पंजीयन तथा ख़रीदी की स्थिति की जानकारी भी ली। बैठक में उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान जल स्त्रोतों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएं।

 

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की दें जानकारी

 

कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के अंतर्गत 4 जुलाई से युवाओं का पंजीयन कार्य प्रारंभ हो गया है। सभी अधिकारी अपने अधीनस्थों एवं मैदानी अमले के माध्यम से मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के बारे में स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक जानकारी दें तथा पात्र युवाओं को योजना का लाभ लेने एवं पंजीयन के लिए प्रोत्साहित करें।

 

एमपी टूरिज्म क्विज’ कलेंडर विमोचित

 

समय-सीमा बैठक के अंत में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने ’एमपी टूरिज्म क्विज 2023’ का कलेंडर विमोचन किया। जिला स्तरीय यह प्रतियोगिता 27 जुलाई 2023 से लिखित परीक्षा के रूप में प्रातः 10 से 12 बजे तक होगी तथा मल्टीमीडिया क्विज प्रतियोगिता दोपहर 2ः30 से 4ः30 बजे तक होगी। बूझो जानो फिर देखो अपना मध्यप्रदेश के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम 3 विजेताओं टीमों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर 2 रात्रि एवं 3 दिन का उपहार पैकेज दिया जाएगा। इसी प्रकार 3 उप विजेता टीमों के प्रतिभागियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर 1 रात्रि और 2 दिनों का उपहार पैकेज दिया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं स्कूल के प्राचार्यों से संपर्क किया जा सकता है।

 

10 को लाड़ली बहना सेना का प्रशिक्षण एवं शपथ ग्रहण

 

कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार लाड़ली बहना सेना का गठन पूर्ण करते हुए 10 जुलाई को प्रशिक्षण एवं शपथ ग्रहण की तैयारी पूर्ण करें। सभी एसडीएम, सीएमओ नगरपालिका तथा सीईओ जनपद भी उक्त कार्यक्रम की आवश्यक तैयारी रखें। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन पात्र बहनों के भुगतान निरस्त हुए हैं उनके डीबीटी के लिए नए खाते खोलने की कार्यवाही प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें।

 

 

 

 

 

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने किया रजा शिविर का शुभारंभ

5 से 12 जुलाई तक शिला को आकार देंगे शिल्पकार

मंडला 6 जुलाई 2023

                बुधवार को रज़ा फाउंडेशन नई दिल्ली द्वारा युवा मूर्तिकारों के रज़ा शिविर का आयोजन किया गया। जबलपुर रोड स्थित होटल विट्ठल इन होटल में मूर्तिकारों का यह शिविर 5 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक चलेगा। इस शिविर का शुभारंभ केंद्रीय इस्पात व ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने किया। इस दौरान उन्होंने शिला पर छेनी हथौड़ी से हाथ भी आजमाया। देश के विभिन्न कोनों से आए मूर्तिकारों से उन्होंने आत्मीय चर्चा करते हुए उनसे उनके हुनर के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरीके से रज़ा साहब ने मंडला का नाम पूरे विश्व में पहुंचाया है, अब उसी तरह से रज़ा फाउंडेशन ने मंडला में कला के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों को आयोजित कर मंडला का नाम को काफी ऊंचा किया है। केन्द्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी और मंडला व उसके आसपास के कला के शौकीन लोगों से अपील भी की कि वो इस शिविर में आए और हमारे युवा कलाकारों की कलाकारी को देखें।

 

ख्यातिलब्ध कलाकार कर रहे शिरकत

 

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कला के क्षेत्र में लगातार हो रहे विभिन्न कामों के चलते मंडला जिले का नाम काफी आदर से लिया जा रहा है। कलाकार भी रज़ा साहब की इस भूमि में आकर खुद को भाग्यशाली समझते हैं कि उन्हें इस भूमि में अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिल रहा है। इस शिविर में बस्तर के धरम नेता, नई दिल्ली की दीपिका गौतम, रायपुर के जितेंद्र साहू, मालभोग के अशोक भामा, अमरकंटक के जयपाल सिंह टेकाम, खोही के रामेश्वर प्रजापति, खैरागढ़ के उमेश कुमार नेताम, सारंगढ़ की करुणा सिदार, खैरागढ़ से दिनु घाट और विजय नगर से सब्बवरपु वीएस राव शामिल हैं। इस शिविर का संयोजन वरिष्ठ कलाकार योगेंद्र त्रिपाठी कर रहे हैं। शिविर में जो अलग-अलग प्रदेशों से कलाकार आए हैं जिसमें शिविर में देश के अलग-अलग क्षेत्र जैसे- नॉर्थ ईस्ट, साउथ, सेंट्रल इंडिया, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के कलाकार भी शामिल हैं।

रज़ा की भूमि पर कलाकारों की प्रतिक्रिया

कलाकार दिनु घाट ने कहा कि मंडला में पहली बार आया हूं। रज़ा फाउंडेशन द्वारा मूर्तिकारों के रज़ा शिविर का आयोजन किया गया है जो 7 दिन चलेगा। इस में हम ग्रेनाइट के पत्थरों में अपनी कलाकारी दिखाएंगे। मंडला के आसपास के सभी लोगों से निवेदन है कि वह आए और हमारा काम देखकर हमारा उत्साहवर्धन करें। उमेश कुमार नेताम ने कहा कि मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि खैरागढ़ से हैदर रज़ा की पवित्र भूमि पर आया हूं। हम कलाकारों और कला साधकों के लिए यह बहुत बड़ा मौका है। इस कैंप में युवा कलाकारों को मंच दिया गया है जिसमें पत्थर में हम मूर्ति बनाने का कार्य करेंगे। करुणा सिदार ने बताया कि उन्होंने खैरागढ़ से मूर्तिकला की पढ़ाई की है। यहां जो युवा मूर्तिकारों का जो शिविर लगा है, उसमें हम अलग-अलग जगह से आए हैं। यह हमारे लिए बहुत अच्छा अवसर है, अपनी कलाकृतियों को इन पत्थरों में उकेरने के लिए। कला के शौकीनों से मेरा निवेदन है कि वह 5 से 12 जुलाई तक जो शिविर है उसमें आए, हमारे काम को देखें और हमारा हौसला बढ़ाएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

टीबी मरीजों के घर विजिट

 

मंडला 6 जुलाई 2023

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला क्षय अधिकारी मंडला एवं टीम अर्बन टीबी एवं संबंधित अमले द्वारा अर्बन क्षेत्र के 10 मरीजों के घर विजिट किया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जाँच एवं मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी ली। इस दौरान मरीजों के परिजनों को ईगरा टेस्ट कराने की समझाईश, पोषण आहार एवं सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण संबंधी बैठक आज

मंडला 6 जुलाई 2023

                प्राप्त जानकारी के अनुसार मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में 7 जुलाई 2023 को अपरान्ह 1 बजे से जिला योजना भवन में बैठक आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को जरूरी जानकारी सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

 

 

माध्यमिक शाला शिक्षक निलंबित

मंडला 6 जुलाई 2023

                सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर माध्यमिक शाला मानेगांव, विकासखंड नैनपुर के शिक्षक प्यारेलाल बैगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश में कहा गया है कि माध्यमिक शिक्षक को संस्था में शराब के नशे में रहते हुए अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही व उदासीनता बरतते हुए पाया गया। निलंबन काल में इनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मवई निर्धारित किया गया है। इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठन की जानकारी भेजने के निर्देश

मंडला 6 जुलाई 2023

                अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग को आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन कर निर्धारित प्रपत्र में जानकारी भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्हांेने निर्देशित किया है कि अधीनस्थ हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी विद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) का गठन कर नोडल अधिकारी की नियुक्ति करते हुए निर्धारित प्रपत्र में जानकारी हार्ड एवं सॉफ्टकॉपी में उपलब्ध कराएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पेंशन शिविर 10 से 21 जुलाई तक

मंडला 6 जुलाई 2023

                सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु 10 जुलाई से 21 जुलाई 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। कलेक्टर ने सभी कार्यालयों को निर्देशित किया है कि शिविर में अपने कार्यालय में लंबित प्रकरण जून 2023 तक के एवं पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति का निराकरण कर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण अनिवार्य रूप से जमा करना सुनिश्चित करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

मण्डला 6 जुलाई 2023

                जिले में इस वर्ष 1 जून से 6 जुलाई 2023 के दौरान 308 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 224.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 83.5 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जुलाई को बिछिया में 10.2 मि.मी. तथा घुघरी में 1.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 6 जुलाई 2023 को 1.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

ईव्हीएम-व्हीव्हीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण 10 को

मंडला 6 जुलाई 2023

                अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार एफएलसी-ओके-बीयू, सीयू एवं व्हीव्हीपेट में से 10 प्रतिशत मशीनों को प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार हेतु पृथक कर अलग कक्ष में रखने का कार्य किया जाना है। उक्त कार्य हेतु 10 जुलाई 2023 को पूर्वान्ह 10 बजे शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मण्डला के पीछे स्थित ईव्हीएम-व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस खोलकर एफएलसी-ओके बीयू, सीयू एवं व्हीव्हीपेट के सुदृढ कक्ष को खोलकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक 11 को

मंडला 6 जुलाई 2023

                जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक 11 जुलाई 2023 को जिला योजना भवन में दोपहर 3ः30 बजे से आयोजित की जाएगी। बैठक में मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अनमोल पोर्टल रैंकिंग, विकासखंडवार 5 खराब प्रदर्शन वाले उपस्वास्थ्य केन्द्र में की गई कार्यवाही की जानकारी, मातृ मृत्यु की समीक्षा, प्रसव केन्द्रों की क्रियाशीलता तथा रेफरल ऑडिट की समीक्षा की जाएगी। इसी प्रकार शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत शिशु स्वास्थ्य रैंकिंग, एसएनसीयू एवं एनबीएसयू, शिशु मृत्यु तथा टीकाकरण की समीक्षा की जाएगी। सिकलसेल एनीमिया, एनसीडी कार्यक्रम, 108 वाहन पिकअप एवं ड्रापबैक, सीएम हेल्पलाईन, स्वास्थ्य संस्थाओं का उन्नयन, कायाकल्प अभियान, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, व्हीबीडीसीपी, कृष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, अधत्व निवारण कार्यक्रम, आईडीएसपी एवं अन्य स्वीकृतियों की समीक्षा की जाएगी।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज मुख्य समाचार मंडला 4 जनवरी 2024

Reva India News

आमजन को आकाशीय बिजली/बज्रपात से बचाव हेतु सुझाव

Reva India News

बालिकाओं को आकाशवाणी केन्द्र का भ्रमण कराया गया बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अंतर्गत कार्यक्रम

Reva India News

Leave a Comment